LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 6 मार्च 2024: CBI को मिली शाहजहां शेख की कस्टडी; राहुल गांधी के लिए चुनाव आयोग ने जारी की एडवाइजरी

आयुष सिन्हाUpdated Mar 6, 2024, 22:35 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 6 मार्च 2024: CBI को मिली शाहजहां शेख की कस्टडी; राहुल गांधी के लिए चुनाव आयोग ने जारी की एडवाइजरी
आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 6 मार्च 2024: CBI को मिली शाहजहां शेख की कस्टडी; राहुल गांधी के लिए चुनाव आयोग ने जारी की एडवाइजरी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 6 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश में अनेक मेट्रो परियोजनाओं का लोकार्पण किया जिसमें कोलकाता में पानी के अंदर देश की पहली मेट्रो लाइन भी शामिल है। कोलकाता मेट्रो के ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर में 4,965 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड खंड का मोदी ने उद्घाटन किया जो ‘किसी भी बड़ी नदी के नीचे देश की पहली परिवहन सुरंग’ है। इस खंड में बना हावड़ा मेट्रो स्टेशन, देश का सबसे गहराई में स्थित स्टेशन भी होगा। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्कूल के छात्रों के साथ एस्प्लेनेड से हावड़ा मैदान तक मेट्रो की यात्रा की। वहीं अपनी कई मांगों को लेकर किसान आज फिर से दिल्ली कूच कर रहे हैं। किसान संगठनों ने बुधवार को दिल्ली कूच करने का ऐलान किया था। किसानों के दिल्ली मार्च लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रेलवे-मेट्रो स्टेशनों और बस स्टेशनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसान नेता तेजवीर सिंह ने मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर कहा कि कल यानी 6 मार्च को पूरे भारत के किसान दिल्ली के जंतर-मंतर की ओर शांतिपूर्वक मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी तक मार्च करने के लिए अपनी तैयारी की है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 5 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : जानें बड़ी खबरों का अपडेट-
Today Share Market Live Updates

MAR 06, 2024 22:23 IST

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में IED ब्लास्ट में सेना के पोर्टर की मौत

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर एक बारूदी सुरंग विस्फोट में भारतीय सेना के एक पोर्टर की मौत हो गई।
MAR 06, 2024 22:21 IST

सीबीआई दफ्तर लाया गया शाहजहां शेख

MAR 06, 2024 22:11 IST

दिल्ली-NCR में CNG के दामों में कटौती

दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में सीएनजी के दामों में कटौती की गई है। दिल्ली समेत आसपास के शहरों में सीएनजी के दाम 2.50 रुपये कम किए गए हैं।
MAR 06, 2024 20:21 IST

रूस-यूक्रेन युद्ध में मारा गया हैदराबाद का युवक

हैदराबाद के 30 वर्षीय भारतीय नागरिक मोहम्मद असफान, जिसे कथित तौर पर नौकरी के बहाने रूसी सेना में शामिल होने के लिए धोखा दिया गया था, यूक्रेन के खिलाफ लड़ाई में मारा गया है।
MAR 06, 2024 20:11 IST

ईडी ने फिर की केजरीवाल की शिकायत

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन जांच में समन का पालन नहीं करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा चलाने का अनुरोध करते हुए एक अदालत में नयी शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने बताया कि नयी शिकायत आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल द्वारा समन संख्या 4 से 8 का पालन नहीं करने से संबंधित है। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) दिव्या मल्होत्रा की अदालत ने मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को तय की है।
MAR 06, 2024 19:18 IST

CBI को मिली शाहजहां शेख की कस्टडी

लंबे इंतजार के बाद संदेशखाली कांड के आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख को सीबीआई ने हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच के बाद पश्चिम बंगाल सीआईडी टीम ने उसे सीबीआई को सौंप दिया।
MAR 06, 2024 19:14 IST

TMC नेता तापस रॉय भाजपा में हुए शामिल

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले, तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता तापस रॉय बुधवार को आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने 4 मार्च को अपने विधानसभा सदस्य और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया था।रॉय का भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य सुकांत मजूमदार और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने स्वागत किया।
MAR 06, 2024 19:08 IST

