LIVE

22 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: आज मेरे पास दिल्ली में रहने को घर भी नहीं...' जनता की अदालत में बोले अरविंद केजरीवाल, कानपुर में ट्रेन पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रखा छोटा गैस सिलेंडर

Shashank Shekhar MishraUpdated Sep 22, 2024, 18:00 IST
Follow on Google News
22 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: आज मेरे पास दिल्ली में रहने को घर भी नहीं...' जनता की अदालत में बोले अरविंद केजरीवाल, कानपुर में ट्रेन पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रखा छोटा गैस सिलेंडर

22 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: आज मेरे पास दिल्ली में रहने को घर भी नहीं...' जनता की अदालत में बोले अरविंद केजरीवाल, कानपुर में ट्रेन पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रखा छोटा गैस सिलेंडर

हिंदी न्यूज़ लाइव, 22 सितंबर 2024 मुख्य समाचार: जंतर-मंतर पर जनता की अदालत में अरविंद केजरीवाल ने कहा, इन नेताओं को फर्क नहीं पड़ता, इनकी चमड़ी मोटी है। इनपर कितने भी आरोप लग जाएं फर्क नहीं पड़ता। मैं नेता नहीं हूं, मेरी मोटी चमड़ी नहीं है, मुझे ये लोग चोर कहते हैं, मुझे फर्क पड़ता है। कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है यहां दिल्ली- हावड़ा रेलमार्ग पर महाराजपुर के प्रेमपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर छोटा गैस सिलेंडर रखकर ट्रेन पलटाने की साजिश की घटना सामने आई है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज जंतर-मंतर पर जनता की अदालत लगाएंगे। बीते दिनों जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा हुए केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उनकी जगह आतिशी को सीएम बनाया गया है। जंतर-मंतर पर इस कार्यक्रम के जरिए आम आदमी पार्टी जनता के बीच अपनी पकड़ को मजबूत करने की कोशिश करेगी। क्वाड शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन से मुलाकात की है। आपको बता दें कि क्वाड चार देशों का एक समूह है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, भारत, अमेरिका और जापान शामिल हैं।

  • केजरीवाल आज जंतर-मंतर पर लगाएंगे जनता की अदालत

  • PM मोदी और राष्ट्रपति बाइडन की हुई मुलाकात

  • भारत ने इटली में संस्कृति पर जी-7 मंत्रियों की बैठक में भाग लिया

  • शुभंकर सरकार पश्चिम बंगाल कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष नियुक्त

SEPT 22, 2024 17:59 IST

पुणे में जुलूस के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत

महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार को एक धार्मिक जुलूस के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। चंदन नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे वडगांव शेरी इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि इस घटना में जकारिया शेख (20) और अभय वाघमारे (17) की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि शेख और वाघमारे एक ट्रक पर चढ़ गए और वे झंडा फहरा रहे थे, जो हाई वोल्टेज बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। अधिकारी ने बताया कि एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे व्यक्ति ने नजदीकी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
SEPT 22, 2024 17:54 IST

पार्सल लेकर भागने के आरोप में कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक स्मार्टफोन ऐप के जरिये कूरियर सेवा बुक करने वाली महिला से लिया गया 35,000 रुपये का ‘पार्सल’ लेकर भागने के आरोप में कूरियर कंपनी के प्रतिनिधि को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने कूरियर सेवा बुक की थी, जिसके बाद ‘पार्सल’ पहुंचाने का काम दीप चंद (28) नामक व्यक्ति को सौंपा गया था। पुलिस के मुताबिक, दीप ने महिला के घर से ‘पार्सल’ तो ले लिया, लेकिन इससे निर्धारित पते पर नहीं पहुंचाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने दीप को फोन किया और मैसेज भी भेजा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। अधिकारी के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि दीप को शनिवार को जहांगीरपुरी इलाके से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से चोरी का ‘पार्सल’ भी बरामद किया गया। अधिकारी ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।
SEPT 22, 2024 17:53 IST

जंतर-मंतर पर आप समर्थकों ने केजरीवाल के साथ का लिया संकल्प

दिल्ली का जंतर-मंतर रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के झंडे के पीले और नीले रंगों से सराबोर हो गया। पार्टी के बैनर के साथ नारे लगाते हुए आप के सैकड़ों समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होने का संकल्प जताया। केजरीवाल के समर्थकों ने कहा कि वह ‘‘हम में से एक हैं’’, और उनकी बेगुनाही पर अपना अटूट विश्वास जताया। जब केजरीवाल अपनी पहली ‘जनता की अदालत’ जनसभा में सफेद शर्ट पहनकर मंच पर आए तो माहौल में जोश भर गया। उनका स्वागत ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ जैसे गानों से किया गया। जंतर-मंतर आप नेताओं और समर्थकों से भरा हुआ था, वहां हर जगह ‘‘हमारे केजरीवाल ईमानदार हैं’’ और ‘‘आई लव केजरीवाल’’ लिखे पोस्टर देखे जा सकते थे। कुछ लोग केजरीवाल के संबोधन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। केजरीवाल के एक समर्थक ने कहा, ‘‘वह (केजरीवाल) फिलहाल जमानत पर बाहर हैं और जल्द ही कानून उन्हें पूरी तरह से बाइज्जत बरी कर देगा...हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं।’’ भीड़ में जनकपुरी के धनखर सिंह (39) भी शामिल थे, जो ‘केजरीवाल टोपी’ पहनकर हाथ में झाड़ू थामे हुए थे। झाड़ू आप का चुनाव चिह्न है।
SEPT 22, 2024 17:52 IST

