LIVE

आज की ताजा खबर, 28 जुलाई 2024 हिंदी न्यूज़: पेरिस ओलंपिक में भारत ने जीता पहला मेडल; कोचिंग सेंटर हादसे के बाद फूटा छात्रों का गुस्सा

Shashank Shekhar MishraUpdated Jul 29, 2024, 00:00 IST
आज की ताजा खबर, 28 जुलाई 2024 हिंदी न्यूज़: पेरिस ओलंपिक में भारत ने जीता पहला मेडल; कोचिंग सेंटर हादसे के बाद फूटा छात्रों का गुस्सा

आज की ताजा खबर, 28 जुलाई 2024 हिंदी न्यूज़: पेरिस ओलंपिक में भारत ने जीता पहला मेडल; कोचिंग सेंटर हादसे के बाद फूटा छात्रों का गुस्सा

हिंदी न्यूज़ 28 जुलाई 2024 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार: दिल्ली में शनिवार शाम हुई बारिश के बाद राजेंद्र नगर इलाके में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में डूबकर तीन छात्राओं की मौत के मामले में अब पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए कोचिंग के मालिक और कॉर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया है। राजधानी दिल्ली में बड़ा हादसा हुआ है। यहां शाम को हुई बारिश के बाद ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि पानी भरने से कई छात्र उसी में फंस गए। एनडीआरएफ के टीम ने मौके से तीन छात्राओं के शव बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए मौके पर एनडीआरएफ टीम को तैनात किया गया है। वहीं, दिल्ली अग्निशमन विभाग की ओर से कहा गया है कि मौके पर तलाशी और बचाव अभियान जारी है। बेसमेंट में कई छात्रों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कम दृश्यता और बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण गोताखोर और एनडीआरएफ को रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी हो रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कहा कि उसने धनशोधन मामले की जांच के तहत चेन्नई स्थित चेट्टीनाड समूह की एक कंपनी की 298 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है।
ईडी का यह मामला धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया गया था, जो कि सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) की शिकायत पर आधारित है। इसमें तमिलनाडु उत्पादन एवं वितरण निगम (टीएएनजीईडीसीओ), चेन्नई और साउथ इंडिया कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (एसआईसीपीएल) के पूर्व अधिकारियों के खिलाफ शिकायत की गई थी।

  • ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग सेंटर मालिक और कॉर्डिनेटर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

  • दिल्ली के राजेंद्र नगर में कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में भरा पानी, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई तीन

  • ईडी ने चेट्टीनाड समूह की कंपनी की 298 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की

  • लक्ष्मण आचार्य असम के राज्यपाल नियुक्त

JUL 28, 2024 19:21 IST

एनटीए ने CUET-UG का नतीजा किया घोषित

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सीयूईटी यूजी एग्जाम का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in पर आज जारी कर दिया है। अभ्यर्थी यहां दी गई डायरेक्ट लिंक से सीयूईटी यूजी रिजल्ट 2024 डाउनलोड कर सकते हैं।
JUL 28, 2024 18:57 IST

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी की नाक से अचानक आया खून

JUL 28, 2024 18:31 IST

आज की ताजा खबर LIVE: मेरठ में कांवड़ यात्रा मार्ग की सुरक्षा एटीएस कमांडो के हवाले

उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यहां पहली बार कावड़ मार्ग पर एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की तैनाती की गई है। मेरठ में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एटीएस के कमांडो उतारे गए हैं। कमांडो को देखकर कांवड़िये रोमांचित हो गए। एटीएस के कमांडो ने कावड़ मार्ग पर फ्लैग मार्च किया और सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। यह पहली बार है जब कांवड़ यात्रा मार्ग पर एटीएस के कमांडो तैनात किये गये हैं।
JUL 28, 2024 18:18 IST

