LIVE

आज की ताजा खबर: यूपी में कल नो नॉन-वेज डे घोषित, सिलक्यारा सुरंग हादसे में एक बार फिर रुकी ड्रिलिंग

आज की ताजा खबर: यूपी में कल नो नॉन-वेज डे घोषित, सिलक्यारा सुरंग हादसे में एक बार फिर रुकी ड्रिलिंग

आज की ताजा खबर: यूपी में कल नो नॉन-वेज डे घोषित, सिलक्यारा सुरंग हादसे में एक बार फिर रुकी ड्रिलिंग

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज 24 नवंबर 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें आज की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : उत्तराखंड में सिलक्यारा सुरगं में बाधाओं के बीच बचाव कार्य लगातार जारी है। गुरुवार को दरार आने की वजह से ड्रिलिंग का काम रोकना पड़ा था। वहीं, राजस्थान में चुनाव प्रचार का शोर गुरुवार शाम को खत्म हो गया। अब यहां 25 नवंबर को मतदान होगा। देश दुनिया की बाकी खबरों का हर अपडेट आपको यहां मिलेगा।

NOV 24, 2023 22:25 IST

डीप फ्रीजर में दम घुटने से चचेरी बहनों की मौत

राजस्थान के राजसमंद जिले में एक दुखद घटना में दो चचेरी बहनों की आइसक्रीम के ‘डीप फ्रीजर’ में दम घुटने से मौत हो गई। यह बेकार ‘डीप फ्रीजर’ घर के बाहर रखा हुआ था।पुलिस ने बताया कि दोनों चचेरी बहनें घर में खेल रही थीं और घर के बाहर एक बेकार पड़े ‘डीप फ्रीजर’ में छिप गईं। इसी दौरान फ्रीजर का दरवाजा बाहर से बंद हो गया और वे बाहर नहीं आ सकीं।
NOV 24, 2023 22:00 IST

जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकाने का भंडफोड़

आज एक संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की खारी तहसील के सरनियाल जंगल में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया, जिससे तीन चीनी ग्रेनेड, एक पाकिस्तानी ग्रेनेड सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद हुए। शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
NOV 24, 2023 20:32 IST

यूपी में कल 'नो नॉन-वेज डे'

उत्तर प्रदेश में 25 नवंबर 2023 को साधु टीएल वासवानी की जयंती के अवसर पर 'नो नॉन-वेज डे' घोषित किया गया। उस दिन सभी बूचड़खाने और मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
NOV 24, 2023 19:33 IST

HAL का दौरा करेंगे PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह बेंगलुरु में HAL का दौरा करेंगे। वह तेजस जेट सहित उनकी विनिर्माण सुविधा की समीक्षा करेंगे।
NOV 24, 2023 19:31 IST

उत्तरकाशी टनल हादसा: एक बार फिर से रुकी ड्रिलिंग

उत्तरकाशी टनल हादसे में रेस्क्यू टीम को एक बार फिर तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। एक बार फिर ऑगर मशीन लाई जा रही है। ड्रिलिंग रोक दी गई है।
NOV 24, 2023 18:46 IST

सीएम धामी ने सुरंग हादसे वाली जगह का किया दौरा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पीएस धामी ने उत्तरकाशी में सिल्कयारा सुरंग बचाव अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचाव अभियान का अंतिम चरण तेज गति और पूरी सावधानी के साथ चलाया जाना चाहिए।
NOV 24, 2023 18:43 IST

वसुंधरा राजे का राहुल गांधी पर हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी पर राजस्थान की पूर्व सीएम और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने कहा कि नेतृत्व को अपने भाषण और आचरण में एक स्तर बनाए रखना चाहिए और देखना चाहिए कि हम किसके लिए क्या कह रहे हैं। पीएम मोदी एक ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने सभी वादे पूरे किए हैं। राहुल गांधी और उनकी पार्टी ने कौन से वादे पूरे किए हैं?
NOV 24, 2023 18:21 IST

यूपी के हर जिले के टॉप-10 अपराधियों मिलेगी सजा

उत्तर प्रदेश सरकार ने गृह विभाग को हर जिले के टॉप-10 अपराधियों को कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी के निर्देश पर प्रमुख सचिव (गृह) ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, एसपी व पुलिस कमिश्नरों को पत्र जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने जनपद के टॉप-10 अपराधियों को सजा दिलाने के लिए कोर्ट में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित कराएं।
NOV 24, 2023 17:24 IST