तालाब में नहाते वक्त डूबने से दो लड़कों की मौत

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रविवार को तालाब में नहाते वक्त डूबने से दो लड़कों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि जालौन कस्बे के चुर्खी बाल मोहल्ले के रहने वाले सोहेल (10), अकरम (11) आरिफ (नौ) और आशिक (12) दोपहर में पास के ही एक तालाब में नहाने गये थे। उन्होंने बताया नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। अधिकारी ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद अभी कुमार नाम के ट्रैक्टर चालक ने आशिक और आरिफ को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया जबकि सोहेल और अकरम डूब गये। उन्होंने बताया कि शवों को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
SEPT 22, 2024 16:23 IST

सहकर्मी और उसके माता-पिता पर धारदार हथियार से हमला

दिल्ली के पश्चिमी क्षेत्र में 21 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी सहकर्मी और उसके माता-पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने अपनी सहकर्मी पर इसलिए हमला किया क्योंकि उसने आरोपी से बात करना बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रघुबीर नगर इलाके में सुबह नौ बजे इस घटना की सूचना मिली जिसके बाद ख्याला पुलिस थाने की एक टीम को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अभिषेक पीड़िता के घर आया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जब उसके माता-पिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि महिला और उसके माता-पिता की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि राजौरी गार्डन इलाके में रहने वाला अभिषेक पीड़िता के साथ इलाके के एक सैलून में काम करता था और उसका दोस्त था। अधिकारी ने बताया कि कुछ महीने से पीड़िता ने उससे दूरी बना रखी थी और वह इस बात से चिढ़ गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।
SEPT 22, 2024 16:22 IST

रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में मतृ पाया गया बाघ

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान में बाघों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर हुई लड़ाई के बाद तीन वर्षीय नर बाघ मृत पाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उप मुख्य वन संरक्षक और उप क्षेत्रीय निदेशक रामानंद भास्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वन रक्षकों ने रविवार सुबह खंडार रेंज में बाघ के शव को देखा, जिस पर चोट के निशान थे। भास्कर ने कहा, "प्रारंभिक साक्ष्यों के अनुसार बाघ, टी-2312 की मौत क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान हुई।" इस घटना के साथ ही राष्ट्रीय उद्यान में बाघों की संख्या घटकर 72 रह गई है।
SEPT 22, 2024 13:57 IST

हमारा संदेश स्पष्ट है, क्वाड कायम रहेगा: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) किसी के खिलाफ नहीं है बल्कि यह नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और संप्रभुता के सम्मान के पक्ष में है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को शिखर सम्मेलन में कहा, ‘‘स्वतंत्र, खुला, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत हमारी प्राथमिकता है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने गृहनगर विलमिंगटन में वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी की, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा शामिल हुए।
SEPT 22, 2024 13:56 IST

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और आरएसएस से पूछा कि क्या वह केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक दलों को तोड़ने, विपक्षी दलों की सरकारें गिराने और “भ्रष्ट” नेताओं को अपने पाले में करने की भाजपा की राजनीति से सहमत है। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद जंतर-मंतर पर अपनी पहली सार्वजनिक रैली ‘जनता की अदालत’ में केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत से पांच सवाल पूछे, जिनमें एक सवाल यह भी था कि क्या सेवानिवृत्ति की आयु से संबंधित भाजपा का नियम मोदी पर भी लागू होता है, जैसा कि लालकृष्ण आडवाणी पर लागू हुआ था।
SEPT 22, 2024 13:05 IST

पुंछ के मेंढर सेक्टर में सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठ को किया नाकाम

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में सेना के जवानों ने 35 वर्षीय पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। घुसपैठिया रविवार सुबह सीमा पार से भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था। यहां पढ़ें पूरी खबर
SEPT 22, 2024 11:39 IST

कानपुर में ट्रेन पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रखा छोटा गैस सिलेंडर

कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है यहां दिल्ली- हावड़ा रेलमार्ग पर महाराजपुर के प्रेमपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर छोटा गैस सिलेंडर रखकर ट्रेन पलटाने की साजिश की घटना सामने आई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
SEPT 22, 2024 09:27 IST

