LIVE

बांग्लादेश में संकट गहराया, कई निर्वाचन अधिकारियों ने इस्तीफा दिया, किन्नूर में खाई में वाहन गिरने से तीन महिलाओं की मौत

अमित कुमार मंडलUpdated Sep 5, 2024, 20:41 IST

बांग्लादेश में संकट गहराया, कई निर्वाचन अधिकारियों ने इस्तीफा दिया, किन्नूर में खाई में वाहन गिरने से तीन महिलाओं की मौत
बांग्लादेश में संकट गहराया, कई निर्वाचन अधिकारियों ने इस्तीफा दिया, किन्नूर में खाई में वाहन गिरने से तीन महिलाओं की मौत

हिंदी न्यूज़ लाइव, 5 सितंबर 2024 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार:

  • कोलकाता में लोगों ने रात 9 बजे से 10 बजे तक एक घंटे के लिए अपने घरों की लाइट बंद कर दीं और कैंडल मार्च निकाला
  • दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर विमान के इंजन का हिस्सा मिला, डीजीसीए ने दिए जांच के आदेश
  • शिवाजी की प्रतिमा ढहने की घटना के मामले में मूर्तिकार-ठेकेदार गिरफ्तार
  • जॉर्जिया के एक हाई स्कूल में छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में दो छात्रों सहित कम से कम चार की मौत
  • सुप्रीम कोर्ट आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई
  • पीएम मोदी ने की सिंगापुर के प्रधानमंत्री से मुलाकात

SEPT 05, 2024 20:41 IST

आंद्री सिबिहा यूक्रेन के नये विदेश मंत्री बने

यूक्रेन की संसद ने नये विदेश मंत्री की नियुक्ति के लिए मंजूरी दे दी है। विदेश मंत्री की नियुक्ति ऐसे समय की गई है, जब देश के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रूस के खिलाफ युद्ध के निर्णायक चरण के मद्देनजर अपने प्रशासन में नयी जान फूंकने की कोशिश कर रहे हैं।
SEPT 05, 2024 19:55 IST

किन्नूर में वाहन खाई में गिरने से तीन महिला मजदूरों की मौत

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में पूह के पास बृहस्पतिवार को एक पिकअप ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए।
SEPT 05, 2024 19:54 IST

बांग्लादेश में संकट, कई निर्वाचन अधिकारियों ने इस्तीफा दिया

बांग्लादेश के तख्ता पलट के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त काजी हबीबुल अवाल की अध्यक्षता वाले पूरे पांच सदस्यीय निर्वाचन आयोग ने पद से इस्तीफा दे दिया। देश में अंतरिम सरकार के गठन के बाद यह घटनाक्रम हुआ है। यह पहली बार है जब देश के निर्वाचन आयोग ने अपना निर्धारित कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया।
SEPT 05, 2024 19:07 IST

फारूक अब्दुल्ला ने कहा जम्मू-कश्मीर के लोग अपनी जमीन के मालिक हैं

नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग केंद्र के गुलाम नहीं हैं, बल्कि वे अपनी जमीन के असली मालिक हैं। अब्दुल्ला ने बडगाम जिले के बीरवाह में कहा कि मैं आपको एक बात बता दूं... हम उनके गुलाम नहीं हैं। इस राज्य के लोग इस जगह के मालिक हैं, इसे याद रखें।’’
SEPT 05, 2024 16:03 IST

प्रधानमंत्री ने कहा भारत 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य करेगा हासिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय सौर महोत्सव में अपने वीडियो संदेश में कहा कि गति और पैमाने के साथ किये गये कार्यों से भारत को पिछले 10 साल में अपनी सौर ऊर्जा क्षमता 32 गुना बढ़ाने में मदद मिली है। इसके साथ देश 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के अपने लक्ष्य को हासिल करने करने की दिशा में बढ़ रहा है। देश ने पिछले कुछ साल में हरित ऊर्जा के क्षेत्र में कई बड़े कदम उठाये हैं। हम नवीकरणीय ऊर्जा में पेरिस प्रतिबद्धताओं को हासिल करने वाले जी-20 में पहला देश थे।
SEPT 05, 2024 14:37 IST

