LIVE

5 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़: देवेंद्र फडणवीस ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, एकनाथ शिंदे और अजित पवार बने डिप्टी सीएम; झारखंड में हेमंत सोरेन की कैबिनेट का हुआ विस्तार

5 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; मुंबई में शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राकांपा नेता अजित पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं, झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार का आज कैबिनेट विस्तार हुआगा। राज्यपाल संतोष गंगवार ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों को शपथ दिलाई। वहीं, जम्मू कश्मीर के त्राल में सेना के जवान पर आतंकी हमले के बाद बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन किया शुरू किया गया है, सेना की ओर से यह जानकारी दी गई है। वहीं, दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून सुक योल का विरोध बढ़ता जा रहा है। बुधवार को पूरे देश में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और विवादास्पद मार्शल लॉ घोषणा के कारण यून इस्तीफे की मांग की गई। वहीं, फ्रांस में राजनीतिक संकट गहरा गया है। महज तीन महीने के अंदर ही मिशेल बार्नियर की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया और उनकी सरकार गिर गई है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के अपडेट्स...

आज की ताजा खबर LIVE

5 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़: देवेंद्र फडणवीस ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, एकनाथ शिंदे और अजित पवार बने डिप्टी सीएम; झारखंड में हेमंत सोरेन की कैबिनेट का हुआ विस्तार

5 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़:

भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; मुंबई में शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राकांपा नेता अजित पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

  • देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ ली, पीएम मोदी हुए शामिल।
  • झारखंड में बेमंत सोरेन मंत्रिपरिषद का आज विस्तार हुआ।
  • जम्मू कश्मीर में जवान पर आतंकी हमले के बाद सेना ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन।
  • दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून सुक योल के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग।
  • फ्रांस में तीन महीने में ही गिरी मिशेल बार्नियर की सरकार, संसद में अविश्वास प्रस्ताव पास।

DEC 05, 2024 17:58 IST

हेमंत सरकार का कैबिनेट विस्तार, 11 मंत्रियों ने ली शपथ

झारखंड में गुरुवार को 11 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनमें से छह विधायक झारखंड मुक्ति मोर्चा, चार कांग्रेस के और एक राष्ट्रीय जनता दल का विधायक है। हेमंत कैबिनेट में दो महिलाओं को भी जगह दी गई है। राज्यपाल संतोष गंगवार ने राजभवन में आयोजित समारोह में सभी नवनियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में जेएमएम से दीपक बिरुआ, रामदास सोरेन, हफीजुल हसन, सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र महतो और चमरा लिंडा शामिल हैं। कांग्रेस से दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, राधाकृष्ण किशोर और शिल्पी नेहा तिर्की को मंत्री बनाया गया है जबकि राष्ट्रीय जनता दल से संजय प्रसाद यादव को कैबिनेट में जगह दी गई है।
DEC 05, 2024 17:55 IST

बलिया में मां-बच्चे की मौत के मामले में नर्स और अन्य पर मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मां और बच्चे की कथित तौर पर मौत के मामले में स्टाफ नर्स, उसके पति तथा आशा कार्यकर्ता के साथ ही तीन अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के रूकूनपुरा गांव के रहने वाले लाल साहब साहनी की पत्नी सुधा (34) को बुधवार को एक निजी प्रसूति केंद्र में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में उसे आशा कार्यकर्ती मीना देवी की कथित सलाह पर इस स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। बांसडीह थाना प्रभारी संजय सिंह के मुताबिक, सुधा को स्टाफ नर्स मंजू सिंह द्वारा संचालित प्रसूति केंद्र में भर्ती किया गया और बुधवार देर रात प्रसव के दौरान महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़त गई तथा उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने सुधा और उसके बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिंह ने बताया कि महिला के देवर राम ईश्वर साहनी की शिकायत पर स्टाफ नर्स मंजू सिंह, उसके पति नंदकुली सिंह, आशा कार्यकर्ता मीना देवी और तीन अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने स्टाफ नर्स मंजू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
DEC 05, 2024 17:54 IST

