LIVE

30 जनवरी 2025 हिंदी समाचार Updates: वक्फ (संशोधन) विधेयक पर रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी गई...मो. यूनुस से मिलने पहुंचा जॉर्ज सोरोस का बेटा

अमित कुमार मंडलUpdated Jan 30, 2025, 17:40 IST
Follow on Google News
30 जनवरी 2025 हिंदी समाचार Updates: वक्फ (संशोधन) विधेयक पर रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी गई...मो. यूनुस से मिलने पहुंचा जॉर्ज सोरोस का बेटा

30 जनवरी 2025 हिंदी समाचार Updates: वक्फ (संशोधन) विधेयक पर रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी गई...मो. यूनुस से मिलने पहुंचा जॉर्ज सोरोस का बेटा

  • ट्रंप के खातों को निलंबित करने के मामले में 25 मिलियन यूएस डॉलर का भुगतान करेगा मेटा
  • सीरिया में विद्रोही नेता देश का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त
  • बंगाल में चार दिन में जीबीएस से तीन लोगों की मौत का संदेह
  • महाराष्ट्र: जरांगे आज छठे दिन समाप्त कर सकते हैं अनशन

JAN 30, 2025 15:43 IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ, डोडा जिले में सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान शुरू किया

जम्मू-कश्मीर के पुंछ और डोडा जिले में आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गुरसाई-हरनी बेल्ट में नादन वाला, जादन वाली गली, सानी गली मोहल्ला, मेंढर में धरना बेहिर राख, सुरनकोट में फजालाबाद नार, पुंछ और दोरहू के मंडी इलाकों में चकरारा फट्टा, बस्ती और डोडा के भद्रवाह से लगे वन क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सहयोग से पुलिस दलों ने सुबह नौ बजकर 40 मिनट से 10 बजकर 45 मिनट के बीच तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस को अज्ञात व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी, जिनके आतंकवादी होने का संदेह है।
JAN 30, 2025 15:16 IST

अर्थव्यवस्था सुस्ती में है, सरकार कुछ नहीं कर रही: चिदंबरम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था सुस्ती में है, लेकिन सरकार स्थिति को संभालने के लिए कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि वर्तमान समय में रोजगार सृजन नहीं हो रहा है, मंहगाई बढ़ रही है तथा व्यापक स्तर पर आर्थिक असमानता है। पूर्व वित्त मंत्री ने कांग्रेस की ओर से तैयार "अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति 2025" शीर्षक वाली रिपोर्ट जारी की। चिदंबरम ने कहा कि इस रिपोर्ट में कई ऐसे तथ्यों का उल्लेख है जिनको सरकार ने दबा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था की जो स्थिति बताती है वह वास्तविकता से दूर है। चिदंबरम ने दावा किया, "अर्थव्यवस्था सुस्ती में है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। पिछले साल की आर्थिक वृद्धि की तुलना में इस साल दो प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है।" उन्होंने कहा कि नए रोजगारों का सृजन नहीं हो रहा है तथा पिछले चार पांच साल से वेतन में बढ़ोतरी भी नहीं हो रही है। पूर्व वित्त मंत्री का कहना था कि खाद्य, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी मुद्रास्फीति दोहरे अंक में है। उनके मुताबिक, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि देश में व्यापक असमानता है तथा अमीर एवं गरीब के बीच खाई बढ़ती जा रही है। चिदंबरम ने आरोप लगाया कि इस खाई को पाटने के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव गौड़ा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में "जॉब लॉस ग्रोथ" हो रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ रही है और लोगों की थाली महंगी होती जा रही है, लेकिन आय नहीं बढ़ रही है।
JAN 30, 2025 15:15 IST

मोहन भागवत ओडिशा के पांच दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत बृहस्पतिवार को ओडिशा के पांच दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। इस दौरान वह एक स्मृति सभा में शामिल होंगे और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। भागवत अपराह्न लगभग एक बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां आरएसएस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा के बीच वह शहर के मंचेश्वर इलाके में उत्कल बिपन्ना सहायता समिति कार्यालय पहुंचे। उनका शाम छह बजे भुवनेश्वर में पूर्व ‘प्रांत संघ चालक’ शिवराम महापात्र की स्मृति सभा में शामिल होने का कार्यक्रम है। आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी सुमंत कुमार पांडा ने बताया कि भागवत राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे और आरएसएस का शताब्दी वर्ष मनाने की तैयारियों से जुड़ी बैठकों में शामिल होंगे। आरएसएस प्रमुख तीन फरवरी को ओडिशा से रवाना होंगे।
JAN 30, 2025 15:14 IST