असम : पांच बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए

असम के करीमगंज जिले में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश के दौरान पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया और उन्हें पड़ोसी देश के अधिकारियों को सौंप दिया गया। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा, भारत-बांग्लादेश सीमा पर सतर्कता बरत रही असम पुलिस ने इन बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की और उन्हें रात करीब 12 बजकर 40 मिनट पर उनके देश वापस भेज दिया। जिन लोगों को वापस भेजा गया है उनकी पहचान मोहम्मद शबीर रहमान, मोहम्मद शकील, दिलावर हुसैन, मोहम्मद अली और मोहम्मद भाईजीत के तौर पर हुई है। सरमा ने कहा कि हम घुसपैठ-मुक्त असम के लिए प्रतिबद्ध हैं। असम पुलिस ने बुधवार को इन पांच लोगों को पकड़ा था जब वे पड़ोसी त्रिपुरा से करीमगंज में घुसने की कोशिश कर रहे थे। बाद में उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर बांग्लादेशी अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया।
SEPT 05, 2024 14:15 IST

पुतिन ने यूक्रेन के साथ बातचीत के दिए संकेत, डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करने पर भी नजर

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के साथ बातचीत के संकेत दिए हैं। साथ ही पुतिन ने यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करने पर ध्यान केंद्रित करने की भी पुष्टि की। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ शांति वार्ता में शामिल होने की रूस की इच्छा व्यक्त की है। साथ ही दोहराया है कि देश का प्राथमिक उद्देश्य यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करना है। डोनबास क्षेत्र एक प्रमुख रणनीतिक क्षेत्र है और युद्ध शुरू होने के बाद से चल रहे संघर्ष के केंद्र में रहा है।
SEPT 05, 2024 13:09 IST

अरब सागर में लापता विमानकर्मी की तलाश जारी

पोरबंदर आईसीजी एएलएच हेलीकॉप्टर दुर्घटना: अरब सागर में लापता विमानकर्मी की तलाश जारी है। 4 भारतीय तटरक्षक जहाज, 2 भारतीय नौसेना जहाज और विमान खोज जारी रखे हुए हैं। क्षेत्रफल की औसत गहराई 55 मीटर है। भारतीय नौसेना क्लीयरेंस डाइविंग टीम विशेष जहाजों के साथ खोज और बचाव कार्यों में सहायता कर रही है।
SEPT 05, 2024 13:00 IST

भारत में बैठकर बांग्लादेश पर राजनीतिक टिप्पणियां न करें हसीना : यूनुस

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में बैठकर जिस प्रकार की राजनीतिक टिप्पणियां कर रही हैं वह उचित नहीं है। यूनुस ने यह भी कहा कि जब तक ढाका उनके प्रत्यर्पण का अनुरोध नहीं करता, तब तक उन्हें चुप रहना चाहिए ताकि दोनों देशों के बीच संबंध असहज नहीं हों। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख यूनुस ने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में यह बात कही। यूनुस ने कहा, अगर भारत हसीना को तब तक अपने पास रखना चाहता है जब तक बांग्लादेश (सरकार) उन्हें वापस नहीं बुला ले, तो शर्त यह होगी कि उन्हें (हसीना को) चुप रहना होगा।
SEPT 05, 2024 12:29 IST

आंध्र-तेलंगाना में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे शिवराज चौहान

SEPT 05, 2024 12:05 IST

सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की जमानत पर सुनवाई शुरू

सुप्रीम कोर्ट ने आबकारी नीति घोटाले में सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई शुरू की। मुख्यमंत्री की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने दलीलें पेश करनी शुरू कीं और उच्चतम न्यायालय को बताया कि सीबीआई की प्राथमिकी में अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं था। सिंघवी ने कहा, अदालत केजरीवाल को अंतरिम जमानत देते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री समाज के लिए खतरा नहीं हैं।
SEPT 05, 2024 12:03 IST

