LIVE

31 अक्टूबर 2024 हिंदी न्यूज़: लद्दाख में डेमचोक-देपसांग और चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु से हटी चीन-भारत की सेना, कच्छ में PM मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली, RCP सिंह ने किया नई पार्टी के नाम का ऐलान

31 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: कांग्रेस नेता और मुंबई नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रवि राजा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वे आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होंगे। स्पेन में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश के चलते लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही वालेंसिया का पुल भी टूट चुका है। इस विनाशकारी बाढ़ में अब तक 95 लोगों की मौत हो गई है। पूरे देश में आज के दिन दिवाली मनाई जा रही है। इसी बीच मध्य प्रदेश के उज्जैन में मौजूद बाबा महाकालेश्वर मंदिर को रोशनी से जगमग किया गया है।

Shashank Shekhar MishraUpdated Oct 31, 2024, 18:11 IST
31 अक्टूबर 2024 हिंदी न्यूज़: लद्दाख में डेमचोक-देपसांग और चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु से हटी चीन-भारत की सेना, कच्छ में PM मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली, RCP सिंह ने किया नई पार्टी के नाम का ऐलान

31 अक्टूबर 2024 हिंदी न्यूज़: लद्दाख में डेमचोक-देपसांग और चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु से हटी चीन-भारत की सेना, कच्छ में PM मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली, RCP सिंह ने किया नई पार्टी के नाम का ऐलान

हिंदी न्यूज़, 31 अक्टूबर 2024 मुख्य समाचार: आज की ताजा खबर, 31 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: कांग्रेस नेता और मुंबई नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रवि राजा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वे आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होंगे। स्पेन में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश के चलते लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही वालेंसिया का पुल भी टूट चुका है। इस विनाशकारी बाढ़ में अब तक 95 लोगों की मौत हो गई है। पूरे देश में आज के दिन दिवाली मनाई जा रही है। इसी बीच मध्य प्रदेश के उज्जैन में मौजूद बाबा महाकालेश्वर मंदिर को रोशनी से जगमग किया गया है।

  • लद्दाख में डेमचोक-देपसांग और चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु से हटी चीन-भारत की सेना
  • कच्छ में PM मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली
  • RCP सिंह ने किया नई पार्टी के नाम का ऐलान


OCT 31, 2024 18:11 IST

नवीन पटनायक की सुरक्षा घटाकर ‘वाई' श्रेणी की गई: अधिकारी

ओडिशा सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सुरक्षा ‘जेड’ श्रेणी से घटाकर ‘वाई’ श्रेणी कर दी है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा के मुद्दों से संबंधित उच्च स्तरीय समिति द्वारा बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख की सुरक्षा कम करने की सिफारिश के बाद पटनायक की सुरक्षा में तैनात किए गए ज्यादातर सुरक्षाकर्मियों को वापस ले लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि पटनायक की सुरक्षा में अब हवलदार रैंक के दो कर्मी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने बताया, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्रियों को दो पीएसओ मुहैया कराए जाते हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाती है।’’ उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में जब पटनायक भुवनेश्वर के बाहर दौरा करेंगे तो उन्हें स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाएगी। पटनायक ने व्यक्तिगत रूप से उन दो वरिष्ठ पीएसओ को नियुक्त किया है जो हाल ही में सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं।
OCT 31, 2024 17:52 IST

