LIVE

आज की ताजा खबर: पाकिस्तान ने फिर आधी रात एलओसी पर की गोलीबारी...; जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार

आज की ताजा खबर: पाकिस्तान ने फिर आधी रात एलओसी पर की गोलीबारी...; जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार

आज की ताजा खबर: पाकिस्तान ने फिर आधी रात एलओसी पर की गोलीबारी...; जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार

  • कोलकाता के मछुआ बाजार होटल में आग लगने से 14 की मौत
  • विशाखापत्तनम में 20 फुट लंबा ढांचा ढहने से 7 की मौत
  • विदेश मंत्री जयशंकर ने यूएनएससी के सात अस्थायी सदस्यों से बातचीत की
  • पहलगाम हमला: भारत-पाक तनाव के बीच ब्रिटेन ने शांति की अपील की

Apr 30, 2025 | 05:20 PM IST

जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार

Caste Census: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार सरकार जाति जनगणना कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक के बाद इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ''राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति ने आगामी जनगणना में जाति गणना को शामिल करने का फैसला किया है।''
Apr 30, 2025 | 02:01 PM IST

पाकिस्तान से तनाव के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक तनाव के बीच केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड (National Security Advisory Board) में फेरबदल किया है। रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख आलोक जोशी को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड (NSAB) का प्रमुख नियुक्त किया गया है। बोर्ड में छह और सदस्यों को भी शामिल किया गया है। सदस्यों में पूर्व पश्चिमी एयर कमांडर एयर मार्शल पी.एम. सिन्हा, पूर्व दक्षिणी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. सिंह और रियर एडमिरल मोंटी खन्ना शामिल हैं, ये सभी सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी हैं। इसमें भारतीय पुलिस सेवा के दो सेवानिवृत्त सदस्य राजीव रंजन वर्मा और मनमोहन सिंह भी हैं। बी वेंकटेश वर्मा सात सदस्यीय बोर्ड में सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी हैं।
Apr 30, 2025 | 01:12 PM IST

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती मुंबई पुलिस आयुक्त नियुक्त

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। भारती शाम को विवेक फणसालकर से मुंबई के शीर्ष पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभालेंगे। फणसालकर 35 साल तक पुलिस बल की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने भारती की नियुक्ति के बारे में आदेश जारी किया, लेकिन इस पद को घटाकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) रैंक का कर दिया। मुंबई पुलिस आयुक्त का पद एडीजीपी रैंक का होता है, लेकिन हाल में कुछ नियुक्तियों में इसे महानिदेशक (डीजी) रैंक में अद्यतन किया गया था। वर्ष 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी भारती वर्तमान में मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त हैं।
Apr 30, 2025 | 12:37 PM IST

एसीबी ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया

भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने दिल्ली सरकार के स्कूलों में 12,748 कक्षाओं के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एसीबी ने एक बयान में कहा कि यह घोटाला करीब 2,000 करोड़ रुपये का है और इसमें अत्यधिक बढ़ी हुई दरों पर ठेके दिए गए थे। बयान के अनुसार, कथित तौर पर प्रत्येक कक्षा का निर्माण 24.86 लाख रुपये में किया गया, जो सामान्य लागत से लगभग पांच गुना अधिक है। बयान के मुताबिक, यह कार्य कथित तौर पर आप से जुड़े ठेकेदारों को सौंपा गया था।
Apr 30, 2025 | 12:33 PM IST

गुरुग्राम : झुग्गियों में लगी आग, करीब 40 झुग्गी जलकर खाक

गुरुग्राम के सेक्टर 102 में झुग्गियों में आग लग गई। इस हादसे में कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। मौके पर अग्निशमन विभाग के अधिकारी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। इस आग की जद में आकर 40 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा, कई कबाड़ भी जल गए। हालांकि, किसी जनहानि की सूचना नहीं है। फायर ऑफिसर नरेंद्र यादव ने इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हमें बुधवार तड़के 3:30 बजे भीम नगर फायर स्टेशन में यह सूचना दी गई थी कि सेक्टर 102 की झुग्गियों में आग लग गई। हमें जैसे ही इस बारे में सूचना मिली, तो हमने बिना समय गंवाए कई गाड़ियों को मौके पर भेजा। इसके बाद हमने गुरुग्राम के सभी फायर स्टेशनों से गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा।
Apr 30, 2025 | 12:07 PM IST

