LIVE

आज की ताजा खबर, 30 दिसंबर 2024: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, आज संभल जाएगा सपा प्रतिनिधि मंडल, पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज

आज की ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 30 दिसंबर 2024 और बड़ी खबरें: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated Dec 30, 2024, 18:05 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 30 दिसंबर 2024: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, आज संभल जाएगा सपा प्रतिनिधि मंडल, पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज

आज की ताजा खबर, 30 दिसंबर 2024: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, आज संभल जाएगा सपा प्रतिनिधि मंडल, पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 30 दिसंबर 2024 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन हो गया है। वो 100 साल के थे। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जाएगा। यहां पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्‍य जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा में जान गंवाने वाले मृतकों के परिवार से मुलाकात करेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार दोपहर 12 बजे संभल जाएगा। सपा नेता यहां पर संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में जान गंवाने वाले युवाओं के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान अखिलेश यादव की तरफ से पांच लाख रुपये के आर्थिक सहयोग के ऐलान की राशि भी सौंपी जाएगी। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती सहित 21 लोगों के खिलाफ पटना के गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर छात्रों को उकसाने और हंगामा कराने का आरोप है। प्राथमिकी में 21 नामजद और 600 से 700 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। दरअसल, बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70 वीं प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर रविवार को सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना के गांधी मैदान स्थित बापू की प्रतिमा के समक्ष इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लगे। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को गांधी मैदान में छात्र संसद लगाने का आह्वान किया था। इस प्रदर्शन में जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर भी शामिल हुए थे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

  • पटना : जन सुराज के प्रशांत किशोर सहित 21 नामजद और 600 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
  • संभल जाएगा सपा का प्रतिनिधिमंडल, मृतकों के परिवारों से करेंगे मुलाकात
  • पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, पांच गिरफ्तार
  • बालासाहेब ठाकरे के साथ शिवसेना के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका न‍िभाने वाले सतीशचंद्र प्रधान का न‍िधन

DEC 30, 2024 17:39 IST

उत्तराखंड में जनवरी 2025 से लागू होगी यूसीसी : सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि राज्य में जनवरी 2025 से 'समान नागरिक संहिता' (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि यूसीसी लागू करने की तैयारियां जारी हैं, जिसमें प्रशिक्षण, ऐप और अन्य संबंधित कार्य शामिल हैं।
DEC 30, 2024 17:04 IST

संजय सिंह ने भाजपा नेताओं पर मानहानि का मुकदमा करने की धमकी दी

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को कहा कि वह उनकी पत्नी के दिल्ली में मतदाता के तौर पर पंजीकृत न होने का दावा करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी और पार्टी के आईटी प्रकोष्ठ के प्रभारी अमित मालवीय के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। सिंह के इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कि भाजपा मतदाता सूची से उनकी पत्नी अनिता का नाम हटाने की कोशिश कर रही है, तिवारी और मालवीय ने दावा किया था कि ‘आप’ नेता और उनकी पत्नी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भले ही दिल्ली में अपना वोट डाला था, लेकिन अनिता सिंह की ओर से दायर एक हलफनामे के मुताबिक वह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मतदाता के तौर पर पंजीकृत हैं, जो दिल्ली में उनके वोट को ‘अमान्य’ और ‘अवैध’ बनाता है।
DEC 30, 2024 15:18 IST

ठेकेदार की आत्महत्या मामले में सीआईडी जांच करेगी

कर्नाटक सरकार ने ठेकेदार की आत्महत्या मामले में जांच का जिम्मा अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) को सौंप दिया है। राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को यह जानकारी दी। परमेश्वर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री प्रियंक खरगे के खिलाफ आरोप लगाया है। हमने मामला सीआईडी को सौंप दिया है।’’
DEC 30, 2024 14:47 IST

विधायक उमा थॉमस की हालत अभी भी गंभीर

केरल में त्रिक्कारा से कांग्रेस की विधायक उमा थॉमस की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें रविवार शाम जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की गैलरी से गिर जाने के कारण सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं हैं। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस बीच कोच्चि शहर पुलिस ने सोमवार को आयोजकों के खिलाफ कार्यक्रम के आयोजन में सुरक्षा चूक और सुरक्षा मानदंडों का पालन किए बिना मंच तैयार करने के आरोप में मामला दर्ज किया।
DEC 30, 2024 14:32 IST

प्रयागराज : ठंड से जन-जीवन प्रभावित

पहाड़ों पर हुई बारिश और बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, खासकर प्रयागराज में भी दिखाई देने लगा है। पिछले तीन दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण शहर में ठंड तेजी से बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज में लगातार बादल छाए रहने के कारण हवा में ठंडक बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट आ रही है। ऐसे में लोग घरों से बाहर निकलने से बचने लगे हैं और शाम होते ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है। लोग ज्यादातर घरों में रहना ही पसंद कर रहे हैं।
DEC 30, 2024 14:10 IST

