LIVE

आज की ताजा खबर 20 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: अमेरिका में ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह, आरजी कर मामले में दोषी को उम्रकैद की सजा; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर लाइव 20 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय महिला और पुरुष टीम को खो-खो विश्व कप जीतने पर रविवार को बधाई दी और कहा कि आज भारतीय खो-खो के लिए बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने दोनों टीमों की सराहना करते हुए जीत की बधाई दी है। वहीं अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया के कई देशों के नेता आने वाले हैं। नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी समेत कई देशों के नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। शी अपने प्रतिनिधि के रूप में अपने उपराष्ट्रपति को भेज रहे हैं। इसके अलावा सनातन धर्म की रक्षा के लिए नारी शक्ति भी किसी तरह से पीछे नहीं है। रविवार को 100 से अधिक महिलाओं को जूना अखाड़ा में नागा दीक्षा दी गई जिसमें तीन विदेशी महिलाएं भी शामिल हैं।

आयुष सिन्हाUpdated Jan 20, 2025, 18:29 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर 20 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: अमेरिका में ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह, आरजी कर मामले में दोषी को उम्रकैद की सजा; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर 20 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: अमेरिका में ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह, आरजी कर मामले में दोषी को उम्रकैद की सजा; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर लाइव 20 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: कोलकाता स्थित सरकारी आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में दोषी करार दिए गए संजय रॉय को यहां की एक अदालत आज दोपहर में सजा सुनाएगी। रॉय को जिन धाराओं के तहत दोषी करार दिया गया है, उसमें उसे न्यूनतम आजीवन कारावास, जबकि अधिकतम मौत की सजा हो सकती है। वहीं अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया के कई देशों के नेता आने वाले हैं। नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी समेत कई देशों के नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। शी अपने प्रतिनिधि के रूप में अपने उपराष्ट्रपति को भेज रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर के बीच वायु गुणवत्ता बिगड़कर "बहुत खराब" श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे एक्यूआई 349 दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरे की आशंका जताई है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच है।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव

  • आरजी कर मामला: अदालत दोपहर में सुनाएगी दोषी को सजा
  • अमेरिका में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे कई देशों के नेता
  • ठंड के बीच दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', एक्यूआई पहुंचा 349
  • सौ से अधिक महिलाओं को जूना अखाड़ा में महिला नागा की दीक्षा दी गई
  • कोलंबिया में शांति वार्ता नाकाम होने के बाद हमले में 80 लोगों की मौत
  • हमास द्वारा रिहा की गई तीन महिला बंधक इजराइल पहुंचीं
  • केजरीवाल, सुनीता, आतिशी, मान दिल्ली चुनाव के लिए 'आप' के स्टार प्रचारक
  • मोदी ने खो-खो विश्व कप में भारतीय पुरुष, महिला टीम की जीत को बताया ऐतिहासिक

JAN 20, 2025 16:39 IST

चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर HC का बड़ा फैसला


चंडीगढ़ में 24 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव को लेकर पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मेयर चुनाव स्थगित करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि इसके लिए फिर से नई अधिसूचना जारी किया जाए।
JAN 20, 2025 13:31 IST

चेन्नई के श्रद्धालु ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम को दान में दिए छह करोड़ रुपये

चेन्नई के एक श्रद्धालु ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को छह करोड़ रुपये दान में दिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालु वर्धमान जैन ने श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल (एसवीबीसी) को पांच करोड़ रुपये और श्री वेंकटेश्वर गोसंरक्षण ट्रस्ट को एक करोड़ रुपये दान में दिए। रविवार रात टीटीडी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘तिरुमला मंदिर के रंगनायकुला मंडपम में उन्होंने एसवीबीसी के लिए टीटीडी को पांच करोड़ रुपये और एसवी गोसंरक्षण ट्रस्ट के लिए एक करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट सौंपे।’’ एसवीबीसी टीटीडी का टेलीविजन चैनल है जो असंख्य भक्ति कार्यक्रमों का प्रसारण करके हिंदू धर्म का प्रचार प्रसार करता है, जबकि एसवी गोसंरक्षण ट्रस्ट गायों की रक्षा और इसके आध्यात्मिक महत्व पर जोर देने पर केंद्रित है।
JAN 20, 2025 13:30 IST