हिमंत ने झारखंड के पूर्व मंत्री सत्यानंद झा से मुलाकात की, नामांकन वापस लेने का आग्रह किया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भाजपा नेता एवं झारखंड के पूर्व मंत्री सत्यानंद झा से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और उनसे विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन वापस लेने का आग्रह किया। भाजपा द्वारा टिकट न दिए जाने से नाराज झा ने नाला विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। नाला उन 38 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है, जहां दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी शर्मा आज सुबह जामताड़ा पहुंचे और झा से मिले। पत्रकारों से बात करते हुए, शर्मा ने कहा कि वह झा से अपना नामांकन वापस लेने और चुनाव में भाजपा की मदद करने का अनुरोध करने आए थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम उन्हें टिकट नहीं दे सके। इसलिए, झा नाराज हो गए और उन्होंने (झा ने) घोषणा की कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘इस बार झारखंड में भाजपा की सरकार बनाना, पार्टी और राज्य दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए, मैंने उनसे अपना नामांकन वापस लेने और पार्टी की मदद करने का अनुरोध किया।’’ वहीं, झा ने संवाददाताओं से कहा कि शर्मा ने उनसे उस वक्त मुलाकात की, जब नामांकन वापस लेने में कुछ ही घंटे बचे थे। झा ने कहा, ‘‘मैं अब भी चुनाव मैदान में हूं। मैं अपने समर्थकों से बात करने के बाद ही कोई निर्णय लूंगा।’’
OCT 31, 2024 17:52 IST

लेबनान से किये गए मिसाइल हमले में पांच लोगों की मौत: इजराइल के अधिकारी

उत्तरी इजराइल के एक शहर की स्थानीय परिषद ने कहा है कि लेबनान से किये गए मिसाइल हमले में चार विदेशी श्रमिकों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। मेतुला क्षेत्रीय परिषद ने बृहस्पतिवार को हुए हमले की जानकारी दी। लेबनान का चरमपंथी समूह हिज्बुल्ला एक साल से अधिक समय से उत्तरी इजराइल में रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन दाग रहा है। वहीं, इजराइल भी जवाबी हमले कर रहा है।
OCT 31, 2024 17:35 IST

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने किया पोरबंदर का दौरा

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को पोरबंदर का दौरा किया जहां उन्हें अभियानगत तैयारियों और आधारभूत ढांचा विकास परियोजनाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नौसेना की विज्ञप्ति के अनुसार इस यात्रा के दौरान एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि गुजरात का न केवल देश के समुद्री क्षेत्र में समृद्धशाली अतीत और जीवंत वर्तमान है बल्कि एक शानदार भविष्य की संभावना भी है। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ गुजरात, दमन दीव नौसेन्य क्षेत्र के अग्रिम सेक्टर के दौरे के दौरान पोरबंदर में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी को अभियानगत तैयारियों और बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के बारे में बताया गया जिनका लक्ष्य इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है।’’ विज्ञप्ति के अनुसार अग्रिम क्षेत्र में तैनात नौसैनिकों एवं अन्य रक्षा कर्मियों को संबोधित करते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं तथा भारत की समुद्री सुरक्षा एवं राष्ट्रीय हितों की रक्षा में उनके अटूट समर्पण और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी कर्मियों से अपने मूल कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की, ताकि किसी भी समय, किसी भी स्थान पर और किसी भी तरह से भारतीय नौसेना युद्ध और भविष्य के लिए तैयार रहे।
OCT 31, 2024 17:35 IST

यूपी के कानपुर में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

जिले के सीसामऊ इलाके में बृहस्पतिवार को रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस उपायुक्त (मध्य) दिनेश त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना सुबह के समय सीसामऊ थाना क्षेत्र के गांधी नगर इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि विस्फोट दंपति के घर के बाहर हुआ। त्रिपाठी ने बताया, "सुरेंद्र अपने दोपहिया वाहन से सिलेंडर लेकर घर पहुंचा था और जब वह अपने घर के बाहर गाड़ी पर से सिलेंडर उतारने की कोशिश कर रहा था, तभी उसमें विस्फोट हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी नविता उसकी मदद करने के लिए नीचे आई थी, वह भी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंच गए और विस्फोट का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। त्रिपाठी ने बताया कि इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। डीसीपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
OCT 31, 2024 17:34 IST

