LIVE

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, रामनगर-उधमपुर बस हादसे में 21 की मौत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज, सोमवार 20 अप्रैल 2026 को शराब नीति से जुड़े मामले में एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष पेश होंगे। अमेरिका में एक बार फिर गन कल्चर का दर्दनाक रूप देखने को मिला है। यहां के लुइसियाना के श्रेवेपोर्ट में रविवार सुबह एक के बाद एक हुई गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया। आपस में जुड़ी इन फायरिंग की वारदातों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी के बीच अमेरिकी नेवी ने ईरानी झंडे वाले कार्गो (मालवाहक जहाज) को अपने कब्जे में लिया है।, रामनगर उधमपुर जम्मू सड़क हादसा 20 मरे, जापान में आया ७.४ तीव्रता का भूकंप

Piyush KumarUpdated Apr 21, 2026, 08:32 IST
Follow on Google News
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, रामनगर-उधमपुर बस हादसे में 21 की मौत

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, रामनगर-उधमपुर बस हादसे में 21 की मौत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज, सोमवार 20 अप्रैल 2026 को शराब नीति से जुड़े मामले में एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष पेश होंगे। केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से अदालत की कार्यवाही में शामिल होंगे।

अमेरिका में एक बार फिर गन कल्चर का दर्दनाक रूप देखने को मिला है। यहां के लुइसियाना के श्रेवेपोर्ट में रविवार सुबह एक के बाद एक हुई गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया। आपस में जुड़ी इन फायरिंग की वारदातों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी के बीच अमेरिकी नेवी ने ईरानी झंडे वाले कार्गो (मालवाहक जहाज) को अपने कब्जे में लिया है। इस कार्गो ने होर्मुज के पास अमेरिकी नौसैनिक की नाकेबंदी को पार करने की कोशिश की थी।

बालोतरा की पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से एक दिन पहले आग लग गई। सोमवार दोपहर 2 बजे रिफाइनरी की CDU यूनिट में आग लगी। आग लगने से आसमान में धुआं उठ रहा है। सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

APR 20, 2026 23:03 IST

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करेंगे मुलाकात

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। फिलहाल यह मुलाकात किस संदर्भ में होगी इसकी कोई जानकारी नहीं है। गौरललबा है कि, सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के बाद बतौर सीएम बिहार की बागडोर संभाली है।
APR 20, 2026 22:04 IST

फायर विभाग का अधिकारी रिश्वत लेते पकड़ा गया रंगेहाथ

भावनगर शहर में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर विभाग से जुड़े एक अधिकारी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। डिप्टी रीजनल फायर ऑफिसर महेश कुमार अमृतभाई पटेल पर फायर सेफ्टी प्लान और सर्टिफिकेट अप्रूवल के लिए ₹5 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप है। इस मामले में एक जागरूक नागरिक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने ट्रैप बिछाया, जिसमें बाकी बची ₹4.5 लाख की मांग में से ₹2 लाख की रकम देने का सौदा तय किया गया।

ट्रैप के दौरान आरोपी प्रकाश गिरीशभाई चौहान ने ₹2 लाख की रिश्वत स्वीकार की। एसीबी टीम ने उसे भावनगर में सर टी हॉस्पिटल के गेट नंबर-2 के पास, एसबीआई एटीएम के सामने सार्वजनिक सड़क पर रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से पूरी ₹2 लाख की रकम भी बरामद कर ली गई। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। मुख्य आरोपी महेश कुमार पटेल को भी उनके कार्यालय से हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए आपराधिक कदाचार किया। इस पूरी कार्रवाई को एसीबी के पुलिस इंस्पेक्टर आर.एन. विराणी और उनकी टीम ने अंजाम दिया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
APR 20, 2026 21:17 IST

नैनीताल के गेठिया इलाके में जंगल में भयंकर आग लगी

APR 20, 2026 20:01 IST

नोएडा में श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद सेंट्रल जोन के डीसीपी और एसीपी हटाए गए

नोएडा में सेंट्रल जोन के पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस उपायुक्त प्रथम को हटा दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। नोएडा में 13 अप्रैल को श्रमिकों के हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद यह तबादला किया गया है। चर्चा है कि पुलिस विभाग में कुछ और अधिकारी जल्द इधर से उधर किये जायेंगे। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-सेंट्रल जोन) शैव्या गोयल को हटाकर उनकी जगह डीसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह को तैनात किया है। उन्होंने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त (सेंट्रल जोन प्रथम) उमेश यादव को हटाकर उनकी जगह दीक्षा सिंह को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त द्वारा की गई है।
APR 20, 2026 19:57 IST

