LIVE
26 अप्रैल 2025 हिंदी समाचार Updates: पाकिस्तान ने लगाई हवाई क्षेत्र पाबंदी, DGCA ने एयरलाइंस को जारी की एडवाइजरी..एलओसी पर जमकर हुई गोलीबारी
26 अप्रैल 2025 हिंदी समाचार Updates: पाकिस्तान ने लगाई हवाई क्षेत्र पाबंदी, DGCA ने एयरलाइंस को जारी की एडवाइजरी..एलओसी पर जमकर हुई गोलीबारी
APR 26, 2025 14:39 IST
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को घोषित किया गया "रेड जोन", ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
नागर विमानन मंत्रालय, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) तथा सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त निर्देशों के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) और उसके आसपास के क्षेत्र को 'रेड ज़ोन' घोषित कर दिया गया है। इस निर्णय के तहत अब इस क्षेत्र में ड्रोन या किसी भी प्रकार के अनमैन्ड एरियल व्हीकल (यूएवी) उड़ाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह कदम एयरपोर्ट की सुरक्षा और वायु क्षेत्र की सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति के इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाना भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण अधिनियम, 1934 और यूएवी संचालन से जुड़े नियमों के तहत एक गंभीर अपराध माना जाएगा। यदि कोई व्यक्ति, संस्था या समूह इस निर्देश का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
APR 26, 2025 14:21 IST
जून से अगस्त तक होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा
Kailash Manasarovar Yatra: कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर सरकार का प्लान सामने आ गया है। विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा जून से अगस्त 2025 के दौरान आयोजित की जाएगी। इसमें पांच जत्थे होंगे, इनमें से प्रत्येक में 50 यात्री होंगे। इसी तरह 10 जत्थे में भी प्रत्येक में 50 यात्री होंगे जो लिपुलेख दर्रे को पार करते हुए उत्तराखंड से होकर और नाथू ला दर्रे को पार करते हुए सिक्किम राज्य से होकर यात्रा करेंगे।
APR 26, 2025 13:32 IST
कोटा में मृत मिला छात्र इस बार ‘नीट' परीक्षा नहीं देना चाहता था
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहे जिस छात्र का शव पिछले दिनों कोटा में मिला वह इस बार इम्तिहान में नहीं बैठना चाहता था। वह तैयारी के लिए एक साल और चाहता था। छात्र के दुखी माता पिता ने यह बात बताई। दिल्ली के तुगलकाबाद में बढ़ई का काम करने वाले रंजीत शर्मा यहां एक अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर बैठे-बैठे बेकाबू होकर रोने लगते हैं। वह अपने बेटे का शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं। शर्मा कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ बेटे को कुछ दिन के लिए घर ले जाने यहां आए थे लेकिन तब उसने मना कर दिया था। माता-पिता के अनुसार उनके बेटे रोशन शर्मा (23) ने चार मई की नीट-यूजी परीक्षा से कुछ हफ्ते पहले अचानक उनसे कहा था कि वह इस साल परीक्षा नहीं देगा। उनके दिल्ली लौटने के तीन दिन बाद ही बृहस्पतिवार तड़के उनके बेटे का शव यहां रेल लाइन के पास झाड़ियों से बरामद किया गया।
APR 26, 2025 12:11 IST
पाकिस्तान ने लगाई हवाई क्षेत्र पाबंदी, DGCA ने एयरलाइंस को जारी की एडवाइजरी
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अवधि बढ़ने के मद्देनजर शनिवार को विमानन कंपनियों को परामर्श जारी किया कि वे यात्रियों के लिए उचित संचार व्यवस्था और उड़ान के दौरान खानपान सेवाएं उपलब्ध कराएं। पाकिस्तान ने भारतीय विमानन कंपनियों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है जिसके परिणामस्वरूप उनकी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, विशेषकर दिल्ली सहित उत्तर भारतीय शहरों से रवाना होने वाली उड़ानों का यात्रा समय बढ़ गया है।
APR 26, 2025 11:44 IST
मुंबई के लोखंडवाला में रिहायशी इमारत में आग, एक महिला की मौत
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के अंधेरी (वेस्ट) स्थित लोखंडवाला इलाके में शनिवार सुबह एक इमारत में आग लग गई। आग लगने की इस दर्दनाक घटना में एक 34 वर्षीय महिला की मौत हो गई। 6 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में 6 अन्य लोग झुलसे बताए जा रहे हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मुंबई फायर विभाग के अनुसार, एक ग्राउंड-प्लस-आठ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगी। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग केवल पहली मंजिल तक ही सीमित रही। हालांकि, हर तरफ धुएं का गुबार देखने को मिला।
