LIVE

28 जनवरी 2025: फरवरी में अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी, तमिलनाडु में NIA की रेड, बागपत लड्डू महोत्सव में बड़ा हादसा

हिंदी न्यूज़ 28 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 28 जनवरी (मंगलवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated Jan 28, 2025, 18:25 IST
Follow on Google News
28 जनवरी 2025: फरवरी में अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी, तमिलनाडु में NIA की रेड, बागपत लड्डू महोत्सव में बड़ा हादसा

28 जनवरी 2025: फरवरी में अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी, तमिलनाडु में NIA की रेड, बागपत लड्डू महोत्सव में बड़ा हादसा

हिंदी न्यूज़ लाइव 28 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: बागपत जिले के बड़ौत में मंगलवार को जैन समुदाय द्वारा आयोजित भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मानस्तम्भ परिसर में बना लकड़ी का एक ढांचा गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। जिलाधिकारी (डीएम) अस्मिता लाल ने कहा कि बड़ौत में जैन समुदाय के एक कार्यक्रम में लकड़ी का ढांचा गिर गया। यह कार्यक्रम पिछले 30 वर्षों से यहां आयोजित किया जा रहा था। इस बार कार्यक्रम में लकड़ी का ढांचा गिर गया, जिसमें लगभग 40 लोग घायल हो गए और पांच की मौत हो गई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके साथ बैठक के लिए संभवत: फरवरी में ‘व्हाइट हाउस’ आएंगे। एनआईए ने मंगलवार को तमिलनाडु के माइलादुत्रयी जिले में 15 स्थानों पर छापे मारे। सूत्रों ने बताया कि सीरकाझी और थिरुमुल्लैवासल में छापेमारी की जा रही है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

JAN 28, 2025 18:12 IST

केरल पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी की तलाश तेज की

केरल पुलिस ने मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला और उनके 53 वर्षीय बेटे की हत्या के आरोपी चेंथमारा की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी चेंथमारा ने सोमवार दिनदहाड़े अपराध को अंजाम दिया और उसके बाद फरार हो गया। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय लक्ष्मी और उनके बेटे सुधाकरण के रूप में हुई है। यह घटना नेन्मारा थाने के अंतर्गत पोथुंडी इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार चेंथमारा (57) से उसकी पत्नी और बच्चे दूर हो गए थे और वह इसके लिए सुधाकरण के परिवार को जिम्मेदार मानता था। पुलिस ने कहा कि चेंथमारा ने यह अपराध जमानत पर बाहर रहते हुए किया। इससे पहले वह 2019 में सुधाकरण की पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए स्थानीय लोगों से भी मदद मांगी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार चेंथमारा के पास के पहाड़ी इलाकों में छिपे होने का अनुमान है। इस बीच, कांग्रेस पार्टी और सुधाकरण के बच्चों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि आरोपी के गांव लौटने और जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने के बारे में सूचना देने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस मामले में पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में युवा कांग्रेस ने थाने तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने थाने के सामने बैरिकेड लगाया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की और उनकी पुलिस के साथ तीखी कहासुनी हुई। क्षेत्र में तनाव तब शांत हुआ जब पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया।
JAN 28, 2025 17:12 IST

वाल्मीकि चौपाल के अध्यक्ष उदय गिल आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

वाल्मीकि समाज के नेता और वाल्मीकि चौपाल के अध्यक्ष उदय गिल मंगलवार को अपने साथियों के साथ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने टोपी और पटका पहनाकर सभी का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उदय गिल ने अपनी संस्था ‘वाल्मीकि चौपाल’ के माध्यम से पूरी दिल्ली में दलितों और वंचितों के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किया है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में वाल्मीकि, दलित और वंचित समाज के लोगों के विकास के लिए काम करने वाली संस्था 'वाल्मीकि चौपाल' के अध्यक्ष उदय गिल कई सालों से दलित उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। आज पूरी दिल्ली से इनके समर्थक आए हैं। उदय गिल को आम आदमी पार्टी में शामिल कराते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। उदय गिल 40 साल तक एनडीएमसी में कार्यरत रहे और कुछ दिन पहले ही रिटायर हुए हैं। उनके आने से न केवल हमें नई दिल्ली विधानसभा में फायदा होगा, बल्कि दलित समाज को एकजुट करने और उनके उत्थान के लिए काम करने में दिल्ली सरकार को भी मदद मिलेगी। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि वाल्मीकि समाज के नेता और एनडीएमसी में लंबे समय तक कार्यरत रहे उदय गिल समाज के हर वर्ग के लिए शिक्षा, इलाज, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की बात करने वाली अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर अपने तमाम साथियों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इनके आने से नई दिल्ली विधानसभा समेत पूरी दिल्ली में आम आदमी पार्टी को मजबूती मिलेगी।
JAN 28, 2025 17:03 IST

