LIVE8 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: जयपुर बम ब्लास्ट को दोषियों को उम्रकैद; BJP में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव
8 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: मानहानि मामले में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को बड़ी राहत मिली है। साकेत कोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को एक साल की प्रोविजन पीरियड पर रिहा करने का निर्देश दिया है। पंजाब के जालंधर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा के पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर के घर धमाका हुआ है। धमका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज सुनकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर के घर धमाके से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि धमाका पूर्व मिनिस्टर मनोरंजन कालिया के घर हुआ था। यह घटना देर रात करीब 1.15 बजे की है। अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि धमाका किस चीज से किया गया मगर घर के आंगन में कोई वस्तु फेंकी गई जिससे दरवाजे, कार के शीशे इत्यादि टूट गए और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान को क्षति पहुंची है। विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की जरूरत पर सोमवार को सहमति जताई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत सहित करीब 50 देशों पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा के कुछ दिनों बाद जयशंकर और रुबियो के बीच फोन पर हुई बातचीत में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा।

8 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: जयपुर बम ब्लास्ट को दोषियों को उम्रकैद; BJP में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव
8 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: मानहानि मामले में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को बड़ी राहत मिली है। साकेत कोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को एक साल की प्रोविजन पीरियड पर रिहा करने का निर्देश दिया है। पंजाब के जालंधर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा के पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर के घर धमाका हुआ है। धमका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज सुनकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर के घर धमाके से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि धमाका पूर्व मिनिस्टर मनोरंजन कालिया के घर हुआ था। यह घटना देर रात करीब 1.15 बजे की है। अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि धमाका किस चीज से किया गया मगर घर के आंगन में कोई वस्तु फेंकी गई जिससे दरवाजे, कार के शीशे इत्यादि टूट गए और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान को क्षति पहुंची है। विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की जरूरत पर सोमवार को सहमति जताई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत सहित करीब 50 देशों पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा के कुछ दिनों बाद जयशंकर और रुबियो के बीच फोन पर हुई बातचीत में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा।
- BJP नेता के घर जोरदार धमाका
- जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण छह दिवसीय यूरोप दौरे के तहत लंदन पहुंचीं
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिस्बन में ‘सिटी की ऑफ ऑनर' से नवाजा गया
नोएडा में चलती गाड़ी बनी आग का गोला
नोएडा में चलती हुंडई आई 20 गाड़ी आग का गोला बन गई। सेक्टर 62 से बरौला जाने वाले रोड पर ये हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी में खराब होने के कारण चालक बनवाने जा रहा था। गनीमत रही कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। कार जलकर पूरी तरह राख हो गई।
डॉमिनिकन गणराज्य में 'डिस्को' की गिरी छत, 13 लोगों की मौत
डोमिनिकन गणराज्य की राजधानी सैंटो डोमिंगो में मंगलवार तड़के एक ‘डिस्को’ की छत गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक लोग घायल हो गए। प्राधिकारियों ने बताया कि ‘जेट सेट डिस्को’ में मलबे के नीचे लोगों की तलाश की जा रही है। आपातकालीन परिचालन केंद्र के निदेशक जुआन मैनुअल मेंडेज ने कहा, “हमारा अनुमान है कि मलबे के नीचे दबे कई लोग अब भी जिंदा हैं और प्राधिकारी तब तक हार नहीं मानेंगे, जब तक कि मलबे के नीचे दबे प्रत्येक व्यक्ति को न निकाल लिया जाए।” मेंडेज ने बताया कि घायलों में मेरेंग्यू गायिका रूबी पेरेज भी शामिल हैं, जो छत गिरने के समय प्रस्तुति दे रही थीं।
बिहार में राज्य मंत्री स्तर के पदों पर आसीन व्यक्तियों के वेतन-भत्तों में 30 फीसदी वृद्धि
बिहार सरकार ने राज्य मंत्री और उप मंत्री स्तर के पदों पर आसीन व्यक्तियों के वेतन-भत्तों में 30 फीसदी की वृद्धि के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह फैसला पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। बिहार में विधानसभा और विधान परिषद में विभिन्न दलों के सचेतकों तथा राज्य आयोगों एवं बोर्ड के अध्यक्षों व सदस्यों को राज्य मंत्री के समान दर्जा, वेतन और भत्ते हासिल होते हैं। वहीं, उपसभापति और उप मुख्य सचेतक के पद पर आसीन व्यक्तियों को उप मंत्री के समकक्ष वेतन-भत्ते मिलते हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (कैबिनेट सचिवालय) एस सिद्धार्थ ने संवाददाताओं को बताया, “राज्य मंत्री और उप मंत्री स्तर के पदों पर आसीन लोगों को अब 65,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा, जो पहले हासिल 50,000 रुपये मासिक वेतन से 15,000 रुपये अधिक है।”
