LIVE

20 फरवरी 2025: दिल्ली में रेखा 'राज', नई सरकार ने ली शपथ; UP में 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट पेश; एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी

हिंदी न्यूज़ 20 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 20 फरवरी (गुरुवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated Feb 20, 2025, 21:49 IST
Follow on Google News
20 फरवरी 2025: दिल्ली में रेखा 'राज', नई सरकार ने ली शपथ; UP में 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट पेश; एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी

20 फरवरी 2025: दिल्ली में रेखा 'राज', नई सरकार ने ली शपथ; UP में 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट पेश; एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी

हिंदी न्यूज़ लाइव 20 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट बृहस्पतिवार को पेश किया, जिसमें अनुसंधान एवं विकास और सूचना प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित किया गया है। खन्ना ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में 22 प्रतिशत राशि विकास प्रयोजन के लिए, शिक्षा के लिए 13 प्रतिशत, कृषि व संबद्ध सेवाओं के लिए 11 प्रतिशत जबकि चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए छह प्रतिशत राशि आवंटित की गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी बृहस्पतिवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के लिए लखनऊ हवाईअडडे पहुंचे। कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल सुबह करीब साढ़े नौ बजे लखनऊ हवाईअडडा पहुंचे। उनके रायबरेली रवाना होने से पहले, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

FEB 20, 2025 17:45 IST

साइबर ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है: मंत्री बेढम

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवाचारों और नई तकनीक के समावेश से साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया जा रहा है तथा इसके साथ ही विशेष अभियान चलाए गए हैं। वह राज्य विधानसभा में इस बारे में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। बेढम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय में साइबर अपराधियों पर कार्रवाई करने गई पुलिस को पीटने की घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन अब सरकार ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके द्वारा साइबर ठगी से अर्जित की गई संपत्तियों को 'पीला पंजा' अभियान चलाकर तोड़ने की कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कड़ी कार्रवाइयों के चलते साइबर अपराधी ठगी का धंधा छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। प्रश्नकाल में उन्होंने कहा, “देश में अलवर, डीग, भरतपुर, जयपुर तथा जोधपुर में सबसे अधिक साइबर अपराध अंकित किये गए हैं। इससे राज्य के अन्य जिले भी प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार द्वारा साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए न केवल साइबर थानों का गठन किया गया है, बल्कि राज्य भर में समय-समय पर विभिन्न अभियान भी चलाए जा रहे हैं।” विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य में साइबर धोखाधड़ी और साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए राज्‍य स्‍तर पर पुलिस मुख्यालय में महानिदेशक पुलिस (साइबर अपराध) तथा पुलिस अधीक्षक (साइबर अपराध) के पद स्वीकृत हैं तथा वर्तमान में दोनों अधिकारी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्‍य में कुल 36 साइबर थानों का गठन किया हुआ है तथा इन थानों में नियमित रूप से साइबर अपराध से संबंधित प्रकरणों को दर्ज कर प्रभावी रूप से कार्य किया जा रहा है।
FEB 20, 2025 16:24 IST

एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी

Eknath Shinde Threat: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को गुरुवार को जान से मारने की धमकी मिली। गोरेगांव पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति से एक ईमेल मिला जिसमें चेतावनी दी गई थी कि शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसी तरह के धमकी भरे मेल राज्य सचिवालय और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन को भी भेजे गए। पुलिस फिलहाल ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह एक फर्जी ईमेल था।
FEB 20, 2025 16:23 IST

चेक गणराज्य के स्टोर में चाकू से हमला कर दो महिलाओं की हत्या

Knife Attack in Czech Republic: चेक गणराज्य के एक स्टोर में चाकू से किए गए हमले में दो महिलाओं की मौत हो गई है, अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उन्होंने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसने गुरुवार सुबह प्राग से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व में ह्राडेक क्रालोव शहर के एक स्टोर में दो महिलाओं पर चाकू से हमला किया था।
FEB 20, 2025 16:02 IST

सचिवालय पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, कार्यभार संभाला

FEB 20, 2025 14:42 IST

अमेरिका से निर्वासित भारतीय पनामा पहुंचे

अमेरिका से निर्वासित एक भारतीय समूह के सुरक्षित रूप से पनामा पहुंचने की जानकारी पनामा सरकार ने भारत को दी है। पनामा में मौजूद 'भारतीय मिशन' स्थानीय सरकार के साथ मिलकर निर्वासितों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है। पनामा, कोस्टा रिका और निकारागुआ में स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को एक्स पर यह जानकारी साझा की। हालांकि, इसमें पनामा पहुंचे भारतीयों की संख्या का जिक्र नहीं किया गया। यह समूह उन 299 अप्रवासी लोगों का हिस्सा है जिन्हें अमेरिकी सरकार द्वारा पनामा भेजा गया है। राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो की सहमति के बाद भारतीय निर्वासित तीन उड़ानों से पनामा पहुंचे थे। मुलिनो ने इस बात पर सहमति जताई थी कि निर्वासितों के लिए पनामा पुल की भूमिका निभाएगा।
FEB 20, 2025 14:31 IST