यमन में हूती विद्रोहियों पर ब्रिटेन-अमेरिका का संयुक्त हवाई हमला

ब्रिटेन और अमेरिका ने यमन के हूती विद्रोहियों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह पहली बार है जब अमेरिका के नए अभियान 'ऑपरेशन रफ राइडर' में ब्रिटेन की सेना ने सक्रिय भागीदारी की है। यह अभियान 15 मार्च से जारी है, जिसके तहत अब तक 800 से अधिक हमले किए जा चुके हैं। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला यमन की राजधानी सना के दक्षिण में स्थित इमारतों पर किया गया, जहां हूती विद्रोही ड्रोन तैयार करते थे। इन ड्रोन का इस्तेमाल लाल सागर और अदन की खाड़ी में हवाई हमला करने के लिए किया जाता था। मंत्रालय ने बताया कि हमला रात के अंधेरे में किया गया ताकि आम नागरिकों की मौजूदगी की आशंका कम रहे। हालांकि, ब्रिटेन ने अभी तक इस हमले में हुई क्षति या संभावित हताहतों की जानकारी नहीं दी है।
Apr 30, 2025 | 12:05 PM IST

न्यूजीलैंड में 6.2 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

न्यूजीलैंड के पश्चिमी तट पर मंगलवार देर रात 6.2 तीव्रता का भूकंप आया, हालांकि अधिकारियों ने किसी प्रकार की क्षति की जानकारी नहीं दी है और न ही सुनामी की कोई चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण का कहना है कि भूकंप स्थानीय समयानुसार रात एक बजे के कुछ समय बाद ही आया। इसका केंद्र न्यूजीलैंड के इन्वरकार्गिल शहर से 300 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और समुद्र में सतह से 10 किलोमीटर नीचे था। न्यूजीलैंड की भूगर्भीय विज्ञान एजेंसी के अनुसार, न्यूजीलैंड में भूकंप महसूस नहीं किया गया।
Apr 30, 2025 | 10:51 AM IST

राहुल गांधी की अमेठी यात्रा से पहले विवादित पोस्टर सामने आया

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बुधवार को अमेठी दौरे से पहले कांग्रेस कार्यालय और स्थानीय बस स्टैंड सहित समूचे अमेठी में कई स्थानों पर विवादित पोस्टर लगाए गए हैं जिसमें ‘‘आतंक का साथी राहुल गांधी’’ लिखा गया है। किसी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस तैनात किए जाने के बावजूद विवादित पोस्टर सामने आने से राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है।
कांग्रेस नेता के अमेठी पहुंचने से पहले अमेठी कांग्रेस कार्यालय, बस अड्डा सहित कई स्थानों पर उनके खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें ‘‘आतंक का साथी राहुल गांधी’’ लिखा है। पोस्टर किसने लगाया, फिलहाल इसका उल्लेख नहीं है। जानकर सूत्रों के मुताबिक पुलिस की कड़ी चौकसी के बावजूद राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए गए। अधिकारी के अनुसार, पुलिस ऐसी सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सतर्क थी, फिर भी इस तरह के विवादित पोस्टर देखने को मिले हैं।
Apr 30, 2025 | 10:41 AM IST

पहलगाम हमले में नया खुलासा, आतंकी फारुख अहमद ने तैयार किया OGW का नेटवर्क

Pahalgam Attack Update: पहलगाम हमले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही रोज नए खुलासे हो रहे हैं। एनआईए सूत्रों के मुताबिक पहलगाम आतंकी हमले में आतंकी फारुख अहमद का नाम सामने आया है। इसने पहलगाम हमले के लिए ओवरग्राउंड वर्करों का नेटवर्क तैयार किया जिन्होंने हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों की मदद की। फारुख लश्कर का टाप कमांडर है और पीओके में छुपा बैठा है। पिछले दो सालों में इसी आतंकी के ओवरग्राउंड वर्कर की मदद से कई आतंकी हमले अंजाम दिए गए। सबसे कायराना पहलगाम आतंकी हमला है। पाकिस्तान के तीन सेक्टरों से ये कश्मीर में घुसपैठ कराता है। इसके पास घाटी के पहाड़ी रास्तों की बहुत अच्छी जानकारी है। कुपवाड़ा के रहनेवाले इस आतंकी का घर कुछ दिनों पहले सुरक्षाबलों ने जमींदोज किया था।
Apr 30, 2025 | 10:28 AM IST

अमेरिका ने किया भारत, पाकिस्तान से तनाव बढ़ाने से बचने का आग्रह

भारत और पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने दोनों देशों से ‘‘संघर्ष को और नहीं बढ़ाने’’ का आग्रह किया है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस संबंध में ‘‘आज या कल’’ दोनों देशों के विदेश मंत्रियों से बात करने वाले हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि वाशिंगटन ‘‘कश्मीर की स्थिति के बारे में’’ भारत और पाकिस्तान दोनों से संपर्क कर रहा है और उनसे तनाव नहीं बढ़ाने का अनुरोध कर रहा है। ब्रूस ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो के आज या कल पाकिस्तान और भारत के विदेश मंत्रियों से बात करने की उम्मीद है। वह अन्य देशों के नेताओं और विदेश मंत्रियों को इस मुद्दे पर देशों (भारत-पाकिस्तान) से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
Apr 30, 2025 | 10:14 AM IST