भारत की यात्रा पर आएंगे थाईलैंड के विदेश मंत्री, जयशंकर से करेंगे मुलाकात

थाईलैंड के विदेश मंत्री मैरिस सांगियाम्पोंगसा भारत की अपनी यात्रा के दौरान दो नवंबर को अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी। विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए सांगियाम्पोंगसा के यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, सांगियाम्पोंगसा के बृहस्पतिवार देर रात यहां पहुंचने और तीन नवंबर को प्रस्थान करने की उम्मीद है। थाईलैंड के विदेश मंत्री का एक नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में कार्यक्रम होंगे जबकि दो नवंबर को वह साउथ ब्लॉक में विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात करेंगे। भारतीय विदेश मंत्री द्वारा आयोजित दूसरे ‘बिम्सटेक’ विदेश मंत्रियों के कार्यक्रम के लिए सांगियाम्पोंगसा भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर 11-13 जुलाई तक नयी दिल्ली में थे। जयशंकर ने 12 जुलाई को सांगियाम्पोंगसा के साथ एक द्विपक्षीय बैठक की थी और उनके सम्मान में दोपहर भोज की मेजबानी की थी। बैठक के दौरान, दोनों मंत्रियों ने राजनीतिक आदान-प्रदान, रक्षा और सुरक्षा संबंधों, व्यापार और निवेश के अवसरों, संपर्क, विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग, स्वास्थ्य सहयोग, संस्कृति और लोगों के बीच संवाद समेत साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की थी। आसियान में थाईलैंड भारत का एक प्रमुख भागीदार है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति थाईलैंड की ‘एक्ट वेस्ट’ नीति के साथ मेल खाती है। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारतीय विदेश मंत्री और थाईलैंड के विदेश मंत्री के बीच बातचीत ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने में योगदान दिया है।
OCT 31, 2024 17:34 IST

इजराइल के विदेश मंत्री ने भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं

इजराइल के विदेश मंत्री इजराइल कैट्ज ने बृहस्पतिवार को भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और इस बात पर जोर दिया कि उनका देश भी भारत की तरह लोकतंत्र एवं स्वतंत्रता और उज्ज्वल भविष्य के दृष्टिकोण को साझा करता है। कैट्ज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे मित्र एस. जयशंकर, मैं आपको और भारत के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देता हूं। इजराइल और भारत लोकतंत्र, स्वतंत्रता और उज्जवल भविष्य के दृष्टिकोण को साझा करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रकाश का यह त्योहार हम सभी के लिए खुशी, समृद्धि और शांति लेकर आए।’’ इजराइल के विदेश मंत्री ने हिंदी में लिखा, ‘‘दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।’’ इजराइल में भी शैक्षणिक संस्थानों में दिवाली के अवसर पर सजावट की गई है क्योंकि देश में विदेशी छात्र समुदाय में भारतीय विद्यार्थियों की अच्छी-खासी संख्या है। इजराइल में काम कर रहे करीब 18,000-20,000 भारतीय भी रोशनी के इस त्योहार को मना रहे हैं।
OCT 31, 2024 17:08 IST

उत्तर कोरिया ने नयी अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया

उत्तर कोरिया ने लगभग एक साल के अंतराल के बाद बृहस्पतिवार को नयी अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया। इस परीक्षण के माध्यम से उत्तर कोरिया ने यह प्रदर्शित किया है कि वह अमेरिका पर लंबी दूरी के परमाणु हमले करने की अपने क्षमता बढ़ा रहा है। इस परीक्षण का मकसद अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले उसका ध्यान आकर्षित करना हो सकता है। यह संभावना जताई जा रही कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ जारी युद्ध में रूस की मदद करने को लेकर हो रही आलोचना से ध्यान भटकाने के मकसद से यह परीक्षण किया है। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, देश के नेता किम जोंग उन ने परीक्षण की निगरानी की और इसे एक “एक उचित सैन्य कार्रवाई” करार दिया, जो अपने दुश्मनों की हरकतों का जवाब देने के उत्तर कोरिया के संकल्प को दर्शाता है। मीडिया में आई खबर के मुताबिक, किम ने कहा कि दुश्मनों के "विभिन्न दुस्साहसिक युद्धाभ्यासों" ने उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमता के महत्व को रेखांकित किया है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि उत्तर कोरिया अपनी परमाणु ताकतों को बेहतर बनाने की नीति को कभी नहीं छोड़ेगा। इससे पहले सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने कहा कि इस नयी मिसाइल ने जो दूरी तय की, वह पूर्व के परीक्षण की तुलना में अधिक है।
OCT 31, 2024 16:12 IST

