LIVE31 जनवरी 2024 ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी समाचार : हेमंत सोरेन ने दिया इस्तीफा, हुए गिरफ्तार,चंपई सोरेन होंगे झारखंड के नए सीएम, Paytm नहीं दे पाएगा बैंकिंग सर्विस

31 जनवरी 2024 ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी समाचार : हेमंत सोरेन ने दिया इस्तीफा, हुए गिरफ्तार,चंपई सोरेन होंगे झारखंड के नए सीएम, Paytm नहीं दे पाएगा बैंकिंग सर्विस
ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 31 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: झारखंड से बड़ा अपडेट बुधवार की देर रात सामने आया जब जमीन घोटाला मामले में फंसे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दे दिया, बुधवार शाम हेमंत सोरेन ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा वहीं बताया जा रहा है कि चंपई सोरेन झारखंड के अगले मुख्यमंत्री होंगे वहीं ज्ञानवापी मामले में वाराणसी जिला अदालत ने बुधवार को बड़ा फैसला दिया। कोर्ट ने ज्ञानवापी के तहखाने में हिंदू पक्ष को पूजा करने की इजाजत दे दी है। कोर्ट के फैसले के मुताबिक हिंदू पक्ष व्यास जी के तहखाने में पूजा कर सकेगा। बता दें कि 1993 से व्यास जी के तहखाने में पूजा बंद थी। तहखाने में पूजा-पाठ काशी विश्वनाथ ट्रस्ट कराएगा। पूजा-पाठ के लिए गुरुवार को पुजारी की नियुक्ति की जाएगी वहीं भारतीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम (Paytm) पर बड़ा एक्शन लिया है। बुधवार को रिजर्व बैंक ने एक आदेश जारी करते हुए ऑनलाइन पेमेंट सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी पेटीएम पर नए ग्राहकों को जोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। रिजर्व बैंक की ओर से कहा गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है। यानी, अब पेटीएम नए कस्टमर नहीं बना सकेगी उधर दिल्ली में भीषण ठंड के साथ कोहरे के बीच बारिश ने भी लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। हल्की बारिश के साथ जनवरी की खत्म होने वाला है व फरवरी की शुरुआत भी दिल्ली में बारिश लेकर आई है वहीं दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया है। मामले में पूछताछ के लिए ईडी का यह पांचवां समन है, यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 31 जनवरी (बुधवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
हेमंत सोरेन गिरफ्तार, 7 घंटे की पूछताछ के बाद ED ने लिया एक्शन
जमीन घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले ईडी ने मुख्यमंत्री आवास पर हेमंत सोरेन से करीब 7 घंटे की पूछताछ की। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी कर ली गई,
पढ़ें पूरी खबर पहले दिया इस्तीफा फिर हेमंत सोरेन गिरफ्तार,चंपई सोरेन होंगे नए सीएम
झारखंड की सत्ता में उस वक्त बड़ा परिवर्तन हो गया जब जमीन घोटाला मामले में फंसे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दे दिया, गौर हो कि इस मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय और हेमंत सोरेन के बीच काफी लुकाछिपी जैसा चला आखिर बुधवार शाम हेमंत सोरेन ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा,
पढें पूरी खबर 29 फरवरी के बाद Paytm नहीं दे पाएगा बैंकिंग सर्विस
भारतीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम (Paytm) पर बड़ा एक्शन लिया है। बुधवार को रिजर्व बैंक ने एक आदेश जारी करते हुए ऑनलाइन पेमेंट सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी पेटीएम पर नए ग्राहकों को जोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। रिजर्व बैंक की ओर से कहा गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है। यानी, अब पेटीएम नए कस्टमर नहीं बना सकेगी,
पढ़ें पूरी खबरक्या अखिलेश से नाराज है कांग्रेस का आलाकमान?
