LIVE31 जनवरी 2025: संसद का बजट सत्र शुरू, केरल में 27 बांग्लादेशी गिरफ्तार, मणिपुर के काकचिंग में गोला-बारूद जब्त
हिंदी न्यूज़ 31 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 31 जनवरी (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

31 जनवरी 2025: संसद का बजट सत्र शुरू, केरल में 27 बांग्लादेशी गिरफ्तार, मणिपुर के काकचिंग में गोला-बारूद जब्त
हिंदी न्यूज़ लाइव 31 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि संसद का बजट सत्र देशवासियों में एक नया विश्वास पैदा करेगा और उन्हें नई ऊर्जा देगा। साथ ही उन्होंने यह प्रार्थना भी की कि आगामी आम बजट के मद्देनजर देश के हर गरीब एवं मध्यम वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा रहे। संसद के बजट सत्र के पहले दिन मीडिया को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री ने यह कहते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा कि उनके सत्ता संभालने के बाद संभवत: यह पहला संसद सत्र है जब विदेश से किसी प्रकार की कोई चिंगारी लगाने की कोशिश नहीं हुई है। बजट सत्र 31 जनवरी से चार अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा। केरल के कोच्चि में अवैध रूप से रहकर काम कर रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इन बांग्लादेशी नागरिकों को एर्नाकुलम जिले के उत्तरी परवूर क्षेत्र में एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान मणिपुर के काकचिंग जिले से हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा जब्त किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले के चैरेल खुनौ पहाड़ी की तलहटी से एक असॉल्ट राइफल, 9 एमएम की एक पिस्तौल, एक आईईडी, दो हथगोले, एक धुआं बम, आंसू गैस का एक गोला, एक डेटोनेटर जब्त किया गया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज कांग्रेस की ओर से जहां प्रियंका गांधी प्रचार का मोर्चा संभालेंगी, वहीं पीएम मोदी भी आज द्वारका में रैली करके बीजेपी के लिए वोट मांगेंगे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
यूनियन बजट 2025 लाइव अपडेट
महाकुंभ में मची भगदड़ में बंगाल के दो और श्रद्धालुओं की मौत, परिजनों का दावा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में मची भगदड़ में पश्चिम बंगाल के दो और लोगों की मौत के साथ राज्य से मृतकों की संख्या चार हो गई है। मालदा जिले के बैष्णबनगर क्षेत्र के अमिय साहा (28) और पश्चिम बर्धमान के जमुरिया के बिनोद रुइदास (35) भी उन 30 श्रद्धालुओं में शामिल थे, जिनकी महाकुंभ के संगम क्षेत्र में तड़के मची भगदड़ में मौत हो गई। उनके परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार को दो महिलाओं- शहर के गोल्फ ग्रीन क्षेत्र की बसंती पोद्दार और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबनी की उर्मिला भुइयां के परिवार ने दावा किया था कि बुधवार को मौनी अमावस्या के अवसर पर स्नान के समय भगदड़ के कारण उनकी मौत हो गई। साहा के पिता ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके बेटे, जो एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक थे, भगदड़ में घायल हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के एक अस्पताल में इलाज के बिना ही कुछ समय तक उन्हें छोड़ दिया गया था। अमिय साहा के पिता ने दावा किया बाद में उनके बेटे की मृत्यु हो गई, लेकिन उत्तर प्रदेश प्रशासन ने शव को सौंपते समय ‘‘मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया’’, जिससे पोस्टमार्टम में देरी हुई। रुइदास के भाई ने बताया कि बुधवार को डुबकी लगाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते समय चोट लगने से उनके भाई की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह विनोद रुइदास का शव वापस लाया गया। रुइदास के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘‘उचित’’ मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया। इस बीच, राज्य के नौ श्रद्धालुओं के परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि भगदड़ के बाद वे अभी भी लापता हैं।
दिल्ली के भजनपुरा में पुलिसकर्मी पर हमला, चार आरोपी गिरफ्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में कथित ‘रोड रेज’ मामले में दिल्ली पुलिस के एक परिवीक्षा उपनिरीक्षक पर चार से पांच लोगों ने हमला कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘भजनपुरा में एक पुलिस अधिकारी पर चार से पांच लोगों द्वारा हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। भजनपुरा थाने में तैनात और वर्तमान में चुनाव ड्यूटी के लिए ‘स्टेटिक सर्विलांस टीम’ (एसएसटी) में तैनात अधिकारी पर देर रात घर लौटते समय हमला किया गया।’’ इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उपनिरीक्षक अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर एक संकरे रास्ते को पार कर रहे थे कि तभी उनकी मोटरसाइकिल आगे चल रही एक कार के कारण फंस गई। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने (उपनिरीक्षक) विनम्रतापूर्वक रास्ता देने के लिए कहा, लेकिन चार लोगों ने अधिकारी को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। उन्हें हालांकि कोई जानलेवा चोट नहीं आई। मामले की जांच जारी है।’’ संबंधित परिवीक्षा उपनिरीक्षक ड्यूटी के बाद घर जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में भजनपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क : राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि भारत का मेट्रो नेटवर्क अब एक हजार किलोमीटर के स्तर को पार कर चुका है और यह देश में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है। मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘शहरी यातायात को सुगम बनाने के कार्य लगातार जारी हैं। दिल्ली, पुणे, ठाणे और बेंगलुरु में मेट्रो परियोजनाएं और अहमदाबाद-भुज मार्ग पर शुरू हुई नमो भारत रैपिड रेल सेवाएं विकसित भारत के शहरों का स्वरूप हैं।’’ उन्होंने कहा कि विकसित भारत को गति देने के लिए हमारे शहरों को भविष्य के लिहाज से तैयार करना आवश्यक है। मुर्मू ने कहा, ‘‘इस दिशा में मेरी सरकार ने शहरी सुविधाओं का आधुनिकीकरण कर उन्हें ऊर्जा दक्ष बनाने पर जोर दिया है। साथ ही नए शहरों के विकास की भी नींव रखी जा रही है।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आज मुझे यह बताते हुए बेहद प्रसन्नता है कि भारत का मेट्रो नेटवर्क अब एक हजार किलोमीटर के ‘माइलस्टोन’ को पार कर चुका है। भारत अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है।’’ उन्होंने कहा कि कुछ सप्ताह पूर्व ही दिल्ली में रिठाला–नरेला–कुंडली कॉरिडोर का काम शुरू हुआ है, जो दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के बड़े सेक्शन में से एक होगा। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी सरकार के निरंतर प्रयास से दिल्ली में मेट्रो रूट लगातार बढ़ रहा है। 2014 में दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो का कुल नेटवर्क 200 किलोमीटर से भी कम था। अब यह बढ़कर दोगुने से भी ज्यादा हो गया है।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि लगभग आठ हजार करोड़ रुपए के खर्च से देश में 52 हजार विद्युत चालित बसें चलाने का भी निर्णय हुआ है। इससे शहरी इलाकों में सुगम और स्वच्छ यातायात की सुविधा मिलेगी तथा अनेक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि आसान कनेक्टिविटी और शहरी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देश में पंद्रह ‘रोपवे’ परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है।
हमीरपुर: 17 साल से फरार हत्या का आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के जसई गांव में वर्ष 2008 में भूमि विवाद को लेकर 10वीं कक्षा के एक छात्र की हत्या के आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी पिछले कई वर्षों से पंजाब के विभिन्न इलाकों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था और उसने फर्जी आधार कार्ड भी बनवा रखे थे। आरोपी कन्हैयालाल 2008 में अपने दो भाइयों के साथ जसई गांव में खेती करता था। उसने जमीन विवाद को लेकर 10वीं कक्षा के छात्र मनीष की हत्या कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में वह फरार हो गया और तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी को 2009 में भगोड़ा घोषित किया गया था। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भगत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी पंजाब के रूपनगर में सिख की वेशभूषा में रह रहा है। सिंह ने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश के लिए गठित प्रकोष्ठ को आरोपी के चंडीगढ़ में होने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जम्मू-कश्मीर में बार काउंसिल संबंधी याचिका पर केंद्र, बीसीआई को नोटिस जारी
उच्चतम न्यायालय ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में बार काउंसिल स्थापित किये जाने के अनुरोध संबंधी जनहित याचिका पर केंद्र, बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) और अन्य से शुक्रवार को जवाब मांगा। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने ‘कश्मीर एडवोकेट्स एसोसिएशन’ की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जाविद शेख की दलीलों पर गौर किया और केंद्र, बीसीआई तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को नोटिस जारी किए। राज्य बार काउंसिल एक वैधानिक निकाय है जो किसी राज्य में विधि स्नातकों के वकीलों के रूप में नामांकन तथा वकालत को विनियमित करता है। वरिष्ठ वकील ने जम्मू-कश्मीर में बार काउंसिल की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल नहीं होने से उच्च न्यायालय प्रासंगिक कार्य कर रहा है। पीठ ने कहा कि वह वर्तमान स्थिति में अंतरिम आदेश पारित नहीं कर सकती और कहा, ‘‘अब तक जो भी व्यवस्था है, वह जारी रहेगी। क्या उच्च न्यायालय इसमें पक्ष है? नोटिस जारी होने दीजिए और उनके जवाब मिलने दीजिए।’’ उच्चतम न्यायालय ने अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद निर्धारित की।