मायावती की अपील- पहलगाम हमले पर सरकार का साथ दें सभी दल, कांग्रेस और सपा पर भड़कीं

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने बुधवार को पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर राजनीतिक एकता का आह्वान किया और सभी दलों से राजनीतिक लाभ उठाने के बजाय सरकार के कदमों का समर्थन करने की अपील की। इसी के साथ उन्होंने डॉ. बीआर अंबेडकर का नाम का गलत इस्तेमाल करने के मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी लताड़ा। मायावती ने कहा कि इसके विरोध में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में उठाए गए हर कदम पर सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए। यह भड़काऊ पोस्टर या तुच्छ राजनीति के उद्देश्य से बयानबाजी का समय नहीं है, क्योंकि ऐसी हरकतें जनता में भ्रम पैदा कर रही हैं, जो राष्ट्रहित में नहीं है।
Apr 30, 2025 | 09:39 AM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने समाज सुधारक बसव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12वीं सदी के प्रतिष्ठित समाज सुधारक, दार्शनिक एवं प्रशासक बसव को उनकी जयंती पर बुधवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बसव जयंती के पावन अवसर पर हम जगद्गुरु बसवेश्वर के गहन ज्ञान को याद करते हैं। समाज के लिए उनका दृष्टिकोण और हाशिए पर पड़े लोगों के उत्थान के लिए उनके अथक प्रयास हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।’’ प्रधानमंत्री ने अक्षय तृतीया के अवसर पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प को नयी ताकत प्रदान करे।
Apr 30, 2025 | 09:38 AM IST

मंदिर में दीवार गिरने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 25 लाख रुपये

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मंदिर में दीवार गिरने की घटना में मारे गए लोगों के परिजन को 25 लाख रुपये और घायलों को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
Apr 30, 2025 | 09:27 AM IST

गाजियाबाद : पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ वांछित बदमाश बिलाल, कई संगीन मामलों में था फरार

गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के कुडिया गढ़ी अंडरपास के पास मंगलवार सुबह एक पुलिस मुठभेड़ में एक वांछित बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान बिलाल, निवासी किले वाली मस्जिद, डासना, थाना वेव सिटी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बिलाल पर गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में करीब दो दर्जन संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Apr 30, 2025 | 09:02 AM IST

आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम के परिजनों से आज मिलेंगे राहुल गांधी

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी के परिजनों से आज राहुल गांधी मिलेंगे। इस दौरान वह उनके परिजनों से मिलकर दुख व्यक्त करेंगे। राहुल गांधी के साथ प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण संदीप शुक्ला ने बताया कि सांसद और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज 3:30 पर कानपुर विमान से आ रहे हैं। इस दौरान वह पहलगाम में जान गंवाने वाले शुभम के घर जाएंगे। उनके परिजनों से मुलाकात करके सांत्वना और श्रद्धांजलि देंगे। करीब आधे घंटे वहां उनका रुकने का कार्यक्रम संभावित है। इसके बाद उनकी वापसी है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। उनके आने की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि वह विशेष विमान से रायबरेली से कानपुर पहुंचेंगे। यहां से ही वह सीधे शुभम द्विवेदी के घर जाएंगे। एयरपोर्ट पर कुछ कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे। फिर उनकी दिल्ली वापसी भी कानपुर चकेरी से होगी।
Apr 30, 2025 | 08:28 AM IST

उत्तर कोरिया ने लॉन्च किए गए विध्वंसक पोत से मिसाइलों का परीक्षण किया

उत्तर कोरिया ने बुधवार को कहा कि नेता किम जोंग उन ने नए लॉन्च किए गए विध्वंसक पोत से मिसाइलों का पहला परीक्षण देखा और अपनी नौसेना की परमाणु हमला क्षमताओं को बढ़ाने के प्रयासों में तेजी लाने का आह्वान किया। उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह 5,000 टन के युद्धपोत का अनावरण किया, जो उसके युद्धपोत उद्योग में निर्मित सबसे शक्तिशाली हथियारों से लैस है। किम ने कहा कि यह उनकी परमाणु-सशस्त्र सेना की परिचालन सीमा और पूर्वव्यापी हमला क्षमताओं का विस्तार करने के उनके लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।
Apr 30, 2025 | 07:30 AM IST