गोमांस न खाने से मुसलमानों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा : मुस्लिम धर्मगुरु

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात ने असम सरकार द्वारा राज्य में गोमांस खाने पर पाबंदी लगाये जाने की आलोचना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इस्लाम में गोमांस खाना अनिवार्य नहीं है लिहाजा ‘मुस्लिम विरोधी सोच’ रखने वाले असम के मुख्यमंत्री हिमंत ‍विश्व शर्मा के इस आदेश से मुसलमानों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने असम में सरकार द्वारा गोमांस खाने पर पाबंदी लगाये जाने को लेकर एक बयान में कहा, “इस्लाम में गोमांस खाना कोई अनिवार्यता नहीं है। लोग अपनी पसंद के हिसाब से खाते-पीते हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को लगता है कि मुसलमान गोमांस खाये बिना नहीं रह सकता। सच्चाई यह है कि उनके गोमांस पर पाबंदी लगाने से मुसलमानों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।” मौलवी ने असम के मुसलमानों से प्रतिबंध का पालन करने का आग्रह करते हुए कहा, “मैं असम के मुसलमानों से गोमांस खाए बिना जीने का आह्वान करता हूं। जीवन और मृत्यु अल्लाह के हाथ में है।” उन्होंने असम के मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा, “हिमंत विश्व शर्मा हमेशा मुसलमानों के खिलाफ बोलते हैं। उनकी सोच मुस्लिम विरोधी है।” असम सरकार ने बुधवार को राज्य के रेस्तरां, होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोमांस परोसने और खाने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था। शर्मा ने दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि गोमांस खाने पर मौजूदा कानून सख्त है लेकिन रेस्तरां, होटल और धार्मिक या सामाजिक समारोहों में गोमांस खाने पर अभी तक कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया था। उन्होंने कहा, “अब हमने असम में सार्वजनिक स्थानों पर भी गोमांस खाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कानून को और सख्त बनाने का फैसला किया है।”
DEC 05, 2024 17:53 IST

देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; मुंबई में शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राकांपा नेता अजित पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
DEC 05, 2024 14:46 IST

गाजा में इजरायली बंधक का शव बरामद, 7 अक्टूबर हमले में हमास ने किया था अपहरण

इजरायली सुरक्षा बलों ने घोषणा की है कि उन्होंने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले के दौरान किडनैप किए गए एक इजरायली बंधक का शव बरामद किया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को एक संयुक्त बयान में, शिन बेट आंतरिक सुरक्षा एजेंसी और इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने एक सैन्य अभियान में इटाई स्विर्स्की का शव बरामद करने की पुष्टि की। आईडीएफ के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, स्विर्स्की को ज़िंदा अगवा किया गया था और बाद में अपहरण करने वालों ने उसे मार डाला। तेल अवीव के निवासी 38 वर्षीय स्विर्स्की को किबुत्ज बेरी से उस समय अगवा किया गया था, जब वह अपने माता-पिता से मिलने गया था। उसके माता-पिता हमास के हमले के दौरान मारे गए। किबुत्ज बेरी के एक बयान में स्विर्स्की की मौत हो जनवरी 2024 तक जाने की आशंका जाहिर की गई थी। हगारी ने छह इजरायल बंधकों की मौत की सैन्य जांच के निष्कर्ष भी प्रस्तुत किए, जिनके शव अगस्त में दक्षिणी गाजा के खान यूनिस से बरामद किए गए थे। जांच से पता चला कि उनकी मौत संभावित रूप से उनके बंधक स्थान से 150-200 मीटर की दूरी पर हमास को निशाना बनाकर किए गए इजरायली एयर स्ट्राइक से जुड़ी थी।
DEC 05, 2024 14:25 IST

