LIVEआज की ताजा खबर, 22 अगस्त 2025: आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, संसद की सुरक्षा में सेंध; दक्षिण अटलांटिक में जोरदार भूकंप
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 22 अगस्त 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 22 अगस्त (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 22 अगस्त 2025: आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, संसद की सुरक्षा में सेंध; दक्षिण अटलांटिक में जोरदार भूकंप
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 22 अगस्त 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं- सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को लेकर अपने पिछले आदेश में संशोधन करते हुए एक नया अंतरिम फैसला सुनाया है। इस फैसले को अब पूरे देश में लागू किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने पिछले आदेश में बदलाव करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन के बाद कुत्तों को उनके मूल इलाकों में ही छोड़ा जाएगा, लेकिन रेबीज (रेबीज) पीड़ित या आक्रामक कुत्तों को छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, सड़कों पर कुत्तों को खाना खिलाने (फीडिंग) पर भी पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। इसके बजाय, नगर निगम (एमसीडी) को कुत्तों के लिए विशेष फीडिंग स्थल बनाने का निर्देश दिया गया है, ताकि व्यवस्थित तरीके से उनकी देखभाल हो सके। शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति संसद भवन की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए उसकी दीवार पर चढ़ गया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि घटना सुबह करीब 6.30 बजे घटी। दक्षिण अटलांटिक सागर में बृहस्पतिवार देर रात 7.5 तीव्रता का तेज भूकंप आया। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने यह जानकारी दी। भूकंप के बाद चिली के अधिकारियों ने अंटार्कटिका के कुछ हिस्सों में सुनामी की आशंका को देखते हुए परामर्श जारी किया। हालांकि दक्षिण अटलांटिक सागर के निकट स्थित दो देशों चिली और अर्जेंटीना में लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर भेजने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
PM मोदी के स्वागत में कोलकाता की सड़कों पर उमड़े लोग
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफिला कोलकाता के उत्तरी छोर पर स्थित दमदम इलाके से गुजरा तो लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। हजारों लोग सड़कों के किनारे खड़े होकर प्रधानमंत्री के स्वागत में नारे लगाते हुए नजर आए। जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से लेकर उनके कार्यक्रम और जनसभा स्थल दमदम स्थित सेंट्रल जेल मैदान तक, पूरे रास्ते का जीवंत दृश्य एक रोड शो के सभी संकेत दे रहा था, हालांकि यह प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। वाहन के अंदर बैठे मोदी भीड़ का अभिवादन करते देखे गए। भगवा साड़ी पहनीं महिलाएं ढोल की थाप पर नृत्य कर रही थीं, जबकि स्थानीय लोग इस पल को अपने फोन में कैद करने में मशगूल दिखे।
ऑनलाइन गेमिंग बिल को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली
बेटे को CM बनाना ही स्टालिन का है एकमात्र एजेंटा: शाह
अमित शाह ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का एकमात्र एजेंडा अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है, जबकि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का एजेंडा अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना है।
प्रख्यात पंजाबी अभिनेता जसविंदर सिंह भल्ला का निधन
"कैरी ऑन जट्टा" और "जट्ट एंड जूलियट" जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दुनियाभर के पंजाबी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले प्रख्यात पंजाबी अभिनेता जसविंदर भल्ला का शुक्रवार सुबह मोहाली के एक निजी अस्पताल में 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके एक पारिवारिक मित्र ने यह जानकारी दी। अभिनेता ने फोर्टिस अस्पताल में सुबह करीब 4 बजकर 35 मिनट पर अंतिम सांस ली।भल्ला के मित्र बाल मुकुंद शर्मा ने कहा कि दो दिन पहले अभिनेता को बीमार पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शर्मा ने कहा कि बीते कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़: ननों की गिरफ्तारी के मामले में पीड़ित तीन युवतियां पहुंची महिला आयोग
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कथित मानव तस्करी और जबरन धर्मांतरण मामले में पीड़ित तीन युवतियों ने आरोप लगाया कि पिछले महीने जब दो ननों व एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था उस समय राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनसे छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार किया था। पीड़ित युवतियों ने इस संबंध में राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने बताया कि युवतियों की शिकायत के बाद आयोग ने 20 अगस्त को मामले की सुनवाई की, जिसमें तीनों युवतियां मौजूद थी हालांकि प्रतिवादी पक्ष इस दौरान उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद दुर्ग जिले और जीआरपी के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर अगली सुनवाई में उपस्थित कराने के लिए कहा गया।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Rahul Gandhi News: राहुल गांधी ने आवारा कुत्तों पर न्यायालय के संशोधित निर्देशों का स्वागत किया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आवारा कुत्तों पर उच्चतम न्यायालय के संशोधित निर्देशों का स्वागत किया और कहा कि यह पशु कल्याण और जन सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि यह दृष्टिकोण न केवल करुणा से ओतप्रोत है बल्कि वैज्ञानिक विवेक वाला भी है। कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मैं आवारा कुत्तों पर उच्चतम न्यायालय के संशोधित निर्देशों का स्वागत करता हूं, क्योंकि यह पशु कल्याण और सार्वजनिक सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है।"