हमास से बंदियों के शव मिले : इजराइल

इजराइल की सेना ने कहा है कि उसे उन चार बंधकों के शव मिल गए हैं जो हमास ने गाजा पट्टी में अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘रेड क्रॉस’ को सौंपे गए थे। ‘रेड क्रॉस’ संस्था का मुख्य उद्देश्य युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की मदद और चिकित्सा करना है। बताया जाता है कि ये शव शीरी बीबास और उनके दो बच्चों और ओदेद लिफ्शित्ज के हैं। हमास द्वारा बंधक बनाए जाने के वक्त लिफ्शित्ज की उम्र 83 वर्ष थी। इजराइल के अधिकारी शवों की पहचान के लिए उनका डीएनए परीक्षण करेंगे। इस प्रक्रिया में दो दिन का समय लग सकता है।
FEB 20, 2025 14:10 IST

शव सौंपने से पहले हमास ने मंच पर काले ताबूत प्रदर्शित किए

हमास के उग्रवादियों ने रेड क्रॉस को बंधकों के शव सौंपने से पहले मंच पर चार काले ताबूत प्रदर्शित किए। मंच के चारों ओर उग्रवादियों के बैनर लगे हुए थे। यह हस्तांतरण उस संघर्षविराम समझौते का हिस्सा है जो पिछले महीने प्रभाव में आया था। गाजा में संघर्षविराम समझौते के तहत हो रहे इस हस्तांतरण में एक मां और उसके दो छोटे बच्चों के शव शामिल हैं। साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के एक सेवानिवृत्त पत्रकार का शव भी इनमें शामिल है।
FEB 20, 2025 14:10 IST

उपमुख्यमंत्री शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी मिली

मुंबई पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति के फोन कर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि गोरेगांव एवं जे जे मार्ग पुलिस थानों और राज्य सरकार के मुख्यालय ‘मंत्रालय’ के नियंत्रण कक्ष में धमकी भरे फोन आए।
उन्होंने बताया कि फोन करने वाले ने शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी दी।
FEB 20, 2025 14:09 IST

पीएनबी ने खुदरा ऋण दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती की

सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने आवास व वाहन ऋण सहित खुदरा ऋणों पर ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती की बृहस्पतिवार को घोषणा की। पीएनबी ने बयान में कहा, संशोधित दरें आवास ऋण, कार ऋण, शिक्षा व व्यक्तिगत ऋण सहित विभिन्न प्रकार के उत्पादों पर लागू होंगी जिससे यह सुनिश्चित होगा कि ग्राहकों को विविध वित्तपोषण विकल्प मिलते रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पांच वर्षों के अंतराल के बाद गत सात फरवरी को रेपो दर (वह दर जिस पर बैंक केंद्रीय बैंक से उधार लेते हैं) को 0.25 प्रतिशत घटाकर 6.25 प्रतिशत कर दिया था।
FEB 20, 2025 14:09 IST

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात

श्रीनगर में पर्यटक स्थलों समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार को हिमपात की ताजा घटना दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस बारिश से घाटी में वर्षा की भारी कमी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों के साथ-साथ बडगाम जिले के दूधपथरी में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।
FEB 20, 2025 12:47 IST

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा और बीरभूम में कुछ स्थानों पर बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी और कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया।
FEB 20, 2025 12:46 IST

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।
FEB 20, 2025 12:16 IST

पुणे में जीबीएस से दहशत, 11 ने तोड़ा दम

महाराष्ट्र के पुणे में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। अब तक 183 मरीजों में जीबीएस का उपचार किया गया है, जबकि 28 मामले संदिग्ध जीबीएस के हैं। इस बीमारी के कारण कुल 11 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से 4 मौतों की वजह जीबीएस को बताया जा रहा है, जबकि 7 मौतें संदिग्ध हैं। इन मरीजों में से 42 मरीज पुणे नगर निगम, 94 मरीज पुणे नगर निगम क्षेत्र के, 32 मरीज पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम, 33 मरीज पुणे ग्रामीण क्षेत्र और 10 अन्य जिलों से हैं। अब तक 144 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि 36 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं और 16 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
FEB 20, 2025 12:15 IST