मुजफ्फरपुर में डकैती के दौरान महिला की गोली मारकर हत्या

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना अंतर्गत बखरी गांव में सोमवार रात हथियार से लैस अपराधियों ने एक घर में डकैती के दौरान एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि उसके पति को तमंचे के बट से वारकर जख्मी कर दिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विद्या सागर ने मंगलवार को बताया कि बखरी गांव में डकैती की नीयत से बदमाश पहुंचे थे और विरोध करने पर एक महिला को गोली मार दी जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे अपराधियों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों जख्मी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। अपराधी पांच की संख्या में वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे । ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात नथुनी शर्मा और उनकी पत्नी दुखनी देवी भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे और इसी दौरान अपराधियों ने बिजली काटकर घर में प्रवेश किया। उनके मुताबिक, आहट सुनकर पति-पत्नी जग गए जिसके बाद नथुनी कमरे से बाहर देखने निकले तो उन्हें एक डकैत ने पकड़ लिया। शर्मा के शोर मचाने पर उनकी पत्नी भी बाहर निकली और विरोध करने पर बदमाशों ने उनपर गोली चला दी और शर्मा को तमंचे के बट से प्रहार कर जख्मी कर दिया। शर्मा के जोर-जोर से चिल्लाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए जिन्हें देखकर अपराधी गोलीबारी करते हुए भागने लगे पर ग्रामीणों ने उनमें से दो को पकड़ लिया और उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी।
JAN 28, 2025 17:02 IST

दिल्ली : बुराड़ी में इमारत ढहने से दो लड़की समेत तीन की मौत

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चार मंजिला इमारत ढहने से दो लड़कियों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ‘ऑस्कर पब्लिक स्कूल’ के पास नवनिर्मित इमारत सोमवार शाम ढह गई थी। अब तक, 12 लोगों को बचाया गया है। पुलिस के अनुसार दो मृतकों की पहचान साधना (17) और राधिका (7) के रुप में हुई है जबकि तीसरे व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार की रात एक बयान में कहा कि उसे शाम लगभग सात बजे इमारत ढहने की सूचना मिली। उसने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचान अभियान शुरू किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल समेत कई एजेंसी के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है औऱ आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता कर रही है कि इमारत के भीतर कितने लोग अब भी फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा, ''हमने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई टीमें गठित की गई हैं। इमारत के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।" घटना के तुरंत बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "बुराड़ी में इमारत ढहने की घटना बेहद दुखद है। मैंने त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन से बात की है। प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।"
JAN 28, 2025 17:01 IST

एनजीओ ने केंद्रीय बजट में बुजुर्ग कल्याण को प्राथमिकता देने की मांग की

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ने पत्र लिखकर आगामी बजट में बुजुर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देने की मांग की है। ‘द एजवेल फाउंडेशन’ ने सीतारमण को लिखे पत्र में इस बात पर प्रकाश डाला कि 2050 तक 32 करोड़ से अधिक भारतीय 60 वर्ष से अधिक आयु के हो जाएंगे और यह आंकड़ा देश की आबादी का लगभग 20 प्रतिशत है। पत्र में कहा गया, ‘‘यह जनसांख्यिकीय बदलाव बुढ़ापे में गरिमा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य देखभाल, वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक सहायता प्रणालियों में तत्काल और मजबूत नीतिगत सुधार की मांग करता है।’’ एनजीओ के प्रमुख सुझावों में यह भी कहा गया है कि 60 वर्ष और इससे अधिक उम्र के लोगों के लिए मौजूदा स्वास्थ्य देखभाल नीतियों के तहत चिकित्सा परामर्श एवं रोग निदान परीक्षणों को शामिल किया जाना चाहिए। इसने परिवार के बुजुर्ग सदस्यों की देखभाल करने वाले व्यक्तियों के लिए विशेष आयकर कटौती का भी आह्वान किया।
JAN 28, 2025 16:44 IST

