LIVE

5 मई 2025: पीएम मोदी से मिले डिफेंस सेक्रेटरी, मुर्शिदाबाद पहुंचीं ममता बनर्जी; पूरे गाजा पर कब्जे की तैयारी में इजराइल

हिंदी न्यूज़ 5 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 5 मई (सोमवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated May 5, 2025, 18:13 IST
Follow on Google News
5 मई 2025: पीएम मोदी से मिले डिफेंस सेक्रेटरी, मुर्शिदाबाद पहुंचीं ममता बनर्जी; पूरे गाजा पर कब्जे की तैयारी में इजराइल

5 मई 2025: पीएम मोदी से मिले डिफेंस सेक्रेटरी, मुर्शिदाबाद पहुंचीं ममता बनर्जी; पूरे गाजा पर कब्जे की तैयारी में इजराइल

हिंदी न्यूज़ लाइव 5 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद हुई है और माना जा रहा है कि उन्होंने सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। इजराइल के अधिकारियों का कहना है कि इजराइली सुरक्षा कैबिनेट ने सोमवार को गाजा पट्टी के पूरे हिस्से पर कब्जा करने और अनिश्चित समय तक वहां बने रहने की योजना को मंजूरी दे दी है। यह योजना हमास पर बंधकों को मुक्त करने और इजराइल की शर्तों पर युद्ध विराम के संबंध में बातचीत को लेकर दबाव बढ़ाने के इजराइल के प्रयासों का हिस्सा है। दोनों अधिकारियों ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि इस योजना में सैकड़ों फलस्तीनियों को दक्षिणी गाजा में विस्थापित करना भी शामिल है। मुर्शिदाबाद में हिंसा होने के कई दिनों बाद आज ममता बनर्जी, हिंसाग्रस्त इलाकों में पहुंची। इस दौरे से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद में स्थिति स्थिर हो गई है। बनर्जी ने साथ ही कहा कि दंगों पर राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस की ओर से गृह मंत्रालय को दी गई रिपोर्ट के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बनर्जी ने कहा कि उन्हें इसके साथ ही राज्य में अनुच्छेद 356 के संभावित क्रियान्वयन के बारे में राज्यपाल द्वारा उल्लेख किये जाने के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

MAY 05, 2025 18:13 IST

प्रियंका ने कलपेट्टा में नए पासपोर्ट सेवा केंद्र का दौरा किया

कांग्रेस महासचिव और वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र कलपेट्टा में नये पासपोर्ट सेवा केंद्र का दौरा किया और वहां इसके संचालन की समीक्षा की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ कार्यालय पहुंची कांग्रेस महासचिव का क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (कोझिकोड) अरुण मोहन और अन्य लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान सांसद ने केंद्र में प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों की संख्या 120 तक बढ़ाने पर विचार करने का सुझाव दिया। प्रियंका गांधी ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नया पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि यह लोगों के लिए खुला है क्योंकि यह उनके लिए बहुत सुविधाजनक होगा। यह एक मोबाइल प्रणाली भी है जो अधिक दूरदराज के इलाकों में जाती है। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विचार है।" कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र में प्रतिदिन लगभग 40 पासपोर्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ती है और उन्हें यकीन है कि यह संख्या बढ़ेगी।
MAY 05, 2025 17:54 IST

दलित युवक की ईंट से वार कर हत्या, हिरासत में पांच युवक

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक दलित युवक की ईंट से लगातार वार कर हत्या करने के मामले में पांच युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि युवक की लाश सोमवार को एक खेत में मिली थी। औराई थाना प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने बताया कि बड़ा सीयूर गांव के रहने वाले नन्द लाल सरोज का बेटा शिवम कुमार सरोज (19) अपने पिता के साथ रंगाई-पुताई का काम करता था। उन्होंने बताया कि शिवम रविवार की रात किसी शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। अधिकारी ने बताया कि शिवम के देर रात तक नहीं लौटने पर उसकी मां प्रमिला देवी ने जब उसे फोन किया तो मोबाइल पर कई युवकों की आपस में बातचीत करने की आवा आई, जिसके बाद फोन कट गया। उन्होंने बताया कि प्रमिला देवी ने दोबारा फोन किया तो किसी ने जवाब नहीं दिया। गौतम ने बताया कि सोमवार को युवक की लाश घोसिया पुलिस चौकी से कुछ दूर खेत में मिली। उन्होंने बताया कि सिर को ईंट से बुरी तरह कुचल कर उसकी हत्या की गई है और कुछ दूरी पर खून से सनी ईंट भी बरामद कर ली गयी। अधिकारी ने बताया कि इस मामले मृतक के पिता नन्दलाल सरोज की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले के हर पहलू से जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में शिवम की हत्या की एक वजह किसी युवती से प्रेम प्रसंग का होना सामने आ रहा है।
MAY 05, 2025 17:24 IST

ज्ञानवापी के वुजूखाना के सर्वेक्षण के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई टली

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद के भीतर वुजूखाना का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से सर्वेक्षण कराने का अनुरोध करने वाली पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई चार जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अदालत में सोमवार को जब याचिका पर सुनवाई शुरू हुई तब अदालत को बताया गया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा 2020 की रिट याचिका संख्या 1246 (अश्विनी कुमार उपाध्याय बनाम केंद्र सरकार व अन्य) के मामले में पारित अंतरिम आदेश अब भी प्रभावी है।इसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई चार जुलाई के लिए निर्धारित कर दी। उच्चतम न्यायालय ने अपने अंतरिम आदेश में निर्देश दिया था कि नई याचिकाएं दायर की जा सकती हैं लेकिन उनपर सुनवाई नहीं की जाएगी और कोई भी अदालत सर्वेक्षण आदि सहित कोई अंतरिम आदेश या अंतिम आदेश पारित नहीं करेगी। उच्च न्यायालय में मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल कर रहे हैं। याचिकाकर्ता राखी सिंह ने अदालत में दलील दी कि वुजूखाना क्षेत्र का सर्वेक्षण न्याय हित में आवश्यक है और इससे वादी और प्रतिवादी दोनों को लाभ होगा तथा अदालत को इस मुकदमे में निष्कर्ष पर पहुंचने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि वुजूखाना क्षेत्र का एएसआई से सर्वेक्षण इसलिए भी आवश्यक है क्योंकि इससे संपूर्ण संपत्ति का धार्मिक चरित्र निर्धारित हो सकेगा।
MAY 05, 2025 17:23 IST

संभल की जामा मस्जिद मामले में ‘रिज्वाइंडर' दाखिल करने का निर्देश

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने संभल में जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर से जुड़े विवाद के मामले में सोमवार को मस्जिद कमेटी को ‘रिज्वाइंडर’ दाखिल करने का निर्देश दिया और अगली सुनवाई 12 मई के लिए निर्धारित कर दी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि उन्होंने अपना जवाबी हलफनामा दाखिल कर दिया है, जिसके बाद न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने मस्जिद कमेटी को ‘रिज्वाइंडर’ दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 12 मई के लिए निर्धारित कर दी। मस्जिद कमेटी संभल ने स्थानीय अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पुनरीक्षण याचिका दायर की है। संभल की अदालत ने अधिवक्ता आयोग द्वारा मस्जिद का पुरातत्व सर्वेक्षण का निर्देश दिया था। इससे पहले इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने संभल की जिला अदालत में लंबित मूल याचिका पर सुनवाई के संब‍ं‍ध में अगली तिथि तक के लिए रोक लगा दी थी। हिंदू पक्ष ने मूल याचिका में संभल के मोहल्ला कोट पूर्वी में स्थित श्री हरिहर मंदिर (कथित जामा मस्जिद) में प्रवेश का अधिकार मांगा है। पुनरीक्षण याचिका में दलील दी गई कि उक्त याचिका 19 नवंबर, 2024 को दायर की गयी थी और कुछ घंटों के भीतर ही न्यायाधीश ने एक अधिवक्ता आयुक्त की नियुक्ति कर उन्हें मस्जिद का प्रारंभिक सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया था। पुनरीक्षण याचिका के मुताबिक, 19 दिन और 24 नवंबर को यह सर्वेक्षण किया गया, जिसकी रिपोर्ट 29 नवंबर को पेश करने का निर्देश दिया गया था। अधिवक्ता हरिशंकर जैन और सात अन्य लोगों ने संभल के दीवानी न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) की अदालत में एक याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि कथित शाही ईदगाह मस्जिद का निर्माण एक मंदिर को ध्वस्त कर किया गया था।
MAY 05, 2025 17:23 IST

अमेरिका में भारतीय छात्र बुजुर्ग महिला को ठगने के आरोप में गिरफ्तार

अमेरिका में 21 वर्षीय एक भारतीय छात्र को कानून प्रवर्तन अधिकारी के रूप में पेश होकर उत्तरी कैरोलाइना की 78 वर्षीय महिला को ठगने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वर्ष 2024 से छात्र वीजा पर ओहियो के सिनसिनाटी क्षेत्र में रह रहे किशन कुमार सिंह को दिव्यांग बुजुर्ग महिला से धोखाधड़ी के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। गिलफोर्ड काउंटी शेरिफ कार्यालय (जीसीएसओ) ने एक बयान में कहा कि पीड़िता ने अधिकारियों से संपर्क किया था और बताया था कि उसे ऐसे लोगों के फोन आ रहे थे जो खुद को जीसीएसओ के अधिकारी तथा संघीय एजेंट बता रहे थे। उत्तरी कैरोलाइना के स्टोक्सडेल की रहने वाली पीड़िता को कॉल करने वालों ने बताया कि उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए गए हैं और उसे ‘‘सुरक्षित रखने’’ के लिए बड़ी रकम निकालने को लेकर दबाव डाला गया। बयान में कहा गया कि जब सिंह ‘‘संघीय अधिकारी’’ के रूप में वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कॉल करने वालों ने महिला को बताया कि उसका नाम देश के दूसरे हिस्से में आपराधिक गतिविधि से जुड़ा हुआ है। सिंह अभी गिलफोर्ड काउंटी हिरासत केंद्र में है।
MAY 05, 2025 17:01 IST

पाकिस्तान ने 'फतह' मिसाइल का ‘प्रशिक्षण परीक्षण' किया

पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के साथ तनाव बढ़ने के बीच पाकिस्तान ने सोमवार को 120 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली ‘फतह श्रृंखला’ की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का सफल ‘प्रशिक्षण परीक्षण’ किया। सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि जारी अभ्यास ‘इंडस’ के तहत यह परीक्षण किया गया। बयान में कहा गया कि इस परीक्षण का उद्देश्य सैनिकों की अभियानगत तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल की उन्नत दिशा-निर्देशन प्रणाली तथा सटीकता सहित प्रमुख तकनीकी मापदंडों को देखना था। यह प्रशिक्षण परीक्षण ऐसे समय किया गया जब 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों की हत्या किए जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इस परीक्षण के समय पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पाकिस्तान के सामरिक संगठनों के अधिकारी, वैज्ञानिक और इंजीनियर भी मौजूद थे।
MAY 05, 2025 15:53 IST

महाराष्ट्र के रायगढ़ में बस पलटने से एक व्यक्ति की मौत, 26 घायल

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक निजी बस के पलट जाने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा रविवार को कर्नाला में एक ढलान पर उस समय हुआ, जब बस मुंबई से कोंकण की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि ढलान पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलट गया। बस में कुल 49 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि राजापुर निवासी अमोल तलवाडेकर (30) की इस दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री घायल हो गए। अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में रायगढ़ पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
MAY 05, 2025 15:53 IST

एनडीएमसी ने दिल्ली में शुरू किया 20 दिवसीय स्वच्छता अभियान

नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राष्ट्रीय राजधानी के सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा बनाने के वास्ते सोमवार को 20 दिवसीय मेगा स्वच्छता अभियान शुरू किया। एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने मंडी हाउस सर्किल और बंगाली मार्केट के बीच सफदर हाशमी मार्ग से इस अभियान की शुरुआत की। चंद्रा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है...हम सभी इससे परिचित हैं। हाल ही में उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दिल्ली को एक बार फिर से सुंदर बनाने और शहर के हर कोने को चमकाने का आह्वान किया था। हमने 20 दिवसीय अभियान शुरू किया है, जिसमें एनडीएमसी के सभी अधिकारी सहित कर्मचारी प्रतिदिन एक घंटा श्रमदान करेंगे।’’ एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा एक ही लक्ष्य है कि एनडीएमसी स्वच्छ रहे। एनडीएमसी के करीब 9,000 कर्मचारी आज श्रमदान कर रहे हैं। हम सभी को स्वच्छता के लिए काम करना चाहिए।’’ एनडीएमसी की यह पहल पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा घोषित व्यापक शहरव्यापी स्वच्छता अभियान का हिस्सा है। तीन मई से शुरू हुए 20 दिवसीय अभियान का उद्देश्य दिल्ली के सार्वजनिक स्थलों में स्पष्ट बदलाव लाना है। अभियान के बाद राज निवास में उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस उपायुक्त और विभिन्न विभागों के प्रमुख शामिल हुए।
MAY 05, 2025 14:54 IST

राजस्थान में इस हफ्ते आंधी-बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी व बारिश की गतिविधियां इस सप्ताह जारी रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम केंद्र के अनुसार, अगले चार से पांच दिन राज्य के दक्षिणी व पूर्वी भाग में तेज मेघ गर्जन, आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान लोगों को लू से राहत मिलेगी।
MAY 05, 2025 14:54 IST

मुर्शिदाबाद में हालात सामान्य- ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद में स्थिति स्थिर हो गई है। बनर्जी ने साथ ही कहा कि दंगों पर राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस की ओर से गृह मंत्रालय को दी गई रिपोर्ट के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बनर्जी ने कहा कि उन्हें इसके साथ ही राज्य में अनुच्छेद 356 के संभावित क्रियान्वयन के बारे में राज्यपाल द्वारा उल्लेख किये जाने के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।
MAY 05, 2025 14:54 IST