IPL मैचों में सट्टा लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के दौरान सक्रिय एक क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ कर यहां पहाड़गंज इलाके से छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पहाड़गंज में लक्ष्मी नारायण स्ट्रीट स्थित एक परिसर में छह अप्रैल को आरोपी सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच पर कथित तौर पर सट्टा लगा रहे थे, तभी एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस के एक दल ने वहां छापा मारा।
BJP में शामिल हुए केदार जाधव
Kedar Jadhav Joins BJP: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी केदार जाधव मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए। पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव मुंबई में महाराष्ट्र के मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। भाजपा में शामिल होने से पहले केदार जाधव ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी।
जयपुर बम ब्लास्ट के दोषियों को उम्रकैद
जयपुर बम ब्लास्ट के दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। जिंदा बम मिलने के मामले में दोषी ठहराए गए चारों आतंकियों को सजा सुनाई गई। विशेष कोर्ट ने सरवर आजमी, सैफुरहमान, मोहम्मद सैफ और शाहबाज अहमद की आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
अरुणाचल प्रदेश में सरकारी कार्यालय से हेरोइन जब्त, एक कर्मचारी गिरफ्तार
ईटानगर पुलिस ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन डॉन 2.0’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार को यहां सचिवालय परिसर से एक संदिग्ध मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 44.36 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ईटानगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि व्यक्ति वर्तमान में राज्य बागवानी विभाग में ‘मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर कार्यरत है और जब्त की गई हेरोइन का बाजार मूल्य करीब 3.7 लाख रुपये है।
राजस्थान : भाजपा ने आहूजा को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया
भारतीय जनता पार्टी ने अलवर स्थित एक मंदिर के 'शुद्धिकरण' को लेकर विवाद में घिरे पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर उन्हें ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है और तीन दिन में जवाब मांगा है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल ने मंगलवार को आहूजा को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘‘भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको तुरंत प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है।’’
उप्र सरकार ने पीआरडी स्वयंसेवकों का बढ़ाया ड्यूटी भत्ता
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) कर्मियों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में लगभग 26 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। इस वृद्धि का लाभ प्रदेश के 35 हजार पीआरडी स्वयंसेवकों को मिल सकेगा। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने संवाददाताओं को बताया कि पीआरडी जवानों का भत्ता 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। मौजूदा समय में प्रदेश में 34 हजार से अधिक पीआरडी जवान तैनात हैं और इस बढ़ी हुई राशि का लाभ इन सभी जवानों को मिल सकेगा।
बदला जाएगा औरंगजेब की कब्र वाले शहर का नाम
मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र वाले शहर के नाम को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा है कि जिस शहर में मुगल सम्राट औरंगजेब की कब्र स्थित है, उसका नाम अब बदला जाएगा।
यहां पढ़ें पूरी खबर कानपुर से लखनऊ लौट रहे रिटायर्ड कर्नल पर जानलेवा हमला
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के पद पर तैनात रिटायर्ड कर्नल सूर्य प्रकाश सिंह पर उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वे ओला कैब से कानपुर से लखनऊ लौट रहे थे। यह घटना 4 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है।
सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को बड़ी राहत
मानहानि मामले में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को बड़ी राहत मिली है। साकेत कोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को एक साल की प्रोविजन पीरियड पर रिहा करने का निर्देश दिया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर सिंगापुर आग हादसे में झुलसे पवन कल्याण के छोटे बेटे
जन सेना पार्टी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के छोटे बेटे मार्क शंकर सिंगापुर में अपने स्कूल में आग लगने के हादसे में घायल हो गए। जन सेना पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस घटना में मार्क के हाथ और पैर झुलस गए, जबकि धुएं के कारण उनके फेफड़े भी प्रभावित हुए और फिलहाल उनका वहां एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यहां पढ़ें पूरी खबर मेघालय के प्रधान सचिव की उज्बेकिस्तान में मौत, होटल रूम में मिला शव
