LIVE

आज की ताजा खबर, 20 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़ लाइव: अजमेर ब्लैकमेल कांड में छह आरोपियों को आजीवन कारावास, महाराष्ट्र के बदलापुर में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न

अमित कुमार मंडलUpdated Aug 20, 2024, 17:32 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 20 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़ लाइव: अजमेर ब्लैकमेल कांड में छह आरोपियों को आजीवन कारावास, महाराष्ट्र के बदलापुर में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न

आज की ताजा खबर, 20 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़ लाइव: अजमेर ब्लैकमेल कांड में छह आरोपियों को आजीवन कारावास, महाराष्ट्र के बदलापुर में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न

  • सुप्रीम कोर्ट में कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर से बलात्कार और हत्या के मामले पर हुई सुनवाई
  • सुप्रीम कोर्ट ने भयावह घटना बताया, सीबीआई से गुरुवार तक मांगी रिपोर्ट
  • पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस दिल्ली पहुंचे, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं
  • जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 4.9 तीव्रता का भूकंप, दहशत में आए लोग
  • महाराष्ट्र: बदलापुर के एक स्कूल में एक बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की घटना के खिलाफ भीड़ का प्रदर्शन

AUG 20, 2024 17:32 IST

गाजा में इजरायली हवाई हमलों में 15 फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा के खान यूनिस में दो शरणार्थी शिविरों पर इजरायल के हवाई हमले में कम से कम 15 फिलिस्तीनी मारे गए। फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने सोमवार को सिन्हुआ न्यूज एजेंसी को बताया कि इजरायली विमानों ने गाजा शहर के पश्चिम में अल-शती में फिलिस्तीनियों के एक कैंप पर हमला किया।
AUG 20, 2024 17:14 IST

इंदौर में पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट फंसी

मध्य प्रदेश के इंदौर में दसवीं मंजिल से नीचे उतरते वक्त एक लिफ्ट बीच में ही अटक गई, जिसमें आठ लोग सवार थे और वे सभी लिफ्ट के अंदर फंस गए। बताया गया कि लिफ्ट पांचवीं मंजिल पर आकर खराब हो गई और वहीं फंस गई, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों ने मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन काफी देर तक चिल्लाने के बाद भी कोई मदद के लिए नहीं आया।
AUG 20, 2024 16:26 IST

अजमेर ब्लैकमेल कांड में छह को आजीवन कारावास की सजा

अजमेर की एक विशेष अदालत ने 1992 के बहुचर्चित ब्लैकमेल व ब्लात्कार कांड मामले में छह शेष आरोपियों को दोषी मानते हुए मंगलवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस बहुचर्चित कांड में अजमेर शहर की 100 से अधिक लड़कियों का यौन शोषण किया गया था।
AUG 20, 2024 15:46 IST

पुंछ में कुत्ते के हमले में 12 लोग घायल

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को एक पागल कुत्ते के हमले में चार स्कूली बच्चों और महिलाओं समेत कुल 12 लोग जख्मी हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सीमावर्ती जिले के मेंढर कस्बे में सुबह 8 से 8.30 बजे के बीच हुई। उन्होंने कहा कि घायलों में कुछ प्रवासी मजदूर भी शामिल हैं।
AUG 20, 2024 14:38 IST

दिल्ली के कई अस्पतालों को बम की धमकी मिली, तलाशी अभियान शुरू

दिल्ली में कई अस्पतालों को मंगलवार को बम की धमकी वाले ईमेल मिले जिससे प्राधिकारियों को अस्पताल परिसरों की तलाशी शुरू करनी पड़ी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि नांगलोई में एक अस्पताल से दोपहर एक बजकर चार मिनट पर और दिल्ली के चाणक्य पुरी स्थित प्राइमस हॉस्पिटल से दोपहर एक बजकर सात मिनट पर सूचना मिली कि उन्हें बम की धमकी वाले ईमेल मिले हैं। उन्होंने बताया कि दमकल की गाड़ियों, बम का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने वाले दस्ते तथा पुलिस को मौके पर भेजा गया है। परिसरों की सघन तलाशी ली जा रही है।
AUG 20, 2024 14:09 IST

रायबरेली में दलित परिवार से मिलने पहुंचे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के नसीराबाद में हाल ही में मारे गए दलित के परिवार से मिलने पहुंचे : उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ।
AUG 20, 2024 14:08 IST

महाराष्ट्र में अवैध तरीके से रह रहीं पांच बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा रोड से पुलिस ने बगैर अनुमति और बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहीं पांच बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई मीरा भयंदर-वसई विरार आयुक्तालय के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ ने की। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मीरा रोड इलाके में कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं, जिसके बाद शनिवार को दो झुग्गियों में छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पांच बांग्लादेशी महिलाओं को पकड़ा गया जो पूछताछ के दौरान देश में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
AUG 20, 2024 13:36 IST

महाराष्ट्र: बदलापुर के एक स्कूल में एक बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की घटना के खिलाफ भीड़ का प्रदर्शन, भारी सुरक्षा तैनात।