27 नवंबर को मथुरा आएंगे आदित्य ठाकरे

शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे 27 नवंबर 2023 को ठाकुर श्याम मंदिर का उद्घाटन करने और कृष्ण जन्मभूमि, बांके बिहारी मंदिर के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण मंदिरों का दौरा करने के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा का दौरा करेंगे।
NOV 24, 2023 17:00 IST

नीरज बवाना गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम से नीरज बवाना गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रवीण (45) के रूप में की गई है जो जबरन वसूली, हत्या की कोशिश, लूटपाट समेत 18 आपराधिक मामलों में शामिल था और जमानत के दौरान फरार हो गया था।
NOV 24, 2023 15:57 IST

चीन के रहस्यमयी बुखार को लेकर भारत सरकार अलर्ट

चीन में फैल रहे रहस्यमयी बुखार को लेकर भारत सरकार अलर्ट हो गई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि उत्तरी चीन में बच्चों में बढ़ रहे H9N2 संक्रमण पर भारत सरकार बारीकी से नजर रख रही है। हालांकि, सरकार ने यह जरूर कहा है कि फिलहाल भारत में एवियन इन्फ्लूएंजा के मामलों के साथ-साथ श्वसन संबंधी बीमारी का जोखिम कम है। हालांकि, सरकार किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार है।
NOV 24, 2023 15:19 IST

संजय सिंह की न्यायिक हिरासत फिर बढ़ी

दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने आप सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 4 दिसंबर 2023 तक बढ़ा दी है। आप सांसद संजय सिंह ने उत्पाद शुल्क मामले में जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्हें 4 अक्टूबर, 2023 को ईडी ने गिरफ्तार किया था। जमानत याचिका पर कल सुनवाई हो सकती है।
NOV 24, 2023 14:03 IST

उत्तरकाशी टनल हादसा : राहत और बचाव कार्य फिर से शुरू

सिलक्यारा टनल हादसे को हुए 13 दिन हो गए हैं। टनल में 41 मजदूर अपनी जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। उन्हें बचाने के लिए देश विदेश की तमाम एजेंसियां, वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ सभी युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं। गुरुवार रात से सिलक्यारा टनल में ड्रिलिंग कर रही रेस्क्यू टीमों के आगे एक के बाद एक कई बाधाएं आईं। अब उन बाधाओं को दूर कर लिया गया है। वहीं अब उम्मीद की जा रही है कि शुक्रवार शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया जाएगा।पीएमओ के पूर्व सलाहकार और उत्तरकाशी टनल रेस्क्यू साइट पर रेस्क्यू ऑपरेशन को लीड कर रहे भास्कर खुल्बे ने कहा कि आज शाम तक राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया जाएगा।खुल्बे ने बताया कि 11.30 बजे तक ड्रिलिंग शुरू कर दी गई है। अब सिलक्यारा टनल में 12 मीटर के करीब ड्रिलिंग बची है। खुल्बे ने बताया कि ग्राउंड पेनेट्रेशन रडार अध्ययन से पता चला है कि सुरंग के अंदर अगले 5 मीटर तक कोई अवरोध नहीं है। हमें उम्मीद है कि हम आज शाम मजदूरों को सुरंग से सुरक्षित बाहर निकाल लेंगे।
NOV 24, 2023 14:01 IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में किशोरी से कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्वम सिंह ने बताया कि थाना चांदपुर के पांडानगर चौकी के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म की शिकायत मिली। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सोहित नाम के व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों को संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
NOV 24, 2023 13:35 IST