पाकिस्तान ने फिर आधी रात एलओसी पर की गोलीबारी

Firing Across LoC: पहलगाम आतंकी हमले के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर आधी रात एलओसी पर गोलीबारी की है। इसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना ने कहा कि 29-30 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू और कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश में नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना के जवानों ने तेजी से और उचित तरीके से जवाब दिया।
Apr 30, 2025 | 07:30 AM IST

पाकिस्तान के मंत्री को सता रहा डर, कहा- अगले 36 घंटे में भारत कर देगा हमला

पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के एक और मंत्री को भारत के हमले का डर सता रहा है। मंत्री को डर सता रहा है कि अगले 36 घंटे में भारत, पाकिस्तान पर हमला कर देगा। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बुधवार सुबह दावा किया कि देश को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली है, जो संकेत देती है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर सैन्य हमला कर सकता है।
Apr 30, 2025 | 06:44 AM IST

पहलगाम हमला: भारत-पाक तनाव के बीच ब्रिटेन ने शांति की अपील की

पहलगाम में हुए "भीषण आतंकवादी हमले" के बाद क्षेत्र में बढ़े तनाव के बीच ब्रिटेन सरकार ने भारत और पाकिस्तान से शांति व बातचीत का आह्वान किया। यह मुद्दा मंगलवार को संसद में उठाया गया था। विदेश कार्यालय मंत्री हामिश फाल्कनर ने ब्रिटिश सिख लेबर सांसद गुरिंदर सिंह जोसन द्वारा ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में पेश किए गए एक प्रश्न का जवाब दिया, जिन्हें अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने में भारत का समर्थन करने में ब्रिटेन की भूमिका के बारे में पूछा था। उन्होंने इस मुद्दे पर ब्रिटेन में भारतीयों और पाकिस्तानियों के एक-दूसरे के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर भी चिंता जताई।
Apr 30, 2025 | 06:44 AM IST

हिंदुओं को आत्मरक्षा के लिए घर में तलवारें और चाकू रखने चाहिए: आरएसएस नेता

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता के. प्रभाकर भट ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले का हवाला देते हुए सुझाव दिया कि "हिंदुओं को आत्मरक्षा के लिए घर में तलवार और चाकू रखने चाहिए। केरल के कासरगोड जिले के मंजेश्वर के वर्कडी में सोमवार को एक कार्यक्रम में भट ने कहा, "हर हिंदू के घर में तलवार होनी चाहिए। अगर पहलगाम हमले के दौरान हिंदुओं ने तलवार दिखाई होती, तो वह काफी होता। उन्होंने महिलाओं से भी आग्रह किया कि वे अपने बैग में सामान्य सामान के साथ चाकू भी रखें। आरएसएस नेता ने दावा किया कि छह इंच का चाकू रखने के लिए 'लाइसेंस' की आवश्यकता नहीं है।
Apr 30, 2025 | 06:44 AM IST

विदेश मंत्री जयशंकर ने यूएनएससी के सात अस्थायी सदस्यों से बातचीत की

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के सात अस्थायी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों से सोमवार को बात की। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्लोवेनिया, पनामा, अल्जीरिया और गुयाना के अपने समकक्षों के साथ मंगलवार को फोन पर अलग-अलग बातचीत के दौरान पहलगाम आतंकवादी हमले पर चर्चा की। अन्य अस्थायी सदस्य देशों में डेनमार्क, पाकिस्तान और कोरिया गणराज्य शामिल हैं। विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से भी फोन पर बात की और इस हमले के "अपराधियों, योजनाकारों व समर्थकों" को न्याय के कटघरे में लाने की बात कही। जयशंकर ने गुतारेस के साथ बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर लिखा, पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की स्पष्ट निंदा करने के लिए उनकी सराहना करता हूं।
Apr 30, 2025 | 06:43 AM IST

विशाखापत्तनम में 20 फुट लंबा ढांचा ढहने से 7 की मौत

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में श्री वराहालक्ष्मी नरसिंह स्वामी मंदिर में चंदनोत्सव के दौरान 20 फुट लंबे ढांचे का हिस्सा ढहने से सात लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। आंध्र प्रदेश के गृह मंत्री और आपदा प्रबंधन वंगालापुडी अनिता भी मौके पर मौजूद हैं।
Apr 30, 2025 | 06:43 AM IST

कोलकाता के होटल में आग लगने से 14 की मौत

बीती रात कोलकाता के मछुआ बाज़ार के फलपट्टी स्थित ऋतुराज होटल में आग लगने की वजह से अब तक 14 लोगो की मौत हुई हैं। देर रात 3 बजे आग बुझाने का काम समाप्त हुआ और कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने औपचारिक तौर पर बताया कि अब तक 14 लोगो की जान गई है। एक शख्श की खुद को बचाने के लिए ऊपर से कूदने की वजह से गई, बाकी 13 लोगो की मौत आग में झुलसने और दम घुटने से हुई।

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited