आज की ताजा खबर, 2 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: अमित शाह की आज हैदराबाद में पदयात्रा, नितिन नवीन बिहार, बंगाल में करेंगे रैली... जयशंकर ने की अमेरिका में भारत के महावाणिज्य दूतों से मुलाकात
आज की ताजा खबर लाइव, 2 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [अमित शाह हैदराबाद पदयात्रा], [नितिन नवीन बिहार बंगाल रैली], [विदेश मंत्री जयशंकर] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को बिहार और पश्चिम बंगाल में पार्टी द्वारा आयोजित मार्च का नेतृत्व करेंगे। यह मार्च हाल में शुरू किए गए पार्टी के देशव्यापी ’लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का हिस्सा है। इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को यहां विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर फैलाए जा रहे झूठे विमर्श के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अभियान के तहत ’पदयात्रा’ करेंगे। वहीं, अमेरिका में फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई है। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने रविवार को यह जानकारी दी। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [अमित शाह हैदराबाद पदयात्रा], [नितिन नवीन बिहार बंगाल रैली], [विदेश मंत्री जयशंकर] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-अमेरिका संबंधों पर विस्तृत चर्चा के लिए अमेरिका में भारत के महावाणिज्य दूतों से मुलाकात की। जयशंकर ने रविवार को अटलांटा में आठ महावाणिज्य दूतों के साथ बैठक की। इस बैठक में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के. नागराज नायडू भी मौजूद थे जो अमेरिका और कनाडा मामलों के प्रभारी हैं। वहीं, ’लाल हिट जनता पार्टी’ ने राष्ट्रीय राजधानी में राजघाट से रामलीला मैदान तक ’मोदी जी कहीं नहीं जा रहे ब्रो’ नारे के साथ मार्च निकाला, जिसमें करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी है। इसके अलावा, अमेरिका में जॉर्जिया राज्य के उस समृद्ध इलाके में भारतीय मूल की एक अमेरिकी महिला स्थानीय नेतृत्व के एक अप्रत्याशित चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं, जहां कभी श्वेत लोगों की नस्ली श्रेष्ठता में विश्वास रखने वाले संगठन कू क्लक्स क्लान (केकेके) का दबदबा था और नस्लवाद जीवन का हिस्सा था। पढ़ें- देश और विदेश की अन्य खबरें
लाल हिट जनता पार्टी ने दिल्ली में विरोध मार्च निकाला
रविवार को यह मार्च तब आयोजित किया गया जब उसी दिन विपक्षी ’इंडिया’ गठबंधन ने रामलीला मैदान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर ’चलो दिल्ली’ प्रदर्शन किया।
बयान के अनुसार, मार्च का नेतृत्व लाल हिट जनता पार्टी के संस्थापक एवं संयोजक अयान भटनागर ने किया। इसमें शामिल लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर चल रहे थे। इन पर देश के विकास और संवैधानिक मूल्यों को लेकर उनके विचार भी प्रदर्शित किए गए थे।
बयान में कहा गया है कि मार्च का उद्देश्य पार्टी के ’राष्ट्र प्रथम’ संदेश, देश के विकास के एजेंडे के प्रति समर्थन और संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को लोगों तक पहुंचाना था।
इसमें यह भी कहा गया है कि मार्च कांग्रेस के प्रति पार्टी के राजनीतिक विरोध को दर्शाता है। इसमें शामिल लोगों ने प्रधानमंत्री और देश के विकास को लेकर बनाए जा रहे राजनीतिक विमर्श पर चिंता जताई।
बयान के अनुसार, मार्च राजघाट से शुरू हुआ और रामलीला मैदान में समाप्त हुआ।
पार्टी ने शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक भागीदारी, जन जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जयशंकर ने अमेरिका में भारत के महावाणिज्य दूतों से मुलाकात की
जयशंकर ने रविवार को अटलांटा में आठ महावाणिज्य दूतों के साथ बैठक की।
इस बैठक में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के. नागराज नायडू भी मौजूद थे जो अमेरिका और कनाडा मामलों के प्रभारी हैं।
रविवार को ’एक्स’ पर एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा, ’’आज अटलांटा में अमेरिका में तैनात भारतीय महावाणिज्य दूतों के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई।’’
मंत्री ने बताया कि उन्हें व्यापार, नवाचार, शिक्षा और सामुदायिक जुड़ाव से जुड़ी नयी पहलों और मंचों के बारे में जानकारी दी गई।
जयशंकर ने कहा, ’’यह हमारे संबंधों के विस्तार और गहराई को दर्शाता है।’’
मंत्री ने अटलांटा में ’ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी’ के एक प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की।
