LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 3 जून 2024: जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो आतंकवादी ढेर, भारत ने लोकसभा चुनावों में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 64.2 करोड़ वोटर्स ने किया मतदान

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 4, 2024, 10:23 IST
Follow on Google News
LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 3 जून 2024

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 3 जून 2024: जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो आतंकवादी ढेर, भारत ने लोकसभा चुनावों में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 64.2 करोड़ वोटर्स ने किया मतदान

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 3 जून 2024 और बड़ी खबरें : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। लोकसभा चुनाव 2024 नतीजों से पहले चुनाव आयोग ने आज अहम प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान चुनाव आयोग ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हम लापता नहीं, यही हैं और हर जगह मौजूद हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा है कि 100 से ज्यादा प्रेस नोट, एडवाइजरी जारी हुए। चुनाव आयोग लापता नहीं था, हम हमेशा काम करते रहे। बता दें, भारत ने लोकसभा चुनावों में 31.2 करोड़ महिलाओं सहित 64.2 करोड़ मतदाताओं के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया। मध्य प्रदेश के राजगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है। यहां रविवार रात ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई, वहीं करीब 15 लोग इस हादसे में घायल भी हुए हैं। वहीं, लोकसभा चुनाव की बात करें तो 4 जून को होने वाली मतगणना से पहले चुनाव आयोग आज 12:30 बजे अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। उम्मीद लगाई जा रही है कि इस दौरान चुनाव आयोग महत्वपूर्ण आंकड़े देश के सामने रख सकता है। वहीं, दिल्ली में बरकरार जल संकट पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है, यह मामला दिल्ली सरकार की ओर से उच्चतम अदालत में ले जाया गया है। वहीं, जापान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...

Lok Sabha Election Result 2024 Date Timing in Hindi


JUN 03, 2024 22:14 IST

मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय का दावा, बदल सकता है मौसम का मिजाज

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का सितम जारी है। तपती गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की वजह से लोग हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं। इसकी वजह देश में कई लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी है। हर कोई बस इसका इंतजार है कि आखिर मौसम कब बदलेगा, कब बारिश होगी।
JUN 03, 2024 21:52 IST

इंडिया गठबंधन को देश में मिलेगी 295 से अधिक सीट : तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि हम लोग चुनाव जीत रहे हैं। इंडिया गठबंधन को देशभर में 295 से अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हम लोग जहां भी प्रचार किए हैं, 45 डिग्री में 49 डिग्री तापमान में, लोग धूप में खड़े रहे। लोगों का जज्बात बताता है कि हम लोग चुनाव जीत रहे हैं। सभी नेताओं से हमारी बात हो रही है, सभी जगह से अच्छा फीडबैक आ रहा है।
JUN 03, 2024 20:55 IST

नरेंद्र मोदी के तीसरी बार पीएम बनने के लिए इकबाल अंसारी ने मांगी दुआ

लोकसभा चुनाव के नतीजे आने में कुछ समय शेष रह गया है। चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किए जाएंगे। एक तरफ जहां चुनाव के दौरान विपक्षी दल धर्म और जाति के मुद्दे उठाते रहे। वहीं, अयोध्या ने एक बार फिर हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया है। दरअसल, नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने अल्लाह से दुआ मांगी। वहीं, तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य ने मंत्रों का जाप किया।
JUN 03, 2024 20:53 IST

पाक पुलिस ने पंजाब प्रांत से गिरफ्तार किए 44 आतंकवादी

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने अहम सरकारी प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों पर हमला करने की योजना बना रहे आतंकवादी समूह आईएसआईएस, अल कायदा और टीटीपी के 44 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के अनुसार, संदिग्ध आतंकवादियों को पिछले महीने प्रांत के विभिन्न हिस्सों से संयुक्त खुफिया अभियानों के दौरान गिरफ्तार किया गया है। सीटीडी ने कहा कि उसने पंजाब के विभिन्न शहरों में खुफिया जानकारी पर आधारित 794 अभियान चलाए और इस दौरान प्रतिबंधित संगठन आईएसआईएस, अल-कायदा, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और लश्कर-ए-झांगवी से जुड़े 44 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया।
JUN 03, 2024 20:33 IST

भाजपा बुरी तरह हार रही, एग्जिट पोल महा झूठ, इसे भाजपा ने बनाया : सोमनाथ भारती

नई दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने एग्जिट पोल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लोकसभा की कुल दस सीटें हैं। लेकिन, एग्जिट पोल में 19 सीटें दिखाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में चिराग पासवान की पार्टी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन एग्जिट पोल में उन्हें 6 सीट मिलती हुई दिखाई जा रही है। तमिलनाडु में 34-35 प्रतिशत वोट शेयर भाजपा का बताया जा रहा है, ये सब हास्यास्पद है।
JUN 03, 2024 20:16 IST