राजस्थान : नीम का थाना जिले को निरस्त करने के विरोध में आंदोलन

नीम का थाना जिले को भंग करने के विरोध में बृहस्पतिवार को इलाके के बाजार और स्कूल बंद रहे। लोगों ने राजमार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार आंदोलन पर उतरे स्थानीय लोगों ने सड़कों पर टायर जलाए और नीम का थाना को जिला बनाए रखने की मांग करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस आंदोलन का प्रभाव नीम का थाना कस्बे के साथ साथ मावंडा, पाटन, चला, गुहाला में भी देखने को मिला जहां बाजार पूरी तरह बंद हैं। पुलिस उपाधीक्षक गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जयपुर और दिल्ली जाने वाली बसों का मार्ग बदला गया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने नीम का थाना शहर से गुजरने वाले राजमार्ग 13 और 37बी को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने बताया कि राज्‍य राजमार्ग 13 पर जयपुर की तरफ भूदोली बाईपास, झुंझुनूं की तरफ मावंडा गांव और 37बी पर जीर की चौकी (नीमकाथाना से कोटपूतली की तरफ) पर यातायात ठप रहा। प्रदर्शनकारियों ने शहर में कोर्ट परिसर के बाहर सड़क पर धरना दिया। इस आंदोलन के कारण शहर में सभी निजी शिक्षण संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। उल्‍लेखनीय है कि राज्‍य की मौजूदा भाजपा सरकार ने ग‍त कांग्रेस सरकार द्वारा गठित नौ जिलों अनूपगढ़, दूदू, गंगापुरसिटी, जयपुर ग्रामीण, जोधपुर ग्रामीण, केकड़ी, नीम का थाना, सांचौर व शाहपुरा को निरस्‍त करने का फैसला दिसंबर माह में किया। हालांकि सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए बालोतरा, डीग, ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, कोटपूतली-बहरोड, खैरथल-तिजारा, फलौदी और सलूंबर को ज‍िला बनाए रखने का फैसला किया है। उल्लेखनीय है कि पिछली अशोक गहलोत सरकार ने 17 नए जिले व तीन नए संभाग बनाने की अधिसूचना जारी की थी। इसके साथ ही तीन नए जिलों की घोषणा की थी लेकिन उसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई थी।
JAN 30, 2025 14:13 IST

सांसद राकेश राठौर रेप मामले में गिरफ्तार

सीतापुर में सांसद राकेश राठौर आवास से गिरफ्तार किए गए। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद राकेश राठौर गिरफ्तार हुए। रेप मामले में महिला ने केस दर्ज कराया था। हाई कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद राकेश प्रेसवार्ता करने जा रहे थे, इसी दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने उन्हें आवास से गिरफ्तार कर लिया।
JAN 30, 2025 13:57 IST

भाजपा की हरप्रीत कौर बबला चंडीगढ़ नगर निगम की नई महापौर निर्वाचित

भाजपा की हरप्रीत कौर बबला बृहस्पिवार को चंडीगढ़ नगर निगम की नई महापौर चुनी गईं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार प्रेम लता को महज दो वोटों के अंतर से हराया। बबला को 19 और लता को 17 मत मिले। कोई भी मत अमान्य नहीं पाया गया। पीठासीन अधिकारी रमणीक सिंह बेदी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। महापौर पद के लिए मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के बीच था। 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 13 और उसकी सहयोगी कांग्रेस के 6 पार्षद हैं, जबकि भाजपा के 16 पार्षद हैं। इसके अलावा, चंडीगढ़ के सांसद को भी पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। वर्तमान में कांग्रेस के मनीष तिवारी चंडीगढ़ के सांसद हैं।
JAN 30, 2025 13:54 IST

हमास ने एक और इजरायली सैनिक को किया रिहा

हमास ने बंदी बनाए गए एक और इजरायली सैनिक अगम बर्जर को रिहा करते हुए उसे गाजा पट्टी में रेड क्रॉस को सौंप दिया। गुरुवार की रिहाई 19 जनवरी से शुरू हुए युद्धविराम का हिस्सा है। इसका उद्देश्य इजरायल और हमास आतंकवादी समूह के बीच अब तक लड़े गए सबसे घातक और विनाशकारी युद्ध को खत्म करना है।
JAN 30, 2025 13:47 IST