APR 26, 2025 11:26 IST
एपस्टीन सेक्स स्कैंडल नेटवर्क को उजागर करने वाली वर्जीनिया गिफ्रे ने की खुदकुशी
जेफरी एपस्टीन के यौन शोषण और तस्करी नेटवर्क को उजागर करने में अहम भूमिका निभाने वाली वर्जीनिया गिफ्रे ने 41 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली। उनके परिवार ने शुक्रवार को पुष्टि की कि उनका निधन ऑस्ट्रेलिया के नीर्गैबी में हुआ। गिफ्रे ने साहस के साथ एप्सटीन और उनके प्रभावशाली सहयोगियों के खिलाफ आरोप लगाए थे। उन्होंने यौन शोषण और तस्करी से प्रभावित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और न्याय की लड़ाई लड़ी। अंत में उन्होंने ऐसे लोगों को सजा दिलाई।
APR 26, 2025 11:07 IST
शिमला समझौता रद्द करने की शेखी बघार रहा पाकिस्तान
नई दिल्ली द्वारा राजनयिक संबंधों को कमतर किए जाने और सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के बाद इस्लामाबाद की ओर से उठाए गए कदमों के बाद पाकिस्तान ने शिमला समझौते को रद्द करने की धमकी दी थी।
APR 26, 2025 11:07 IST
जम्मू-कश्मीर में अब तक लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर सहित 5 आतंकवादियों के घर जमींदोज़
कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में 5 आतंकवादियों के घर ध्वस्त कर दिए गए हैं। शोपियां, कुलगाम और पुलवामा जिलों में यह कार्रवाई की गई, क्योंकि सुरक्षा बलों ने घातक पहलगाम हमले से जुड़े लश्कर-ए-तैयबा के गुर्गों और संदिग्धों पर कार्रवाई तेज कर दी है।
APR 26, 2025 11:07 IST
पोप फ्रांसिस का आज होगा अंतिम संस्कार
पोप फ्रांसिस को आज एक ऐसे समारोह में अंतिम विदाई दी जाएगी, जो पोप के रूप में उनकी प्राथमिकताओं और पादरी के रूप में उनकी इच्छाओं को प्रतिबिंबित करेगा। राष्ट्रपति और राजकुमार सेंट पीटर्स स्क्वायर में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे लेकिन कैदी एवं प्रवासी उन्हें बेसिलिका में लेकर जाएंगे, जहां उन्हें दफनाया जाएगा। अंतिम संस्कार में दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। फ्रांसिस ने पिछले साल वेटिकन की परंपराओं और रीति-रिवाजों में बदलाव कर उन्हें सरल बनाते समय अपने अंतिम संस्कार समारोह को लेकर अपनी इच्छा बताई थी।
APR 26, 2025 09:03 IST
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पहलगाम आतंकवादी हमले की ‘कड़ी निंदा' की
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी आलोचना की और आतंकवाद के इस निंदनीय कृत्य के दोषियों और उनके मददगारों को जवाबदेह ठहराने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने की जरूरत पर बल दिया। यूएनएससी ने शुक्रवार को मीडिया में एक बयान जारी कर इस बात को दोहराया कि हर तरह का आतंकवाद अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक है। बयान में कहा गया, सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य लोग घायल हो गए। मीडिया में यह बयान यूएनएससी अध्यक्ष द्वारा सभी 15 सदस्य देशों की ओर से जारी किया गया है। पाकिस्तान वर्तमान में यूएनएससी में एक अस्थायी सदस्य है।
APR 26, 2025 08:28 IST
पाकिस्तानी सेना ने की एलओसी पर गोलीबारी
Pak Troops Firing At LoC: पहलगाम आतंकी हमले के बीच पाकिस्तान की हिमाकत लगातार जारी है। पाकिस्तानी सेना ने 25-26 अप्रैल की रात एलओसी पर कई जगहों पर गोलीबारी की जिसका भारत ने करारा जवाब दिया। भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ने के बीच जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तानी सेना ने अकारण गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इसका जोरदार जवाब दिया है।
APR 26, 2025 07:30 IST
बम की धमकी के कारण फ्लोरिडा हवाई अड्डे पर विमान को खाली कराया गया
शुक्रवार को फ्लोरिडा हवाई अड्डे पर एक विमान में बम की धमकी का नोट मिला, जिसके कारण विमान को खाली कराया गया और उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। पिनेलस काउंटी शेरिफ कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सेंट पीटर्सबर्ग-क्लियरवाटर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से ओहियो के सिनसिनाटी जा रहे एलीगेंट एयरवेज फ्लाइट 2006 के एक फ्लाइट अटेंडेंट को बाथरूम के दरवाजे पर बम की धमकी का नोट मिला। इसके बाद पायलट ने विमान को रोका और यात्रियों को टरमैक से बाहर निकाला।