जिमी कार्टर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ नौ जनवरी को होगा

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ नौ जनवरी को होगा। बाइडन ने नौ जनवरी को पूरे अमेरिका में राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया है। सबसे लंबे समय तक जीवित रहे पूर्व राष्ट्रपति कार्टर का रविवार को जॉर्जिया के प्लेन्स स्थित उनके घर पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे। बाइडन ने आदेश दिया कि रविवार से 30 दिन तक अमेरिकी ध्वज आधे झुके रहेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस, ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय समेत विश्व के कई नेताओं ने कार्टर के निधन पर शोक जताया है। गुतारेस ने विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय शांति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।
DEC 30, 2024 14:10 IST

पुलिसकर्मियों को धक्का देकर तस्कर फरार

बाराबंकी जिले में मार्फीन बरामदगी के बाद गिरफ्तार किया गया एक तस्कर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। इस मामले में एक दारोगा समेत दो पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने यहां बताया कि सुबेहा क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी असगर अली को पुलिस ने शनिवार देर रात रतौली अंडरपास के पास गिरफ्तार किया था। उसके पास से लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की 252 ग्राम मार्फीन बरामद की गयी थी। पुलिस ने उसे थाने लाकर हवालात में बंद कर दिया था।
DEC 30, 2024 14:09 IST

नोएडा में लुटेरी दुल्हन गिरोह की वांछित महिला गिरफ्तार

थाना सूरजपुर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गिरोह की वांछित महिला को दुल्हन बनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया है। इसके पति समेत चार लोगों को चार दिन पूर्व गिरफ्तार किया गया था। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि चार दिन पूर्व थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की शि कायत पर प्रदीप, आमिर, संतोष, और मालती को गिरफ्तार किया था।
DEC 30, 2024 14:09 IST

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ पूर्वी हिस्सों और पश्चिमी हिस्सों के कुछ स्थानों पर शीत दिन से अति शीत दिन दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, सोमवार की सुबह जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, सीकर में कोहरा दर्ज किया गया।
DEC 30, 2024 13:54 IST

गाजा में शिविरों में नारकीय जीवन जीने को मजबूर महिलाएं

इजराइल और हमास के बीच जारी जंग के चलते लाखों महिलाओं को शिविरों में शरण लेनी पड़ी है, लेकिन इन शिविरों में उनका जीवन किसी नरक से कम नहीं है। शिविरों के सामने मलमूत्र खुले में बह रहा है। बीमारियों के खतरे के बीच रह रहीं इन महिलाओं के पास माहवारी के दिनों से निपटने के लिए पर्याप्त साधन नहीं हैं। कपड़े बदलने के लिए परदेदारी वाला एक कोना तक ढूंढना मुश्किल है। शिविरों में लोगों की भीड़ के बीच महिलाओं को गरिमा के साथ जीने के वास्ते रोजाना संघर्ष करना पड़ता है।
DEC 30, 2024 10:43 IST

पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोकशी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद में पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ में गोकशी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। थाना टीला मोड़ पुलिस की फरुखनगर रोड पर पीपल तिराहा के पास चेकिंग कर रही है। इस दौरान टीम को एक होंडा सिटी कार टीला मोड़ की तरफ से तेजी से आती दिखाई दी, जिसको उन्होंने रूकने का इशारा किया। कार सवार लोगों पुलिस को देखकर गाड़ी को तेजी से बाएं तरफ राजपुर गांव की तरफ मुड़कर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया। तभी राजपुर गांव की ओर मोड़ पर आरोपियों की कार पेड़ से टकरा गई।
DEC 30, 2024 10:37 IST

×दक्षिणी अमेरिका में आए तूफान में चार लोगों की मौत

दक्षिणी अमेरिका में सप्ताहांत में आए शक्तिशाली तूफान के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मौसम विज्ञानी ब्रायन हर्ले ने बताया कि टेक्सास, लुइसियाना, मिसिसिपी, अलबामा और जॉर्जिया में तूफान से होने वाली क्षति की कम से कम 45 रिपोर्ट हैं। उन्होंने बताया कि टीमें नुकसान का सर्वेक्षण करेंगी।
DEC 30, 2024 10:36 IST

नेतन्याहू की प्रोस्टेट सर्जरी सफल रही

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की रविवार को प्रोस्टेट की सर्जरी सफल रही जिसे सफलतापूर्वक हटा दिया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नेतन्याहू की यह सर्जरी ऐसे वक्त में हुई है जब वह गाजा में युद्ध और भ्रष्टाचार के आरोपों में अपने खिलाफ सुनवाई सहित कई संकटों का सामना कर रहे हैं। हाल के समय में नेतन्याहू ने स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना किया और हालांकि सत्ता में अपने 17 साल के कार्यकाल में उन्होंने एक स्वस्थ एवं ऊर्जावान नेता के तौर पर अपनी सार्वजनिक छवि बनाए रखने का भरपूर प्रयास किया।
DEC 30, 2024 08:40 IST