सड़क बनवाने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े ग्रामीण

राजस्थान के टोंक जिले के मंडावर गांव में सोमवार को सड़क निर्माण की मांग को लेकर सात ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण आडि गडार से देवगंज तक सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। सोमवार सुबह सात ग्रामीण अपनी इस मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए। पुलिस ने बताया कि लोगों को नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है।
JAN 20, 2025 13:08 IST

आईआईटी से पढ़ाई करने वाले ‘बाबा' जूना अखाड़ा से निष्कासित

सोशल मीडिया पर ‘आईआईटियन बाबा’ के तौर पर मशहूर हुए इंजीनियर अभय सिंह को अपने गुरु के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में शनिवार की रात जूना अखाड़े के शिविर से बाहर कर दिया गया। जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘वह (अभय सिंह) साधु नहीं बना था... लखनऊ से यहां ऐसे ही आ गया था और स्वयंभू साधु बना घूम रहा था।’’ उन्होंने बताया, ‘‘वह महंत सोमेश्वर गुरु के साथ यहां आया था। उसने अपने गुरु महंत सोमेश्वर पुरी के बारे में सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का उपयोग किया था, इसलिए अखाड़ा के शिविर और आसपास उसके आने पर रोक लगा दी गई है।’’ श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा, ‘‘अभय सिंह का कृत्य गुरु-शिष्य परंपरा और संन्यास के खिलाफ है। जिसे गुरु के प्रति सम्मान नहीं है, उसका सनातन धर्म के प्रति भी कोई सम्मान नहीं होगा। जूना अखाड़ा में अनुशासन सर्वोपरि है।’’ उन्होंने कहा कि अखाड़ा के हर सदस्य को अनुशासन से रहना होता है, लेकिन अभय सिंह ने अपने गुरु का अपमान कर यह परंपरा तोड़ी। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर, अखाड़ा की अनुशासन समिति ने अभय के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की और अखाड़े से बाहर कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि अभय सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में बताया था कि उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई से पढ़ाई करने के बाद ‘एयरोस्पेस इंजीनियरिंग’ में नौकरी की और नौकरी छोड़कर वह संन्यासी बने। उन पर एक रील में अपने पिता और गुरु के खिलाफ अपशब्द का इस्तेमाल करने का आरोप है। इसके बाद ही संतों में उनके खिलाफ आक्रोश पैदा हुआ और शनिवार की रात उन्हें अखाड़ा के शिविर से बाहर कर दिया गया।
JAN 20, 2025 13:06 IST

केरल की अदालत ने प्रेमी की हत्या के मामले में महिला को मौत की सजा सुनाई

केरल की एक अदालत ने एक महिला को 2022 में उसके प्रेमी की हत्या करने के जुर्म में सोमवार को मौत की सजा सुनाई। नेय्याट्टिनकरा अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय ने मामले में तीसरे आरोपी एवं महिला के रिश्तेदार निर्मलकुमारन नायर को भी तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। दोषी ग्रीष्मा (24) ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों, पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं होने और अपने माता-पिता की इकलौती बेटी होने का हवाला देते हुए सजा में नरमी का अनुरोध किया था। अदालत ने अपने 586 पृष्ठ के फैसले में कहा कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषी की उम्र पर विचार करने की कोई आवश्यकता नहीं है। ग्रीष्मा को शेरोन राज की हत्या के लिए सजा सुनाई गई है जो तिरुवनंतपुरम जिले के परसाला के मूल निवासी थे।
JAN 20, 2025 13:05 IST