मेघालय सरकार के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी सोमवार को उज़्बेकिस्तान के एक होटल के कमरे में कथित तौर पर मृत पाए गए। वह निजी दौरे पर वहां गए थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यहां पढ़ें पूरी खबर मेघालय के प्रधान सचिव उज़्बेकिस्तान के होटल में मृत मिले
मेघालय सरकार के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी सोमवार को उज़्बेकिस्तान के एक होटल के कमरे में कथित तौर पर मृत पाए गए। वह निजी दौरे पर वहां गए थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रजी भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी थे और वर्ष 2021 से मेघालय सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। वह चार अप्रैल से उज़्बेकिस्तान के बुख़ारा शहर में ठहरे हुए थे। अधिकारियों के अनुसार ऐसा संदेह है कि उनकी मृत्यु हृदयाघात से हुई।
अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिक पर विमान में यौन उत्पीड़न का आरोप लगा
अमेरिका में भारतीय मूल के एक नागरिक पर एक घरेलू उड़ान में अपनी सहयात्री के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। संघीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मोंटाना के संघीय अभियोजक कर्ट एल्मे ने तीन अप्रैल को एक बयान में कहा कि न्यू जर्सी के लेक हियावथा निवासी भावेश कुमार दहिया भाई शुक्ला पर मोंटाना से टेक्सास की उड़ान में सहयात्री का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। बयान में कहा गया, ‘‘अगर भावेश दोषी पाया जाता है तो उसे दो साल जेल की सजा हो सकती है, ढाई लाख अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है और रिहाई के बाद भी कम से कम पांच साल निगरानी में रहना पड़ सकता है।
गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को कश्मीर में करेंगे सुरक्षा समीक्षा बैठक
जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर मौजूद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को सुरक्षा समीक्षा बैठक करेंगे। श्रीनगर के राजभवन में रात भर रुकने के बाद वह सुबह करीब 11 बजे से अपने व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली विकास समीक्षा की बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी शामिल होंगे। इसके बाद गृह मंत्री एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी निदेशक तपन डेका, जम्मू और कश्मीर मामलों से जुड़े गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, जम्मू और कश्मीर पुलिस के प्रमुख, अर्धसैनिक बलों के प्रमुख और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी शामिल होंगे। ये दोनों बैठक राजभवन में आयोजित होने वाली हैं।
अल्लू अर्जुन ने परिवार संग मनाया जन्मदिन का जश्न
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन आज 43 साल के हो गए हैं। अभिनेता ने अपने जन्मदिन का जश्न परिवार के साथ मिलकर मनाया। अभिनेता की पत्नी स्नेहा रेड्डी ने सोशल मीडिया पर जन्मदिन की तस्वीर साझा कर झलक दिखाई है। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन आज 43 साल के हो गए हैं। अभिनेता ने अपने जन्मदिन का जश्न परिवार के साथ मिलकर मनाया। अभिनेता की पत्नी स्नेहा रेड्डी ने सोशल मीडिया पर जन्मदिन की तस्वीर साझा कर झलक दिखाई है।
झारखंड के गिरिडीह में रामनवमी के दौरान अखाड़ा खेसते समय हार्ट अटैक से गई शख्स की जान
झारखंड के गिरिडीह से मौत का लाइव वीडियो सामने आया है, जहां राम नवमी पर अखाड़ा खेलते खेलते एक शख्स की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मौत का पूरा मंजर मोबाइल कैमरे में कैद हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मधवाडीह निवासी सुखदेव प्रसाद यादव भी गांव के एक युवक के साथ में लाठी खेल रहे थे। हट्ठे-कट्ठे दिखने वाले सुखदेव प्रसाद यादव काफी जोश के साथ लाठी भांज रहे थे। इसी बीच जैसे ही वे लाठी भांजने के बाद मंदिर के किनारे खड़े हुए, अचानक गिर गए। बाद में देखा गया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ गया और वह मंदिर के पास ही गिर गए। हार्ट अटैक से मौत हो गई।
नोएडा: पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक घायल, दूसरा गिरफ्तार
नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्रों में हुई पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया जबकि एक बदमाश कॉम्बिग के दौरान गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटे हुए मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस और बाइक बरामद की है। घायल बदमाश की पहचान अमन पुत्र अजय घायल के रुप में हुई जबकि उसके साथी सौरभ पुत्र पप्पू सिंह को कॉम्बिंग के दौरान दबोचा गया। एडीसीपी नोएडा ज़ोन सुमित शुक्ला ने बताया कि थाना फेस-1 पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच एनकाउंटर सेक्टर 15ए के पीछे गंदे नाले को जाने वाली सड़क पर हुआ। वाहन की चेकिंग के के रोके जाने पर पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश जवाबी कार्यवाही में गोली लगने के कारण घायल हो गया। उसके साथी को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
एडीसीपी नोएडा ने बताया कि दोनों शातिर किस्म के बदमाश है, बीते दिनों लूटे हुए रेडमी मोबाईल फोन के का मुकदमा थाना फेज-1 दर्ज है। इनके के पास से चोरी की बाइक लूट के 6 मोबाइल, तमंचा और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद। घायल बदमाश अमन के खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज। बदमाश के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी व अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।