म्यांमा में भारतीय दूतावास ने फर्जी नौकरी की पेशकश को लेकर आगाह किया

म्यांमा स्थित भारतीय दूतावास ने पड़ोसी देश में नौकरी की चाह रखने वाले भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है ताकि वे फर्जी या गैर कानूनी नौकरी के झांसे में नहीं फसें।दूतावास की ओर से जारी परामर्श में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोह म्यांमा-थाईलैंड की सीमा स्थित म्यावाड्डी इलाके में सक्रिय हैं। साथ ही भारतीयों से इलाके से नौकरी की आने वाली पेशकश को स्वीकार करने से पहले सतर्क रहने को कहा गया। दूतावास ने कहा, ‘‘हम इस विषय पर अपनी सलाह का पालन करने के महत्व पर पुनः जोर देना चाहेंगे कि संबंधित भारतीय दूतावास से परामर्श किए बिना ऐसी किसी भी नौकरी की पेशकश स्वीकार न करें।’’
JUN 03, 2024 20:15 IST

निर्वाचन आयोग ‘पंगु' बन गया है: कांग्रेस नेता डोटासरा का आरोप

राजस्थान में लोकसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग एक तरह से 'पंगु' हो गया है।उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग भाजपा और मोदी सरकार से पूरी तरह से घिर चुका है। डोटासरा ने यहां मीडिया से कहा,‘‘यह आम चुनाव बहुत अहम है.. अहम इसलिये है कि पूरी तरीके से निर्वाचन आयोग को भाजपा और मोदी सरकार ने घेरे में ले रखा है.. दबाव बना रखा है।’’
JUN 03, 2024 19:38 IST

जनता की आवाज भाजपा के खिलाफ: गहलोत

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एवं 'इंडिया' गठबंधन की जीत होना देशहित में है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ है। लोकसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले गहलोत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से समय पर मतगणना स्थल पर पहुंचने व आखिरी वोट की गिनती होने तक ‘काउंटिंग टेबल’ को ना छोड़ने की अपील की। गहलोत ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा,‘‘एग्जिट पोल से केवल भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया गया है जबकि हम सबने जनता के बीच जाकर उनकी आवाज सुनी है जो भाजपा के खिलाफ है।’’
JUN 03, 2024 19:38 IST

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में क्रिकेट खेलते समय एक व्यक्ति की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मैदान में क्रिकेट खेलते समय 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। काशीगांव थाने के एक अधिकारी ने कहा कि रविवार दोपहर मुंबई के बाहरी इलाके में कश्मीरिया क्षेत्र में स्थानीय टीमों के बीच एक मैदान में क्रिकेट मैच के दौरान रामकृष्णन थेवर नामक व्यक्ति बल्लेबाजी कर रहा था। उन्होंने बताया कि गेंद को जोर से मारने के बाद थेवर अचानक जमीन पर गिर पड़े और लोग उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
JUN 03, 2024 18:54 IST

बिहार में मतगणना से पहले भगवान की शरण में पहुंचे प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव के बाद अब सबकी नजर मंगलवार को होने वाली मतगणना पर है। मतगणना को लेकर सभी प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई है। सभी प्रत्याशी मतगणना को लेकर अपने लोकसभा क्षेत्र में पहुंच रहे हैं।ऐसे में मतगणना के परिणाम आने से पहले लोजपा (रामविलास) के सभी पांच प्रत्याशी भगवान की शरण में पहुंचे और अपने आराध्य का आशीर्वाद लिया। जमुई से एनडीए के उम्मीदवार अरुण भारती, खगड़िया से राजेश वर्मा, समस्तीपुर से शांभवी चौधरी और वैशाली से वीणा देवी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ पटना के खगौल स्थित मंदिर पहुंचे और भगवान महादेव का रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर सभी प्रत्याशियों ने मां दुर्गा की आराधना की और आशीर्वाद मांगा।
JUN 03, 2024 18:04 IST

भाजपा ने मतगणना की तैयारी और जीत के जश्न को लेकर बनाई देशव्यापी योजना

लोकसभा चुनाव के सात चरणों के दौरान डाले गए मतों की गिनती मंगलवार को होनी है। इससे पहले भाजपा खेमे ने 4 जून को होने वाली मतगणना और जीत के जश्न को मनाने को लेकर देशव्यापी योजना तैयार कर ली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर अहम बैठक हुई। इसमें जेपी नड्डा एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के नेताओं के साथ बैठक कर इन तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। दोनों ने पार्टी नेताओं को इसे लेकर कई अहम दिशा-निर्देश भी दिए। जेपी नड्डा के आवास पर हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और लोकसभा चुनाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
JUN 03, 2024 17:40 IST

एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगाया जाए : आप नेता संजय सिंह

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने देश में एग्जिट पोल पर पूरी तरह से रोक लगाने की मांग करते हुए सोमवार को दावा किया कि यह कई बार गलत साबित हुआ है। टेलीविजन चैनलों पर शनिवार को प्रसारित कई एग्जिट पोल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। साथ ही लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है।
JUN 03, 2024 17:37 IST

एनएचएआई ने टोल शुल्क पांच प्रतिशत बढ़ाया, नई दरें लागू

देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों को अब बढ़ी हुई दर के साथ टोल चुकाना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोमवार से टोल शुल्क में औसतन पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। एनएचएआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि टोल शुल्क में यह बढ़ोतरी प्राधिकरण की सालाना प्रक्रिया का हिस्सा है। इस प्रक्रिया के तहत एनएचएआई कई मापदंडों को ध्यान में रखते हुए टोल की नई दरों की गणना करता है।
JUN 03, 2024 17:36 IST

ताज एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग

दक्षिण-पूर्व दिल्ली के सरिता विहार इलाके में सोमवार को ताज एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हमें अपराह्न चार बजकर 24 मिनट पर ताज एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली। आग बुझाने के लिए दमकल के आठ वाहनों को मौके पर भेजा गया है और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।’’
JUN 03, 2024 17:36 IST

लोकसभा चुनाव में जाति, धर्म के आधार पर ध्रुवीकरण देखने को मिला : विशेषज्ञ

लोकसभा चुनाव के नतीजों का बेसब्री से इंतजार हो रहा है और इस बीच, राजनीतिक विश्लेषकों ने कहा है कि इस साल का चुनाव ‘‘सबसे अधिक ध्रुवीकरण वाले चुनावों में एक’’ है जिसमें विभिन्न दलों ने वोट हासिल करने के लिए ‘‘जाति और धर्म’’ का जमकर इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का जोर विभिन्न पिछड़ी जातियों को हिंदुत्व के खेमे में एकीकृत करने पर रहा, तो वहीं दूसरी ओर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने सत्ता में आने पर जातिगत सर्वेक्षण कराने का वादा कर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के वोट हासिल करने की कोशिश की। चुनाव सुधारों पर काम करने वाले गैर लाभकारी संगठन ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) के सह-संस्थापक जगदीप छोकर ने कहा कि यह चुनाव अब तक के सबसे अधिक ध्रुवीकृत चुनावों में से एक है।
JUN 03, 2024 17:35 IST

अखिलेश यादव ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया और दावा किया कि एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियां सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं। चार जून को होने वाली मतगणना से पहले एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, ‘‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की जीत, देश और जनता की जीत होगी।’’
JUN 03, 2024 17:34 IST

पुलवामा में मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में निहामा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चला दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
JUN 03, 2024 17:33 IST

मतगणना के लिए कांग्रेस मुख्यालय में तैयारियां जोरों पर

लोकसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में तैयारियां जोरों पर हैं। पार्टी मुख्यालय ‘24 अकबर’ रोड के परिसर में टेंट लगाया गया है। वहां कूलर की व्यवस्था भी की गई है। कांग्रेस समर्थक पार्टी की इन तैयारियों को ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत की स्थिति में जश्न की तैयारी के रूप में देख रहे हैं। मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से आरंभ होगी।
JUN 03, 2024 17:07 IST

ब्रह्मोस एयरोस्पेस के पूर्व इंजीनियर निशांत अग्रवाल को उम्रकैद

ब्रह्मोस एयरोस्पेस के पूर्व इंजीनियर निशांत अग्रवाल को 2018 में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को ब्रह्मोस मिसाइल के बारे में जानकारी लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 03, 2024 16:25 IST

इंडिया' गठबंधन 295 सीट जीतेगा: थरूर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि एग्जिट पोल लोगों की नब्ज के बारे में सटीक जानकारी नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ आम चुनाव में 295 सीट हासिल करेगा। विभिन्न एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्र की सत्ता में तीसरी बार वापसी कर रही है। थरूर ने कहा कि कांग्रेस एग्जिट पोल को ‘संशय’ की नज़र से देखती है। देश में सात चरणों में हुए लोकसभा चुनाव की मतगणना मंगलवार को होगी। थरूर ने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का हवाला देते हुए कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन को 295 से ज्यादा सीट मिलेंगी।