आप विधायक नरेश बाल्यान को सत्र न्यायालय में किया गया पेश

दिल्ली पुलिस ने संगठित अपराध के एक मामले में आम आदमी पार्टी (आप) विधायक नरेश बाल्यान को बृहस्पतिवार को एक सत्र अदालत में पेश किया और मामले को सांसद एवं विधायक अदालत में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया, जिसे न्यायाधीश ने अस्वीकार कर दिया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना जैन ने सरकारी वकील से कहा, ‘‘ अदालत के समक्ष मुद्दा यह है कि आरोपी व्यक्ति विधायक है और उसे विशेष सांसद एवं विधायक अदालत में पेश किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे पास मामले को स्थानांतरित करने का अधिकार नहीं है। मुझे इसका उदाहरण दिखाइए।’’ न्यायाधीश ने कहा, ‘‘ यहां आने की क्या जरूरत थी। यह समय की बर्बादी है। आप फैसला दिखाएं जिसके अनुसार अदालत इस (मुद्दे) पर विचार करने के लिए बाध्य है... मैं अभी कोई आदेश पारित नहीं कर सकती।’’
DEC 05, 2024 14:24 IST

तटरक्षक बल ने डूबे हुए जहाज के चालक दल के 12 सदस्यों को बचाया

भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने गुजरात के पोरबंदर से ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह की जलयात्रा के दौरान उत्तरी अरब सागर में डूबे भारत के एक जहाज के चालक दल के 12 सदस्यों को बचा लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जहाज ‘एमएसवी एएल पिरानपीर’ बुधवार को भारतीय जल सीमा के बाहर, पाकिस्तान के खोज एवं बचाव क्षेत्र में डूब गया। आईसीजी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘इस मानवीय खोज और बचाव मिशन में भारतीय तटरक्षक बल तथा पीएमएसए के बीच घनिष्ठ सहयोग देखा गया। दोनों देशों के समुद्री बचाव समन्वय केंद्रों (एमआरसीसी) ने पूरे अभियान के दौरान निरंतर संपर्क बनाए रखा।’’
DEC 05, 2024 14:23 IST

सहारनपुर में मधुमक्खियों के हमले में युवक की मौत

सहारनपुर जिले में शहद बेचने का काम करने वाले एक युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (देहात) सागर जैन ने बताया कि थाना फतेहपुर अंतर्गत मुजफ्फराबाद निवासी सोनू (40) बुधवार शाम घूमने के लिए निकला था और जैसे ही वह पानी की टंकी के नीचे पहुंचा, टंकी पर बने छत्ते से निकलकर मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
DEC 05, 2024 14:10 IST

मैं किसानों के साथ कल भी था और आगे भी रहूंगा : बजरंग पुनिया

भारतीय पहलवान और कांग्रेस नेता बजरंग पुनिया ने किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान पर गुरुवार को कहा कि वह किसानों के साथ कल भी थे, और आगे भी रहेंगे। बजरंग पुनिया ने कहा, “यह दुख की बात है कि जब हमारे किसान भाई आंदोलन कर रहे थे, तब उनकी शहादत भी हुई और अब भी आंदोलन जारी है। किसानों को शांतिपूर्वक अपनी मांगें रखने का अधिकार है, लेकिन उनके रास्ते में रुकावटें डाली जा रही हैं।” उन्होंने कहा, “पिछले कुछ महीनों में किसान भाई अपनी आवाज उठाने के लिए शांतिपूर्वक दिल्ली आ रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। पत्थर, बैरीकेड्स, आंसू गैस, और गोलियां तक चलाई गईं, जिससे एक किसान शहीद भी हो गया। यह देखकर दुख होता है, क्योंकि हमारा देश कृषि प्रधान है और किसान ही हमारे अन्नदाता हैं।”
DEC 05, 2024 14:08 IST

पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह शंटी AAP में हुए शामिल

सामाजिक कार्यकर्ता और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित जीतेंद्र सिंह शंटी गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। जीतेंद्र सिंह शंटी शहीद भगत सिंह सेवा दल (एसबीएस) फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं। पार्टी में आधिकारिक रूप से शामिल होने पर केजरीवाल ने कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण समय के दौरान समाज के लिए जीतेंद्र सिंह शंटी के महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 05, 2024 13:52 IST

