LIVE

28 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: मारा गया हिजबुल्लाह चीफ नसरल्लाह; हरियाणा में कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र

आज की ताजा खबर LIVE

28 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: मारा गया हिजबुल्लाह चीफ नसरल्लाह; हरियाणा में कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र

  • हिंदी न्यूज़, 28 सितंबर 2024 मुख्य समाचार।
  • हिजबुल्लाह चीफ नसरल्लाह मारा गया।
  • कांग्रेस ने हरियाणा में जारी किया घोषणापत्र
  • बेरूत में हिजबुल्लाह के मुख्यालय पर इजराइल ने बोला हमला।
  • अमेरिका यात्रा बीच में छोड़कर अपने देश लौटे इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू।
  • राम मंदिर के प्रसाद इलायची दाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
  • जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार करेंगी प्रियंका गांधी।
  • हरियाणा के हिसार में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी।
  • DUDU चुनाव के नतीजे आज हो सकते हैं जारी।

SEPT 28, 2024 17:36 IST

हरियाणा में ‘दर्द के दशक' का अंत करेंगे: राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जारी कांग्रेस के घोषणापत्र का हवाला देते हुए शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी की सरकार राज्य में ‘दर्द के दशक’ का अंत करेगी। कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने शनिवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें किसानों के कल्याण के लिए एक आयोग के गठन, शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए 2 करोड़ रुपये, रोजगार सृजन समेत कई वादे किए गए हैं। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा ने एक दशक में हरियाणा से उसकी समृद्धि, उसके सपने और शक्ति छीन ली। अग्निवीर से देशभक्त युवाओं की आकांक्षाएं छीन ली, बेरोज़गारी से परिवारों की हंसी छीन ली और महंगाई से महिलाओं की आत्मनिर्भरता।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने काले कानून ला कर किसानों का हक़ तक छीन लेने का प्रयास किया, तो नोटबंदी और गलत जीएसटी से लाखों छोटे व्यापारियों का मुनाफा छीन लिया। अपने चुने हुए 'मित्रों' को फायदा पहुंचाने के लिए हरियाणा का आत्मसम्मान तक छीन लिया।’’ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कांग्रेस की आने वाली सरकार 'दर्द के दशक' का अंत करेगी - हर हरियाणा वासी की उम्मीदों, आकांक्षाओं और ख्वाबों को पूरा करना हमारा संकल्प है।’’ उन्होंने कहा कि बचत से ले कर सेहत, अधिकारों की रक्षा से सामाजिक सुरक्षा, रोज़गार की बहार, हंसता खेलता हर परिवार, ये कांग्रेस की गारंटी है।
SEPT 28, 2024 17:32 IST

नड्डा चार अक्टूबर को गृह जिले बिलासपुर का दौरा करेंगे

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा चार अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में अपने गृह जिले बिलासपुर का दौरा करेंगे। पार्टी की प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का प्रभार संभालने के बाद नड्डा का अपने गृह जिले का पहला दौरा होगा। बिलासपुर जिले के तहत आने वाली नैना देवी विधानसभा सीट से भाजपा के मौजूदा विधायक शर्मा ने कहा कि नड्डा चार अक्टूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के साथ ही स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। नड्डा डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, बिलासपुर की बैठक में भी भाग लेंगे। भाजपा के सदस्यता अभियान के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अभी तक पार्टी ने जिले में एक लाख सदस्य बनाए हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान जारी रहेगा।
SEPT 28, 2024 17:31 IST

मणिपुर के दो जिलों में बंद के आह्वान से जनजीवन प्रभावित

मणिपुर के चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिलों में बंद के कारण शनिवार को सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि सड़कों पर वाहन भी नहीं दिखे। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। दोनों जिलों में बंद शुक्रवार को शुरू हुआ और रविवार तक जारी रहेगा। सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह के बयान के विरोध में 'इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम' (आईटीएलएफ) और 'कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन' (केएसओ) सहित कुकी-जो समूहों द्वारा बंद का आह्वान किया गया है। सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने 20 सितंबर को दावा किया था कि सुरक्षा बलों ने ऐसी रिपोर्ट के मद्देनजर कई कदम उठाए हैं कि 900 उग्रवादी इंफाल घाटी के जिलों के बाहरी इलाकों के गांवों में हिंसा कर सकते हैं। हालांकि राज्य सरकार ने बुधवार को इस दावे को वापस ले लिया और कहा कि "सशस्त्र समूहों द्वारा इस तरह के किसी भी दुस्साहस की संभावना न्यूनतम और निराधार है।" पिछले वर्ष मई से मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 200 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हो गए।
SEPT 28, 2024 16:28 IST