सिख समुदाय के लोगों ने वीर साहिबजादे बलिदान दिवस मनाया

अमेरिका की सिलिकॉन वैली में सिख और हिंदू समुदाय के लोगों ने ‘वीर साहिबजादे बलिदान दिवस’ मनाया, जो सिखों के 10वें गुरु-गुरु गोबिंद सिंह के चार बेटों की शहादत की याद में मनाया जाता है। यह स्मरणोत्सव 26 दिसंबर को कैलिफोर्निया के ग्रेटर सैक्रामेंटो के जैन सेंटर में मनाया गया। इसकी शुरुआत अरदास से हुई, जिसके बाद बच्चों ने अपनी साझा सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का जश्न मनाते हुए मंच पर प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं। एल्क ग्रोव के मेयर बॉबी सिंह-एलन ने कहा, "यह हमारे समुदायों के लिए एक-दूसरे से सीखने का सार्थक अवसर हैं। मैं एकता, विश्वास और भाईचारे को बढ़ावा देने वाले निरंतर सहयोग की आशा करता हूं।"
DEC 30, 2024 08:39 IST

ट्रैक्टर और टेम्पो के बीच टक्कर होने से दो लोगों की मौत

हरदोई जिले में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से टेम्पो सवार दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बिलग्राम के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रवि प्रकाश सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम परसोला गांव के पास हरदोई-कन्नौज मार्ग के शाहपुर मोड़ पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर और टेम्पो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए। घटना में टेम्पो सवार अफसर (40) और रामबक्स (33) की मौत हो गई। हादसे में घायल चार अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
DEC 30, 2024 07:58 IST

शीर्षक्रम के फ्लॉप शो के बाद भारत हार की कगार पर

कप्तान रोहित शर्मा की अति रक्षात्मक शैली और आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर विराट कोहली की कमजोरी के चलते भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन सोमवार को लंच तक तीन विकेट 33 रन पर गंवा दिये । रोहित ने 40 गेंद में नौ रन बनाये और टेस्ट मैचों में दसवीं बार आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का शिकार हुए । वहीं कोहली (29 गेंद में पांच रन) एक बार फिर कवर ड्राइव खेलने की ललक पर काबू नहीं रख सके और मिचेल स्टार्क की गेंद पर पहली स्लिप में कैच दे बैठे । वहीं केएल राहुल को खाता भी नहीं खोल पाये । लंच के समय यशस्वी जायसवाल 83 गेंद में 14 रन बनाकर खेल रहे थे ।
DEC 30, 2024 07:28 IST

इजराइली हवाई हमले में 11 लोग मारे गए

सीरिया की राजधानी दमिश्क के बाहरी इलाके में इजराइली हवाई हमले में 11 लोगों की मौत हो गई। एक युद्ध निगरानी संस्था ने यह जानकारी दी। इजराइल पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से बेदखल होने के बाद भी सीरियाई हथियारों और सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है। ब्रिटेन के निगरानी समूह ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने कहा कि हवाई हमले में राजधानी के उत्तर-पूर्व में औद्योगिक शहर अद्रा के निकट असद की सेना के हथियार डिपो को निशाना बनाया गया।
DEC 30, 2024 06:55 IST

महाकुम्भ में आने वाले ढाई करोड़ श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना

प्रयागराज में अगले साल होने वाले महाकुम्भ में श्रद्धा की डुबकी लगाने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के वास्ते पहुंचने की संभावना है। अयोध्या नगर निगम के अनुसार 13 जनवरी से 12 फरवरी के बीच करीब ढाई करोड़ श्रद्धालुओं के शहर में आने की संभावना है। नगर निगम के अधिकारियों को नववर्ष के दिन अयोध्या में करीब तीन से पांच लाख श्रद्धालुओं के आने की भी उम्मीद है।
DEC 30, 2024 06:21 IST

भाजपा ने महापौर की सभी 11 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्थानीय निकाय चुनावों में महापौर की सभी 11 सीट के लिए रविवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने पहले छह सीट के लिए और फिर शेष पांच सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। हरिद्वार में महापौर पद के लिए किरण जैसल, श्रीनगर में आशा उपाध्याय, कोटद्वार में शैलेंद्र रावत, पिथौरागढ़ में कल्पना देवलाल, अल्मोड़ा में अजय वर्मा और रुद्रपुर के वास्ते विकास शर्मा को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
DEC 30, 2024 06:21 IST

विदेश मंत्री जयशंकर कतर की तीन-दिवसीय यात्रा पर जाएंगे

विदेश मंत्री एस. जयशंकर सोमवार को कतर की तीन-दिवसीय यात्रा पर जाएंगे, जहां वह व्यापार, निवेश, ऊर्जा और सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि जयशंकर कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी से मुलाकात करेंगे।