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में निर्माणाधीन जेके सीमेंट फैक्ट्री में स्लैब गिरा

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में निर्माणाधीन जेके सीमेंट फैक्ट्री में स्लैब गिरा, कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका: पुलिस
JAN 30, 2025 13:12 IST

निर्वाचन आयोग के नोटिस पर भड़के केजरीवाल, ईसी पर लगाया राजनीति करने का आरोप

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज यानी गुरुवार 30 जनवरी को दिल्ली में पानी के मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर अपना आरोप दोहराया कि हरियाणा से यमुना में जहर मिलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से यमुना में आ रहे पानी में काफी ज्यादा मात्रा में अमोनिया है, जो इसे पीने वालों के आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार पर भी तीखे हमले किए।
JAN 30, 2025 12:44 IST

मो. यूनुस से मिलने पहुंचा जॉर्ज सोरोस का बेटा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जैसे ही बांग्लादेश को फंडिंग रोकी, उधर मो. यूनुस से मिलने अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के बेटे पहुंच गए। जॉर्ज सोरोस पर कई देशों में शासन परिवर्तन और इसकी कोशिशों के गंभीर आरोप लगे हैं। जॉर्ज सोरोस के बेटे और उनकी ओपन सोसाइटी फाउंडेशन (OSF) के अध्यक्ष एलेक्स सोरोस ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा बांग्लादेश को विदेशी सहायता रोकने के कुछ दिनों बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस से मुलाकात की। पिछले साल अक्टूबर में न्यूयॉर्क में मुलाकात के बाद तीन महीने में सोरोस और यूनुस के बीच यह दूसरी मुलाकात है।
JAN 30, 2025 12:23 IST

ट्रंप ने अप्रवासी हिरासत कानून पर किए हस्ताक्षर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध अप्रवासियों की सुनवाई-पूर्व हिरासत की अनुमति देने वाले अपने पहले कानून पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह कानून चोरी, सेंधमारी जैसे अपराधों में आरोपित अवैध अप्रवासियों को सुनवाई से पहले हिरासत में रखने का अधिकार देता है। 'लेकेन राइली एक्ट' को पहले अमेरिकी संसद के दोनों सदन 'हाउस और सीनेट' में द्विदलीय समर्थन मिला था। ट्रंप ने 20 जनवरी को कार्यभार संभालने के बाद पहले विधेयक के तौर पर इस पर हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप ने कहा, इस कानून के तहत, गृह सुरक्षा विभाग को उन सभी अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लेने का अधिकार होगा जो चोरी, सेंधमारी, डकैती, पुलिस अधिकारी पर हमला, हत्या या गंभीर चोट से जुड़े अपराधों के लिए गिरफ्तार किए गए हैं।
JAN 30, 2025 12:22 IST

यमुना में जहर घोलने वाले केजरीवाल के बयान पर EC ने मांगा जवाब

चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल को एक और नोटिस जारी कर कर 31 जनवरी 11:00 बजे तक यमुना के पानी में जहर वाले मामले पर सबूत के साथ जवाब देने के लिए कहा है। चुनाव आयोग ने कहा कि स्वच्छ एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना सरकार का मसला है और सभी संबंधित राज्यों को हर समय अपने लोगों के लिए स्वच्छ पानी मुहैया कराना चाहिए। यमुना नदी में जहर घोलने के दावों को सही ठहराने के लिए केजरीवाल से तथ्यात्मक साक्ष्य और जहर की मात्रा और नदी को कैसे और किस तरीके से जहरीला बनाया गया, इस पर सटीक जवाब मांगा है।
JAN 30, 2025 12:21 IST

वक्फ (संशोधन) विधेयक पर रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी गई

वक्फ (संशोधन) विधेयक से संबंधित संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपी गई।
JAN 30, 2025 09:53 IST

महाकुंभ मेले में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रयास तेज

मेला क्षेत्र में भगदड़ की घटना के एक दिन बाद प्रदेश सरकार ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास और तेज कर दिए। इस बीच, बृहस्पतिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र में आना जारी है। बुधवार तड़के हुई भगदड़ की घटना का यहां आ रहे श्रद्धालुओं पर कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा। इस बीच, पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मेले में भीड़ कम होने तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही जब तक भीड़ मेला क्षेत्र से बाहर नहीं निकल जाती, बाहर की गाड़ियों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, हालांकि उच्च स्तर पर अधिकारी स्थिति को देखकर वाहनों के प्रवेश की अनुमति दे सकते हैं।
JAN 30, 2025 08:38 IST

