LIVE

आज की ताजा खबर 24 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए जल्द फैसला करेगी महायुति, यूपी के संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान पत्थरबाजी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आयुष सिन्हाUpdated Nov 24, 2024, 19:01 IST

आज की ताजा खबर 24 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य भाजपा प्रमुख चन्द्रशेखर बावनकुले ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की शानदार जीत के बाद शनिवार रात नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की। वहीं महाराष्ट्र में चांदगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जीते निर्दलीय उम्मीदवार शिवाजी पाटिल शनिवार रात जीत के जश्न के दौरान आग में झुलस गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जश्न में शामिल कुछ महिलाएं भी आग में झुलस गईं। इसके अलावा देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गई है। आनंद विहार में AQI 473 पर है।

आज की ताजा खबर 24 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए जल्द फैसला करेगी महायुति, यूपी के संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान पत्थरबाजी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर 24 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए जल्द फैसला करेगी महायुति, यूपी के संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान पत्थरबाजी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर 24 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि राज्य में मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे ब्राह्मण फडणवीस तीसरी बार इस पद पर आसीन होंगे। भाजपा नेता शिव प्रकाश और बावनकुले फडणवीस से मिलने रविवार को यहां मालाबार हिल क्षेत्र में स्थित उनके ‘सागर’ बंगले पर पहुंचे। मौजूदा राज्य विधानसभा का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त होगा जिसके कारण मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करने के लिए सत्तारूढ़ सहयोगी दलों के नेताओं के बीच बैठकें जरूरी हो गई हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी है। रविवार को जब सर्वे टीम सर्वे के लिए पहुंची तो वहां मौजूद भीड़ ने पहले विरोध किया और फिर पत्थरबाजी करने लगे। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके प्रयास असफल रहे और भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इसके अलावा 'मन की बात' के 116वें एपिसोड को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों को एनसीसी दिवस की शुभकामनाएं दी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये घोषणा की कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर दिल्ली में युवा विचारों का महाकुंभ लगेगा। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का मेगा ऑक्शन (Indian Premier League Mega Auction) रविवार 24 नवंबर 2024 से शुरू होने जा रहा है। सऊदी अरब के जेद्दा में मेगा इवेंट का आयोजन होगा। दो दिनों तक चलने वाले IPL Auction 2025 में कुल 574 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव

  • जीत के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने फडणवीस से मुलाकात की
  • पीएम मोदी ने देशवासियों से 116वीं बार की 'मन की बात'
  • संभल में भड़की हिंसा, उपद्रवियों ने कई वाहनों को लगाया आग
  • राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में 'गंभीर' श्रेणी में पहुंची वायु गुणवत्ता
  • फडणवीस ने नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की
  • जीत के जश्न के दौरान आग में झुलसे नवनिर्वाचित निर्दलीय उम्मीदवार

NOV 24, 2024 17:45 IST

बीजद ने वक्फ (संशोधन) विधेयक वापस लेने की मांग की

ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने वक्फ (संशोधन) विधेयक वापस लेने की मांग करते हुए रविवार को यहां एक रैली निकाली। बीजद के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने राजभवन के पास इस रैली का आयोजन किया, जहां प्रदर्शनकारियों ने विधेयक वापस लेने की मांग करते हुए नारे लगाए, क्योंकि उनका दावा है कि इससे (विधेयक से) समुदाय के बीच सद्भाव प्रभावित होगा। सरकार ने सोमवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में चर्चा के लिए वक्फ संशोधन विधेयक समेत 16 विधेयकों को सूचीबद्ध किया है। प्रदर्शनकारियों ने खुर्दा के जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें उन्होंने कुछ सुझाव दिए और वक्फ अधिनियम, 1995 में प्रस्तावित संशोधनों के बारे में चिंता व्यक्त की।
NOV 24, 2024 17:29 IST

संभल में हुई हिंसा के बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात प्रमुख का आया बयान

संभल में हुई हिंसा के बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने रविवार को संभल में पथराव और तोड़फोड़ की आलोचना की और मुस्लिम समुदाय से जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां तक ​​अदालती कार्यवाही का सवाल है, जामा मस्जिद हमारी है। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 24, 2024 17:08 IST

हेमंत सोरेन ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव में जीत के बाद एक बार फिर से सरकार बनाने का दावा पेश किया है। राज्यपाल से मुलाकात कर उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। सोरेन 28 नवंबर को शपथ लेंगे।
NOV 24, 2024 16:23 IST

26.75 करोड़ में बिके मिशेल स्टार्क

श्रेयस अय्यर आईपीएल में सबसे ज्यादा बिकने वाले खिलाड़ी बन गए है। उन्होंने मिशेल स्टार्क का 24.75 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड तोड़ा; पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा है।
NOV 24, 2024 16:21 IST