ओडिशा: चिल्का झील में डॉल्फिन की गणना शुरू

ओडिशा की चिल्का झील में सोमवार से डॉल्फिन की गणना शुरू हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों, शोधार्थियों, छात्रों और विशेषज्ञों सहित 100 से अधिक लोगों ने झील में डॉल्फिन की गणना प्रक्रिया में भाग लिया। चिल्का वन्यजीव प्रभाग द्वारा चिल्का विकास प्राधिकरण के सहयोग से यह वार्षिक गणना की जा रही है। प्रभागीय वन अधिकारी अमलान नायक ने बताया कि 18 समूह डॉल्फिन की गिनती कर रहे हैं और हर समूह में पांच से छह लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें मानचित्र, दूरबीन, ‘स्पॉटिंग स्कोप’, ‘जीपीएस डिवाइस’ और नोटबुक जैसे संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि तीन दिवसीय कवायद के दौरान झील में नौकाओं का परिचालन नहीं होगा। पिछले साल की गणना प्रतिकूल मौसम में हुई थी और सरकार द्वारा आंकड़े जारी नहीं किए गए थे। झील में 2023 में दो प्रजातियों की 173 डॉल्फिन पाई गईं। डॉल्फिन को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की ‘रेड लिस्ट’ में संकटग्रस्त प्रजातियों के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
JAN 20, 2025 12:58 IST

हिरासत में आरोपी की मौत के लिए पांच पुलिसकर्मी जिम्मेदार ठहराए गए

महाराष्ट्र के बदलापुर स्कूल यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी अक्षय शिंदे की हिरासत में मौत के लिए मजिस्ट्रेटी जांच में पांच पुलिसकर्मियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। मजिस्ट्रेट ने सोमवार को अपनी जांच रिपोर्ट बंबई उच्च न्यायालय को सौंप दी। बंबई उच्च न्यायालय शिंदे के पिता अन्ना शिंदे की याचिका पर सुनवाई कर रहा है। अन्ना शिंदे ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ में मार डाला था। अक्षय शिंदे (24) को अगस्त 2024 में बदलापुर के एक स्कूल के शौचालय के अंदर दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह स्कूल में ‘अटेंडेंट’ था। सितंबर में तलोजा जेल से पूछताछ के लिए ले जाते समय शिंदे की कथित पुलिस गोलीबारी में मौत हो गई थी। पुलिस ने दावा किया कि उसने पुलिस वैन में मौजूद एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली, गोली चलाई और जवाबी गोलीबारी में वह मारा गया। पुलिस हिरासत में किसी आरोपी की मौत के मामले में कानून के तहत मजिस्ट्रेटी जांच शुरू की जाती है। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति नीला गोखले की खंडपीठ ने रिपोर्ट का अवलोकन किया। पीठ ने कहा कि मजिस्ट्रेट की जांच में निष्कर्ष निकला है कि वैन में मौजूद पांच पुलिसकर्मी आरोपी की मौत के लिए जिम्मेदार हैं। पीठ ने कहा कि कानून के अनुसार, अब पांचों पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और जांच की जाएगी। अदालत ने सरकारी वकील हितेन वेनेगांवकर से कहा कि वह दो सप्ताह में पीठ को बताएं कि मामले की जांच कौन सी जांच एजेंसी करेगी।
JAN 20, 2025 11:24 IST

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं

जिले के बांगरमऊ कोतवाली इलाके के गहरपुरवा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लग गई, हालांकि समय रहते बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ अरविंद कुमार के अनुसार, प्रतीत होता है कि बस में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बस के चालक के अनुसार, उसने अचानक इंजन से धुआं निकलता दिखा, जिसके बाद उसने बस को रोककर सभी यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। कुमार ने बताया कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे और सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद बस में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि बस रायबरेली से श्रीगंगानगर जा रही थी और हादसा रविवार रात को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। हालांकि चालक की सूझबूझ के कारण घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे जिन्होंने आग पर काबू पाया। घटना के कारण कुछ देर के लिए एक्सप्रेस वे पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
JAN 20, 2025 10:53 IST