शरद पवार का वलसे पाटिल पर प्रहार, कहा- सत्ता के लिए किसी की पार्टी तोड़ना ठीक नहीं

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के मंत्री दिलीप वलसे पाटिल समेत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर सत्ता के लिए उनकी पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि यह कदम ठीक नहीं था। पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं और अंबेगांव विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार देवदत्त निकम के समर्थकों को संबोधित करते हुए उन पर नेताओं पर प्रहार किया जो उन्हें छोड़कर ‘महायुति’ में शामिल हो गये थे। राकांपा (एसपी) ने अंबेगांव से मौजूदा विधायक वलसे पाटिल के खिलाफ निकम को टिकट दिया है। पवार ने कहा कि राकांपा ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर लड़ाई लड़ी और 54 सीटें जीतीं। उनका कहना था, ‘‘हमने (एमवीए) सरकार बनाई और उस सरकार में जिले से अपने दो सहयोगियों को प्रतिनिधित्व दिया। एक अंबेगांव (वलसे पाटिल) से था और दूसरा बारामती (अजित पवार) से था।’’ राकांपा संस्थापक ने कहा कि उन्होंने पुणे जिले की इंदापुर तहसील को भी अधिक प्रतिनिधित्व दिया है क्योंकि उनके प्रतिनिधि (दत्तात्रय भरणे) को मंत्री पद दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह राकांपा ही थी जिसने इन नेताओं को शक्तियां दीं और पार्टी को सफलता राकांपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण मिली थी। पवार ने कहा, ‘‘पार्टी उस सफलता के कारण सत्ता में आई और ये लोग मंत्री बने। लेकिन हमारे कुछ साथियों को ये बात याद नहीं रही। हमारे कुछ सहयोगियों ने 54 में से 44 विधायकों को छीन लिया और दूसरे पक्ष में शामिल हो गए और राज्य में गलत छवि बनाई।’’ वह वर्ष 2023 में अजित पवार और उनके साथी विधायकों द्वारा सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा बनने के लिए भाजपा और शिवसेना के साथ जाने के बाद राकांपा में हुए विभाजन का जिक्र कर रहे थे। इस विभाजन के बाद अजित पवार गुट को निर्वाचन आयोग से पार्टी का नाम और घड़ी का चुनाव चिह्न दिया था।
OCT 31, 2024 16:11 IST

हाईकोर्ट ने यौन उत्पीड़न की शिकार 11 वर्षीय लड़की को गर्भपात की अनुमति दी

बंबई उच्च न्यायालय ने यौन उत्पीड़न की शिकार 11 वर्षीय लड़की को 30 सप्ताह की गर्भावस्था समाप्त करने की बृहस्पतिवार को अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख और न्यायमूर्ति जितेंद्र जैन की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि बृहस्पतिवार को ही यहां सरकारी जे.जे. अस्पताल में गर्भपात की प्रक्रिया की जाएगी। लड़की ने गर्भावस्था को समाप्त करने की अनुमति मांगने के लिए अपने पिता के माध्यम से उच्च न्यायालय का रुख किया था। गर्भावस्था का चिकित्सीय समापन अधिनियम के प्रावधानों के तहत 20 सप्ताह से अधिक की गर्भावस्था को समाप्त करने के लिए अदालत की अनुमति की आवश्यकता होती है। याचिका के अनुसार, लड़की यौन उत्पीड़न की शिकार है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने कहा कि वह संविधान के तहत, गर्भावस्था का चिकित्सीय समापन अधिनियम में निर्धारित आकस्मिक परिस्थितियों में 20 सप्ताह की गर्भावस्था को चिकित्सकीय रूप से समाप्त करने की अनुमति दे सकती है। अदालत ने कहा, ‘‘याचिकाकर्ता एक नाबालिग लड़की है जो यौन उत्पीड़न की शिकार है। इसलिए, याचिकाकर्ता को गर्भावस्था की चिकित्सीय समाप्ति की अनुमति दी जाती है।’’
OCT 31, 2024 16:10 IST