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के लिए जारी की एडवाइजरी

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें उन्हें बयानबाजी को लेकर काफी संयम बरतने को कहा गया है।
MAR 06, 2024 18:49 IST

मध्य प्रदेश: गुना में प्रशिक्षण दुर्घटनाग्रस्त

मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक प्रशिक्षण विमान हवाई पट्टी पर उतरते समय बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे प्रशिक्षु महिला पायलट घायल हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि घटना शाम करीब पांच बजे हुई जब विमान हवाई पट्टी पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
MAR 06, 2024 17:38 IST

अमेरिका चुनाव: निक्की हेली राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर

रॉयटर्स के सूत्रों के मुताबिक, निक्की हेली अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर हो रही हैं। अब नवंबर में होने वाले चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प राष्ट्रपति जो बाइडन का सामना करेंगे।
MAR 06, 2024 17:21 IST

बिहार में पीएम मोदी ने दी करोड़ों की योजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को एकदिवसीय बिहार दौरे के क्रम में बेतिया पहुंचे। यहां उन्होंने 12,800 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं का रिमोट के जरिए उद्घाटन और शिलान्यास किया।
MAR 06, 2024 16:19 IST

धनंजय सिंह को 7 साल की सजा का ऐलान

पूर्व सांसद धनंजय सिंंह को रंगदारी और अपहरण केस में 7 साल की सजा सुनाई गई है। साथ ही उन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगा है।
MAR 06, 2024 15:59 IST

प्रियंका गांधी रायबरेली से लड़ सकती हैं चुनाव

सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। इसका आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।
MAR 06, 2024 15:04 IST

शाम 4:15 बजे तक शाहजहां शेख को CBI को सौंपे बंगाल पुलिस - हाईकोर्ट

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने आदेश दिया है कि संदेशखाली घटना के आरोपी शाहजहां शेख को आज शाम 4:15 बजे तक सीबीआई के हवाले किया जाए। हाईकोर्ट का मानना है कि राज्य पुलिस ने इस मामले में लुकाछिपी का खेल खेला है। आरोपी बेहद राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्ति है।
MAR 06, 2024 14:40 IST

संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं से मिले पीएम मोदी

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान महिलाएं काफी भावुक नजर आईं।
MAR 06, 2024 14:38 IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री हुए कोरोना संक्रमित

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि उनकी कोविड जांच रिपोर्ट ‘पॉजिटिव’ आई है।
MAR 06, 2024 14:01 IST

बैंक कार्ड जारी करते समय ग्राहक को नेटवर्क चुनने का विकल्प देंः आरबीआई

रिजर्व बैंक ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे पात्र ग्राहकों को क्रेडिट या डेबिट कार्ड जारी करते समय कई कार्ड नेटवर्क में से एक को चुनने का विकल्प मुहैया कराएं। केंद्रीय बैंक ने क्रेडिट कार्ड जारीकर्ताओं से यह भी कहा है कि वे कार्ड नेटवर्क के साथ कोई भी ऐसा समझौता या व्यवस्था न करें जो ग्राहकों को दूसरे नेटवर्क की सेवाएं लेने से रोकता हो। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एक परिपत्र में कहा, "समीक्षा करने पर यह पाया गया कि कार्ड नेटवर्क और कार्ड जारीकर्ताओं के बीच मौजूद कुछ व्यवस्थाएं ग्राहकों के लिए विकल्प उपलब्ध कराने के लिहाज से अनुकूल नहीं हैं।" केंद्रीय बैंक ने कहा, "ऐसी स्थिति में यह निर्देश दिया जाता है कि कार्ड जारीकर्ता कार्ड नेटवर्क के साथ ऐसी कोई व्यवस्था या समझौता नहीं करेंगे जो ग्राहकों को अन्य कार्ड नेटवर्क की सेवाओं का लाभ उठाने से रोकता हो।" आरबीआई ने कहा कि मौजूदा कार्डधारकों के लिए यह विकल्प कार्ड का अगला नवीनीकरण कराते समय दिया जा सकता है।
MAR 06, 2024 14:01 IST

पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने नोएडा के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया

उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की नोएडा इकाई ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कराने के मामले में शहर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसे वायु सेना से बर्खास्त कर दिया गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से हुई है और उसके पास से एक फर्जी आधार कार्ड, एक असली आधार कार्ड, एक वायुसेना का फर्जी पहचान पत्र, 26 प्रवेश पत्र, 38 बैंक चेक, चार चेकबुक आदि बरामद हुए हैं। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा इकाई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजकुमार मिश्रा बताया कि उत्तर प्रदेश में 17 व 18 फरवरी को हुई पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कराने के एक आरोपी के मुखर्जी नगर में होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पकड़े जाने पर अपना नाम प्रमोद कुमार पाठक बताया और वायुसेना का कथित पहचान पत्र दिखाते हुए अवकाश पर होने तथा परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुखर्जी नगर आने की बात कही।
MAR 06, 2024 14:00 IST

संदेशखाली की महिलाओं को मोदी की रैली में ले जाने वाली बसें रोकी गईं

पश्चिम बंगाल के बारासात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में शामिल होने के लिए संदेशखालि की महिलाओं को ले जा रहीं कुछ बसों को पुलिस ने ‘सुरक्षा प्रोटोकॉल’ के नाम पर कथित तौर पर कई स्थानों पर रोका। मोदी ने बारासात के कचहरी मैदान में रैली को संबोधित किया। बारासात उत्तर 24 परगना का जिला मुख्यालय शहर है और इसी जिले में संदेशखालि स्थित है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने संदेशखालि की महिलाओं को लगभग 80 किलोमीटर दूर रैली स्थल तक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की थी। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित नेता शाहजहां शेख और उसके सहयोगियों पर संदेशखालि की महिलाओं ने यौन-उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। एक बस में सवार भाजपा के एक नेता ने आरोप लगाया, ‘सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए बसों को पहले न्यू टाउन के विश्व बांग्ला गेट पर और फिर बारासात के रास्ते में एयरपोर्ट गेट-1 पर रोका गया। पुलिस हमें प्रधानमंत्री की रैली में जाने से रोकने की कोशिश कर रही है।’ हालांकि, पुलिस ने कहा कि ‘सुरक्षा प्रोटोकॉल’ के कारण इस मार्ग पर यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित है, क्योंकि प्रधानमंत्री इसी सड़क से बारासात की यात्रा करेंगे।
MAR 06, 2024 12:12 IST

पीएम ने पानी के भीतर देश का पहला कॉरिडोर, कई मेट्रो परियाजनाओं का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश में अनेक मेट्रो परियोजनाओं का लोकार्पण किया जिसमें कोलकाता में पानी के अंदर देश की पहली मेट्रो लाइन भी शामिल है। कोलकाता मेट्रो के ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर में 4,965 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड खंड का मोदी ने उद्घाटन किया जो ‘किसी भी बड़ी नदी के नीचे देश की पहली परिवहन सुरंग’ है। इस खंड में बना हावड़ा मेट्रो स्टेशन, देश का सबसे गहराई में स्थित स्टेशन भी होगा। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्कूल के छात्रों के साथ एस्प्लेनेड से हावड़ा मैदान तक मेट्रो की यात्रा की। अधिकारियों ने कहा कि सुरंग का नदी के भीतर का हिस्सा 520 मीटर लंबा है और ट्रेन को इसे पार करने में लगभग 45 सेकंड का वक्त लगेगा। एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन पर समारोह स्थल से प्रधानमंत्री ने देश के सबसे पुराने मेट्रो नेटवर्क कोलकाता मेट्रो के न्यू गरिया-एयरपोर्ट लाइन के कवि सुभाष-हेमंत मुखोपाध्याय खंड और जोका-एस्प्लेनेड लाइन के तारातला-माजेरहाट खंड का भी उद्घाटन किया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार माजेरहाट मेट्रो स्टेशन रेलवे लाइन, प्लेटफार्म और एक नहर के ऊपर बना अलग तरह का स्टेशन है।