मणिपुर के कांगपोकपी में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

मणिपुर के अशांत कांगपोकपी जिले में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हथियारों की ये बरामदगी न्यू कीथेलमानबी थाना क्षेत्र के लुनखोंगजांग रिज से की गई। पुलिस के अनुसार जब्त हथियारों में एक 7.62 एमएम स्नाइपर राइफल, 9 एमएम की पांच पिस्तौल, मैगजीन,दो एसबीबीएल बंदूकें, हथगोले’, गोला-बारूद, दो स्टन गोले और आंसू गैस का एक गोला शामिल है।
JAN 20, 2025 10:52 IST

नाइजीरिया: गैसोलीन टैंकर विस्फोट में मरने वालों की संख्या 86 पहुंची

नाइजीरिया के उत्तर-मध्य हिस्से में एक गैसोलीन टैंकर में हुए विस्फोट के बाद इस घटना में मरने वालों की संख्या 86 पहुंच गई है। देश की आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने बताया कि यह विस्फोट शनिवार तड़के नाइजर प्रांत के सुलेजा क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब कुछ लोग दुर्घटनाग्रस्त तेल के एक टैंकर से जेनरेटर का उपयोग कर गैसोलीन को दूसरे ट्रक में स्थानांतरित करने का प्रयास कर रहे थे। ईंधन स्थानांतरण करते समय उससे विस्फोट हो गया, जिसके कारण गैसोलीन स्थानांतरित करने वाले लोगों तथा आसपास खड़े लोगों की मृत्यु हो गई। राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के हुसैनी ईसा ने बताया कि 55 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका सुलेजा क्षेत्र के तीन अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ लोग जलकर राख हो गए।’’ उन्होंने संकेत दिया कि मृतकों की संख्या 86 से अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘फोरेंसिक जांच के बिना हमें मृतकों की सटीक संख्या ज्ञात नहीं हो पाएगी।’’
JAN 20, 2025 10:51 IST

आरजी कर मामला: अदालत दोपहर में सुनाएगी दोषी को सजा

कोलकाता स्थित सरकारी आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में दोषी करार दिए गए संजय रॉय को यहां की एक अदालत आज दोपहर में सजा सुनाएगी। रॉय को जिन धाराओं के तहत दोषी करार दिया गया है, उसमें उसे न्यूनतम आजीवन कारावास, जबकि अधिकतम मौत की सजा हो सकती है। सियालदह की अदालत के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिर्बान दास ने शनिवार को रॉय को पिछले वर्ष नौ अगस्त को अस्पताल में स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या का दोषी करार दिया था। इस जघन्य अपराध के कारण देश भर में आक्रोश फैल गया था और लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा था। संजय को आरजी कर अस्पताल के सेमिनार कक्ष में 31 वर्षीय चिकित्सक का शव पाए जाने के एक दिन बाद 10 अगस्त 2024 को गिरफ्तार किया गया था। न्यायाधीश ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 66 और 103(1) के तहत उसे दोषी ठहराया है। बीएनएस की धारा 64 (दुष्कर्म) के तहत कम से कम 10 साल की सजा का प्रावधान है, जो आजीवन कारावास तक हो सकती है। धारा 66 के तहत कम से कम 20 साल की सजा का प्रावधान है और यह आजीवन कारावास तक हो सकती है। बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत दोषी को मृत्युदंड या आजीवन कारावास का प्रावधान है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मामले की जांच कोलकाता पुलिस से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को स्थानांतरित कर दी थी। न्यायाधीश ने कहा कि रॉय का बयान दोपहर साढ़े 12 बजे सुना जाएगा और उसके बाद सजा सुनाई जाएगी। शनिवार को फैसला सुनाए जाने के समय रॉय ने अदालत में दावा किया कि उन्हें फंसाया गया है।
JAN 20, 2025 10:22 IST