सरकार ने गैर-बासमती सफेद चावल को निर्यात शुल्क से छूट दी

सरकार ने गैर-बासमती सफेद चावल के निर्यात पर सीमा शुल्क को समाप्त कर दिया है। वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राजस्व विभाग ने शुक्रवार देर रात जारी अधिसूचना में कहा कि उसना चावल, भूरा चावल (ब्राउन राइस) और धान पर भी निर्यात शुल्क घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है। चावल की इन किस्मों के साथ-साथ गैर-बासमती सफेद चावल पर निर्यात शुल्क अब तक 20 प्रतिशत था। अधिसूचना में कहा गया है कि नई दरें 27 सितंबर, 2024 से प्रभावी हो गई हैं। इसी महीने सरकार ने निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए बासमती चावल के न्यूनतम निर्यात मूल्य को खत्म कर दिया था।
SEPT 28, 2024 16:26 IST

हिमाचल के हमीरपुर में एक सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के लंबलू में शनिदेव मंदिर के पास शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ईंटों से लदा ट्रक लंबलू होते हुए तारक्वारी की ओर जा रहा था तभी पहाड़ी पर चढ़ाई के समय चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह शनिदेव मंदिर के पास खाई में जा गिरा। पुलिस के अनुसार हादसे के दौरान चालक ट्रक से बाहर कूद गया था, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घायल ट्रक चालक के लिए जो एम्बुलेंस आई थी उसमें ऑक्सीजन की सुविधा नहीं थी इसलिए उसे एक निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। हमीरपुर पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि मृतक चालक की पहचान अजमेर सिंह (42) के रूप में हुई है।
SEPT 28, 2024 16:17 IST

नेपाल में बाढ़ से 39 लोगों की मौत

नेपाल में लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ से कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई। मीडिया की खबरों में शनिवार को यह जानकारी दी गई। नेपाल के कई हिस्से शुक्रवार से हो रही बारिश से जलमग्न हो गए हैं, जिसके कारण आपदा अधिकारियों ने अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। ‘माइरिपब्लिका डॉट कॉम’ की खबर के अनुसार, काठमांडू में नौ, ललितपुर में 16, भक्तपुर में पांच, कावरेपालनचोक में तीन, पंचथर और धनकुटा में दो-दो तथा झापा और धाडिंग में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। खबर के अनुसार, बाढ़ में कुल 11 लोग लापता हैं। पुलिस ने बताया कि काठमांडू में 226 मकान जलमग्न हो गए हैं और प्रभावित इलाकों में नेपाल पुलिस की ओर से लगभग तीन हजार सुरक्षाकर्मियों की बचाव टीम तैनात की गई है।
SEPT 28, 2024 16:17 IST

खरगे ने युवा बेरोजगारी को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में युवाओं में बेरोजगारी के "भयावह स्तर" को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि क्या 2023-24 में युवा बेरोज़गारी दर 10.2 प्रतिशत नहीं रही। उन्होंने आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह भी कहा कि लाख कोशिशों के बावजूद ये सरकारी डेटा युवाओं की बेबसी को छिपा नहीं पा रहा है। खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, "बेरोज़गारी से बड़ा देश में कोई मुद्दा नहीं है। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने में मोदी जी का सबसे बड़ा योगदान है।" उन्होंने कहा कि पीएलएफएस के ताज़ा आंकड़ों को अगर बारीक़ी से देखें तो लाख कोशिशों के बावजूद भी ये सरकारी डेटा युवाओं की बेबसी को छिपा नहीं पा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "नरेन्द्र मोदी जी को बताना चाहिए कि क्या 2023-24 में युवा बेरोज़गारी 10.2 प्रतिशत के भयावह स्तर पर नहीं रही? रंगबिरंगे नारे देने और फ़ोटोबाज़ी करने के बजाय मोदी जी ने युवाओं को नौकरियां देने के लिए क्या किया?" खरगे ने यह सवाल भी किया कि "विनिर्माण क्षेत्र पर रोज़ाना ढिंढोरा पीटने वाली मोदी सरकार ने इसमें पिछले 7 वर्षों में रोज़गार में बढ़ोतरी क्यों नहीं की है तथा ये आंकड़ा 15.85 प्रतिशत (2017-18) से लुढ़कर मात्र 11.4 प्रतिशत (2023-24) कैसे रह गया?" उन्होंने कहा, "मोदी जी, याद रखिए… भारत का एक-एक युवा जिसके रोज़गार को आपकी सरकार ने हथियाने का काम किया है, वो चुनाव दर चुनाव भाजपा को हराने का एकमात्र काम करेगा।"
SEPT 28, 2024 15:25 IST

बारिश के कारण कानपुर टेस्ट के दूसरे दिन का खेल धुला

भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन का खेल लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बगैर रद्द कर दिया गया। सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई जिससे ग्रीन पार्क स्टेडियम पर दूसरे दिन कोई खेल नहीं हो सका। मैदानकर्मियों ने 11.15 के आसपास बारिश रूकने पर तीन सुपर सोपर्स लगाये । रोशनी भी साफ नहीं थी लिहाजा सवा दो बजे आधिकारिक तौर पर खेल रद्द करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बारिश की संभावना है लेकिन सोमवार और मंगलवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में मैच ड्रॉ की ओर बढता दिख रहा है। पहले दिन बांग्लादेश ने तीन विकेट पर 107 रन बनाये थे जब बारिश के कारण 35 ओवर ही फेंके जा सके थे। भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज जाकिर हसन और शादमान इस्लाम को आउट किया था जबकि रविचंद्रन अश्विन ने कप्तान नजमुल हुसैन शंटो के विकेट लिये थे। भारत दो मैचों की श्रृंखला में पहला टेस्ट 280 रन से जीतकर 1.0 से आगे है।
SEPT 28, 2024 15:24 IST