गुजरात के बनासकांठा में भारी बारिश से जलमग्न हुए इलाके

SEPT 05, 2024 11:11 IST

अरविंद केजरीवाल की जमानत से पर सुनवाई से पहले CBI ने सुप्रीम कोर्ट में अपना दूसरा जवाब किया दाखिल

सीबीआई ने केजरीवाल की जमानत का विरोध करते हुए कहा है कि केजरीवाल की याचिका में कोई दम नहीं है, इसलिए इसे खारिज किया जाना चाहिए। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी अरविंद केजरीवाल की याचिका को खारिज करते हुए यह कहा था कि सीबीआई मामले में उनकी गिरफ्तारी वैध है। केजरीवाल की याचिका को अवैध करार देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा था कि सीबीआई के पास गिरफ्तारी के पर्याप्त सबूत थे। कोर्ट ने अभी कहा था कि केजरीवाल की गिरफ्तारी में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
SEPT 05, 2024 10:23 IST

ग्रेटर नोएडा में हाईवे किनारे मिला लहूलुहान युवक

ग्रेटर नोएडा में हाईवे किनारे एक युवक लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ मिला। युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। धारदार हथियार से हत्या की जाने की आशंका है।
सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक की शिनाख्त में जुटी है। घटना सूरजपुर थाना क्षेत्र के 130 मीटर रोड की है।
SEPT 05, 2024 09:59 IST

पीएम मोदी ने की सिंगापुर के प्रधानमंत्री से मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग के साथ बृस्पतिवार को एक सार्थक बैठक की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया। मोदी वोंग के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं। वोंग के साथ वार्ता से पहले मोदी का सिंगापुर संसद भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने वहां आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बैठक के बाद एक्स पर लिखा, संबंधों में एक नया अध्याय: व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने आज सिंगापुर में एक सार्थक बैठक की।
SEPT 05, 2024 08:58 IST

ईडी ने पंजाब में पूर्व मंत्री भारत भूषण के करीबी को गिरफ्तार किया

ईडी ने पंजाब में पूर्व मंत्री भारत भूषण के करीबी राजदीप सिंह को टेंडर स्कैम में गिरफ्तार किया है। पंजाब के खन्ना में रेड के बाद देर रात ईडी ने गिरफ्तार किया। पेशे से कमीशन एजेंट है आरोपी और कई नेताओं का खासमखास बताया जाता है। भारत भूषण आशु 2017 से 2022 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री थे। उन पर आरोप है कि उनके रहते अनाज ढुलाई को लेकर हुए टेंडर आवंटन में करीब दो हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। विजिलेंस की जांच में पंजाब की मंडियों में लेबर और ट्रांसपोर्टेशन के टेंडरों में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई थीं।
SEPT 05, 2024 08:35 IST

राहुल गांधी आज महाराष्ट्र जा रहे हैं, जहां वह एक रैली करेंगे

SEPT 05, 2024 08:26 IST

रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी छोड़ी

हरियाणा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही भारतीय जनता पार्टी में (BJP) में घमासान मच गया है और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी को अलविदा कहते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, चुनाव के लिए बीजेपी की पहली सूची जारी होते ही कई अन्य नेताओं के भी पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीजेपी किसान मोर्चा अध्यक्ष सुखविंदर श्योराण ने भी इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा चरखी दादरी किसान मोर्चा अध्यक्ष विकास ने इस्तीफा दे दिया है।
SEPT 05, 2024 07:53 IST

सुप्रीम कोर्ट आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई

Arvind Kejriwal: सुप्रीम कोर्ट आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। याचिका में उन्होंने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में सीबीआई द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ इस मामले को देखेगी। शीर्ष कोर्ट ने 23 अगस्त को सीबीआई(CBI) को मामले में जवाबी हलफनामा दाखिल करने की अनुमति दी थी और केजरीवाल को जवाब दाखिल करने के लिए 2 दिन का समय दिया था।
SEPT 05, 2024 07:13 IST

मुंबई के कुछ इलाकों में बारिश