जालंधर में फैक्ट्री में गैस रिसाव से एक व्यक्ति की मौत

पंजाब के जालंधर जिले में डोमरिया ब्रिज के पास स्थित एक फैक्ट्री में गैस रिसाव की घटना के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई । सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को तुरंत पर्याप्त उपकरणों के साथ मौके पर भेजा गया।
SEPT 22, 2024 08:49 IST

अल जजीरा के दफ्तरों पर इजराइल की रेड, बंद करने के दिए आदेश

इजराइली सैनिकों ने रविवार को तड़के इजराइली कब्जे वाले वेस्ट बैंक में स्थित सैटेलाइट समाचार नेटवर्क अल जजीरा के कार्यालयों पर छापा मारा और ब्यूरो को बंद करने का आदेश दिया। यह आदेश कतर की ओर से वित्तपोषित इस प्रसारणकर्ता को निशाना बनाकर किए जा रहे व्यापक अभियान के बीच दिया गया है।
SEPT 22, 2024 08:41 IST

अमेरिका तस्करी करके लाई गई 297 प्राचीन वस्तुएं सौपेगा भारत को

SEPT 22, 2024 08:34 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे न्यूयॉर्क

SEPT 22, 2024 08:25 IST

'PM Modi का हाथ पकड़कर घर ले गए बाइडन

डेलावेयर के विलमिंगटन में स्थित बाइडन ने अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया और दोनों नेता एक दूसरे से गले मिले। इसके बाद जो बाइडन पीएम मोदी का हाथ पकड़कर उन्हें अपने घर के अंदर लेकर गए जहां द्विपक्षीय वार्ता हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर
SEPT 22, 2024 06:24 IST

हरियाणा के चुनावी मैदान में उतरेंगे CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे। सीएम योगी राय विधानसभा क्षेत्र स्थित राधाकृष्ण मंदिर जखोली और फिर असंध विधानसभा क्षेत्र स्थित न्यू अनाज मंडी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर
SEPT 22, 2024 05:40 IST

जयपुर में वकीलों ने जयपुर में धरना दिया

जयपुर में वकीलों ने एक अधिवक्ता को धमकाने के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार शाम राजस्थान उच्च न्यायालय के बाहर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी वकील उच्च न्यायालय भवन के बाहर आंबेडकर सर्किल को स्टेच्यू सर्किल से जोड़ने वाली सड़क पर बैठ गए। उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि ने बताया कि आज शाम एक वकील को फोन पर धमकी मिली और जब वह प्राथमिकी दर्ज कराने गया तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस ने वकीलों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वकील आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
SEPT 22, 2024 05:40 IST

योगी आदित्यनाथ ने गौरव संग्रहालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां सिविल लाइन इलाके में गौरव संग्रहालय के निर्माण कार्यों का शनिवार को निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन संग्रहालय की दीर्घाओं में वैदिक काल, उपनिषद काल, रामायण काल, पुराण काल, नाथ परम्परा, बुद्व काल, स्वतंत्रता संग्राम तथा पूर्वांचल के गौरव आदि विषयों के सम्बन्ध में जानकारी दी जाए। गोरखपुर में आने वाले देश व विदेश के पर्यटकों के ज्ञान और मनोरंजन के दृष्टिगत पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से 1.60 एकड़ भूमि पर गौरव संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस योजना के अन्तर्गत संग्रहालय का निर्माण द्वितीय तल तक किया जाना है।
SEPT 22, 2024 05:39 IST

मेरी तीन पीढ़ियों ने कभी कृषि बिजली बिल का भुगतान नहीं किया: शिवसेना सांसद

केंद्रीय मंत्री एवं शिवसेना नेता प्रतापराव जाधव ने शनिवार को दावा किया कि वह और उनकी तीन पीढ़ियों ने कभी भी कृषि बिजली बिल का भुगतान नहीं किया। आयुष एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने कहा, "मैं एक किसान हूं। हमने पिछली तीन पीढ़ियों से बिल का भुगतान नहीं किया है। मेरे दादा के (पानी के) पंप अब भी वहीं हैं।" उन्होंने कहा, "न तो मेरे दादा और मेरे पिता और न ही मैंने कृषि बिजली बिल का भुगतान किया।" वह कृषि बिजली बिल माफी योजना पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। यह एकनाथ शिंदे सरकार द्वारा शुरू की गई प्रमुख पहलों में से एक है।
SEPT 22, 2024 05:38 IST

शुभंकर सरकार पश्चिम बंगाल कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष नियुक्त

कांग्रेस ने शनिवार को अधीर रंजन चौधरी के स्थान पर शुभंकर सरकार को पश्चिम बंगाल इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। सरकार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सचिव के वर्तमान पद से मुक्त कर दिया गया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाये जाने की घोषणा के बाद सरकार ने कहा, "राज्य कांग्रेस बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुसार काम करेगी।"