पंजाब के अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो ड्रोन मिले

पंजाब के अमृतसर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास दो ड्रोन और हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।
NOV 24, 2024 15:50 IST

आईपीएल ऑक्शन शुरू

आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन का आगाज हो चुका है। सऊदी अरब के जेद्दा में मेगा ऑक्शन की शुरुआत हुई। इस ऑक्शन में 577 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी।
NOV 24, 2024 15:30 IST

कार एक्सीडेंट में कृपालु महाराज की बेटी की मौत

नोएडा में रविवार सुबह मथुरा जाते समय कृपालु महाराज की बेटी की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं दो अन्य बेटियां घायल हो गई।
NOV 24, 2024 15:29 IST

संभल हिंसा में दो लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद सर्वे के विरोध में भड़की हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई है। संभल एसपी ने फोन पर इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान दो युवकों की मौत हो चुकी है।
NOV 24, 2024 14:30 IST

महाराष्ट्र में महायुति की जीत के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने फडणवीस से मुलाकात की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संयुक्त महासचिव शिव प्रकाश और पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से रविवार को यहां उनके आवास पर मुलाकात की। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शनिवार को महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी। चुनाव परिणामों के बाद ध्यान भाजपा नेता फडणवीस पर केंद्रित हो गया है जिनका राज्य में पार्टी की जीत में अहम योगदान है। भाजपा ने राज्य में 149 सीट पर चुनाव लड़ा था जिनमें से उसने 132 सीट पर जीत हासिल की। राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि राज्य में मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे ब्राह्मण फडणवीस तीसरी बार इस पद पर आसीन होंगे। भाजपा नेता शिव प्रकाश और बावनकुले फडणवीस से मिलने रविवार को यहां मालाबार हिल क्षेत्र में स्थित उनके ‘सागर’ बंगले पर पहुंचे। मौजूदा राज्य विधानसभा का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त होगा जिसके कारण मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करने के लिए सत्तारूढ़ सहयोगी दलों के नेताओं के बीच बैठकें जरूरी हो गई हैं।
NOV 24, 2024 14:29 IST

राकांपा ने अजित पवार को महाराष्ट्र विधानसभा में पार्टी का नेता चुना

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पार्टी अध्यक्ष अजित पवार को रविवार को विधानसभा में पार्टी का नेता चुना। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य सुनील तटकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में पवार को विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया और उनके सहयोगी अनिल पाटिल को फिर से मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया। पाटिल सदन के सत्रों के दौरान विधायकों की उपस्थिति पर नजर रखेंगे और विभिन्न विषयों पर बोलने के उनके अनुरोध पर विचार करेंगे। राकांपा और महायुति में उसकी सहयोगियों भारतीय जनता पार्टी तथा शिवसेना ने राज्य विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 288 में से 233 सीट जीतीं। राकांपा ने 59 सीट पर चुनाव लड़ा और 41 सीट जीतीं।
NOV 24, 2024 12:55 IST

संसद सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ने अदाणी मुद्दे पर चर्चा की मांग की

संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार द्वारा रविवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ने अदाणी समूह पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों पर चर्चा की मांग की। विपक्षी दल ने मणिपुर मुद्दे, उत्तर भारत में प्रदूषण और रेल दुर्घटनाओं पर भी चर्चा की मांग की। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी पार्टी ने अदाणी समूह पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों पर संसद में चर्चा की अनुमति देने का सरकार से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि सोमवार को संसद की बैठक में सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया जाए। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि यह देश के आर्थिक और सुरक्षा हितों से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है क्योंकि कंपनी ने अपनी सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए अनुकूल सौदा पाने के वास्ते नेताओं और नौकरशाहों को 2,300 करोड़ रुपये से अधिक का कथित तौर पर भुगतान किया। अमेरिकी अभियोजकों ने अरबपति गौतम अदाणी पर अनुकूल सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को 26.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 2,200 करोड़ रुपये) की रिश्वत देने की योजना का हिस्सा होने का आरोप लगाया है। तिवारी ने कहा कि कांग्रेस उत्तर भारत में गंभीर वायु प्रदूषण, ‘‘नियंत्रण से बाहर’’ हुई मणिपुर की स्थिति और रेल दुर्घटनाओं जैसे मुद्दों पर भी चर्चा चाहती है। यह बैठक संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुलाई।
NOV 24, 2024 12:39 IST

सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने कही ये बातें

​पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन पर कहा कि न्यायिक पद की बाध्यताओं और जिम्मेदारियों से बंधे बिना एक आम नागरिक होना अच्छा है। नीति बनाना विधायिका का काम है, लेकिन इसकी वैधता तय करना अदालतों का काम है। पूर्व प्रधान न्यायाधीश ने आगे कहा कि कॉलेजियम प्रणाली के बारे में बहुत गलतफहमी है, यह बहुत ही सूक्ष्म विश्लेषण वाला और बहुस्तरीय है। कॉलेजियम प्रणाली पर उन्होंने बोला कि न्यायाधीशों की नियुक्ति में न्यायपालिका की एकमात्र भूमिका नहीं है। न्यायाधीशों की नियुक्ति में न्यायपालिका की एकमात्र भूमिका नहीं है। मामलों के परिणाम को प्रभावित करने के लिए विशेष हित समूहों द्वारा सोशल मीडिया का उपयोग किया जा रहा है।
NOV 24, 2024 12:06 IST

संभल में कैसे हैं हालात, वाहनों में लगाई आग; सर्वे टीम पर हुई पत्थरबाजी

NOV 24, 2024 12:04 IST

संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों को लगाया आग

NOV 24, 2024 12:03 IST

यूपी के संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान पत्थरबाजी

उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी है। रविवार को जब सर्वे टीम सर्वे के लिए पहुंची तो वहां मौजूद भीड़ ने पहले विरोध किया और फिर पत्थरबाजी करने लगे। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके प्रयास असफल रहे और भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया।
NOV 24, 2024 11:33 IST

बंगाल के उल्टाडांगा में झुग्गी बस्ती में लगी आग, कोई घायल नहीं

पश्चिम बंगाल के उल्टाडांगा इलाके में स्थित एक झुग्गी बस्ती में रविवार सुबह आग लग गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि झुग्गी बस्ती में सुबह सात बजकर 22 मिनट पर आग लगी, जिसके बाद दमकल विभाग की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और उन्होंने सुबह नौ बजे तक आग पर काबू पा लिया। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से छह झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं हैं, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं, संदेह है कि शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी।
NOV 24, 2024 10:29 IST

मध्य प्रदेश के नए डीजीपी बनाए गए कैलाश मकवाना

मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना होंगे। उनकी पदस्थापना का आदेश शनिवार की देर रात को जारी किया गया। मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत हो रहे डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना का स्थान लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविवार से दो देशों की यात्रा पर जा रहे हैं और उससे पहले राज्य के नए डीजीपी का फैसला हो गया है। वर्ष 1988 बैच के आईपीएस मकवाना वर्तमान में पुलिस हाउसिंग के अध्यक्ष है। शनिवार की देर रात को गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव एस एन मिश्रा ने मकवाना को डीजीपी बनाए जाने का आदेश जारी किया। इस आदेश में कहा गया है कि 21 नवंबर को संघ लोक सेवा आयोग की चयन समिति की बैठक में मकवाना का चयन किया गया। राज्य में डीजीपी के लिए तीन नाम प्रमुखता से लिए जा रहे थे जिनमें हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन मकवाना के अलावा ईओडब्ल्यू के डीजी अजय शर्मा और होमगार्ड के डीजी अरविंद कुमार का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था। आखिरकार मकवाना को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। उनका कार्यकाल 30 नवंबर 2026 तक रहेगा। कैलाश मकवाना मूल रूप से मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के निवासी हैं और उन्होंने बीई और आईआईटी से एमटेक किया है। वे लोकायुक्त के स्पेशल डीजी के अलावा सीआईडी के स्पेशल डीजी, एडीजी नारकोटिक्स, एडीजी एडमिन, एडीजी गुप्त वार्ता और एडीजी प्रबंध के पद पर रह चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि 30 नवंबर को सुधीर कुमार सक्सेना सेवानिवृत हो जाएंगे और मकवाना एक दिसंबर को अपना कार्यभार संभाल लेंगे। शनिवार की रात को नए डीजीपी का आदेश जारी होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मकवाना से कुछ देर चर्चा की और उसके बाद पदस्थापना का आदेश जारी किया गया। मुख्यमंत्री यादव छह दिवसीय विदेश यात्रा पर रविवार को रवाना हो रहे हैं और इस यात्रा के दौरान ही डीजीपी सक्सेना सेवानिवृत होने वाले थे लिहाजा यात्रा से पहले नए डीजीपी के नाम का फैसला जरूरी था।
NOV 24, 2024 09:49 IST