बिहार कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे कृष्णा अल्लावरु

बिहार कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद कृष्णा अल्लावरु गुरुवार को पहली बार पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डा पर पहुंचने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी दी है उसका निर्वहन करूंगा और सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मिलकर काम करूंगा। पटना पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "बिहार कांग्रेस के लिए पुरानी जगह है। सबके साथ मिलकर आज कांग्रेस को फिर से मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली है। मजबूती से काम करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाएंगे।"
FEB 20, 2025 12:15 IST

उत्तर प्रदेश: वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट पेश

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य विधानसभा में बृहस्पतिवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो चालू वित्त वर्ष 2024-25 के बजट से 9.8 प्रतिशत अधिक है। खन्ना ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में 22 प्रतिशत राशि अवस्थापना विकास के लिए, शिक्षा के लिए 13 प्रतिशत, कृषि व संबद्ध सेवाओं के लिए 11 प्रतिशत, चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए छह प्रतिशत, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों के लिए चार प्रतिशत राशि आवंटित की गई है। उन्होंने प्रदेश को कृत्रिम मेधा (एआई) का केंद्र बनाने के लिए ‘आर्टिफिशियल इन्टेलिजेन्स सिटी’ की स्थापना और साईबर सुरक्षा के लिए ‘टेक्नोलॉजी रिसर्च ट्रान्सलेशन पार्क’ की स्थापना की नई योजनाओं की भी घोषणा की।
FEB 20, 2025 12:14 IST

राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा

जस्थान के कई इलाकों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को सुबह तक बीते चौबीस घंटे के दौरान झुंझूनू के उदयपुर वाटी में 19 मिलीमीटर, सीकर के फतेहपुर में 16 मिमी., गंगानगर में 15.1 मिमी., खेतड़ी में 13 मिमी. बारिश हुई। इसके अलावा नोखा, संगरिया, सांभर तथा शाहपुरा में भी बारिश हुई। इस दौरान राज्य में जालौर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस तथा निम्नतम न्यूनतम तापमान अलवर में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
FEB 20, 2025 11:27 IST

कोच्चि हवाई अड्डे पर 'बम' की टिप्पणी करने पर यात्री हिरासत में लिया गया

कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री ने मजाकिया अंदाज में बैग में बम होने की बात कही जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। हवाई अड्डा पर सुरक्षा अधिकारियों ने कोझिकोड निवासी राशिद को बुधवार रात करीब 11:30 बजे हुई इस घटना के बाद नेदुम्बस्सेरी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, कोच्चि से कुआलालंपुर जाने वाली उड़ान में सवार होने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षा अधिकारी ने राशिद से उसके सामान के वजन के बारे में पूछा। इस पर उसने मज़ाक में कहा कि उसमें 'बम' है जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि राशिद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और बाद में उसे रिहा कर दिया गया।
FEB 20, 2025 11:27 IST

हमास चार मृत इजराइली बंधकों के शव लौटाएगा

हमास द्वारा बंधक बनाए गए चार इजराइली मृतकों के शव बृहस्पतिवार को लौटाए जाने की संभावना है। एक इज़राइली अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। गाजा में संघर्षविराम समझौते के तहत हो रहे इस हस्तांतरण में एक मां और उसके दो छोटे बच्चों के शव शामिल हैं। साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के एक सेवानिवृत्त पत्रकार का शव भी इनमें शामिल है। अधिकारी ने गुमनामी की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि वह नियमों के तहत सार्वजनिक रूप से बोलने के लिए अधिकृत नहीं थे।
FEB 20, 2025 11:26 IST

बालोद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, मतदान जारी

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ब्लाक क्षेत्रों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगा। खासकर ग्रामीण इलाकों में मतदान केंद्रों पर लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस चुनाव में युवा मतदाता भी सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। कई ऐसे मतदाता हैं, जो इस बार बैलेट पेपर से पहली बार मतदान कर रहे हैं, तो कुछ युवक-युवतियां पहली बार मतदान कर रहे हैं। इन युवा मतदाताओं ने बताया कि उनका अनुभव बहुत खास रहा।
FEB 20, 2025 11:15 IST

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पिता का निधन

भारत के स्टार बैडमिंटन युगल खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पिता आर कासी विश्वनाथम का गुरुवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सात्विक इस समय 43वें पीएसपीबी अंतर इकाई बैडमिंटन टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हैं। उन्हें गुरुवार को प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार मिलना था। उनके पिता को भी इस समारोह में भाग लेना था लेकिन इससे पहले ही उनका निधन हो गया। उनके पिता सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षा शिक्षक थे। परिवार के एक करीबी सूत्र ने कहा, ‘‘यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है कि सात्विक के पिता का आज सुबह निधन हो गया।’’