LIVE

आज की ताजा खबर, 31 मई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: मुख्यमंत्री विजय एक जून को करेंगे तिरुचिरापल्ली का दौरा, मुंबई, उपनगरों में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित

आज की ताजा खबर लाइव, 31 मई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़: पीएम नरेंद्र मोदी आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें एपिसोड को संबोधित करेंगे। दिल्ली के साकेत क्षेत्र में एक इमारत ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया है।

Piyush KumarUpdated May 31, 2026, 22:55 IST
आज की ताजा खबर, 31 मई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: मुख्यमंत्री विजय एक जून को करेंगे तिरुचिरापल्ली का दौरा, मुंबई, उपनगरों में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित

आज की ताजा खबर, 31 मई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: मुख्यमंत्री विजय एक जून को करेंगे तिरुचिरापल्ली का दौरा, मुंबई, उपनगरों में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित

आज की ताजा खबर लाइव, 31 मई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज: पीएम नरेंद्र मोदी आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें एपिसोड को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे अखिल भारतीय रेडियो (आकाशवाणी), डीडी न्यूज और सरकारी डिजिटल चैनलों पर प्रसारित होगा। दिल्ली के साकेत क्षेत्र में एक इमारत ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया है। इस घटना में फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (FMG) और नीट-पीजी की तैयारी कर रहे कई युवा डॉक्टर प्रभावित हुए हैं। फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स के प्रेसिडेंट डॉ. जसवंत ने बताया कि अब तक 9 से 10 लोगों को बचाया जा चुका है।

MAY 31, 2026 22:55 IST

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय एक जून को तिरुचिरापल्ली का दौरा करेंगे, मतदाताओं का जताएंगे आभार

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताने के लिए एक जून को तिरुचिरापल्ली का दौरा करेंगे। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। विजय ने इस निर्वाचन क्षेत्र से भी जीत हासिल की थी और बाद में इस सीट से इस्तीफा दे दिया। तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट पर, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) उम्मीदवार एस इनिगो इरुदयाराज के खिलाफ 27,416 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

विजय ने पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र में द्रमुक उम्मीदवार आर डी शेखर को 53,715 मतों के अंतर से हराया। हालांकि, विजय ने पेरम्बूर सीट अपने पास ही रखने के लिए तिरुचिरापल्ली सीट छोड़ने का विकल्प चुना। टीवीके सूत्रों ने बताया कि विजय के विमान से चेन्नई से रवाना होने और शाम करीब 4 बजे तक तिरुचिरापल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। वह वहां सेंट जोसेफ कॉलेज में एक "धन्यवाद बैठक" में भाग लेंगे। तिरुचिरापल्ली में जारी परियोजनाओं के विकास की समीक्षा के अलावा एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के टीवीके कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने की भी उम्मीद है। विजय की यात्रा भी पार्टी के भीतर चल रही उस कवायद का हिस्सा है, जिसमें सभी टीवीके विधायकों को मतदाताओं का आभाार जताने के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश दिया गया है। इस बीच, तिरुचिरापल्ली में संवाददाता सम्मेलन में विधानसभा उपाध्यक्ष एम रविशंकर और टीवीके नेता कु पा कृष्णन ने कहा कि तैयारी जोरशोर से की जा रही है।
MAY 31, 2026 22:53 IST

हरियाणा में ट्रक से टकराया वाहन, युवक की मौत, पिता घायल

हरियाणा में दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक दुग्धवाहक वाहन के ट्रक से टकरा जाने के कारण एक युवक की मौत हो गई और उसके पिता घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान करनाल जिले के कलवेहरी गांव के रहने वाले प्रिंस (21) के रूप में हुई है। उसके पिता रामस्वरूप (53) दूध आपूर्तिकर्ता हैं, जो फिलहाल उपचाराधीन हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस और रामस्वरूप पंचकुला में दूध की आपूर्ति करने गए थे और जब वे घर लौट रहे थे, तभी शाहबाद में नौ गजा पीर के पास यह दुर्घटना हो गई।

पुलिस ने बताया कि दूध की गाड़ी (दुग्धवाहक वाहन) के आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे वाहन पीछे से उसमें टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया, जिससे पिता-पुत्र क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर ही फंस गए। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने गाड़ी को काटकर दोनों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि दोनों को तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि प्रिंस को बाद में करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। रामस्वरूप के बयान के आधार पर ट्रक को जब्त कर लिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
MAY 31, 2026 16:35 IST

बहराइच में तेंदुए का कहर

बहराइच के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत बिछिया-सुजौली मार्ग पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक बाइक सवार के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। तेंदुए को देखते ही बाइक सवार घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए बीच सड़क पर ही बाइक छोड़कर सुरक्षित दूरी पर भाग गया। हैरानी की बात यह रही कि तेंदुआ बाइक के पास ही सड़क के बीचों-बीच बैठ गया। बाइक सवार करीब 10 मिनट तक दूर खड़ा होकर तेंदुए के हटने का इंतजार करता रहा, लेकिन वह लगातार बाइक के बगल में ही मौजूद रहा। इस वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित हो गई। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर लौट गया। तेंदुए के हटने के बाद ही बाइक सवार अपनी बाइक तक पहुंच सका। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
MAY 31, 2026 16:17 IST

गलत दिशा में वाहन चलाने पर दिल्ली यातायात पुलिस ने 65 प्राथमिकियां दर्ज कीं

दिल्ली यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूरे शहर में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने के आरोप में 65 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 7,500 से अधिक चालान जारी किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह विशेष अभियान राष्ट्रीय राजधानी की प्रमुख सड़कों, राजमार्गों, वाणिज्यिक केंद्रों, मनोरंजन स्थलों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में गलत दिशा में वाहन चलाने, अनधिकृत काली फिल्म लगे वाहनों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ संचालित किया गया। दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, गलत दिशा में वाहन चलाने के बेहद खतरनाक मामलों में 65 प्राथमिकी दर्ज की गईं, जबकि इस उल्लंघन को लेकर 7,549 चालान जारी किए गए। इसके अलावा, वाहनों पर अनधिकृत रूप से काली फिल्म का उपयोग करने के आरोप में 785 चालान काटे गए और शराब के नशे में वाहन चलाने के लिए 471 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यह प्रवर्तन कार्रवाई शहर भर में कई स्थानों पर की गई और कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।"
MAY 31, 2026 16:16 IST

मुंबई, उपनगरों में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित

मुंबई और उपनगरों में रविवार सुबह मानसून-पूर्व व्यापक बारिश हुई जिससे पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। मुंबई, इसके पश्चिमी उपनगर और पूर्वी उपनगर समेत कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। पड़ोसी नवी मुंबई के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई। दादर, माटुंगा, खार, चेंबूर, मानखुर्द, कुर्ला, सांताक्रूज, विले पार्ले, अंधेरी और वर्सोवा उपनगरों में बीते कुछ घंटों की अवधि में भारी बारिश हुई। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी उपनगरों में सुबह छह बजे से सुबह नौ बजे के बीच औसतन पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, उसके बाद पश्चिमी उपनगरों में दो मिलीमीटर बारिश हुई और इस अवधि के दौरान मुंबई में 0.61 मिलीमीटर बारिश हुई। अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक वर्षा चेंबूर स्थित कलेक्टर्स कॉलोनी में 27 मिलीमीटर दर्ज की गई, इसके बाद वैभव नगर और मानखुर्द अग्निशमन केंद्र में 22 मिलीमीटर वर्षा हुई। पश्चिमी उपनगरों में, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) अग्निशमन केंद्र में सबसे अधिक वर्षा 22 मिलीमीटर दर्ज की गई, इसके बाद सांताक्रूज़ में 17 मिलीमीटर और गजधर बांध जल पंपिंग केंद्र में 12 मिलीमीटर वर्षा हुई। नगर निगम के अधिकारियों ने दावा किया कि कई इलाकों में भारी बारिश के बावजूद मुंबई में जलजमाव की कोई सूचना नहीं मिली। बारिश और एक दुर्घटना के कारण सायन-पनवेल राजमार्ग के वाशी की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी यातायात जाम लग गया। अचानक हुई भारी वर्षा से बचने के लिए कई दोपहिया वाहन चालक फ्लाईओवर, स्काईवॉक और दुकानों के शेड के नीचे शरण लेते दिखे। तत्काल किसी बड़ी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली, जबकि नगर निगम के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं उपनगरीय रेल सेवाएं अप्रभावित रहीं हालांकि कुछ ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि रेल नेटवर्क पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
MAY 31, 2026 13:01 IST

डेढ़ साल के मासूम की हत्या के आरोपी का हाफ एनकाउंटर



उत्तर प्रदेश के फिरोजाबादम में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के यादव कॉलोनी में डेढ़ साल के मासूम की हत्या की घटना सामने आई। एसपी (सिटी) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया और आरोपी की तलाश शुरू की। नामजद आरोपी जितेंद्र पाठक उर्फ विराज, जो बदायूं का निवासी है, की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने जब उसे घेराबंदी की तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह अपराध बच्चे की मां के प्रति जुनून और उससे शादी करने की इच्छा के कारण किया, क्योंकि वह मासूम को अपने इरादों में बाधा मानता था।
MAY 31, 2026 08:03 IST

पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ एनकाउंटर, कुछ घंटो मे तीसरी मुठभेड़

मुजफ्फरनगर में रात में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़,हुआ। इस दौरान शातिर चोर आदिल और साकिब के पैर में लगी पुलिस की गोली। वही, अन्य तीन आबिद, शहंशाह और बाबू कांबिंग को गिरफ्तार किया गया। ताबड़तोड़ एनकाउंटर के दौरान मुजफ्फरनगर में बदमाशों की शामत आई। पकड़े गए सभी बदमाशों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। मुजफ्फरनगर के थाना सिखेड़ा, छापर, पुरकाजी और तितावी मे कई वारदात को अंजाम दिए।

मुजफ्फरनगर थाना तितावी क्षेत्र के जंगल में हुई मुठभेड़।
MAY 31, 2026 08:00 IST

आज की ताजा खबर: साकेत में इमारत ढहने से हुआ बड़ा हादसा

दिल्ली के साकेत क्षेत्र में एक इमारत ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया है। इस घटना में फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (FMG) और नीट-पीजी की तैयारी कर रहे कई युवा डॉक्टर प्रभावित हुए हैं। फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स के प्रेसिडेंट डॉ. जसवंत ने बताया कि अब तक 9 से 10 लोगों को बचाया जा चुका है।
MAY 31, 2026 08:00 IST

मन की बात का आज 134वां एपिसोड

पीएम नरेंद्र मोदी आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें एपिसोड को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे अखिल भारतीय रेडियो (आकाशवाणी), डीडी न्यूज और सरकारी डिजिटल चैनलों पर प्रसारित होगा।