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, US News: शुल्क के मामले में महाराज है भारत: व्हाइट हाउस व्यापार सलाहकार
व्हाइट हाउस के व्यापार मामलों के सलाहकार पीटर नवारो ने भारत की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि भारत शुल्क के मामले में "महाराज" है और रियायती रूसी कच्चे तेल का उपयोग करके "मुनाफाखोरी योजना" चला रहा है। नवारो की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के साथ ऊर्जा संबंधों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों द्वारा भारत की आलोचना किए जाने का जवाब देते हुए कहा है कि अमेरिका ने स्वयं नयी दिल्ली से रूसी तेल खरीदकर वैश्विक ऊर्जा बाजारों को स्थिर करने में मदद करने को कहा है। व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार ने यह भी कहा कि भारत चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ “घनिष्ठता बढ़ा रहा है।”
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Jammu News: जम्मू : ‘कस्टोडियन भूमि' हड़पने के मामले में ईडी की छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को जम्मू क्षेत्र में राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कई स्थानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी ‘कस्टोडियन भूमि’ पर कथित कब्जे से जुड़े धनशोधन के एक मामले की जांच के तहत की गई। ‘कस्टोडियन भूमि’ से तात्पर्य भारत में ‘शत्रु संपत्ति’ से है जो कि शत्रु संपत्ति अधिनियम 1968 के तहत ‘शत्रु’ घोषित पाकिस्तानी नागरिकों के स्वामित्व वाली भूमि और अन्य संपत्ति है।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Sambhal Mosque controversy: संभल मस्जिद विवाद: 25 अगस्त को अगली सुनवाई
यूपी के संभल जिले की शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट अब सोमवार को सुनवाई करेगी। तब तक अदालत ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें निचली अदालत ने मस्जिद का कोर्ट कमिश्नर से सर्वे कराए जाने के फैसले को बरकरार रखा था। मुस्लिम पक्ष ने इसी आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष की ओर से वरिष्ठ वकील हुजैफा अहमदी ने दलील दी कि हाईकोर्ट का आदेश कानून के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने अपने आदेश में यह टिप्पणी कर दी कि प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट किसी तरह के सर्वे पर रोक नहीं लगाता, जबकि यह व्याख्या गलत है।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Jharkhand Budget: वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 4,296.62 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट किया पेश
झारखंड सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए विधानसभा में 4,296.62 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट शुक्रवार को पेश किया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने चालू वित्त वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश किया। मांगों पर चर्चा 25 अगस्त को होनी है। चालू वित्त वर्ष के लिए अनुपूरक मांगें पहले चार अगस्त को पेश की जानी थीं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के कारण इन्हें पेश नहीं किया जा सका। चार अगस्त को ही शिबू सोरेन का निधन हो गया था।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Space Mission: अंतरिक्ष में गोपनीय अभियान पर रवाना हुआ एक और अमेरिकी सैन्य ‘मिनी शटल'
अंतरिक्ष में गोपनीय प्रयोग करने के लिए बृहस्पतिवार रात एक और अमेरिकी सैन्य ‘मिनी शटल’ प्रक्षेपित हुआ। स्पेसएक्स द्वारा प्रक्षेपित, इस अंतरिक्ष यान ने फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से अकेले ही उड़ान भरी। यह, एक्स-37बी नामक परीक्षण यान की आठवीं ऐसी उड़ान है। यूएस स्पेस फोर्स के अनुसार, यह बिना जीपीएस के लेज़र संचार और सुरक्षित नौवहन का परीक्षण करेगा। अभी स्पष्ट नहीं है कि यह मिनी शटल कब तक अंतरिक्ष में रहेगा। आखिरी एक्स-37बी यान मार्च में जमीन पर लौटने से पहले लगभग एक साल तक पृथ्वी की परिक्रमा करता रहा था। पूर्ववर्ती अभियान महीनों से लेकर वर्षों तक चले हैं।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Parliament Security: संसद की दीवार पर चढ़ने वाले व्यक्ति को पकड़ा गया
शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति संसद भवन की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए उसकी दीवार पर चढ़ गया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि घटना सुबह करीब 6.30 बजे घटी।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, ED Raid News: चित्रदुर्ग में कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र के आवास पर ईडी की छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह चित्रदुर्ग जिले और बेंगलुरु के कई स्थानों पर कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र और उनके भाइयों के घरों पर छापे मारे। सूत्रों के मुताबिक, विधायक वीरेंद्र और उनके बड़े भाई के.सी. नागराजा व के.सी. टिप्पेस्वामी के चल्लकेरे शहर स्थित घरों सहित चार से ज्यादा जगहों पर तलाशी ली गई। उनके रिश्तेदार होसामने स्वामी की संपत्तियों पर भी छापेमारी की गई। बेंगलुरु के सहकारनगर इलाके में स्थित वीरेंद्र के घर पर और वीरशैव एसोसिएशन के सचिव प्रसन्ना कुमार के घर पर भी छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, विधायक वीरेंद्र इस समय एक व्यावसायिक दौरे पर राज्य से बाहर हैं।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Motihari News: मोतिहारी: आपराधिक गिरोह के आपसी वर्चस्व में गोलीबारी
बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात दो आपराधिक गिरोहों के वर्चस्व की लड़ाई में हुई अंधाधुंध फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान धनंजय गिरी और गुड्डू यादव के रूप में हुई है। दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि संग्रामपुर थाना इलाके के दरियापुर मठ के पास गुरुवार की देर रात दो अपराधियों को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का आरोप अपराधी सनोवर खान और उसके समर्थकों पर लगा है। बताया जाता है कि सनोवर खान ने किसी बहाने से धनंजय गिरी और गुड्डू यादव को बुलाया था। दोनों काले रंग की एक बाइक पर सवार होकर दरियापुर मठ पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक सनोवर खान पहले से ही इस घटना को अंजाम देने के लिए तैयार था। जैसे ही धनंजय और गुड्डू पहुंचे, उसने फायरिंग शुरू कर दी।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Supreme court News: आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त के उस निर्देश पर रोक लगा दी है जिसमें कहा गया था कि जिन आवारा कुत्तों को पकड़ा जाता है, उन्हें छोड़ा नहीं जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने आज आवारा कुत्तों के मामलों पर सुनवाई करते हुए कहा कि जिन कुत्तों को पकड़ा जाता है, उन्हें नसबंदी और टीकाकरण के बाद ही छोड़ा जाना चाहिए, सिवाय उन कुत्तों के जो रेबीज से संक्रमित हों या आक्रामक व्यवहार प्रदर्शित करते हों।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Assam News: विवादित क्षेत्र में सभी गतिविधियां संयुक्त रूप से करने पर सहमत हुए असम और नगालैंड
नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और असम के उनके समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा ने इस बात पर सहमति जताई है कि दोनों राज्य भविष्य में विवादित क्षेत्र बेल्ट (डीएबी) में पौधारोपण समेत सभी गतिविधियां संयुक्त रूप से करेंगे। नगालैंड के मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अंतर-राज्यीय सीमा पर तनाव के मद्देनजर दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। बयान में कहा गया है कि नगालैंड और असम की सरकारों ने हाल ही में डीएबी से अवैध प्रवासियों को हटाने के लिए एक संयुक्त अभियान चलाया था। बयान में कहा गया है कि हालांकि, बाद में असम ने इस क्षेत्र में पौधारोपण गतिविधियां शुरू कीं, जिसके कारण तनाव पैदा हो गया और उच्चतम स्तर पर तत्काल बातचीत की आवश्यकता पड़ी।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Bijnor News: बिजनौर में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र में रेलवे लाइन पार करते समय दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। धामपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभय कुमार पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात गांव मोहड़ा में फाटक के पास रेल लाइन पार करते समय शिवम (24) और प्रिंस (22) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सीओ ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Rupees to USD News: रुपया शुरुआती कारोबार में 11 पैसे टूटकर 87.36 प्रति डॉलर पर
मेरिकी डॉलर की बढ़ती मांग के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 11 पैसे टूटकर 87.36 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने हालांकि स्थानीय मुद्रा में तेज गिरावट को सीमित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.37 पर खुला। फिर 87.36 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती 18 पैसे की गिरावट के साथ 87.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, World News: कोलंबिया में कार बम विस्फोट
कोलंबिया में एक कार में बम विस्फोट होने और एक पुलिस हेलीकॉप्टर पर हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी है। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने बृहस्पतिवार को हुई दोनों घटनाओं के लिए कोलंबिया के रेवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज के बागियों को जिम्मेदार ठहराया है, जिन्हें आमतौर पर ‘एफएआरसी’ के नाम से जाना जाता है। पेट्रो ने ‘एक्स’ पर कहा कि हेलीकॉप्टर हमले में आठ पुलिस अधिकारी मारे गए। उन्होंने बताया कि विमान उत्तरी कोलंबिया के एंटिओक्विया क्षेत्र में कोका पत्ती की फसलों को नष्ट करने के लिए कर्मियों को लेकर जा रहा था। कोका पत्ती कोकीन के लिए कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होती है।
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE, Delhi Crime News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में बड़े जुआ रैकेट का भंडाफोड़
दक्षिण-पश्चिम जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वसंत विहार क्षेत्र में चल रहे एक जुआ रैकेट का पर्दाफाश किया है। स्पेशल स्टाफ और थाना वसंत विहार की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन में 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जिसमें रैकेट का मास्टरमाइंड हरीश उर्फ क्रांति भी शामिल है। जिले में जुआ रैकेट के खिलाफ यह कार्रवाई बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें 15,32,500 रुपए की दांव राशि, 13 पैकेट प्रीमियम ताश के पत्ते, 10 पासे और एक चमड़े का बक्सा भी बरामद हुए हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल के अनुसार, संगठित अपराध, खासकर जुए के बड़े रैकेट के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए थे। 20 अगस्त 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, वसंत विहार के कुसुमपुर पहाड़ी में मकान नंबर डी-40 में चल रहे जुआ अड्डे पर छापेमारी की गई।