नोएडा: लाखों रुपये के नोजल चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज, जांच जारी

शहर में सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क से कुछ दिन पहले लाखों रुपये के नोजल चोरी किए जाने के मामले में रविवार को थाना सेक्टर 113 में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि थाने में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि गत 14 जनवरी की रात को अज्ञात चोरों ने वेद वन पार्क में लगे फव्वारे के नोजल चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि चोर रात के अंधेरे में 160 नोजल चोरी कर ले गए जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी की घटना के बाद पार्क में होने वाला लोकप्रिय लेजर लाइट शो बंद करना पड़ा है। शर्मा के अनुसार शिकायत के बाद सेक्टर-113 थाने की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पार्क के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस कुछ संदिग्धों की पहचान करने का दावा भी कर रही है। वेदवन पार्क का उद्घघाटन 2023 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। यह पार्क ऋषि-मुनियों की वैदिक थीम पर आधारित है। पार्क में चारों वेदों से संबंधित जानकारी और अनूठी संरचनाएं हैं, जिससे यह पिछले कुछ महीनों में पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया। मामले की जांच नोएडा प्राधिकरण की ओर से भी की जा रही है।
JAN 20, 2025 09:23 IST

इजराइल ने संघर्ष विराम समझौते के तहत 90 फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया

इजराइल ने हमास के साथ हुए संघर्ष विराम समझौते के तहत सोमवार तड़के 90 फलस्तीनी कैदियों को रिहा कर दिया। इससे कुछ घंटों पहले ही हमास ने तीन इजराइली बंधकों को रिहा किया था जो इजराइल पहुंच गए हैं। बंदियों को सफेद रंग की बड़ी बसों में जैसे ही जेल से बाहर ले जाया गया लोगों ने खुशी में आतिशबाजी की। फलस्तीनियों की भीड़ बसों के इर्द-गिर्द उमड़ पड़ी और वहां मौजूद लोगों ने नारे लगाए। फलस्तीनी प्राधिकरण के कैदी मामलों के आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार रिहा किए गए सभी लोग महिलाएं या नाबालिग हैं। इजराइल ने इन सभी लोगों को देश की सुरक्षा को खतरे में डालने से जुड़े अपराधों में हिरासत में लिया था। इन लोगों पर पथराव करने से लेकर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप थे। वेस्ट बैंक पर इजराइल का कब्ज़ा है और सेना ने लोगों को सार्वजनिक तौर पर कोई भी उत्सव नहीं करने को कहा है। कैदियों की रिहाई मध्य रात्रि में की गई जिसकी फलस्तीनियों ने आलोचना की और कहा कि यह कैदियों का घर वापसी पर स्वागत करने से भीड़ को रोकने का प्रयास है। रिहा किए गए बंदियों में सबसे प्रमुख हैं 62 वर्षीय खालिदा जरार जो फलस्तीन की मुक्ति के लिए काम करने वाले संगठन ‘पीएफएलपी’ की प्रमुख सदस्य हैं। इस संगठन पर 70 के दशक में इजराइली लोगों के अपहरण और अन्य हमलों में शामिल होने का आरोप है, लेकिन हाल के वर्षों में संगठन ने अपनी हिंसक गतिविधियों को कम किया है।
JAN 20, 2025 09:21 IST