रामनगर-उधमपुर बस हादसे में 21 की मौत, मुख्यमंत्री उमर ने की मुआवजे की घोषणा

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को उधमपुर जिले में एक सड़क हादसे में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और घटना के कारणों का पता लगाने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने हर मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 25,000 रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की। सोमवार को रामनगर-उधमपुर मार्ग पर एक यात्री बस पहाड़ी से नीचे गिर गई थी, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य लोग घायल हो गए। बस पहाड़ी से गिरने से पहले एक ऑटो-रिक्शा से टकरायी और फिर पलट कर नीचे गिर गयी।
APR 20, 2026 19:53 IST

हाथरस में प्रोपर्टी डीलर और पत्रकार की हत्या के मामले में दो भाई गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक प्रॉपर्टी डीलर व पत्रकार की हत्या के सिलसिले में दो भाइयों को उत्तर-पश्चिम दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों भाइयों की गिरफ्तारी पर कुल 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एक अधिकारी सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी कमल शर्मा (38) और गौरव शर्मा (36) को हथियारबंद संदिग्धों की गतिविधि के बारे में मिली सूचना के बाद वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रेमबाड़ी नाले के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी 35 वर्षीय वेद प्रकाश शर्मा उर्फ ​सोनू की हत्या के सिलसिले में वांछित थे। वेद प्रकाश हाथरस में प्रोपर्टी डीलर होने के साथ-साथ एक स्थानीय समाचार मंच से भी जुड़े हुए थे।
APR 20, 2026 17:36 IST

दिल्ली में निर्माणाधीन फैक्ट्री का हिस्सा ढह जाने से चार मजदूर घायल

राजधानी दिल्ली के बवाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक निर्माणाधीन फैक्ट्री का हिस्सा ढह जाने से चार मजदूर घायल हो गए। यह घटना बवाना सेक्टर-2 में करीब एक बजे उस समय हुई, जब बेसमेंट के लेंटर की ढलाई का कार्य चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कई मजदूर वहां काम में जुटे हुए थे। अचानक संरचना गिरने से मौके पर हड़कंप मच गया और कुछ मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और बिना देर किए राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया। रेस्क्यू के दौरान मलबे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में तीन से चार मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस बीच पुलिस के साथ क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही की आशंका सामने आ रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
APR 20, 2026 16:41 IST

उत्तर पश्चिम दिल्ली के रेस्तरां में आग लगी

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित एक रेस्तरां में सोमवार को आग लग गई। हालांकि घटना में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल कर्मियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि रोहिणी सेक्टर 11 स्थित बीटीडब्ल्यू रेस्तरां में आग लग गई। उन्होंने बताया कि रेस्तरां के अंदर मौजूद सभी लोगों को स्थिति बिगड़ने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकल लिया गया और इसमें किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजकर पांच मिनट पर मिली जिसके बाद मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां भेजी गईं। अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और इसे आसपास के इलाकों में फैलने से रोका। अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
APR 20, 2026 16:38 IST

महाराष्ट्र की कार का अहमदाबाद में एक्सीडेंट

अहमदाबाद के निकोल में भक्ति सर्कल के पास AMTS बस स्टैंड के नजदीक एक इलेक्ट्रिक कार तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक कार चालक ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलटकर दूर जा गिरा, जबकि बेकाबू BMW सीधे बस स्टैंड में जा घुसी। इस हादसे में बस स्टैंड का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और करीब 2.25 करोड़ की लग्जरी कार भी बुरी तरह टूट गई।

हादसे में ऑटो चालक को सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आई डिवीजन ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। PI S. I. सुमरा के अनुसार, एक टीम अस्पताल में घायल का बयान दर्ज करने पहुंची है, जबकि दूसरी टीम फरार चालक की तलाश में जुटी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार महाराष्ट्र नंबर की है।
APR 20, 2026 15:02 IST

राजस्थान के रिफाइनरी में लगी आग, पीएम मोदी कल करने वाले थे उद्घाटन

राजस्थान में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रिफाइनरी में भीषण आग लग गई, जिसका उद्घाटन अगले दिन नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना था। आग लगने की खबर मिलते ही प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग इतनी भयंकर थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
APR 20, 2026 14:57 IST

नोएडा के फेज 2 इलाके में भीषण आग

नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र स्थित ककराला इलाके में स्थित कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
APR 20, 2026 14:45 IST

आज की ताजा खबर: I PAC ने बंगाल में ऑपरेशन किया सस्पेंड

I-PAC, जो तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक रणनीति तैयार करने का काम कर रही थी, ने पश्चिम बंगाल में अपने ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया है। सूत्रों के मुताबिक, इस फैसले के बाद संगठन के भीतर बड़े स्तर पर इस्तीफे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि I-PAC के कई कर्मचारियों ने काम छोड़ दिया है और बड़ी संख्या में स्टाफ अपने-अपने घर लौट गया है। इस घटनाक्रम ने बंगाल की सियासत में हलचल पैदा कर दी है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।