लोकसभा चुनाव के लिए भले ही इंडिया गठबंधन बना हो, लेकिन सपा मुखिया अखिलेश यादव उसमें एकतरफा फैसले ले रहे हैं। इससे कांग्रेस नाखुश है। लेकिन, कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व खुलकर नहीं बोल रहा है। इस कारण यूपी में 'इंडिया' गठबंधन दरक सकता है। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि यूपी में कांग्रेस का संगठन कमजोर है। सपा को भी यह बात पता है। यही कारण है कि सपा इंडिया गठबंधन में अपने को एक बड़ी भूमिका में रखना चाहती है। नीतीश कुमार के जाने के बाद सपा को कांग्रेस पर अपना दबाव बढ़ाने का मौका मिल गया है,
पढ़ें पूरी खबरभीषण ठंड के बीच दिल्ली में शुरू हुई बारिश
दिल्ली-एनसीआर में मौसम के हाल कुछ खास अच्छे नहीं है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय घना कोहरा और शून्य विजिबिलिटी थी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आज दिल्ली में दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके साथ ही विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दो से तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने खिली धूप के बाद फरवरी की शुरुआत बारिश के साथ होने की संभावना जताई थी। फरवरी के आने से पहले ही दिल्ली के मौसम ने करवट लेते हुए लोगों की मुसीबतों को बढ़ा दिया है,
पढ़ें पूरी खबरसरफराज और पाटीदार में से किसी एक को चुनना मुश्किल विकल्प: राठौड़
भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने बुधवार को कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए रजत पाटीदार और सरफराज खान में से किसी एक को चुनना मुश्किल विकल्प होगा।भारतीय टीम शुक्रवार से होने वाले इस मैच को जीत कर पांच मैचों की श्रृंखला में वापसी करना चाहेगी। हैदराबाद में खेले गये पहले मैच मिली हार के साथ हरफनमौला रविंद्र जडेजा और लोकेश राहुल की चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर होने से भारत की मुश्किलें बढ़ गयी है। अनुभवी विराट कोहली पहले ही श्रृंखला के शुरुआती दो टेस्ट के लिए अनुपलब्ध है। इन परिस्थितियों में चयनकर्ताओं को सरफराज खान, सौरभ कुमार और वाशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल करने के लिए मजबूर होना पड़ा। रजत पाटीदार पहले से ही टीम का हिस्सा है। सरफराज, सौरभ और पाटीदार ने राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण नहीं किया है।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश
दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार को हल्की बारिश हुई और मौसम विभाग का अनुमान है कि देर शाम तक राष्ट्रीय राजधानी में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।राष्ट्रीय राजधानी के मध्य में स्थित कनॉट प्लेस सहित कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम कार्यालय के अनुसार देर शाम या रात में नगर में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बूंदाबांदी से राजधानी में कोहरे की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर माकपा से हाथ मिलाने का आरोप लगाया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस पर आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मजबूत करने के लिए माकपा से हाथ मिलाने का आरोप लगाया। बनर्जी ने यहां एक सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में दो सीट पर चुनाव लड़ने के उनके प्रस्ताव को कांग्रेस द्वारा अस्वीकार करने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने राज्य में अपने 34 साल के शासन के दौरान लोगों को प्रताड़ित किया था और वह इसके लिए वामदल को कभी भी माफ नहीं कर पाएंगी।
महाराष्ट्रः दया नायक और 22 अन्य वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के पद पर प्रोन्नत
कथित अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराने के लिए विख्यात दया नायक व 22 अन्य पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मुंबई पुलिस ने कुछ महीनों में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले, विभिन्न संवर्ग के अधिकारियों के तबादले व पदोन्नति के साथ दया नायक व 22 अन्य पुलिस निरीक्षकों को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पद पर प्रोन्नत किये जाने के मंगलवार को आदेश जारी किये। अधिकारी ने बताया कि दया नायक अपराध शाखा की नवीं इकाई के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 1995 बैच के पुलिसकर्मी नायक को मुठभेड़ों में कई अपराधियों को मार गिराने के लिए जाना जाता है। वह तीन साल तक महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) में भी रहे।
आबकारी नीति से जुड़े मामले में ईडी ने केजरीवाल को पांचवां समन भेजा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर समन भेजा है। मुख्यमंत्री को भेजा गया यह पांचवां समन है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल इससे पहले जांच एजेंसी की ओर से चार बार भेजे गए समन पर पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए थे। एजेंसी ने इससे पहले 18 जनवरी, तीन जनवरी, तथा पिछले साल 21 दिसंबर और दो नवंबर को आप प्रमुख को तलब किया था।
बजट सत्र के लिए रणनीतिक बैठक करेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने संसद के बजट सत्र के दौरान अपनी रणनीति तय करने के लिए बुधवार शाम अपने वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा बुधवार को संसद के दोनों सदनों- लोकसभा तथा राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के साथ सत्र की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बृहस्पतिवार को अंतरिम बजट पेश करेंगी। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने शाम साढ़े पांच बजे अपने आवास पर पार्टी सांसदों के रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे।
बकाया मुद्दे पर सीएम ममता ने दी धरने की चेतावनी
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र के बकाया को लेकर आज धरना देने की चेतावनी दी। ममता बनर्जी ने ऐलान किया किअगर केंद्र ने एक फरवरी तक प. बंगाल का बकाया नहीं दिया, तो धरने पर बैठूंगी। मालदा में एक सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम में बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और धन का भुगतान न होने से प्रभावित लोगों से धरने में भाग लेने का आग्रह किया। धरना कोलकाता के रेड रोड इलाके में बीआर आंबेडकर प्रतिमा के निकट आयोजित किया जाएगा।