आज की ताजा खबर LIVE: महिला एशिया कप के फाइनल में भारत की करारी हार

महिला एशिया कप 2024 के फाइनल में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हरा दिया है। ये उनकी इस टूर्नामेंट के इतिहास की पहली जीत है। वहीं भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप के फाइनल में ये दूसरी हार मिली है।
JUL 28, 2024 17:15 IST

आज की ताजा खबर LIVE: मणिपुर में यूएनएलएफ के चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग इलाके से शुक्रवार को चारों उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। बयान में बताया गया कि चारों पर गोलीबारी करने, नागरिकों पर हमला करने सहित अन्य आरोप हैं।
JUL 28, 2024 17:06 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: MCD ने कोचिंग सेंटर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम एक कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने से तीन लोगों की मौत की घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करेगा। एक अधिकारी ने बताया कि ‘बेसमेंट’ में अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
JUL 28, 2024 16:38 IST

आज की ताजा खबर LIVE: ओलंपिक मेडल जीतने पर पीएम मोदी ने मनु भाकर को दी बधाई


ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद पीएम मोदी ने मनु भाकर को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, एक ऐतिहासिक पदक! बहुत बढ़िया, पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक जीतने के लिए बधाई। यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि!
JUL 28, 2024 16:03 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: करोल बाग मेट्रो स्टेशन का छात्रों ने किया घेराव

JUL 28, 2024 16:00 IST

आज की ताजा खबर LIVE: पेरिस ओलंपिक में भारत को मिला पहला मेडल

भारत को पेरिस ओलंपिक 2024 में पहला मेडल मिल गया है। हरियाणा की रहने वाली युवा शूटर मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रांज मेडल जीता है।
JUL 28, 2024 15:44 IST

आज की ताजा खबर LIVE: रमिता जिंदल ओलंपिक महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में

भारतीय निशानेबाज रमिता जिंदल ने पेरिस ओलंपिक की महिला 10 मीटर एयर राइफल निशानेबाजी स्पर्धा के क्वालीफिकेशन में पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। इसी स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवान 10वें स्थान पर रहते हुए क्वालीफिकेशन से बाहर हो गयी।
JUL 28, 2024 15:43 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: माता प्रसाद पांडे बने यूपी विधानसभा नेता प्रतिपक्ष

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा में माता प्रसाद पांडे को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है।
JUL 28, 2024 13:51 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: उत्तर प्रदेश के संभल में भाजपा कार्यकर्ता को गोली मारकर किया घायल

संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता को गोली मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया की शनिवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि बहजोई रोड पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है जिसको गोली लगी हुई है।
JUL 28, 2024 13:14 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, 6 घायल

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मालवाहक वाहन और बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना विंध्याचल थाना क्षेत्र के महोखर ग्राम की है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार श्रद्धालु दर्शन के लिए विंध्याचल जा रहे थे। तभी महोखर ग्राम के पास श्रद्धालुओं से भरे वाहन की बस से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीन लोगों की इस हादसे में जान चली गई।
JUL 28, 2024 12:29 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: रामदेव के खिलाफ चिकित्सकों की याचिका पर फैसला सोमवार को

दिल्ली उच्च न्यायालय ‘कोरोनिल’ से कोविड​-19 का ‘‘उपचार’’ होने के दावे को लेकर योग गुरु रामदेव के खिलाफ कई चिकित्सक संघों की ओर से दायर याचिका पर सोमवार को अपना फैसला सुनाएगा। यह याचिका चिकित्सक संघों द्वारा रामदेव, उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ 2021 में दायर एक मुकदमे का हिस्सा है। न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी ने पक्षकारों की दलीलें सुनने के बाद 21 मई को इस मुद्दे पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिका के अनुसार, रामदेव ने ‘कोरोनिल’ के बारे में ‘‘निराधार दावे’’ करते हुए कहा था कि यह कोविड​​-19 के इलाज में कारगर है। याचिका में कहा गया है कि कोरोनिल को केवल “प्रतिरक्षा बढ़ाने” वाली दवा के रूप में लाइसेंस दिया गया था, जबकि रामदेव का दावा इसके विपरीत है।
JUL 28, 2024 11:38 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग सेंटर मालिक और कॉर्डिनेटर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली में शनिवार शाम हुई बारिश के बाद राजेंद्र नगर इलाके में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में डूबकर तीन छात्राओं की मौत के मामले में अब पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए कोचिंग के मालिक और कॉर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया है।
JUL 28, 2024 09:20 IST

