LIVEआज की ताजा खबर, 28 मार्च 2024: मुख्तार अंसारी की बांदा के अस्पताल में हार्ट अटैक से हुई मौत, शिवसेना में शामिल हुए गोविंदा

आज की ताजा खबर, 28 मार्च 2024: मुख्तार अंसारी की बांदा के अस्पताल में हार्ट अटैक से हुई मौत, शिवसेना में शामिल हुए गोविंदा
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 28 मार्च 2024 और बड़ी खबरें : मुख्तार अंसारी की बांदा के अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार (28 मार्च) को मौत हो गई है। कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रिमांड 1 अप्रैल तक बढा दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 7 बयानों में से छह में उनका नाम नहीं है। दिल्ली की सीएम ने पूछा कि 100 करोड़ रुपए का घोटाला अगर हुआ तो वह पैसा कहां है? केजरीवाल ने ईडी पर पैसा जुटाने का गंभीर आरोप लगाया दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हिरासत को लेकर आज अदालत में अहम सुनवाई होनी है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने इससे पहले 21 मार्च को केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सुनवाई करते हुए, उन्हें 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था। ऐसे में ये देखना अहम होगा कि अदालत की ओर से केजरीवाल को राहत मिलती है या फिर उनकी ईडी हिरासत आगे बढ़ा दी जाती है। वहीं लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 12 राज्यों की 88 संसदीय सीट के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। राष्ट्रपति की ओर से निर्वाचन आयोग ने 26 अप्रैल को होने वाले संसदीय चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना बृहस्पतिवार सुबह जारी की। इस चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 28 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
Edudel.nic.in, Delhi Result 2024 Declare Today, Check Result | JEE Main 2024 City Intimation Slip released, Check Link
मुख्तार अंसारी की बांदा के अस्पताल में हार्ट अटैक से हुई मौत
Mukhtar Ansari Dead: मुख्तार अंसारी की बांदा के अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार (28 मार्च) को मौत हो गई है। जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद मुख्तार को आनन फानन में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
एक नेपाली नागरिक साढ़े सात किलो चरस के साथ गिरफ्तार
भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र रूपईडीहा चौकी पर सशस्त्र सीमा बल एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार सुबह एक नेपाली नागरिक को करीब साढ़े सात किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला ने आज पत्रकारों को बताया कि रूपईडीहा पुलिस एवं एसएसबी के संयुक्त जांच अभियान के दौरान नेपाल के रूकुम जनपद निवासी सयपुरा बुधा नामक एक युवक के पास सात किलो 400 ग्राम चरस बरामद हुई ।
राजस्थान में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राजे शामिल
जयपुर, 28 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। चालीस नामों की इस सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और 10 केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री और झालावाड़ से विधायक वसुंधरा राजे और पूर्व विधायक राजेंद्र राठौड़ और सतीश पूनियां का भी नाम है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध सूची के अनुसार भाजपा ने जिन केंद्रीय मंत्रियों को राजस्थान में प्रचार की जिम्मेदारी दी है उनमें अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, भूपेन्द्र यादव, अर्जुनराम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी शामिल हैं।
कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र छह अप्रैल को जयपुर में जारी करेगी: रंधावा
कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र छह अप्रैल को जयपुर में जारी करेगी। पार्टी के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यहां कांग्रेस के 'वार रूम' में चुनाव रणनीति को लेकर हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी जयपुर में एक जनसभा में छह अप्रैल को पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे।
भारत-चीन ने एलएसी से सैनिकों को हटाने के लिए वार्ता की
