LIVEताजा खबर(Taza Khabar) 25 फरवरी 2024: हरियाणा में INLD प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की गोली मारकर हत्या पीएम मोदी ने सुदर्शन सेतु का किया उद्घाटन

ताजा खबर(Taza Khabar) 25 फरवरी 2024: हरियाणा में INLD प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की गोली मारकर हत्या पीएम मोदी ने सुदर्शन सेतु का किया उद्घाटन
ताजा खबर (aza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 25 फरवरी 2024 और बड़ी खबरें: इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) प्रदेश अध्यक्ष और बहादुरगढ़ से पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में नफे सिंह राठी गंभीर रूप से घायल हो गए, बाद में उनकी मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, इस हमले में 3 सुरक्षाकर्मी भी बुरी तरह से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में ओखा और भेट द्वारका को जोड़ने वाले 2.32 किलोमीटर लंबे ‘सुदर्शन सेतु’ का उद्घाटन किया। देश का सबसे लंबा केबल ब्रिज, जिसके निर्माण से भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में नया इतिहास रचा। इस केबल ब्रिज (Cable-stayed bridge) का नाम सुदर्शन सेतु है। जिसके निर्माण में मोदी सरकार ने 980 करोड़ रुपये खर्च किए। इसे हर कोई एक नायाब नमूने के तौर पर देख रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर संसदीय क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गये रितेश पांडेय ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 25 फरवरी (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार:
Rajya Sabha Elections 2024 LIVE
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी पर तेजस्वी ने उठायें सवाल
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कैबिनेट विस्तार में देरी पर सवाल उठाते हुए, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में कोई भी बिहार के मुख्यमंत्री को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
चार बार के MLA और कांग्रेस के पूर्व विधायक ने थामा BJP का दामन
बीजद विधायक देबाशीष नायक तथा कांग्रेस के पूर्व विधायक निहार रंजन महानंदा तमाम चर्चाओं पर विराम लगाते हुए रविवार को भाजपा में शामिल हो गए।
राष्ट्रपति मुर्मू सोमवार को ‘पर्पल उत्सव' का करेंगी उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में दिव्यांग जनों के लिए ‘पर्पल उत्सव’ का उद्घाटन करेंगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत दिव्यांग जन सशक्तीकरण विभाग ने बयान में कहा कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री तथा विभाग के सचिव इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस के 'शाही परिवार' ने रायबरेली में सिर्फ राजनीति की, काम मोदी ने किया- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेहरू गांधी परिवार पर हमला करते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस के ‘शाही परिवार’ ने रायबरेली में सिर्फ सियासत की, मगर विकास कार्य सिर्फ मोदी ने ही किया है। प्रधानमंत्री ने यहां आयोजित एक समारोह को ऑनलाइन माध्यम से रायबरेली स्थित एम्स का लोकार्पण किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उत्तर प्रदेश के रायबरेली को एम्स की गारंटी दी थी, कांग्रेस के शाही परिवार ने रायबरेली में सिर्फ राजनीति की, काम मोदी ने किया।’’ मोदी ने कहा, ‘‘मैंने रायबरेली एम्स का आठ साल पहले शिलान्यास किया था और आज इसका लोकार्पण किया है।’’
पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में यूपी एसटीएफ ने पहली गिरफ्तारी की
पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की जांच कर रही उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने मामले में पहली गिरफ्तारी की है।एसटीएफ ने रविवार को नीरज यादव नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसने अभ्यर्थियों को व्हाट्सएप पर उत्तर भेजे थे। यादव बलिया के रहने वाले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, नीरज को मथुरा के एक अन्य आरोपी से जवाब भेजा गया था। एसटीएफ अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने दूसरे आरोपी पर भी ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है।
INLD प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंंह की गोली मारकर हत्या, 3 सुरक्षाकर्मियों भी घायल
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD ) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की हत्या।
छत्तीसगढ़ के कांकेर में मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के जंगलों में रविवार को सर्चिंग के लिए निकले सुरक्षा दल की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। सुरक्षा बलों को मौके से हथियार भी मिले हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के हुरतराई जंगल में सुरक्षा बल का दल कोयलीबाड़ी इलाके में नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था। दल में रिजर्व गार्ड और सीमा सुरक्षा बल के जवान थे।
फडणवीस मेरी हत्या कराने का प्रयास कर रहे हैं- जरांगे
मराठा समुदाय को आरक्षण के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर उनकी हत्या कराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि वह मुंबई तक मार्च करेंगे और भाजपा नेता के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। जरांगे ने जालना जिले के अंतरवाली सराटी में एक घंटे से अधिक के अपने भाषण के अंत में यह घोषणा की। उन्होंने फडणवीस पर कई आरोप भी लगाए। बाद में, जरांगे के बयान के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘उन्होंने क्या कहा है, मैंने नहीं सुना है।’’
'भ्रष्टाचार और कांग्रेस एक-दूसरे के पर्यायवाची, मध्य प्रदेश में जमकर बरसे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश के दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और कांग्रेस को एक दुसरे का पर्यावाची है।
अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस, एनपीपी के चार विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में हुए शामिल