सचिन तेंदुलकर बीसीसीआई 'लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से होंगे सम्मानित
पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को शनिवार को यहां भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक समारोह में बोर्ड के ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भारत के लिए 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 51 वर्षीय तेंदुलकर के नाम क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक टेस्ट और वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड है। बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘हां, उन्हें वर्ष 2024 के लिए सी के नायडू ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।’’ तेंदुलकर के 200 टेस्ट और 463 एकदिवसीय मैच क्रिकेट इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक हैं। उन्होंने वनडे में 18,426 रनों के अलावा 15,921 टेस्ट रन बनाए। उन्होंने अपने शानदार करियर में केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेला है। भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री और पूर्व दिग्गज विकेटकीपर फारुख इंजीनियर को यह पुरस्कार मिल चुका है।
महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं को करना पड़ा भारी दिक्कतों का सामना
महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के बाद अपने घरों को लौट रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न जगहों पर बैरिकेड लगाए जाने और जाम की वजह से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। गुवाहाटी से एक बुजुर्ग समेत चार लोगों को महाकुंभ में लाकर गंगा स्नान कराने के बाद लौटे अनूप वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमारी कार 15-20 किलोमीटर दूर सहंसों में पार्क कराई गई थी। बृहस्पतिवार को हम किसी तरह चलकर बैंक रोड पहुंचे, लेकिन हर जगह बैरिकेड लगाए जाने से हमें कोई वाहन नहीं मिला जिससे हमें पैदल चलकर सहंसों पहुंचना पड़ा।” उन्होंने बताया, “रास्ते में हमारे साथ चल रहे बुजुर्ग व्यक्ति की तबीयत भी खराब हो गयी.. हम किसी तरह भूख प्यासे सहंसो पहुंचे और काफी समय तक जाम खुलने का इंतजार करने के बाद कार लेकर राजमार्ग पर निकल आए।” वहीं प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर लौटे लाखों श्रद्धालु अब भी वाराणसी कैन्ट और बनारस स्टेशन पर फंसे हुए हैं। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि अत्यधिक भीड़ की वजह से वे अपनी ट्रेन नहीं पकड़ पाए और अब वे भीड़ कम होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कुछ ट्रेनों के निरस्त होने की वजह से कई यात्री अभी स्टेशन पर फंसे हैं और अन्य किसी साधन का इंतजार कर रहे हैं। असम के सोनिकपुर निवासी बॉबी माया लिम्बु ने बताया कि वह अपने समूह के साथ महाकुंभ आई थीं। उन लोगों ने 26 जनवरी को प्रयागराज संगम तट पर स्नान किया और इसके बाद दर्शन पूजन करने अयोध्या गए, जहां से 30 जनवरी को वाराणसी पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को ही इनकी ट्रेन थी, लेकिन भीड़ के कारण ये लोग ट्रेन नहीं पकड़ पाए। गया जिले से आये श्रद्धालु दीनानाथ ने बताया कि वह अपनी बीवी बच्चों के साथ दो दिन से बनारस में फंसे हुए हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने ट्रेन पकड़ने की कोशिश की, लेकिन भारी भीड़ की वजह से उनका दम घुटने लगा जिससे कारण वह ट्रेन से उतर गए। उन्होंने बताया कि तब से वह प्लेटफॉर्म के बाहर बने रैन बसेरा में रह रहे हैं। प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मांदड़ ने बृहस्पतिवार शाम कहा, 30 जनवरी को सभी श्रद्धालु वापस लौट रहे हैं। पुलिस द्वारा डायवर्जन स्कीम को हटाया जा रहा है और बैरिकेड हटाने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। 31 जनवरी, एक फरवरी और चार फरवरी को किसी प्रकार वाहनों के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।” उन्होंने कहा, “मात्र दो और तीन फरवरी (बसंत पंचमी स्नान पर्व) को डायवर्जन की स्कीम लागू रहेगी। मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश की एक अलग प्रक्रिया है। इस बारे में मेलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा अलग से सूचित किया जाएगा। प्रयागराज कमिश्नरेट क्षेत्र में वाहनों पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं है।” उल्लेखनीय है कि शहर के विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाए जाने के कारण महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के लिए आये श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग प्रयागराज पहुंचा