हालांकि, अब तक इस मामले में I-PAC या तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषक इस घटनाक्रम को चुनावी रणनीति पर असर डालने वाला मान रहे हैं।
APR 20, 2026 14:39 IST

भारत-कोरिया शिखर सम्मेलन: पीएम मोदी ने किया 'कोरियन इंडस्ट्रियल टाउनशिप' का एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग (Lee Jae Myung) के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद भारत और दक्षिण कोरिया के रिश्तों में एक बड़ी छलांग देखने को मिली है। दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को दोगुना करने और सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।

व्यापार और निवेश के लिए नए लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्तमान में $27 बिलियन तक पहुंच गया है। अब दोनों देशों ने मिलकर इसे साल 2030 तक $50 बिलियन के पार ले जाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अगले एक साल के भीतर भारत-कोरिया व्यापार समझौते (CEPA) को अपग्रेड करने का भी निर्णय लिया गया है।
APR 20, 2026 14:07 IST

आज की ताजा खबर: जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने खुद को सुनवाई से किया अलग

दिल्ली शराब नीति मामले के बाद अब एक और बड़े मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान द्वारा मकोका (MCOCOA) मामले में दायर नियमित जमानत याचिका पर अब दिल्ली हाई कोर्ट की नई बेंच सुनवाई करेगी।
APR 20, 2026 13:00 IST

रामनगर उधमपुर जम्मू सड़क हादसा आज की ताजा खबर

जम्मू कश्मीर से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। रामनगर-ऊधमपुर हाईवे पर एक बस पलट गई है, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई है, साथ ही कई लोगों के घायल होने की खबर है। बस रामनगर से ऊधमपुर जा रही थी, तभी ये हादसा हुआ।
APR 20, 2026 11:24 IST

आज की ताजा खबर: अमेरिका के साथ आर्थिक संबंध अब कमजोरी, सुधार जरूरी: कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने रविवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि अमेरिका के साथ कनाडा के मजबूत आर्थिक संबंध, जो पहले एक ताकत माने जाते थे, अब कमजोरी बन गए हैं और इसमें सुधार की आवश्यकता है।
कार्नी ने 10 मिनट के इस संबोधन में कहा कि सरकार कनाडा की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, नए निवेश आकर्षित करने और अन्य देशों के साथ व्यापार समझौते करने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, "दुनिया अधिक असुरक्षित और विभाजित हो गई है। अमेरिका ने व्यापार के प्रति अपना रुख पूरी तरह बदल दिया है और शुल्क बढ़ा दिए हैं, जो महामंदी के समय के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर हैं।"
APR 20, 2026 10:17 IST

पनवेल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, अचानक गिरी लिफ्ट; चार यात्री फंसे


हफ्ता का पहला दिन होने के कारण स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। सुबह के समय जब यह हादसा हुआ, तो वहां मौजूद लोग सहम गए। लिफ्ट गिरने की आवाज सुनकर तुरंत रेलवे कर्मचारी और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। रेलवे प्रशासन और आपातकालीन टीम ने बिना देरी किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
APR 20, 2026 09:54 IST

ग्रेटर नोएडा के ला रेजिडेंसिया सोसाइटी में लगी भीषण आग

ग्रेटर नोएडा के ला रेजिडेंसिया सोसाइटी में देर रात एक फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

क्या थी आग लगने की वजह? ​
फायर विभाग के अनुसार, आग लगने की वजह एसी के कंप्रेशर का फटना बताया जा रहा है। घटना के समय परिवार घर में सो रहा था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। यह पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। फिलहाल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से आग से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।
APR 20, 2026 09:33 IST

दिल्ली हाई कोर्ट में पेश होंगे अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज, सोमवार 20 अप्रैल 2026 को शराब नीति से जुड़े मामले में एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष पेश होंगे। केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से अदालत की कार्यवाही में शामिल होंगे।
APR 20, 2026 09:32 IST

जयपुर: महिला आरक्षण पर 'आर-पार', आमने-सामने बीजेपी और कांग्रेस

राजस्थान की राजधानी जयपुर आज राजनीतिक सरगर्मी का केंद्र बनी हुई है। महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदेश की दो सबसे बड़ी पार्टियां—बीजेपी और कांग्रेस—आज आमने-सामने हैं। एक ओर सत्ताधारी बीजेपी 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का जश्न मनाने के लिए पदयात्रा निकाल रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस इसे तत्काल लागू करने और ओबीसी (OBC) आरक्षण की मांग को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है।