जयशंकर ने वाशिंगटन में कीं जापान, ऑस्ट्रेलिया के समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को वाशिंगटन में ऑस्ट्रेलिया और जापान के अपने समकक्षों के साथ बैठकें कीं और इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय मुद्दों तथा ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। ‘क्वाड’ डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के पहले कार्यकाल की पहल है, इसमें ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका शामिल हैं। अमेरिकी कांग्रेस द्वारा पुष्टि किए जाने और विदेश मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मार्को रूबियो की अंतरराष्ट्रीय बैठकों के क्रम में ‘क्वाड’ मंत्रिस्तरीय बैठक उनकी पहली प्राथमिकता होगी। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से मुलाकात के बाद जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज वाशिंगटन में क्वाड की सहयोगी विदेश मंत्री सीनेटर वोंग से मिलकर खुशी हुई। हमेशा की तरह दुनिया के हालात पर हमने चर्चा की।’’ जापान के विदेश मंत्री के साथ अपनी बैठक के बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से मिलकर अच्छा लगा। हमने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की। ‘क्वाड’ से संबंधित घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।’’ सत्ता हस्तांतरण टीम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, रूबियो और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप भारत-अमेरिका संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने को प्राथमिकता देंगे। सूत्रों ने कहा कि विदेश मंत्री के रूप में अपने नाम की पुष्टि होने के बाद रूबियो जयशंकर के साथ अपनी पहली द्विपक्षीय बैठक करने के इच्छुक हैं। रूबियो के नाम पर सीनेट द्वारा पुष्टि सोमवार शाम को होने की उम्मीद है और जल्द उन्हें शीर्ष अमेरिकी राजनयिक के रूप में शपथ दिलाई जा सकती है। ‘क्वाड’ के तीन अन्य सदस्य देशों के विदेश मंत्री सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए यहां आए हैं। इससे पहले, उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने गए जेडी वेंस ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग का अमेरिका में स्वागत किया। मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया कि दोनों नेताओं ने व्यापार संतुलन और क्षेत्रीय स्थिरता सहित कई विषयों पर चर्चा की।
JAN 20, 2025 09:14 IST

महाराष्ट्र: नंदुरबार में दो समूहों के बीच झड़प के बाद तनाव

महाराष्ट्र के नंदुरबार में रविवार देर रात दो समूहों के बीच पथराव और आगजनी की घटना हुई। इससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नंदुरबार सिटी पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर घटी। बताया जा रहा है कि एक ऑटो रिक्शा और बाइक के बीच हुई मामूली टक्कर हुई थी, इसके बाद स्थिति बिगड़ गई, जिससे क्षेत्र में अशांति फैल गई। कुछ व्यक्तियों ने आगजनी और पत्थरबाजी का प्रयास किया, जिसके कारण नंदुरबार पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी पड़ी। आगजनी-पत्थरबाजी करने वाले कथित तौर पर सामाजिक कार्यकर्ता थे। नंदुरबार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रवण एस. दत्त ने बताया, "शनिवार रात करीब 10 बजे एक विशेष समुदाय के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। दिन में पहले एक घटना के बारे में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद पथराव हुआ। मौके पर तैनात पुलिस बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके कारण हिंसा अन्य क्षेत्रों में नहीं फैली। किसी संपत्ति को नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। केस दर्ज किया जा रहा है। हमने कुछ संदिग्धों की पहचान की है।" घटना की सूचना मिलने पर नंदुरबार सिटी पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी मौके पर तैनात की गई और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, यह झड़पें रात 10 से 10:30 बजे के बीच नंदुरबार शहर के त्रिकोणी बिल्डिंग, हलवाई मोहल्ला और चिराग गली इलाकों में हुईं। पुलिस ने इन इलाकों में भारी सुरक्षा तैनात कर दी और कुछ ही समय में स्थिति को स्थिर करने में कामयाब रही। पथराव के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा तथा एक अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान को आग लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। हालांकि, तनाव कम हो गया है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों में शांति कायम है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। हिंसा में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। एसपी श्रवण एस. दत्त ने लोगों से शांत रहने और अफवाहों का शिकार होने से बचने की अपील भी की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कानून को अपने हाथ में न लें और हिंसा की किसी भी घटना की तुरंत पुलिस को सूचना दें। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात है।
JAN 20, 2025 08:39 IST