प्रशांत कुमार लगातार उत्तर प्रदेश के चौथे कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक बने
उत्तर प्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून—व्यवस्था) प्रशांत कुमार को राज्य का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बनाया गया है। वह प्रदेश के लगातार चौथे कार्यवाहक डीजीपी होंगे। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में लगातार कार्यवाहक डीजीपी बनाए जाने को लेकर राज्य कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तंज किया है।आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि वर्ष 1990 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के नये डीजीपी होंगे। इससे पहले वह विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून—व्यवस्था) के पद पर तैनात थे। वह विजय कुमार का स्थान लेंगे, जो आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बिहार के सीवान जिले के मूल निवासी 58 वर्षीय प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के लगातार चौथे कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक होंगे।
मोबाइल फोन कलपुर्जों पर आयात शुल्क 15 से घटाकर 10 प्रतिशत
भारत ने मोबाइल फोन विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले कलपुर्जों पर आयात शुल्क 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया है। इस कदम का मकसद स्थानीय उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देना है। वित्त मंत्रालय ने सेल्युलर मोबाइल फोन के लिए स्क्रू, सिम सॉकेट या धातु की अन्य यांत्रिक वस्तुओं सहित कलपुर्जों के आयात पर शुल्क में कटौती संबंधी अधिसूचना 30 जनवरी को जारी की। इंडियन सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (आईसीईए) के चेयरमैन पंकज महेंद्रू ने कहा कि यह भारत में मोबाइल विनिर्माण को प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण नीतिगत हस्तक्षेप है। महेंद्रू ने कहा, इलेक्ट्रॉनिक 2024 में भारत का 5वां सबसे बड़ा निर्यात क्षेत्र बन गया है, जो कुछ साल पहले 9वें स्थान पर था।
लोकसभा कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा बुधवार को संबोधित किए जाने के बाद उनके अभिभाषण की प्रति लोकसभा के पटल पर रखी गई और फिर सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भविष्य में राष्ट्रपति के संबोधन के लिए दोनों सदनों की संयुक्त बैठक लोकसभा के कक्ष में आयोजित करने की अनुमति देने के लिए नियमों में रियायत की भी घोषणा की। दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को मुर्मू द्वारा संबोधित किए जाने के बाद लोकसभा की बैठक शुरू हुई। बिरला ने ‘लोकसभा में प्रक्रिया और कार्यवाही’ से संबंधित नियम 384 के तहत रियायत देने के लिए सदन की सहमति ली और प्रस्तावित किया कि सदन का उपयोग राष्ट्रपति के संबोधन के लिए किया जाए।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकी हमला, 15 लोगों की मौत
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने तीन समन्वित हमले किए, जिनमें चार अधिकारी और दो नागरिक मारे गए। इस दौरान गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें नौ आतंकवादी ढेर हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि तीन हमलों में से एक हमला उच्च सुरक्षा वाली जेल पर भी किया गया। उन्होंने बताया कि ये हमले सोमवार को प्रांतीय राजधानी क्वेटा से करीब 70 किलोमीटर दूर माच शहर में हुए। मंगलवार रात ‘इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स’ (आईएसपीआर) की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 29 और 30 जनवरी की रात को, आत्मघाती हमलावरों सहित कई आतंकवादियों ने बलूचिस्तान में माच और कोलपुर परिसरों पर हमला किया।
सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ शुरू
सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ करने ईडी की टीम बुधवार दोपहर एक बजे रांची के कांके रोड स्थित सीएम आवास पहुंची। 10 वाहनों से ईडी के अधिकारी सीएम आवास पहुंचे हैं। ईडी की टीम के साथ सीआईएसएफ के जवान भी हैं। सीएम आवास में पहुंचने के बाद ईडी के अधिकारियों ने सीएम से पूछताछ शुरू कर दी है।
नीतीश कुमार का इंडिया गठबंधन पर निशाना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने INDIA गठबंधन पर कहा, हम कह रहे थे कि यह नाम ठीक नहीं है, अब हालत आप देख सकते हैं। उन लोगों ने एक काम नहीं किया, आज तक सीट शेयरिंग नहीं हुई। हम जिनके साथ पहले से थे वहीं आ गए, अब यहीं रहेंगे और बिहार के विकास के लिए काम करेंगे।
बिहार: राहुल गांधी ने कटिहार में रोड शो के साथ न्याय यात्रा फिर से शुरू की
बिहार: राहुल गांधी ने कटिहार में रोड शो के साथ न्याय यात्रा फिर से शुरू कीकांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के कटिहार जिले में एक रोड शो के साथ अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिर से शुरू की। पार्टी के एक नेता ने कहा कि कटिहार में रात्रि विश्राम के बाद गांधी ने सुबह अपनी यात्रा शुरू की। उनके पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे के आसपास मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने की उम्मीद है। गांधी को एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) की छत पर बैठे देखा गया जो धीरे-धीरे शहर की मुख्य सड़कों से गुजर रहा था। उन्होंने सड़क पर जमा उत्साही भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया तथा स्थानीय लोग सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध होकर जुलूस को गुजरते हुए देखते रहे।
परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए कानून लाएगी सरकार : राष्ट्रपति मुर्मू
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण तथा लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के प्रावधान वाला कानून पारित होने का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को घोषणा की कि सरकार परीक्षा में होने वाली गड़बड़ी को लेकर युवाओं की चिंताओं से अवगत है और इसे रोकने के लिए एक कानून बनाएगी। राष्ट्रपति ने बजट सत्र के पहले दिन लोकसभा एवं राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने नए संसद भवन में पहला संबोधन देते हुए कहा कि यहां ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की महक है।