मौनी अमावस्या स्नान से पूर्व श्रद्धालुओं के लिए परामर्श जारी

मौनी अमावस्या के पवित्र अवसर पर करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं जिनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन ने परामर्श जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ) राजेश द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा आपात स्थिति में मेला पुलिस, यातायात पुलिस और विशेष डॉक्टरों की टीम श्रद्धालुओं की देखरेख के लिए 24 घंटे तैनात की गई है। द्विवेदी ने बताया कि 29 जनवरी को पड़ रही मौनी अमावस्या को लेकर पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं की मदद के लिए 24 घंटे उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु संगम घाट पहुंचने के लिए अलग-अलग लेन से ही जाएं और गंगा स्नान के लिए जाते समय अपनी लेन में बने रहें। अधिकारी ने कहा कि श्रद्धालु स्नान और दर्शन करने के बाद सीधे पार्किंग की ओर जाएं और यदि वे मंदिरों में दर्शन के लिए जा रहे हैं तो अपनी लेन में बने रहें और वहां से अपने गंतव्य स्थान के लिए प्रस्थान करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर श्रद्धालु नजदीकी सेक्टर में बने अस्पताल में जांच कराएं। द्विवेदी ने कहा कि स्नान के लिए जाते समय बैरिकेडिंग और पांटून पुलों पर धैर्य बनाए रखें और जल्दबाजी व धक्का मुक्की करने से बचें। उन्होंने कहा, “श्रद्धालुओं से आग्रह है कि सभी घाट संगम घाट हैं और वे जिस घाट पर पहुंच जाएं वहीं स्नान करें। श्रद्धालु कहीं एक साथ एक स्थान पर ना रुकें और किसी भी स्थिति में आने और जाने वाले श्रद्धालु आमने-सामने ना आएं। साथ ही मेले में अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर फैलाए गए किसी भी भ्रम को सच ना मानें।”
JAN 28, 2025 16:44 IST

दिल्ली चुनाव: आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के 770 से अधिक मामले दर्ज

दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के कथित उल्लंघन के 770 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता सात जनवरी को लागू हुई थी और तब से लेकर 27 जनवरी के बीच ये मामले दर्ज किए गए। एक बयान के अनुसार, इस अवधि के दौरान आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत कुल 24,081 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने विधानसभा चुनाव से पहले सीमा चौकियों पर सतर्कता बढ़ा दी है और हथियारों, शराब व मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की है। बयान के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने आचार संहिता के कथित उल्लंघन के 774 मामले दर्ज किए हैं और 374 अवैध हथियार और 453 कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस ने 12 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 68,636 लीटर शराब, 72 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 158.126 किलोग्राम मादक पदार्थ और 1,200 से अधिक प्रतिबंधित इंजेक्शन भी जब्त किए हैं। बयान में बताया गया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 7.60 करोड़ रुपये नकद और 37.39 किलोग्राम चांदी भी जब्त की है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।
JAN 28, 2025 16:43 IST

यूसीसी, वक्फ मुद्दों पर अंतिम निर्णय संसद करेगी: उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और वक्फ (संशोधन) विधेयक पर अंतिम फैसला संसद करेगी। उत्तराखंड सोमवार को समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बन गया। सोमवार को उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया। राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनावों से पहले इस कानून को लागू करने का वादा किया था। वहीं, वक्फ (संशोधन) विधेयक की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सदस्यों द्वारा प्रस्तावित सभी संशोधनों को स्वीकार कर लिया और विपक्षी सदस्यों द्वारा पेश किए गए हर बदलाव को खारिज कर दिया। अब्दुल्ला ने उत्तराखंड में यूसीसी लागू किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए यहां संवाददाताओं से कहा, “जब तक देश के लिए कानून नहीं बन जाता, उन्हें (भाजपा को) वो करने दें जो वह करना चाहते हैं। अंततः संसद ही इस पर फैसला करेगी, न कि अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश या राज्य।” उन्होंने वक्फ विधेयक से संबंधित एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि संसदीय समिति अभी भी चर्चा कर रही है और सरकार कोई कानून लागू नहीं कर रही है। हाल ही में हुर्रियत कान्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने समिति से मुलाकात की और अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने कहा, “समिति को अपना काम पूरा करने दीजिए, फिर संसद इसकी रिपोर्ट पर चर्चा करेगी।”
JAN 28, 2025 16:42 IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव : टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा AAP के लिए करेंगे प्रचार

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) के लिए प्रचार करेंगे। टीएमसी के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। टीएमसी सूत्रों ने बताया कि आसनसोल से टीएमसी सांसद सिन्हा एक और दो फरवरी को कम से कम तीन निर्वाचन क्षेत्रों में आप के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र, मुख्यमंत्री आतिशी का कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र और मनीष सिसोदिया का जंगपुरा निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। टीएमसी का मानना ​​है कि अभिनेता एवं राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा दिल्ली के पूर्वांचली मतदाताओं को आम आदमी पार्टी की ओर आकर्षित कर सकते हैं। 'पूर्वांचली' का तात्पर्य बिहार और उत्तर प्रदेश से आए प्रवासियों से है। पूर्वांचलियों की शहर में खासी संख्या है। सूत्रों ने बताया कि टीएमसी के कुछ और नेता दिल्ली में चुनाव प्रचार में शामिल हो सकते हैं। टीएमसी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
JAN 28, 2025 16:26 IST