ठंड के बीच दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', एक्यूआई पहुंचा 349

राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर के बीच वायु गुणवत्ता बिगड़कर "बहुत खराब" श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे एक्यूआई 349 दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरे की आशंका जताई है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच है। दिल्ली में 22 जनवरी और 23 जनवरी को गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है, जबकि सप्ताह के बाकी दिनों में कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई इस प्रकार है: आनंद विहार (407), विवेक विहार (390), वजीरपुर (381), अशोक विहार (366), चांदनी चौक (347), द्वारका-सेक्टर 8 (379), जहांगीरपुरी (373), आईटीओ (370), लोधी रोड (360), नजफगढ़ (310), आर के पुरम (380), रोहिणी (370), शादीपुर (331)। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 20 से 21 जनवरी तक वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की संभावना है। जबकि अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' से 'खराब' श्रेणी में रहने की संभावना है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने शुक्रवार को संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तहत चरण-III उपायों को रद्द कर दिया, जो वायु गुणवत्ता में गिरावट के बाद दिल्ली-एनसीआर में तुरंत प्रभावी हो गए। हालांकि, मौजूदा जीआरएपी उपायों के चरण-I और II के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है ताकि एक्यूआई को और नीचे गिरने से रोका जा सके। जीआरएपी III उपायों को रद्द करते हुए, सीएक्यूएम ने कहा कि अनुकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों और तेज हवा की गति के कारण आने वाले दिनों में एक्यूआई के 'बहुत खराब' श्रेणी के निचले छोर पर रहने की संभावना है। यह भविष्यवाणी आईएमडी/आईआईटीएम द्वारा प्रदान की गई वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमानों के आधार पर की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, रविवार को शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 368 ("बहुत खराब") था, जो शनिवार के शाम 4 बजे के 255 ("खराब") से 100 से अधिक अंकों की वृद्धि दर्शाता है। सुप्रीम कोर्ट ने ग्रैप के चरण 3 को लागू करने के लिए 350 की संशोधित सीमा निर्धारित की, जो पहले की सीमा 400 से कम थी। हालांकि, रात 8 बजे तक एक्यूआई गिरकर 360 पर आ गया, जिससे सीएक्यूएम को प्रतिबंधों को लागू करने में देरी करनी पड़ी। ग्रैप चरण 3 को 16 जनवरी को रद्द कर दिया गया था, जब दिल्ली का एक्यूआई दूसरे दिन 300 से नीचे रहा था।
JAN 20, 2025 06:53 IST

हरियाणा में 2014 के बाद गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का पहला चुनाव हुआ

हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) के 2014 में गठन के बाद हुए पहले चुनाव में जगदीश सिंह झींडा ने असंध वार्ड से जीत हासिल की, जबकि सिख उपदेशक बलजीत सिंह दादूवाल को कालांवाली में हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के घोषित नतीजों के अनुसार, कुरुक्षेत्र के शाहाबाद वार्ड से दीदार सिंह नलवी ने जीत दर्ज की है। एचएसजीएमसी की स्थापना हरियाणा में कांग्रेस के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार ने राज्य में सिख तीर्थस्थलों के प्रबंधन के लिए की थी।
JAN 20, 2025 06:53 IST