झारखंड: हेमंत सारेन की कैबिनेट में 11 मंत्रियों को मिली जगह

झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट का आज विस्तार हुआ। 11 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस कैबिनेट में 5 मंत्रियों को रिपीट किया गया है।
DEC 05, 2024 13:50 IST

संभल जिला प्रशासन हिंसा में शामिल लोगों के पोस्टर लगाएगा

संभल के जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र पेंसिया ने बताया, 24 नवंबर को हुई हिंसा के बाद 400 से अधिक उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है और अभी तक 32 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया, अब तक 400 से अधिक लोगों को चिन्हित किया जा चुका है। आज पोस्टर लग जाएंगे। आज ही दोपहर तीन बजे शांति समिति की बैठक है जिसमें हम हर किसी से स्थिति पर चर्चा करेंगे।
DEC 05, 2024 13:31 IST

ट्रंप ने इराक युद्ध में हिस्सा ले चुके पूर्व सैनिक को सैन्य सचिव चुना

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्होंने इराक युद्ध में हिस्सा ले चुके पूर्व सैनिक को अपना सैन्य सचिव चुना है। नॉर्थ कैरोलाइना से ताल्लुक रखने वाले डेनियल पी. ड्रिस्कॉल, उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने गए जेडी वेंस के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में काम कर चुके हैं। डेनियल की वेंस से मुलाकात तब हुई थी जब दोनों ‘येल लॉ स्कूल’ में पढ़ रहे थे।
DEC 05, 2024 13:27 IST

छत्तीसगढ़: माओवादियों ने की दो पूर्व सरपंचों की हत्या

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादियों ने दो पूर्व सरपंचों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
DEC 05, 2024 12:55 IST

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने राजनीति से लिया संन्यास

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष और आप विधायक राम निवास गोयल ने सक्रिय राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने पार्टी प्रमुख केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा है कि वह अब अपनी उम्र के कारण चुनावी राजनीति से दूर रहना चाहते हैं लेकिन पार्टी की सेवा करते रहेंगे।
DEC 05, 2024 12:13 IST

उन्नाव रेप केस: कुलदीप सिंह सेंगर को मिली अंतरिम जमानत

उन्नाव रेप केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। पूर्व विधायक व बीजेपी नेता कुलदीप सिंह सेंगेर को दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी है। अदालत ने उनको मेडिकल ग्राउंड पर दो सप्ताह की अंतरिम जमानत दी है।
DEC 05, 2024 11:48 IST

ठाणे में पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल, चार लोग लिये गये हिरासत में

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में ‘ईरानी गैंग’ से कथित रूप से जुड़े कुछ लोगों द्वारा सुरक्षाकर्मियों के एक दल पर पथराव करने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
DEC 05, 2024 11:46 IST

नोएडा पुलिस ने 34 किसानों को हिरासत में लिया

उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने प्रदर्शनरत किसानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात 34 किसानों को हिरासत में लिया गया है। ये किसान बिना अनुमति के नोएडा में जीरो पॉइंट से राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे थे।
DEC 05, 2024 10:55 IST

कर्नाटक में NIA ने 16 जगहों पर की छापेमारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की नृशंस हत्या के सिलसिले में कर्नाटक में 16 स्थानों पर तलाशी ले रही है, जिनकी 26 जुलाई, 2022 को बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
DEC 05, 2024 10:15 IST

मणिपुर के थौबल में हथियारों एवं गोला-बारूद का जखीरा बरामद

मणिपुर के थौबल जिले में तलाश अभियान के दौरान सुरक्षाबबलों ने हथियारों एवं गोलाबारूद का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि बुधवार को फुगी चिंग न्गामुखोंग क्षेत्र में तलाश के दौरान 16 आग्नेयास्त्र, छह 36एचई ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, गोलाबारूद और वॉकी टॉकी बरामद किया गया लेकिन इस सिलसिले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।