'हादसा नहीं हत्या': राजेंद्र नगर में IAS इंस्टीट्यूट में छात्राओं की डूबने से मौत पर भाजपा का फूटा गुस्सा

हिंदी न्यूज़ लाइव: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि यह हादसा नहीं आम आदमी पार्टी द्वारा की गई हत्या है, आपराधिक लापरवाही है जिसके चलते आज राजेंद्र नगर में जिस प्रकार बेसमेंट में पानी भरने से एक प्रसिद्ध कोचिंग क्लास में कम से कम दो बच्चियों और एक छात्र की जान चली गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUL 28, 2024 09:19 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: ओवैसी ने भोजनालयों पर योगी सरकार के आदेश की तुलना हिटलर शासन से की

हिंदी न्यूज़ लाइव: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर भोजनालय मालिकों के नाम प्रदर्शित करने के उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया आदेश की तुलना हिटलर शासन से की है। ओवैसी ने शनिवार को तेलंगाना के कोडंगल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिटलर ने अपने शासनकाल के दौरान जर्मनी में यहूदियों से कहा था कि उन्हें 'स्टार ऑफ डेविड' पहनना होगा और उनका बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में कुछ मुसलमानों के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त करने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है और यह देश के लिए अच्छा नहीं है।
JUL 28, 2024 09:19 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: इजराइल नियंत्रित गोलन हाइट्स पर रॉकेट हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत

हिंदी न्यूज़ लाइव: इजराइल नियंत्रित गोलन हाइट्स में शनिवार को एक फुटबॉल मैदान पर हुए रॉकेट हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गयी और बच्चों समेत कई अन्य लोग घायल हो गए।
यह रॉकेट हमला दक्षिणी लेबनान पर इजराइली हवाई हमले में हिजबुल्ला समूह के तीन सदस्यों के मारे जाने के कुछ घंटों के बाद हुआ। यह हमला, पिछले साल अक्टूबर में इजराइल और हिजबुल्ला समूह के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से किसी इजराइली क्षेत्र पर किया गया सबसे घातक हमला है, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका पैदा हो गई है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वह जल्द से जल्द अमेरिका से स्वदेश लौट रहे हैं। हिजबुल्ला ने कहा कि उसने लेबनान के एक गांव पर इजराइली हमले के जवाब में गोलान हाइट्स स्थित एक सैन्य अड्डे पर हमला किया। इसके पहले लेबनानी आतंकवादी समूह के अनुसार, शनिवार को दक्षिणी लेबनान पर इजरायली हवाई हमलों में हिजबुल्ला के तीन सदस्य मारे गए।
JUL 28, 2024 09:19 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: भाजपा शासित राज्य हर नागरिक के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: अमित शाह

हिंदी न्यूज़ लाइव: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि भाजपा शासित राज्य ‘‘अंत्योदय’’ के सिद्धांत से प्रेरित हैं और प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। शाह ने यहां भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के बाद यह बात कही। शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ आज नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में भाग लिया। मोदी के नेतृत्व में भाजपा शासित राज्य अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित हैं और प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
बैठक में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जिसमें यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को मिल सके।
JUL 28, 2024 09:18 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: लक्ष्मण आचार्य असम के राज्यपाल नियुक्त

हिंदी न्यूज़ लाइव: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार रात कई राज्यों के लिए राज्यपालों की नियुक्तियों की घोषणा की गई। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है तथा उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है, वहीं गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, आचार्य ने कटारिया का स्थान लिया है,कटारिया को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।’’