उप्र: भ्रष्टाचार के आरोप में दो पुलिसकर्मी निलंबित

त्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में चौकी निर्माण के लिए धन मांगने के आरोप में सोमवार को जिले के दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और हरसोली चौकी प्रभारी को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) (ग्रामीण) आदित्य बंसल ने बताया कि हेड कांस्टेबल उमेश कुमार और कांस्टेबल नीतिक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि शाहपुर थाना अंतर्गत हरसोली चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है।
MAY 05, 2025 14:54 IST

पीलीभीत में सांड से टकराकर मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत

पीलीभीत जिले में घुंघचाई थाना क्षेत्र में छुट्टा सांड से टकराकर मोटरसाइकिल सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवक एक राइस मिल का कर्मचारी था। पुलिस ने बताया कि भगवंतापुर गांव निवासी आकाश राठौर रविवार रात एक राइस मिल से काम खत्म करके घर लौट रहा था। रास्ते में गुलदरिया भूप सिंह गांव के निकट एक पेट्रोल पंप के पास उसकी मोटरसाइकिल अचानक सड़क पर आए छुट्टा सांड से टकरा गई।
MAY 05, 2025 14:28 IST

वक्फ (संशोधन) अधिनियम पर अब 15 मई को होगी सुनवाई

उच्चतम न्यायालय ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर न्यायमूर्ति बी.आर. गवई की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष 15 मई को सुनवाई तय की।
MAY 05, 2025 14:28 IST

इजराइल के मंत्रियों ने समूचे गाजा को कब्जे में लेने की योजना को मंजूरी दी

इजराइल के अधिकारियों का कहना है कि इजराइली सुरक्षा कैबिनेट ने सोमवार को गाजा पट्टी के पूरे हिस्से पर कब्जा करने और अनिश्चित समय तक वहां बने रहने की योजना को मंजूरी दे दी है।
यह योजना हमास पर बंधकों को मुक्त करने और इजराइल की शर्तों पर युद्ध विराम के संबंध में बातचीत को लेकर दबाव बढ़ाने के इजराइल के प्रयासों का हिस्सा है।
MAY 05, 2025 13:27 IST

रक्षा सचिव ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की

पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद हुई है और माना जा रहा है कि उन्होंने सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।
MAY 05, 2025 13:26 IST

गुजरात बोर्ड की कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी

गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) ने सोमवार को गुजरात बोर्ड की कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल्ल पनसेरिया और कुबेर डिडोर ने परिणामों की घोषणा की। गुजरात सरकार में मंत्री कुबेर डिंडोर ने 12वीं के बोर्ड रिजल्ट की घोषणा करते हुए बताया, "2024-2025 में हमने फरवरी-मार्च 2025 के दौरान कक्षा 12 विज्ञान स्ट्रीम और सामान्य स्ट्रीम परीक्षाएं आयोजित कीं और उनके साथ 2025 में गुजरात कॉमन एंट्रेंस टेस्ट परीक्षा भी आयोजित की। आज, हमने विज्ञान स्ट्रीम, सामान्य स्ट्रीम और गुजरात कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के परिणामों की घोषणा की है।"
MAY 05, 2025 12:40 IST

पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर ईडी की गिरफ्त में

कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप में दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी दीन दयाल आवास योजना से जुड़े वित्तीय घोटाले के सिलसिले में हुई है, जिसमें छौक्कर और उनकी कंपनी पर करीब 1500 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।
MAY 05, 2025 12:07 IST

हाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा

वैशाली जिले के हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा चांदपुरा थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुआ।
मृतकों की पहचान सोनू कुमार (22), राजीव कुमार (24) और रंजन कुमार (20) के रूप में हुई है। तीनों चांदपुरा गांव के निवासी और आपस में चचेरे भाई थे। मिली जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार की बहन की शादी की रस्में चल रही थीं। रविवार रात 'मड़वा मटकोड़' की रस्म के दौरान भोज की तैयारी के लिए तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर दही लेने बाजार जा रहे थे। चांदपुरा थाना के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
MAY 05, 2025 11:16 IST

राजस्‍थान में दिखा पश्चिम विक्षोभ का असर

देश के कई राज्यों में पश्चिम विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है। राजस्थान में सोमवार सुबह से ही तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। इस दौरान ब्यावर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद में मौसम का खास असर दिखाई दिया। सवेरे से ही तेज आंधी और अंधड़ के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी, वज्रपात और मेघगर्जन को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
MAY 05, 2025 11:15 IST

अमृतसर में आतंकी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

पंजाब पुलिस ने आतंकी और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान विजय मसीह, अग्रेज सिंह और इकबाल सिंह के रूप में हुई है, ये सभी तरनतारन के निवासी हैं। इनके तार ब्रिटेन स्थित गैंगस्टर धर्मप्रीत सिंह उर्फ धर्म संधू और तरनतारन के जस्सा पट्टी से जुड़े हैं।