दिल्ली पुलिस कांस्टेबल हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने की घटना के एक दिन बाद मामले का मुख्य आरोपी दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में रात्रि गश्त के दौरान कांस्टेबल किरण पाल की तीन लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। दो आरोपियों दीपक मैक्स और कृष गुप्ता को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। विशेष प्रकोष्ठ के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरा आरोपी राघव संगम विहार में छिपा हुआ था। आरोपी की पहचान कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया लेकिन उसने पुलिस के अनुरोध को अनसुना करते हुए पुलिस कर्मियों पर गोलियां चलाईं जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी घायल हो गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘उसे तुरंत ओखला के ईएसआईसी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में कोई पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ है और उन्होंने एक पिस्तौल और दो कारतूस जब्त किए हैं। कांस्टेबल किरण पाल गोविंदपुरी पुलिस थाने में कार्यरत थे और रात्रि गश्त पर थे। उन्होंने शनिवार तड़के स्कूटी में सवार तीन लोगों को रोका। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कांस्टेबल पर पत्थर फेंके, लेकिन कांस्टेबल ने अपनी मोटरसाइकिल उनके वाहन के आगे अड़ा दी और उन्हें भागने नहीं दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल ने आरोपियों की स्कूटी की चाबी भी छीन ली और वह तीनों से पूछताछ करने लगे लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
NOV 24, 2024 09:38 IST

एलन मस्क ने एक दिन में 640 मिलियन वोटों की गिनती के लिए भारत को सराहा

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने दो राज्य विधानसभा चुनावों और उपचुनावों की मतगणना एक ही दिन में संपन्न होने के बाद भारतीय चुनाव प्रणाली की सराहना की है। साथ ही उन्होंने अमेरिका की इस प्रक्रिया पर कटाक्ष भी किया, जहां कैलिफोर्निया में अभी तक मतदान की घोषणा नहीं हुई है। मस्क ने एक्स पर लिखा, 'भारत ने एक दिन में 640 मिलियन वोटों की गिनती कर ली है, जबकि कैलिफोर्निया अभी भी वोटों की गिनती कर ही रहा है।" मस्क ने ये टिप्पणी उस एक्स पोस्ट पर दी जिसका शीर्षक था कि भारत ने एक दिन में 640 मिलियन वोटों की गिनती की। मस्क ने ऐसे ही एक दूसरी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। उस पोस्ट में लिखा था कि भारत ने एक दिन में 640 मिलियन वोट गिने और कैलिफोर्निया 18 दिन बाद भी 15 मिलियन वोट नहीं गिन पाया है। इस पर मस्क ने लिखा- दुखद। खबरों की मानें तो राष्ट्रपति चुनाव संपन्न होने के 2 हफ्ते बाद भी कैलिफोर्निया में अभी भी 300,000 से अधिक मतों की गिनती होनी बाकी है।
NOV 24, 2024 09:38 IST

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता संकट, एक्यूआई 400 पार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण के स्तर ने चिंता बढ़ा दी है। रविवार सुबह 7:30 बजे तक राजधानी दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 366 अंक पर पहुंच गया था, जो कि गंभीर श्रेणी में आता है। इसके अलावा, दिल्ली एनसीआर के अन्य प्रमुख शहरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति में रहा। दिल्ली से सटे शहरों की बात करें तो फरीदाबाद में एक्यूआई 309, गुरुग्राम में 240, गाजियाबाद में 312, ग्रेटर नोएडा में 304 और नोएडा में 309 अंक रहा। ये सभी शहर भी खराब श्रेणी में आते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत देते हैं। दिल्ली के आठ प्रमुख इलाकों में एक्यूआई का स्तर 400 के ऊपर और 500 तक पहुंच गया है। अलीपुर में 410, आनंद विहार में 412, नेहरू नगर में 408, विवेक विहार में 404, वजीरपुर में 409 अंक दर्ज किए गए हैं। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में है, जो सीधे तौर पर नागरिकों की सेहत पर प्रतिकूल असर डाल सकती है। इसके अलावा, दिल्ली के कई अन्य क्षेत्रों में भी प्रदूषण का स्तर काफी उच्च है। अशोक विहार में 392, आया नगर में 313, बुराड़ी क्रॉसिंग में 362, चांदनी चौक में 353, मथुरा रोड में 354, डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में 356, द्वारका सेक्टर 8 में 400, आईजीआई एयरपोर्ट में 327, दिलशाद गार्डन में 380, आईटीओ में 320, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 340, लोधी रोड में 302, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 372, मंदिर मार्ग में 328, नजफगढ़ में 319, नॉर्थ कैंपस डीयू में 348, एनएसआईटी द्वारका में 319, ओखला फेस 2 में 371, पटपड़गंज में 388, पंजाबी बाग में 370, पूषा में 327, आरके पुरम में 373, रोहिणी में 382, शादीपुर में 385, सिरी फोर्ट में 357, श्री अरविंदो मार्ग में 340 अंक दर्ज किए गए हैं। राजधानी और उसके आसपास के अधिकांश इलाकों में एक्यूआई 300 से ऊपर है, जो खराब से लेकर गंभीर स्तर तक के बीच है। एक्यूआई अगर इस स्तर पर रहता है तो सांस लेने में समस्या हो सकती है और खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है।