दिल्ली के बवाना में छत से धक्का दे दिए जाने से कर्मचारी की मौत, आरोपी गिरफ्तार

बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद कारखाने के एक कर्मचारी को कथित तौर पर इमारत की छत से धक्का दे दिए जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना 29 अक्टूबर को उस समय हुई जब राम प्रकाश और दीपक दिवाली के लिए सेक्टर-1 स्थित इमारत की छत पर सजावट कर रहे थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बगल के एक कारखाने के कर्मचारी असलम ने प्रकाश से संपर्क किया और दो चपातियां मांगीं। उन्होंने बताया कि प्रकाश ने रोटियां नहीं बनाने की बात कही और बाद में इसी बात पर दोनों के बीच बहस हुई। अधिकारी ने बताया कि असलम नाराज हो गया और उसने प्रकाश को अपशब्द कहे। उन्होंने बताया कि यह झगड़ा हाथापाई में बदल गया और असलम ने प्रकाश को चौथी मंजिल की छत से धक्का दे दिया। उन्होंने बताया, ‘‘प्रकाश नीचे बिजली के ट्रांसफार्मर के पास गिर गया और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’ पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया और इसके बाद असलम को गिरफ्तार कर लिया गया।
OCT 31, 2024 16:09 IST

तमिलनाडु में एक्सप्रेस ट्रेन का एक पहिया पटरी से उतरा, कोई हताहत नहीं: दक्षिण रेलवे

बोदिनायक्कनूर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन का एक पहिया बृहस्पतिवार को यहां पटरी से उतर गया, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। दक्षिण रेलवे ने यह जानकारी दी। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह हुई और ट्रेन अपने गंतव्य पर 89 मिनट देरी से पहुंची। थेनी जिले का बोदिनायक्कनूर क्षेत्र राज्य की राजधानी चेन्नई से करीब 550 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ट्रेन संख्या-20601 (चेन्नई सेंट्रल-बोदिनायक्कनूर एक्सप्रेस) मदुरै जंक्शन से बोदिनायक्कनूर की ओर रवाना होते समय पटरी से उतर गई। इसमें कहा गया है कि घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है तथा मदुरै जंक्शन पर अन्य सभी रेलगाड़ियों का परिचालन सामान्य रूप से हुआ।
OCT 31, 2024 16:08 IST

PM मोदी ने कच्छ में भारत-पाक सीमा के निकट सशस्त्र बलों के साथ दीपावली मनाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को गुजरात के कच्छ जिले में भारत-पाक सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), थलसेना, नौसेना और वायुसेना के कर्मियों के साथ दीपावली मनाई। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी एकता नगर से कच्छ के कोटेश्वर पहुंचने के बाद सर क्रीक इलाके में लक्की नाला पहुंचे। अधिकारी ने कहा, 'उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर दीपावली मनाई।' अधिकारियों द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में, बीएसएफ की वर्दी पहने मोदी को एक गश्ती पोत पर कर्मियों को मिठाई देते हुए देखा जा सकता है। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता नगर में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित की। पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
OCT 31, 2024 16:06 IST

सैर करने गये तीन बुजुर्गों को कार ने कुचला, दो की मौत

उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे में बृहस्पतिवार की सुबह सैर करने निकले तीन बुजुर्ग दोस्तों को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश एस. ने बताया कि जलालाबाद कस्बे में रहने वाले बुजुर्ग रामकिशन (77) और उनके मित्र विनोद कुमार (70) अपने एक अन्य दोस्त राम रक्षपाल के साथ सुबह बरेली—इटावा मार्ग पर सैर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे सरैया मोड़ पर पहुंचे तभी कटरा की ओर से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में रामकिशन और विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राम रक्षपाल गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। वहीं, पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
OCT 31, 2024 15:31 IST