रहस्यमयी मौतों से प्रभावित राजौरी के सुदूर गांव में बावड़ी के पास आवाजाही बंद

जम्मू-कश्मीर के एक सुदूर गांव में तीन परिवारों के 17 सदस्यों की रहस्यमयी ढंग से मौत की जांच के बीच, अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में बावड़ी के पास घेराबंदी कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक झरने के पानी में कुछ कीटनाशक पाए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त (कोटरांका उपखंड) दिल मीर ने राजौरी जिले के बधाल गांव में बावड़ी की घेराबंदी करने और वहां चौबीस घंटे दो से तीन सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने का आदेश दिया है। अतिरिक्त उपायुक्त मीर ने एक आदेश में कहा, ‘‘बधाल गांव के बावड़ी से लिए गए पानी के नमूनों में कुछ कीटनाशकों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। उक्त बावड़ी की घेराबंदी कर दी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी आशंका है कि गांव की आदिवासी आबादी इस बावड़ी के पानी को इकट्ठा कर सकती है। इसलिए तहसीलदार खवास यह सुनिश्चित करें कि कोई भी ग्रामीण किसी भी हालत में इस बावड़ी के पानी का उपयोग न करे।’’
JAN 20, 2025 06:53 IST

अमेरिकी उपयोगकर्ताओं के लिए सेवा बहाल करने की प्रक्रिया में है टिकटॉक

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक ने कहा है कि वह अमेरिका में उपयोगकर्ताओं के लिए सेवा बहाल करने की ‘‘प्रक्रिया में’’ है। इससे पहले, संघीय कानून प्रभावी होने से कुछ घंटे पहले ऐप को बंद कर दिया गया। टिकटॉक का संचालन करने वाली कंपनी ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जिन प्रौद्योगिकी कंपनियों को डिजिटल स्टोर और अन्य सेवा प्रदाताओं से टिकटॉक ऐप को नहीं हटाने पर जुर्माना का सामना करना पड़ सकता है, उन्होंने मदद करने पर सहमति व्यक्त की है। टिकटॉक ने नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद दिया, जिन्होंने कहा है कि वह सोमवार को अपने शपथ ग्रहण के बाद एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करने की योजना बना रहे हैं, ताकि टिकटॉक की चीन स्थित मूल कंपनी को प्रतिबंध से बचने के लिए समझौते को लेकर अधिक समय मिल सके। अमेरिकी उपयोगकर्ताओं को ऐप खोलने पर एक संदेश मिला जिसमें लिखा था, ‘‘अमेरिका में टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने का कानून पारित किया गया है। इसका मतलब है कि दुर्भाग्य से आप अब टिकटॉक का इस्तेमाल नहीं कर पायेंगे।’’ संदेश में लिखा था, ‘‘हम भाग्यशाली हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह पदभार संभालने के बाद टिकटॉक को बहाल करने के लिए हमारे साथ मिलकर काम करेंगे। तब तक के लिए हमारे साथ बने रहिये।’’ एक ओर, बाइडन प्रशासन ने टिकटॉक को बंद करने की चेतावनी को एक 'स्टंट' बताकर खारिज कर दिया तो दूसरी ओर टिकटॉक ने कहा कि स्पष्ट आश्वासन के बिना, उसके पास अमेरिका में अपनी सेवाओं को निलंबित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल में कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 20 जनवरी को पदभार संभालने के बाद टिकटॉक को बहाल करने के लिए एक समाधान पर काम करने की मंशा व्यक्त की है। शनिवार शाम को स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे टिकटॉक और कैपकट दोनों ऐप पर एक चेतावनी दिखाई दी जिसमें लिखा था, ‘‘टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने वाला अमेरिकी कानून 19 जनवरी को प्रभावी होगा, हमें खेद है कि इसकी वजह से हमें अपनी सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। हम यथाशीघ्र अमेरिका में अपनी सेवा बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। बने रहें।’’
JAN 20, 2025 06:53 IST

केजरीवाल, सुनीता, आतिशी, मान दिल्ली चुनाव के लिए 'आप' के स्टार प्रचारक

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। आप के नेताओं ने रविवार को यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी (आप) के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा और हरभजन सिंह के साथ-साथ दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हैं। आप के नेताओं ने बताया कि सूची में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल, विधायक दिलीप पांडे, गुलाब सिंह और ऋतुराज झा भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, रघुविंदर शौकीन, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत सहित आप सरकार के सभी मंत्री भी पार्टी के स्टार प्रचारक हैं।