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चार मौजूदा विधायक - दो विपक्षी कांग्रेस से और दो नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) से - रविवार को यहां मुख्यमंत्री पेमा खांडू की उपस्थिति में सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। विपक्षी कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग तथा वांगलिंग लोवांगडोंग और एनपीपी विधायक मुच्चू मिथी तथा गोकर बसर भगवा पार्टी के ईटानगर कार्यालय में एक समारोह में भाजपा में शामिल हो गए।एनपीपी अरुणाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजकोट में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को किया संबोधित
भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में रविवार को आगरा में शामिल हुए। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव पहली बार एक साथ नजर आए हैं।
कांग्रेस विधायक राजा वेंकटप्पा नाइक का निधन
कर्नाटक के शोरापुर से कांग्रेस विधायक राजा वेंकटप्पा नाइक का रविवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह 64 वर्ष के थे और दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ।
25 फरवरी पीएम मोदी के लिए इस वजह से है बेहद खास, मोदी आर्काइव ने बताया कारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को गुजरात दौरे पर हैं, जहां उन्होंने देश के सबसे लंबे ब्रिज 'सुदर्शन सेतु' का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री मोदी के लिए 25 फरवरी स्मरणीय और ऐतिहासिक दिन है। आज की तारीख ही है, जिसने देश के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने वाले नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन पर मुहर लगाई। दरअसल, आज से ठीक 22 साल पहले 25 फरवरी 2002 को उन्होंने पहली बार विधायक के तौर विधानसभा में शपथ ली थी। जिसकी फोटो सोशल मीडिया मोदी आर्काइव हैंडल से शेयर की गई है। फोटो में नजर आ रहा है नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा के दिग्गज नेता और गुजरात के पूर्व सीएम केशुभाई पटेल समेत कई नेता मौजूद हैं।
पीएम मोदी दो मार्च को करेंगे बिहार का दौरा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कई परियोजनाओं की शुरुआत करने और जनसभाओं को संबोधित करने के लिए दो मार्च को बिहार का दौरा करेंगे। भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पीएम मोदी ने गहरे समुद्र में लगाई डुबकी, जलमग्न द्वारका में की प्रार्थना
पीएम मोदी रविवार को गुजरात में गहरे समुद्र में गए और उस स्थान पर प्रार्थना की, जहां माना जाता है कि प्राचीन द्वारका शहर भगवान कृष्ण के निधन के बाद अरब सागर में डूब गया था। पीएम मोदी ने द्वारका को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
बसपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए सांसद रितेश पांडेय
उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर संसदीय क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गये रितेश पांडेय ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। बसपा प्रमुख मायावती को लिखे इस्तीफे की प्रति पांडेय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा की। इस बीच बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में रितेश पांडेय का जिक्र किये बिना अपनी पार्टी के सांसदों से पूछा कि 'क्या स्वार्थ में इधर-उधर भटकते नजर आ रहे लोगों को टिकट देना संभव है।' बसपा प्रमुख को संबोधित पत्र में रितेश पांडेय ने पार्टी से विधायक और फिर सांसद चुने जाने की अपनी राजनीतिक उपलब्धियों की चर्चा करते हुए यह शिकायत की कि 'मुझे लंबे समय से न तो पार्टी की बैठकों में बुलाया जा रहा है और न ही नेतृत्व के स्तर पर संवाद किया जा रहा है। मैंने अपने शीर्ष पदाधिकारियों से संपर्क के अनगिनत प्रयास किये लेकिन उनका कोई परिणाम नहीं निकला।'
नशे की लत छुड़ाने के लिए परिवारों का मजबूत सहारा जरूरी: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशे की लत का शिकार होने से बचाने की जरूरत पर जोर देते हुए रविवार को कहा कि इससे निपटने के लिए परिवारों के मजबूत सहयोग की आवश्यकता होती है। प्रधानमंत्री ने ‘गायत्री परिवार’ की ओर से आयोजित ‘अश्वमेध यज्ञ’ कार्यक्रम में वीडियो संदेश में यह बात कही। उन्होंने कहा, 'मादकपदार्थ मुक्त भारत के निर्माण के लिए यह अहम है कि परिवार किसी संस्थान की भांति ही मजबूत बनें।' उन्होंने कहा कि जब परिवार कमजोर होता है तो मूल्यों का क्षरण होने लगता है और फिर उसका प्रभाव व्यापक तौर पर पड़ता है। प्रधानमंत्री ने परिवार की अवधारणा और उसके महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि जब परिजन कई दिन तक मेल मुलाकात नहीं करते तब खतरे पैदा होते हैं इसलिए परिवारों को मजबूत होने और देश को नशा मुक्त बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ‘अश्वमेध यज्ञ’ एक भव्य सामाजिक अभियान बन गया है साथ ही उन्होंने लाखों युवाओं को नशे से दूर रखने और राष्ट्र-निर्माण गतिविधियों की दिशा में इसकी भूमिका को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने नशे के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की।
रितेश पांडेय ने बसपा की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद रितेश पांडेय ने बसपा की प्राथमिक सदस्यता से रविवार को इस्तीफा दिया, बसपा प्रमुख मायावती को भेजे गए इस्तीफे की प्रति सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा की।
अगले तीन माह तक प्रसारित नहीं होगा मन की बात कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में कहा- पर्यटन हो, सामाजिक मुद्दे हों या सार्वजनिक भागीदारी का क्षेत्र सभी में भारत के युवा विषय वस्तु निर्माण की दिशा में काफी अच्छा कर रहे हैं। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में पहली बार मतदान करने वालों से रिकॉर्ड संख्या में अपने मताधिकारों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मन की बात कार्यक्रम अगले तीन माह तक प्रसारित नहीं होगा।