पश्चिम बंगाल: महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में 40 वर्षीय एक मूक एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार को पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पीड़िता के घर से बाहर निकलने के बाद आरोपी उसे एक सुनसान मकान में ले गया और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। महिला के परिवार के एक सदस्य ने दावा किया कि एक स्थानीय पंचायत सदस्य ने मामले को रफादफा करने के लिए दो लाख रुपये के मुआवजे की पेशकश की, लेकिन उसे ठुकरा दिया गया। इससे पहले अक्टूबर में कुलतली और जयनगर इलाकों में हिंसा भड़क उठी थी जब नौ वर्षीय एक बच्ची का कथित तौर पर अपहरण करने के बाद दुष्कर्म करके उसकी हत्या कर दी गई थी। लापता होने के कुछ घंटे बाद बच्ची का शव बरामद किया गया था।
OCT 31, 2024 15:27 IST

RCP सिंह ने किया नई पार्टी के नाम का ऐलान

बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने गुरुवार 31 अक्टूबर को पार्टी 'आप सब की आवाज' की घोषणा कर दी गौर हो कि आरसीपी सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास रहे हैं पर वो पार्टी से नाराज हो गए थे।
OCT 31, 2024 14:43 IST

कच्छ में PM मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली, अपने हाथों से खिलाई मिठाई

दीवाली के त्योहार की देश के साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अलग ही धूम दिखाई दे रही है, वहीं सेना के जवान इस पावन पर्व पर भी सीमा पर देश की रक्षा में तैनात हैं और मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं देश के प्रधानमंत्री इस मौके पर जवानों की हौसला आफजाई करने में पीछे नहीं हैं।
OCT 31, 2024 14:43 IST

लद्दाख में डेमचोक-देपसांग और चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु से हटी चीन-भारत की सेना, कराया मुंह मीठा

पूर्वी लद्दाख में सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया अब पूरी हो गयी है। दिवाली के अवसर पर गुरुवार को दोनों सेनाओं की ओर से एक-दूसरे को मिठाइयां दी। सेना से मिली जानकारी के अनुसार भारत और चीन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते के बाद यह पहल शुरू हुई है। जानकारी के अनुसार, भारतीय और चीनी सेना के सैनिक ने दिवाली के अवसर पर चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु पर भी मिठाइयों का आदान-प्रदान किया। पूर्वी लद्दाख में डेमचोक और देपसांग मैदानों में चीन और भारत के बीच दो टकराव के बिंदुओं से सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है और जल्द ही इन बिंदुओं पर सेना की ओर से गश्त शुरू हो जाएगी।
OCT 31, 2024 13:52 IST

तीन बार के BJP विधायक ब्रह्म सिंह तंवर AAP में शामिल

3 बार के बीजेपी विधायक ब्रह्म सिंह तंवर आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। अरविंद केजरीवाल ने खुद तंवर को पार्टी की सदस्यता दिलाई। ब्रह्म सिंह तंवर 1993 और 1998 में महरौली से और 2013 में छत्तरपुर से विधायक रहे हैं। इससे पहले वो तीन बार निगम पार्षद भी रह चुके हैं।
OCT 31, 2024 13:05 IST

बदायूं में भीषण सड़क हादसे में छह की मौत, पांच घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित मुजरिया क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह दीपावली मनाने घर आ रहे छह लोगों की एक भीषण हादसे में मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सभी नोएडा से एक लोडर में बैठकर उझानी क्षेत्र स्थित अपने गांव जा रहे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नोएडा से दीपावली मनाने कुछ लोग अपने घर आ रहे थे, सुबह करीब सात बजे उनका लोडर मुजरिया कस्बे के पास पहुंचा तभी गांव से निकली एक ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने भी लोडर में पीछे से टक्कर मार दी और डिवाइडर में जा टकरायी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कार सवार वहां से भाग गया।