राज्यपाल बिना कार्रवाई के अनिश्चितकाल के लिए विधेयकों के लंबित नहीं रख सकते: SC

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि राज्यपाल बिना कार्रवाई के अनिश्चितकाल के लिए विधेयकों को लंबित नहीं रख सकते। अदालत ने साथ ही कहा कि राज्य के गैर निर्वाचित प्रमुख के तौर पर राज्यपाल संवैधानिक शक्तियों से संपन्न होते हैं लेकिन वह उनका इस्तेमाल राज्य विधानमंडलों द्वारा कानून बनाने की सामान्य प्रक्रिया को विफल करने के लिए नहीं कर सकते। प्रधान न्यायाधीश डी वाई चद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई संवैधानिक लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों के विपरीत होगी जो शासन के संसदीय स्वरूप पर आधारित है। पीठ ने पंजाब सरकार की एक याचिका पर 10 नवंबर के अपने आदेश में कहा, राज्य के गैर निर्वाचित प्रमुख के तौर पर राज्यपाल संवैधानिक शक्तियों से संपन्न होते हैं। लेकिन इन शक्तियों का इस्तेमाल राज्य विधानमंडलों द्वारा कानून बनाने की सामान्य प्रक्रिया को विफल करने के लिए नहीं किया जा सकता। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि अगर राज्यपाल किसी विधेयक को मंजूरी देने से रोकने का निर्णय लेते हैं तो उन्हें विधेयक को पुनर्विचार के लिए विधानमंडल के पास वापस भेजना होता है।
NOV 24, 2023 13:08 IST

राजस्थान चुनाव: पायलट ने कहा, कांग्रेस जीतेगी

NOV 24, 2023 13:06 IST

जम्मू-कश्मीर: शहीद जवानों को उप राज्यपाल, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर ने श्रद्धांजलि दी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए पांच जवानों को केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, सेना के अधिकारियों और पुलिस ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। पांचों जवानों के पार्थिव शरीर राजौरी से जम्मू के आर्मी जनरल अस्पताल लाये गये, जहां पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया। उपराज्यपाल सिन्हा, लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी, मुख्य सचिव डॉ. ए.के. मेहता, पुलिस महानिदेशक आर.आर. स्वैन, मंडल आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक आनंद जैन समेत बड़ी संख्या में मौजूद सशस्त्र बलों के अधिकारियों, नागरिकों और पुलिस ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ सेना के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
NOV 24, 2023 12:41 IST

न्यायमूर्ति फातिमा बीवी एक सच्ची पथप्रदर्शक: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने न्यायमूर्ति एम फातिमा बीवी के निधन पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें एक ऐसी 'सच्ची पथप्रदर्शक' बताया जिनकी उल्लेखनीय यात्रा ने कई बाधाओं को तोड़ा और महिलाओं को बहुत प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, 'न्यायमूर्ति एम. फातिमा बीवी के निधन से दुखी हूं। एक सच्ची पथप्रदर्शक..., उनकी उल्लेखनीय यात्रा ने कई बाधाओं को तोड़ दिया और महिलाओं को बहुत प्रेरित किया। कानूनी क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। सुप्रीम की पहली महिला न्यायाधीश और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल फ़ातिमा बीवी का बृहस्पतिवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
NOV 24, 2023 12:23 IST

सुप्रीम कोर्ट ने सत्येंद्र जैन की अंतरिम जमानत की अवधि चार दिसंबर तक बढ़ाई

सुप्रीम कोर्ट ने धनशोधन मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन की अंतरिम जमानत की अवधि शुक्रवार को चार दिसंबर तक बढ़ा दी। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने मामले की सुनवाई के लिए चार दिसंबर की तारीख निर्धारित की क्योंकि सुनवाई में शामिल रहे न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना आज मौजूद नहीं थे। पीठ ने कहा कि इस बीच पूर्व में दी गई अंतरिम जमानत, सुनवाई की अगली तारीख तक बढ़ाई जाती है। इससे पहले शीर्ष अदालत ने जैन की अंतरिम जमानत की अवधि नौ अक्टूबर तक बढ़ाई थी और कहा था शीर्ष अदालत के समक्ष लंबित कार्यवाही को मामले की सुनवाई में देरी करने का बहाना न बनाएं।
NOV 24, 2023 12:13 IST

मुंबई हवाईअड्डे के टर्मिनल दो को बम से उड़ाने की धमकी

मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एक ईमेल मिला है जिसमें उसके टर्मिनल दो को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है और ईमेल भेजने वाले ने ऐसा न करने के एवज में बिटकॉइन में दस लाख अमेरिकी डॉलर की मांग की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गुरुवार को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद सहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। हवाई अड्डे का संचालन मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) द्वारा किया जाता है। अधिकारी ने कहा, ईमेल गुरुवार को सुबह 11 बजकर छह मिनट पर हवाई अड्डे के फीडबैक इनबॉक्स में मिला। यह एमआईएएल कंपनी के फीडबैक ईमेल पर आया था। संदेश भेजने वाले ने हवाई अड्डे के टर्मिनल दो पर विस्फोट न करने के लिए 48 घंटों के भीतर बिटकॉइन में 10 लाख अमेरिकी डॉलर की मांग की है।

संबंधित खबरें