पूर्वी लद्दाख में लंबे समय से जारी सीमा विवाद के बीच, भारत और चीन के शीर्ष राजनयिकों ने ताजा दौर की बातचीत की तथा दोनों पक्ष राजनयिक एवं सैन्य माध्यमों से नियमित संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए, हालांकि किसी सफलता का कोई संकेत नहीं मिला। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र (डब्ल्यूएमसीसी) की 29वीं बैठक में दोनों पक्षों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएएसी) से पूरी तरह से सैनिकों को हटाने और शेष मुद्दों को हल करने पर विचार-विमर्श किया।
माकपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। पार्टी द्वारा ‘एक्स’ पर साझा की गई सूची में केरल के 15 उम्मीदवार शामिल हैं, जिनमें अलाप्पुझा से मौजूदा सांसद एएम आरिफ, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा और राज्यसभा सांसद इलामारम करीम शामिल हैं।
अब गले में तख्ती डालकर अपराधी मांगते हैं जान की भीख : सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले शामली में पलायन होता था - व्यापारी और आम लोग पलायन करते थे। अब अपराधी पलायन करता है। पहले बेटी और व्यापारी गुहार लगाते थे कोई सुनवाई नहीं होती थी, अब अपराधी गले में तख्ती लटकाकर कहता है कि जान बख्श दो, ठेला लगाकर गुजर-बसर कर लेंगे, मगर किसी को छेड़ेंगे नहीं।
पूर्व भाजपा नेता रामटहल चौधरी ने कांग्रेस का हाथ थामा
झारखंड की रांची लोकसभा सीट से पांच बार सांसद रहे पूर्व भाजपा नेता रामटहल चौधरी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। माना जा रहा है कि वह रांची सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। नई दिल्ली में गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस के मीडिया कम्युनिकेशन विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, पार्टी के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधानसभा में कांग्रेस के नेता आलमगीर आलम और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली।
केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं, उन्हें बहुत परेशान किया जा रहा: सुनीता केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें ‘‘बहुत परेशान’’ किया जा रहा है। केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री की ईडी हिरासत एक अप्रैल तक बढ़ा दी।
हम यूक्रेन-भारत संबंधों को फिर से मजबूत करेंगे : दिमित्रो कुलेबा
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को फिर से मजबूत करने के लिए गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे। वह अपनी इस यात्रा के दौरान वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के बीच हुई बातचीत को आगे बढ़ाएंगे। रूस के साथ युद्ध के बाद किसी यूक्रेनी नेता की यह पहली उच्च स्तरीय यात्रा है। कुलेबा विदेश मंत्री एस. जयशंकर के निमंत्रण पर अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए भारत आए हैं।
आजम खां के करीबी आसिम राजा का नामांकन खारिज
रामपुर लोकसभा सीट से खुद को समाजवादी पार्टी (सपा) का उम्मीदवार बताकर बुधवार को नामांकन करने वाले आसिम राजा का पर्चा बृहस्पतिवार को जांच के बाद खारिज कर दिया गया। जिलाधिकारी जोगेन्दर सिंह ने बताया कि आज आसिम राजा का नामांकन पत्र जांच में कुछ खामियां सामने आने पर निरस्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फार्म ए, बी तथा प्रारूप 2 नहीं होने के चलते नामांकन खारिज हुआ है।
भाजपा में शामिल हुए बीजद सांसद महताब
आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनावों से पहले ओडिशा की सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के कटक के सांसद और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक भर्तृहरि महताब बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पार्टी महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा और प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में महताब ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस नेता प्रशांत बैरवा का विवादित बयान, कहा- भारत और पाकिस्तान के लोकतंत्र में कोई फर्क नहीं
टोंक में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा ने भारत के लोकतंत्र की तुलना पाकिस्तान से कर दी। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के लोकतंत्र को एक जैसा बता दिया। उन्होंने कहा, 'आज की तारीख में दोनों देशों के लोकतंत्र में कोई फर्क नहीं रह गया है। पाकिस्तान में मिलिट्री राज चला रहे हैं, तो यहां नेता मिलिट्री राज चला रहे हैं।'
देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने भी छोड़ा कांग्रेस का साथ
हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल (84) ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कुछ दिन पहले ही उनके उद्योगपति बेटे नवीन जिंदल भाजपा में शामिल हुए थे। सावित्री जिंदल के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की संभावना है।
धार के भोजशाला परिसर में एएसआई का लगातार सातवें दिन सर्वेक्षण जारी
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश पर ऐतिहासिक धार शहर के विवादास्पद भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) का सर्वेक्षण बृहस्पतिवार को सातवें दिन भी जारी रहा। इसके तहत परिसर में कुछ गड्ढे खोदे गए हैं। सर्वेक्षण से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी। सर्वेक्षण के दौरान हिंदू समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले आशीष गोयल और गोपाल शर्मा और मुस्लिम समुदाय के नेता अब्दुल समद एएसआई दल के साथ मौजूद थे।
Times Now Summit 2024: कांग्रेस में लड़ने की हिम्मत नहीं- पीयूष गोयल
Times Now Summit 2024: टाइम्स नाउ समिट 2024 में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में 370 सीट का टारगेट हासिल करेगी। मोदी है तो मुमकिन है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लड़ने की हिम्मत नही है।
पश्चिम बंगाल की तीन लोकसभा सीटों पर के मतदान के लिए अधिसूचना जारी
भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत तीन लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी कर दी है। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राज्य की दार्जिलिंग, रायगंज और बालुरघाट लोकसभा सीट पर मतदान होगा।
नवीन जिंदल के बाद अब सावित्री जिंदल भी बीजेपी में हुई शामिल
हरियाणा की पूर्व मंत्री और नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुईं।
AAP के गोवा अध्यक्ष और तीन अन्य पूछताछ के लिए ईडी के सामने हुए पेश
आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर और तीन अन्य लोग धनशोधन के एक मामले में पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने कहा कि चारों को कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कुछ आप नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। ईडी ने पूछताछ के लिए पालेकर, आप नेता रामराव वाघ और दो अन्य लोगों-दत्ताप्रसाद नाइक तथा अशोक नाइक को तलब किया है। दत्ताप्रसाद नाइक और अशोक नाइक गोवा में भंडारी समुदाय के नेता हैं। पालेकर दोपहर 12.10 बजे यहां ईडी कार्यालय पहुंचे, वहीं तीन अन्य लोग उनसे पहले 11.15 बजे ईडी दफ्तर पहुंच गए। ईडी कार्यालय में प्रवेश करने से पहले पालेकर ने केवल इतना कहा, ‘मुझे बुलाया गया है। मैं लौटकर आप सबसे बात करूंगा।’ अन्य लोगों ने बात करने से इनकार कर दिया। ईडी ने आरोप लगाया है कि ‘आप’ कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से अर्जित धन की बड़ी लाभार्थी है।
गुजरात के आदिवासी नेता छोटू वसावा ने बेटे के भाजपा में शामिल होने पर बनाया नया संगठन
गुजरात के प्रमुख आदिवासी नेता छोटू वसावा ने कहा कि उन्होंने देश की आदिवासी आबादी के अधिकारों के लिए लड़ने के उद्देश्य से एक नया संगठन बनाया है। कुछ दिन पहले ही छोटू वसावा के पुत्र और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के अध्यक्ष महेश वसावा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो चुके हैं। बीटीपी संस्थापक ने बताया कि उनका नया संगठन राजनीतिक नहीं बल्कि एक सामाजिक संगठन है, जिसका नाम भारत आदिवासी संविधान सेना (बीएएसएस) है। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही घोषणा करेंगे कि वह किस बैनर के तले आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। अपने बेटे महेश वसावा के भाजपा में शामिल होने पर अप्रसन्नता जताते हुए उन्होंने कहा कि समुदाय उन लोगों को कभी माफ नहीं करेगा जिन्होंने पैसे और सत्ता के लालच में उसे धोखा दिया है। वसावा के सहयोगी अंबालाल जाधव ने पीटीआई-भाषा से कहा कि भारत आदिवासी पार्टी के नेता शुक्रवार को वसावा से मुलाकात कर लोकसभा चुनाव पर आगे की कार्रवाई के बारे में चर्चा करेंगे। बीएपी ने साल 2023 में विधानसभा चुनाव में राजस्थान में तीन और मध्य प्रदेश में एक सीट जीती थी।