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचा। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति हर्ष कुमार की अध्यक्षता वाले इस आयोग में पूर्व पुलिस महानिदेशक वी.के. गुप्ता और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डी.के. सिंह शामिल हैं। एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “यह आयोग यहां संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर रहा है। हम दिन में घटनास्थल का भी दौरा कर सकते हैं।”
पुणे में GBS का बढ़ता जा रहा प्रकोप, तीन की मौत
महाराष्ट्र में गिलियन बैरे सिंड्रोम का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पुणे में जीबीएस के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड में है। वर्तमान स्थिति और मरीजों की संख्या को लेकर विभाग ने कुछ आंकड़े भी जारी किए हैं। महाराष्ट्र राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 30 जनवरी तक गिलियन बेरे सिंड्रोम (जीबीएस) के 130 संदिग्ध मामलों की पहचान की गई है। इनमें से 73 मामलों में जीबीएस की पुष्टि हो चुकी है। 3 मरीजों की मौत हो चुकी है। इन प्रभावित मरीजों में से 25 पुणे नगर निगम क्षेत्र से, 74 नए जोड़े गए गांवों से, 13 पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम से, 9 पुणे ग्रामीण क्षेत्र से और 9 अन्य जिलों से हैं। वर्तमान में 20 मरीजों की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की देखभाल में जुटा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
अमेरिकी सीनेट में सनातन की 'गूंज', काश पटेल ने 'जय श्री कृष्ण' कहकर जीता दिल
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एफबीआई प्रमुख के तौर पर नामित कश्यप 'काश' पटेल का दो वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। दरअसल ये दोनों वीडियो गुरुवार को सीनेट न्यायपालिका समिति के समक्ष पटेल की 'कन्फर्मेशन' सुनवाई के हैं। एक वायरल वीडियो में, भारतीय मूल के वकील पटेल सीनेट में सुनवाई से पहले अपने माता-पिता के पैर छूने के लिए झुकते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में पटेल अपने माता-पिता का परिचय कराते हुए 'जय श्री कृष्ण' बोलते हैं। वह कहते हैं, "मैं अपने पिता प्रमोद और अपनी मां अंजना का स्वागत करना चाहूंगा, जो आज यहां बैठे हैं। वे भारत से यहां आए हैं। मेरी बहन निशा भी यहां हैं। वह भी मेरे साथ रहने के लिए महासागर पार से आईं हैं। आप लोगों का यहां होना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। जय श्री कृष्ण।" पटेल कहते हैं कि वे न केवल अपने माता-पिता के सपनों को लेकर चल रहे हैं, बल्कि न्याय, निष्पक्षता और कानून के शासन के पक्ष में खड़े लाखों अमेरिकियों की उम्मीदों को भी आगे लेकर जा रहे हैं।
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज शापूर जादरान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज शापूर जादरान ने 10 साल से अधिक समय तक चले अपने शानदार करियर के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। अफगानिस्तान क्रिकेट ने एक्स पर पोस्ट किया, "एसीबी ने अफगानिस्तान क्रिकेट के उत्थान में उनके योगदान के लिए शापूर जादरान को धन्यवाद दिया और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।" जादरान ने 80 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व किया और उनके नाम पर इतने ही अंतरराष्ट्रीय विकेट, वनडे में 43 विकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 37 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा,“आज वह दिन है जिसका मैं कभी सामना नहीं करना चाहता था, लेकिन आखिरकार यह हर खिलाड़ी के लिए आता है। 22 साल की सेवा, त्याग और क्रिकेट के प्रति प्रेम के बाद, मैं आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। यह मेरे जीवन का सबसे कठिन निर्णय रहा है क्योंकि क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल से कहीं बढ़कर है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा में तीन वर्षीय एक बालक में एचएमपीवी की पुष्टि
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग में तीन वर्षीय एक बालक में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में एचएमपीवी का यह पहला मामला है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर संभाग के अंतर्गत कोरबा जिले में यह बच्चा 27 जनवरी से बिलासपुर के अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। बच्चे का इलाज जारी है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे में एचएमपीवी की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर और कोरबा जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बच्चे को बेहतर इलाज के लिए एम्स, रायपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।