APR 26, 2025 06:35 IST
जामिया में छात्रों के दो गुटों में झड़प, कई घायल
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में शुक्रवार देर रात छात्रों के दो समूहों के बीच कथित तौर पर झड़प हो गई, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। इस बारे में जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है और घटना के संबंध में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है। परिसर के सूत्रों के अनुसार पांच से छह छात्र घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए एमए अंसारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में सभी को छुट्टी दे दी गई। घटना कथित तौर पर विश्वविद्यालय के गेट नंबर सात के पास हुई, जहां झड़प के दौरान ईंट और पत्थर फेंके जाने की बात कही जा रही है। परिसर के सूत्रों ने दावा किया कि बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे मामूली कहासुनी में मेवात के एक छात्र पर बिहार के छात्रों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जिससे तनाव फैल गया।
APR 26, 2025 06:35 IST
पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की
भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ने के बीच जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा अकारण की गई गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया है। सैन्य सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार को गोलीबारी की, लेकिन इसमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी और भारत की ओर से दिये गए जवाब पर भारतीय सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। एक सूत्र ने कहा, नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तान द्वारा छोटे हथियारों से गोलीबारी किये जाने की घटनाएं हुईं।
APR 26, 2025 06:35 IST
ईरान ने तनाव कम करने के लिए भारत और पाकिस्तान से संपर्क किया
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने शुक्रवार को दोनों देशों से तनाव कम करने का आग्रह किया। सऊदी अरब ने भी भारत और पाकिस्तान के बीच शत्रुता को लेकर चिंता जताई उसके विदेश मंत्री ने अपने भारतीय और पाकिस्तानी समकक्षों के साथ फोन पर बातचीत की। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, भारत और पाकिस्तान ईरान के पड़ोसी हैं, जिनके बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। अन्य पड़ोसियों की तरह, हम उन्हें अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हैं। अराघची ने कहा कि तेहरान इस कठिन समय में दोनों के बीच बेहतर समझ के लिए इस्लामाबाद और नयी दिल्ली में अपने कार्यालयों का उपयोग करने के लिए तैयार है।
APR 26, 2025 06:35 IST
पाकिस्तान के पास शिमला समझौता रद्द करने का विकल्प है: विदेश मंत्रालय
पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि अगर भारत दोनों देशों के बीच संघर्ष को बढ़ाता है तो उसके (पाकिस्तान) पास शिमला समझौता रद्द करने का विकल्प है। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के मध्य पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को 1972 के शिमला समझौते सहित सभी द्विपक्षीय समझौतों को निलंबित करने की धमकी दी थी। यह नई दिल्ली द्वारा राजनयिक संबंधों को कमतर किए जाने और सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) को निलंबित किए जाने के बाद इस्लामाबाद की ओर से उठाए गए कदमों में से एक था।
APR 26, 2025 06:34 IST
पहलगाम आतंकी हमले पर बोले ट्रंप, की ये अपील
पहलगाम आतंकी हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, मैं भारत के बहुत करीब हूं और मैं पाकिस्तान के भी बहुत करीब हूं, और कश्मीर में वे एक हजार साल से लड़ रहे हैं। कश्मीर का मुद्दा एक हजार साल पुराना है, शायद उससे भी ज्यादा समय से। वह एक बुरा हमला था। उस सीमा पर 1,500 सालों से तनाव है। यह वैसा ही रहा है, लेकिन मुझे यकीन है कि वे इसे किसी न किसी तरह से सुलझा लेंगे। मैं दोनों नेताओं को जानता हूं। पाकिस्तान और भारत के बीच बहुत तनाव है, लेकिन हमेशा से रहा है।