दरभंगा में स्कूल जाने के दौरान शिक्षक की गोली मारकर हत्या

बिहार के दरभंगा जिले में एक शिक्षक की मंगलवार सुबह स्कूल जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 9.30 बजे की है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि कुशेश्वरस्थान थाना अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, अदलपुर के सहायक शिक्षक व कुशेश्वरस्थान नगर पंचायत के बहेड़ा गांव निवासी रामाश्रय यादव की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
JAN 28, 2025 15:47 IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव: भाजपा ने मनोज तिवारी की आवाज में नया गीत जारी किया

दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश भाजपा ने मंगलवार को अपना नया गीत जारी किया जिसे पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने गाया है। उत्तर पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तिवारी ने बताया, “ कुछ गाने ऐसे बनते हैं कि उन्हें रीमिक्स करने की ज़रूरत पड़ती है। मेरी टीम ने मुझे 2017 में जारी किए गए एक गाने 'बीजेपी दिल में, बीजेपी दिल्ली में' को रीमिक्स करने के लिए कहा था। आज हम इसका रीमिक्स संस्करण जारी कर रहे हैं, जिसमें हमारी चुनावी गारंटी भी शामिल है।” दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट पर पांच फरवरी को मतदान होगा तथा मतगणना आठ फरवरी को की जाएगी।
JAN 28, 2025 15:47 IST

अमेरिकी सीनेट ने स्कॉट बेसेंट की वित्त मंत्री के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दी

अमेरिकी सीनेट ने देश के वित्त मंत्री के रूप में अरबपति निवेशक स्कॉट बेसेंट की नियुक्ति को सोमवार को मंजूरी दे दी। बेसेंट पर करों में कटौती और घाटे पर अंकुश के बीच संतुलन बनाने के साथ-साथ शुल्क संबंधी ऐसी योजना पेश करने की जिम्मेदारी होगी जिससे विकास को खतरा नहीं हो। दक्षिण कैरोलाइना के रहने वाले बेसेंट इस पद की जिम्मेदारी संभालने वाले पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने अपने समलैंगिक होने की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार की है। पूर्व में डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक रहे और अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस के लिए काम कर चुके बेसेंट अब ट्रंप के समर्थक हैं। वित्त मंत्री राष्ट्रपति के राजकोषीय नीति सलाहकार के रूप में कार्य करता है और सार्वजनिक ऋण का प्रबंधन करता है। वह राष्ट्रपति की राष्ट्रीय आर्थिक परिषद का सदस्य भी होता है।
JAN 28, 2025 15:46 IST

वायनाड में माकपा कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को दिखाए काले झंडे

केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा को मंगलवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने उस समय काले झंडे दिखाए, जब वह यहां मनंतवडी गांव में बाघ के हमले में मारी गई एक महिला के परिवार से मिलने के लिए आ रही थीं। पिछले सप्ताह एक बाघ ने खेत में काम कर रही महिला पर हमला कर दिया था, जिसमें उसकी मौत हो गयी थी। माकपा कार्यकर्ताओं ने प्रियंका के काफिले को कनियारम इलाके के पास काले झंडे दिखाए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रियंका वायनाड से जीतने के बाद से जिले में बहुत देर से लौटी हैं। टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों के अनुसार, जब उनका (प्रियंका) काफिला तेजी से निकल रहा था, तब माकपा कार्यकर्ताओं ने ‘वापस जाओ’ के नारे भी लगाए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रियंका अपराह्न करीब सवा एक बजे मृत महिला के परिवार से मिलने के लिए उनके घर पहुंचीं। मनंतवडी गांव में 24 जनवरी को प्रियदर्शिनी एस्टेट के एक खेत में काम कर रही राधा नाम की महिला पर एक बाघ ने हमला कर दिया था, जिसमें उसकी मौत हो गयी थी। राधा पर हमला करने वाला ‘आदमखोर’ बाघ सोमवार को वायनाड जिले में ही मृत पाया गया। वन अधिकारियों ने बताया कि जानवर के शव का पोस्टमॉर्टम करने पर उसके पेट में महिला के बाल, कपड़े और एक जोड़ी बालियां पाई गईं। पोस्टमॉर्टम से यह भी पता चला कि बाघ के गर्दन पर पाए गए ताजा, गहरे घाव उसकी मौत का कारण थे।
JAN 28, 2025 15:46 IST