वाशिंगटन रीगन हवाई अड्डे के पास छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त

रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमानों का परिचालन रोक दिया गया है। हवाई अड्डे ने यह जानकारी दी। आपकालीन सेवा एजेंसी ‘डी.सी. फायर और ईएमएस’ ने बुधवार रात को बताया कि वाशिंगटन के बाहरी इलाके में हवाई अड्डे के पास एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है तथा अग्निशमन नौकाएं घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। हवाई अड्डे ने बताया कि आपातकालीन कर्मचारी विमान दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं।
JAN 30, 2025 08:29 IST

महाकुंभ में भगदड़ से मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल

प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ से हुई मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल हुई है। याचिका में प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ पर स्टेटस रिपोर्ट और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने जनहित याचिका दाखिल की है।
JAN 30, 2025 08:19 IST

कनाडा की रिपोर्ट में नहीं मिला निज्जर की हत्या और भारत के बीच कोई ठोस संबंध

Canadian Report on Nijjar Killing: कनाडा के एक आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह साबित नहीं हुआ है कि कनाडाई सिख कार्यकर्ता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का किसी अन्य देश से ठोस संबंध है। इस रिपोर्ट ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उन आरोपों को दरकिनार कर दिया है, जिसमें उन्होंने निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संलिप्तता का आरोप लगाया था। दरअसल, सितंबर 2023 में ट्रूडो ने कहा था कि कनाडा के पास विश्वसनीय सबूत हैं कि जून 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया में निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंट शामिल थे।
JAN 30, 2025 06:48 IST

चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव से ठीक पहले मेयर कुलदीप कुमार के खिलाफ एफआईआर

चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव से ठीक पहले चंड़ीगढ़ के मेयर कुलदीप कुमार और उनके साले राहुल के खिलाफ चंड़ीगढ़ पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। मेयर के साले राहुल का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था जिसमे एक युवक नौकरी के लिए 75 हजार रुपये देने की बात कर रहा है। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद चंड़ीगढ़ पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं एफआईआर के खिलाफ मेयर कुलदीप हाइकोर्ट का रुख कर सकते हैं। आज सुबह चंड़ीगढ़ मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर वोटिग होगी। खरीद-फरोख्त के डर से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की तरफ से अपने पार्षदों को पंजाब में अलग - अलग जगह भेजा गया है।
JAN 30, 2025 06:40 IST

सीरिया में विद्रोही नेता देश का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त

सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद को अपदस्थ करने वाले पूर्व विद्रोही समूह के नेता को बुधवार को देश का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया। सरकारी समाचार समिति ‘सना’ के अनुसार सीरिया की नयी सरकार के सैन्य संचालन क्षेत्र के प्रवक्ता कर्नल हसन अब्दुल गनी ने देश के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में अहमद अल-शरा की नियुक्ति की घोषणा की। अल-शरा इस्लामी पूर्व विद्रोही गुट हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के नेता हैं और इसी गुट ने पिछले महीने असद को सत्ता से बेदखल करने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
JAN 30, 2025 06:39 IST

दिल्ली पुलिस ने ‘पंजाब सरकार’ के स्टिकर वाली कार से नकदी, शराब जब्त की

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को पंजाब सरकार के स्टिकर वाली एक गाड़ी पकड़ी है जिसमें नकदी, शराब और आम आदमी पार्टी (आप) के पर्चे भी मिले हैं। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पंजाब के नंबर प्लेट वाली गाड़ी को नयी दिल्ली जिले में उड़न दस्ते ने पकड़ा। पंजाब सरकार ने उन दावों को खारिज कर दिया कि दिल्ली में पकड़ी गई कार उसकी है। आप ने भी एक बयान जारी कर कहा कि कार जब्त करना पूर्व प्रायोजित है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि अधिकारियों ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और तिलक मार्ग पुलिस थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, कार की तलाशी लेने पर हमें गाड़ी के अंदर नकदी, शराब की कई बोतलें और आम आदमी पार्टी के पर्चे मिले हैं।