इससे पहले जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई ’एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत अटलांटा में महावाणिज्य दूतावास परिसर में एक पौधा लगाया।
अमेरिका में भारत के आठ महावाणिज्य दूतावास हैं जो न्यूयॉर्क, अटलांटा, बोस्टन, शिकागो, सैन फ्रांसिस्को, ह्यूस्टन, सिएटल और लॉस एंजिलिस में स्थित हैं।
फ्लोरिडा में एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त, नौ लोगों की मौत
डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) दुर्घटना के कारणों की जांच में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) की मदद के लिए एक टीम भेज रहा है।
नौ लोगों को ले जा रहा ’लियरजेट 60’ रविवार को दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में तेजी से नीचे गिरा। विमान में भीषण आग लग गई और वह आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि यह दुर्घटनास्थल के पास मौजूद मकानों से नहीं टकराया और एक व्यस्त सड़क के पास जा गिरा जिससे सड़क पर एक विशाल गड्ढा बन गया।
संघीय विमानन प्रशासन के अनुसार यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था और बहामास जा रहा था। अधिकारियों ने अब तक यह नहीं बताया है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त कैसे हुआ या उसमें कौन-कौन सवार था।
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने कहा कि यह एक निजी विमान था। उन्होंने तत्काल उड़ान में सवार लोगों के बारे में जानकारी नहीं दी।
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ‘कू क्लक्स क्लान' का गढ़ रहे काउंटी में भारतवंशी महिला की चुनावी जंग
भारतीय-अमेरिकी महिला यह चुनाव इसलिए लड़ना चाहती है क्योंकि वह अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी की ’धौंस’ के आगे झुकने के बजाय उसका सामना करना चाहती हैं और बच्चों के लिए एक बेहतर दुनिया छोड़कर जाना चाहती हैं।
डेमोक्रेट शुचिता पटेल तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव में फोर्सिथ काउंटी कमिश्नर के पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। ऐसे में वह रविवार सुबह मतदाताओं के घरों के दरवाजे खटखटाने निकलीं, ताकि उन्हें याद दिला सकें कि वह भी चुनाव मैदान में हैं।
पटेल फोर्सिथ काउंटी से चुनाव लड़ने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी हैं। इस काउंटी का नस्ली हिंसा का भयावह इतिहास रहा है। वर्ष 1912 में श्वेत निवासियों और नस्ली श्रेष्ठता में विश्वास रखने वाले केकेके गिरोहों ने लगभग पूरी अश्वेत आबादी को जबरन यहां से खदेड़ दिया था। इसके बाद 20वीं सदी के अधिकांश समय तक यह काउंटी पूरी तरह श्वेत आबादी वाला क्षेत्र बनी रही।
पटेल का चुनाव लड़ना ही इस बात का संकेत है कि पिछले कुछ दशकों में फोर्सिथ और वास्तव में पूरे अमेरिका में कितना बदलाव आया है। भारतीय प्रवासी माता-पिता की अमेरिका में जन्मी बेटी पटेल ऐसे प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, जो 16 साल से निर्विरोध निर्वाचित होता आ रहा है। हालांकि, मध्यावधि चुनाव यह भी दिखाते हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर अमेरिका किस कदर बंटा हुआ है। एक तरफ उनके समर्थकों में उनके प्रति अटूट और लगभग अंधभक्ति जैसा लगाव है, तो दूसरी तरफ उनके प्रति गहरी नफरत का भाव है।
मध्यावधि चुनाव से दो सदनों वाली अमेरिकी कांग्रेस की संरचना तय होगी, जो भारत की संसद के समान है। तीन नवंबर को प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीट और 100 सदस्यीय सीनेट की 37 सीट पर चुनाव होना है। इन चुनावों के साथ ही कई राज्यों में गवर्नर और काउंटी कमिश्नर तथा स्कूल बोर्ड के प्रमुखों जैसे स्थानीय निकायों के कई पदों के लिए भी चुनाव होंगे।
अधिकांश जनमत सर्वेक्षणों में अनुमान लगाया गया है कि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा में अपना नियंत्रण खो देगी और संभव है कि सीनेट में भी उसे हार का सामना करना पड़े। इसकी वजह अधूरे वादों, किराने के सामान, पेट्रोल और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती कीमतों तथा राजनीति को लेकर लोगों में बढ़ती निराशा है।
पटेल ने कहा, "मैं स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि मैं अपने ट्रांसजेंडर पड़ोसियों और क्षेत्र के लोगों का समर्थन करने में दृढ़ विश्वास रखती हूं। मैं अपने प्रवासी समुदाय की रक्षा करना चाहती हूं। लेकिन अगर लोग अपना राशन नहीं खरीद सकते, तो किसी को किसी की लैंगिक पहचान, आव्रजन या इस बात की परवाह नहीं है कि कोई व्यक्ति अवैध रूप से यहां रह रहा है या नहीं।’’
पटेल (40) ने एक कार में बैठकर दिए गए साक्षात्कार में यह बात कही। उस समय वह प्रचार के लिए लातिन अमेरिकी प्रवासियों की बड़ी आबादी वाले एक गरीब इलाके की ओर जा रही थीं।