AUG 20, 2024 13:33 IST

जम्मू कश्मीर में पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी

जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। यहां पहले चरण में 24 सीटों पर 18 सितंबर को मतदान होगा। अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 27 अगस्त है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 28 अगस्त को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अगस्त और मतदान की तिथि 18 सितंबर है। पहले चरण में दक्षिण कश्मीर के 16 विधानसभा क्षेत्रों और जम्मू क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। जिन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने हैं उनमें कश्मीर घाटी में पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डी. एच. पोरा, कुलगाम, देवसर, दूरू, कोकेरनाग (अजजा), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबहेड़ा, शंगस-अनंतनाग पूर्व और पहलगाम शामिल हैं।
AUG 20, 2024 13:18 IST

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने मंगलवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल के कनिष्ठ चिकित्सकों की हड़ताल 12 दिन से जारी है, जिसके बीच यह मुलाकात हुई है। हड़ताल के कारण पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने मुलाकात की एक तस्वीर ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
AUG 20, 2024 13:06 IST

ओडिशा के गंजाम में जहरीली शराब पीने से 14 लोग बीमार पड़े

ओडिशा के गंजाम जिले में कथित तौर पर नकली शराब पीने से कम से कम 14 लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उसके अनुसार यह घटना सोमवार देर रात चिकिता इलाके के माउंडपुर गांव में हुई। सभी पीड़ित करबलुआ गांव के रहने वाले हैं। देशी शराब पीने से उनमें कुछ लोगों को बेचैनी और उल्टी होने लगी। उन्हें चिकिता स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक बाद में उनमें से 14 लोगों को एमकेसीएच मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि 12 लोगों का मेडिसिन वार्ड में उपचार किया जा रहा है, जबकि दो मरीजों को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। आबकारी आयुक्त नरसिंह भोल और गंजाम के जिलाधिकारी दिव्यज्योति परिदा ने अस्पताल का दौरा किया। जिलाधिकारी ने कहा, अवैध शराब बेचने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शराब के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
AUG 20, 2024 13:05 IST

गाजा में अभियान के दौरान छह बंधकों के शव बरामद

इजराइली सेना ने कहा कि उसने बीती रात गाजा में अभियान के दौरान छह बंधकों के शव बरामद किए।
AUG 20, 2024 12:25 IST

राहुल पर सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका को जनहित याचिका माना जाएगा

दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की नागरिकता से संबंधित भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका को जनहित याचिका माना जाएगा।
AUG 20, 2024 12:05 IST

कोलकाता रेप - मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट सख्त

Kolkata Rape- murder case : कोलकाता रेप एवं मर्डर केस की मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कहा कि यह घटना बहुत ही भयावह है। इस तरह की घटनाएं जारी नहीं रह सकती। यह सिर्फ कोलकाता का मामला नहीं है। मामले की सुनवाई करते हुए प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा जरूरी है। सुरक्षा पर हम डॉक्टरों से सुझाव मांगेंगे। प्रधान न्यायाधीश ने कहा मामले की जांच कर रही सीबीआई से गुरुवार तक स्थिति रिपोर्ट दायर करने का निर्देश दिया है। सीजेआई ने कहा कि कोलकाता की महिला डॉक्टर की फोटो वीडियो, नाम हर जगह है जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का पहले भी फैसला है कि बलात्कार पीड़िता की पहचान जाहिर न हो। कोर्ट ने कहा कि पीड़िता के माता-पिता को बॉडी नहीं देखने दी गई।
AUG 20, 2024 12:05 IST

सुप्रीम कोर्ट ने कलकत्ता हाई कोर्ट का फैसला पलटा

लड़कियों को यौन इच्छा पर नियंत्रण रखने की नसीहत देने वाले कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने पलटा। रेप के लिए दोषी को मिली सजा बरकरार रखी। पिछले साल हाईकोर्ट ने यह कह कर सजा खत्म की थी कि नाबालिग लड़की ने स्वेच्छा से संबंध का बयान दिया है। हाईकोर्ट ने लड़कियों को खुद पर काबू रखने की नसीहत भी दी थी।
AUG 20, 2024 10:07 IST

असम में गिरफ्तार बांग्लादेशी महिला लिपि अख्तर को वापस भेजा गया

AUG 20, 2024 10:06 IST

दिल्ली में बारिश से जलभराव

AUG 20, 2024 09:19 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।" राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। उनकी जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। राजीव गांधी 1984 से 1989 तक प्रधानमंत्री पद पर रहे। यह आखिरी बार था, जब कांग्रेस को लोकसभा में बहुमत मिला था। वह भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। साल 1991 में लिट्टे आतंकियों ने उनकी हत्या कर दी थी।
AUG 20, 2024 09:17 IST

पोर्श कार दुर्घटना मामला, दो और गिरफ्तार

पोर्श कार दुर्घटना मामला : पुणे पुलिस ने खून के नमूनों की कथित अदला-बदली के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है।
AUG 20, 2024 09:16 IST

दिल्ली में भारी बारिश से बुरा हाल

Delhi NCR Rain: दिल्ली एनसीआर में आज ही तेज बारिश से मौसम तो सुहाना हो गया लेकिन कई जगहों पर जलभराव और जाम की स्थिति पैदा हो गई। खास तौर पर दिल्ली में जगह-जगह जलभराव हो गया जिससे ट्रैफिक पर भारी असर पड़ा। भारी बारिश के कारण मिंटो रोड इलाके में एक ऑटोरिक्शा पूरी तरह पानी में समा गया। तेज बारिश से अंडरपास पर कई फुट गहरा पानी जमा हो गया और इसमें एक ऑटोरिक्शा इसमें जलमग्न हो गया।