श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल

मंगलवार सुबह डेल्फ़्ट द्वीप के निकट श्रीलंकाई नौसेना द्वारा की गई गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भारत में द्वीपीय राष्ट्र के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। विदेश मंत्रालय के अनुसार गोलीबारी में तीन अन्य भारतीय मछुआरे भी मामूली रूप से घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा, “आज सुबह डेल्फ़्ट द्वीप के निकट 13 भारतीय मछुआरों को पकड़ने के दौरान श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गोलीबारी की घटना की सूचना मिली।” इसमें कहा गया है, “मछली पकड़ने वाली नाव पर सवार 13 मछुआरों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं और उनका फिलहाल जाफना टीचिंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।” इसमें कहा गया है कि तीन अन्य मछुआरों को मामूली चोटें आईं हैं और उनका उपचार किया गया है। जाफना स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने घायल मछुआरों से अस्पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना तथा मछुआरों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। विदेश मंत्रालय ने कहा, “नयी दिल्ली स्थित श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को आज सुबह विदेश मंत्रालय में बुलाया गया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।” कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी यह मामला श्रीलंकाई विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, “किसी भी परिस्थिति में बल प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। इस संबंध में दोनों सरकारों के बीच मौजूदा सहमति का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।”
JAN 28, 2025 12:58 IST

श्रीहरिकोटा से इसरो के 100वें मिशन की उल्टी गिनती शुरू

श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र से भारतीय अंतरिक्ष एवं अनुसंधान संगठन (इसरो) के ऐतिहासिक 100वें मिशन यानी जीएसएलवी रॉकेट के जरिए नेविगेशन उपग्रह के प्रक्षेपण के लिए 27 घंटे की उल्टी गिनती मंगलवार को शुरू हो गई। यह इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन के नेतृत्व में पहला मिशन होगा। उन्होंने 13 जनवरी को पदभार संभाला था। सूत्रों ने बताया कि स्वदेशी क्रायोजेनिक चरण के साथ भू-समकालीन उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) अपनी 17वीं उड़ान में नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-02 को लेकर यहां दूसरे लॉन्च पैड से 29 जनवरी को सुबह छह बजकर 23 मिनट पर प्रक्षेपित होगा।
JAN 28, 2025 12:17 IST

अखिलेश यादव समेत अन्य सपा सांसद करेंगे 'आप' के लिए प्रचार

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सांसद आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होने वाले हैं और मतगणना आठ फरवरी को होगी। अखिलेश यादव 30 जनवरी को रिठाला में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ एक रोड शो में शामिल होंगे। सपा सांसद इकरा हसन तथा पार्टी के अन्य सांसद भी आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार अभियान में भाग लेंगे।
JAN 28, 2025 11:39 IST

नोएडा में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने मंगलवार तड़के एक मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मुठभेड़ के दौरान चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी। इन बदमाशों पर लूटपाट और चोरी करने सहित कानून की विभिन्न धाराओं में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से विभिन्न स्थानों से चोरी और लूटे गए जेवरात, नकदी, अवैध हथियार आदि बरामद किए हैं।
JAN 28, 2025 11:27 IST

भारतीय शेयर बाजार में तेजी

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में तेजी के साथ खुला। बाजार के मुख्य सूचकांकों में खरीदारी का ट्रेंड देखा जा रहा है। सुबह 9:45 पर सेंसेक्स 384 अंक या 0.51 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,750 और निफ्टी 78 अंक या 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,907 पर था। लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 661 अंक या 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 51,134 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 453 अंक या 2.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,850 पर था।
JAN 28, 2025 10:47 IST

बुरे फंसे केजरीवाल

दिल्ली चुनाव के बीच आम आदमा पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने यमुना में गंदे पानी को लेकर हरियाणा पर आरोप लगाया था। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नदी में ‘जहर’ मिलाकर लोगों को मारने की कोशिश कर रही है। इसे लेकर अब हरियाणा की बीजेपी सरकार केस करने तैयारी में है। हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल से मांफी की मांग की है, सैनी ने कहा कि अगर केजरीवाल माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ वो मानहानि का केस करेंगे।
JAN 28, 2025 10:30 IST

अमेरिका जाएंगे PM मोदी

पीएम मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ही बता दिया है कि पीएम मोदी अमेरिका जाएंगे। सोमवार रात हुए दोनों नेताओं के बीच बातचीत में ट्रंप ने पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता दिया था। ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी संभवत: फरवरी में अमेरिका का दौरा करेंगे।