झारखंड में आजसू, जदयू के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी भाजपा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (यूनाइटेड) के साथ मिलकर लड़ेगी। भाजपा के झारखंड चुनाव के सह-प्रभारी शर्मा ने कहा कि सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे का समझौता अंतिम चरण में है। उन्होंने रांची में पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा, आजसू और जदयू के साथ मिलकर झारखंड चुनाव लड़ेगी। सहयोगियों के साथ 99 प्रतिशत सीट पर सहमति बन गई है। बाकी की एक या दो सीट के लिए बातचीत की जा रही है और इन पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।’’ शर्मा ने कहा कि इस संबंध में औपचारिक घोषणा ‘पितृ पक्ष’ के बाद की जाएगी जो दो अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में प्रस्तावित है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा को पत्र लिखकर उन अभ्यर्थियों की मौत की विस्तृत जांच के लिए सहायता मांगी है जो आबकारी भर्ती अभियान के तहत शारीरिक परीक्षण के लिए उपस्थित हुए थे। इस पर शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए। शर्मा ने कहा, ‘‘चूंकि मौत झारखंड में हुई है तो जांच की पहली जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। अगर मुख्यमंत्री को लगता है कि विस्तृत जांच की आवश्यकता है तो उन्हें न्यायिक जांच के लिए झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखना चाहिए। हम इसका स्वागत करेंगे।’’ हाल में इस अभियान के दौरान शारीरिक परीक्षा में भाग लेते हुए 15 अभ्यर्थियों की जान चली गई थी। भाजपा इन मौतों को लेकर सोरेन सरकार पर हमलावर है और आरोप लगा रही है कि वे प्रशासन के कुप्रबंधन के शिकार हुए। शर्मा ने झारखंड में कथित घुसपैठ पर चिंता भी जताई।
SEPT 28, 2024 14:01 IST

मारा गया हसन नसरल्लाह

हिजबुल्लाह चीफ नसरल्लाह मारा गया है। इसकी पुष्टि इजराइली सेना की ओर से की गई है। IDF ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि 'हसन नसरल्लाह अब दुनिया को आतंकित नहीं कर सकेंगे।'
SEPT 28, 2024 13:17 IST

मुशीर खान को कार दुर्घटना में चोट लगने की खबर

मुंबई के बल्लेबाज मुशीर खान को आजमगढ़ से लखनऊ जाते समय कार दुर्घटना में चोट लगने की खबर आई है जिससे वह शेष भारत के खिलाफ मुंबई के ईरानी कप मैच से बाहर हो गए हैं ।
SEPT 28, 2024 12:13 IST

पंजाब सरकार ने पांच पूर्व मंत्रियों को जारी किया नोटिस

पंजाब सरकार ने पांच पूर्व मंत्रियों को सरकारी कोठी खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है। इसमें बलकार सिंह, अनमोल गगन मान और जिम्पा सहित उन मंत्रियों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया था। इन मंत्रियों को निर्देश किया गया है कि वह 15 दिनों के भीतर अपनी सरकारी कोठी खाली कर दें।
SEPT 28, 2024 11:27 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र

SEPT 28, 2024 11:25 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: मणिपुर में हथियार और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद

मणिपुर के तीन जिलों में सुरक्षाबलों ने हथियार और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस की ओर से शनिवार को जारी किए गए बयान में यह जानकारी दी गई।
SEPT 28, 2024 10:45 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: मुंबई में बढ़ाई गई सुरक्षा

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आतंकवादी हमले का खतरा मंडरा रहा है। इस बाबत खुफिया सेंट्रल एजेंसियों की ओर से अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने शहर की सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को लेकर इनपुट जारी किया गया है, ऐसे में इन स्थानों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
SEPT 28, 2024 10:18 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: कुलगाम एनकाउंटर में सेना के 4 जवान घायल

जम्मू कश्मीर के कुलगाम में चल रहे एनकाउंटर में सेना के 4 जवानों सहिल जम्मू कश्मीर पुलिस के एक एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी घायल होने की खबर है।
SEPT 28, 2024 09:00 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: ओडिशा के भद्रक जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद

SEPT 28, 2024 08:57 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: तमिलनाडु में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट

तमिलनाडु से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के विरुधुनगर जिले के सत्तूर इलाके में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हुआ। मौके पर अग्निशमन दल मौजूद है।
SEPT 28, 2024 07:20 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि कुलगाम के आदिगाम देवसर इलाके में मुठभेड़ हो रही है।
SEPT 28, 2024 07:18 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: हिजबुल्लाह की मिसाइल यूनिट का कमांडर ढेर

दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह की मिसाइल यूनिट के कमांडर मुहम्मद अली इस्माइल और उनके डिप्टी हुसैन अहमद इस्माइल को इजरायली हमले में मार गिराया गया है।