अमेरिका में विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में प्रवासी भारतीय महिला भी शामिल
अमेरिका के रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सेना के एक हेलीकॉप्टर और जेटलाइनर के बीच हुई भीषण टक्कर में मारे गए 67 लोगों में प्रवासी भारतीय महिला असरा हुसैन रजा भी शामिल है। मीडिया में आई खबरों से यह जानकारी मिली। अमेरिका में 2001 के बाद से यह सबसे घातक विमान दुर्घटना है। घटना बुधवार रात को उस समय हुई जब अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ान 5342, हवाई अड्डे के पास पहुंचते ही सेना के हेलीकॉप्टर से टकरा गई।
वाराणसी में घाटों पर आम लोगों के लिए 5 फरवरी तक बंद रहेगी गंगा आरती
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से लौटने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाराणसी के घाटों पर होने वाली गंगा आरती को आम लोगों के लिए पांच फरवरी तक बंद रखने का फैसला किया गया है। आरती आयोजन समिति की तरफ से यह जानकारी दी गयी। वाराणसी पुलिस आयुक्तालय (कमिश्नरेट) ने काशीवासियों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर ना निकलने और श्रद्धालुओं का सहयोग करने की अपील की है।
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि दशाश्वमेध घाट पर आयोजित होने वाली गंगा आरती अपरिहार्य कारणों से पांच फरवरी, 2025 तक जनसामान्य के लिए बंद रहेगी।
देवरिया में आरोपी को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर हमला
देवरिया जिले में बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुरौली गांव में एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया जिसमें एक उप निरीक्षक (दरोगा) व सिपाही घायल हो गए।
हमला करने के बाद लोगों ने आरोपी को जबरन छुड़ा लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
फिरोजपुर में हुआ भीषण सड़क हादसा, 9 लोगों की हुई मौत
पंजाब के फिरोजपुर में भीषण हादसा हुआ है। गुरुहरसहाय में फिरोजपुर मार्ग पर गोलू का मोड़ के नजदीक पिकअप और कैंटर की टक्कर हो गई। हादसे में करीब 9 लोगों की मौत हो गई है है। जानकारी के अनुसार, करीब 25 से 30 वेटर पिकअप में सवार होकर किसी कार्यक्रम के लिए गुरुहरसहाय से जलालाबाद जा रहे थे। फिरोजपुर मार्ग पर गोलू का मोड़ के नजदीक उनकी सड़क के बीच में खड़े खराब कैंटर से टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि पांच लोगों की माैके पर ही माैत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।
7 PPM वाली पानी की 3 बोतल लेकर रवाना हुए केजरीवाल
यमुना में अमोनिया को लेकर दिल्ली में सियासत तेज हो गई है। इस बीच, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जहरीले पानी वाले बयान पर चुनाव आयोग को जवाब दिया है। उन्होंने इसकी सूचना एक्स पर देते हुए लिखा कि दिल्लीवासियों को बहुत-बहुत बधाई। दिल्ली में आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा 7 ppm से घटकर 2 ppm हो गई है।
यहां पढ़ें पूरी खबर किन्नर अखाड़े से निष्कासित हुईं ममता कुलकर्णी
कुछ दिनों पहले संन्यास लेकर किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर की उपाधि धारण करने वालीं पूर्व अभिनेत्री ममता कुलकर्णी पर कार्रवाई हुई है। ममता को किन्नर अखाड़े से निष्कासित कर दिया गया है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास ने निष्कासन की कार्रवाई की है। दास ने कहा कि लक्ष्मीनारायण ने बिना उनकी जानकारी के ममता जो देशद्रोह में संलिप्त रही हैं, उन्हें किन्नर अखाड़े में शामिल किया और उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि दी।
यहां पढ़ें पूरी खबरखानपुर विधायक उमेश कुमार को पुलिस ने लिया हिरासत में
हरिद्वार जिले के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को देहरादून पुलिस ने डोईवाला में हिरासत में लिया है। हरिद्वार जिले के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के खिलाफ पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पत्नी रानी देवरानी सिंह की तहरीर पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
यहां पढ़ें पूरी खबर प्रधानमंत्री जनता के मुद्दों पर बात नहीं करते: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बजट सत्र के आरंभ होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विपक्ष पर निशाना साधे जाने के बाद शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जनता से जुड़े मुद्दों पर बात नहीं करते और जवाब नहीं देते। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ वह हमेशा यही करते हैं। जनता के मुद्दों पर बात नहीं करते, जवाब नहीं देते। आपने पिछला सत्र देखा कि (उन्होंने) चर्चा ही नहीं की। यह सब (आरोप) तो कहेंगे ना।’’