LIVE

आज की ताजा खबर: 'कांग्रेस और द्रमुक ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया', अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

Piyush KumarUpdated Apr 19, 2026, 21:08 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE:जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को एक पुराने मामले में (National Investigation Agency) NIA ने शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। ईरान ने एक बार फिर कहा कि वो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रखेंगे।

आज की ताजा खबर: 'कांग्रेस और द्रमुक ने महिलाओं के साथ  विश्वासघात किया', अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना
आज की ताजा खबर: 'कांग्रेस और द्रमुक ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया', अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE:जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को एक पुराने मामले में (National Investigation Agency) NIA ने शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। ईरान ने एक बार फिर कहा कि वो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रखेंगे।

APR 19, 2026 21:08 IST

कर्नाटक में कावेरी नदी में डूबने से छह लोगों की मौत

कर्नाटक के मैसुरु जिले में कावेरी नदी में दो नाबालिगों समेत छह लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना अर्केश्वर स्वामी मंदिर के निकट हुई, जब हजरत खादर लिंगवल्ली उर्स में शामिल होने आए लोगों का एक समूह नदी में तैरने चला गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ’’आठ लोग नदी में तैरने के लिए उतरे थे, जिनमें से छह डूब गए। दो लोगों को बचा लिया गया है और इलाज के लिए मैसुरु ले जाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर है।’’
पुलिस ने मृतकों की पहचान बेंगलुरु निवासी ऐमन (13), केआर नगर निवासी अफीफ (13), बेंगलुरु निवासी यासीन (23), बेंगलुरु निवासी नेहा (22), ऊटी निवासी फातिमा (30) और मैसुरु निवासी उमर (5) के रूप में की है।
APR 19, 2026 20:52 IST

तमिलनाडु के Coimbatore में एमएनएम प्रमुख कमल हासन (Kamal Haasan) ने कोयंबटूर (दक्षिण) विधानसभा सीट से DMK के उम्मीदवार वी सेंथिल बालाजी (V Senthil Balaji) के समर्थन में राजा स्ट्रीट पर चुनाव प्रचार किया।

APR 19, 2026 20:38 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने झाड़ग्राम में झालमुड़ी का स्वाद लिया

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में रविवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान अचानक रुकते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झालमुड़ी का स्वाद लिया। झालमुड़ी मुरमुरे, हरी मिर्च और अन्य मसालों से बना एक लोकप्रिय बंगाली ’स्ट्रीट फूड’ है। झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री के काफिले के अचानक एक सामान्य सी दुकान के सामने रुकने पर वहां मौजूद लोग और दुकानदार हैरान रह गए, जब मोदी स्टॉल पर जाकर झालमुड़ी की कीमत पूछने लगे। मोदी ने दुकानदार से पूछा, ’’भाई, झालमुड़ी खिलाओ, कितने का है? अच्छे से बना दो झालमुड़ी।’’

अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मौजूद प्रधानमंत्री ने विक्रेता को पैसे सौंपे और उनसे पैसे स्वीकार करने पर जोर दिया। दुकानदार द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या इसे बनाने में सभी सामान्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ’’सब कुछ डालिए, बस नमक छोड़कर’’ जिसे वह स्वास्थ्य कारणों से नहीं लेते। प्रधानमंत्री ने झालमुड़ी का स्वाद लिया और बाद में इसकी एक तस्वीर ’एक्स’ पर पोस्ट की।
APR 19, 2026 20:02 IST

दिल्ली में कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति Lee Jae Myung भारत की राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। यह राष्ट्रपति ली की भारत की पहली यात्रा है। नई दिल्ली में उनके आगमन पर हर्ष मल्होत्रा (राज्य मंत्री, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय) ने उनका स्वागत किया।

APR 19, 2026 19:44 IST

नोएडा के बैंक्विट हॉल में सगाई के दौरान 5 लाख की चोरी, CCTV में कैद आरोपी

नोएडा के सेक्टर-49 स्थित डायमंड क्राउन बैंक्विट हॉल में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम के दौरान चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक शख्स सूट-बूट पहनकर समारोह में शामिल हुआ, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। सगाई कार्यक्रम के बीच मौका पाकर आरोपी ने लड़की पक्ष का करीब 5 लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गया।

पूरी घटना बैंक्विट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-49 थाना पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
APR 19, 2026 18:37 IST

हरियाणा: रेवाड़ी के कोंसीवास रोड स्थित झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने का काम जारी है।

APR 19, 2026 18:33 IST

उप्र : सीतापुर में तालाब में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रविवार को तालाब में नहाते समय दो नाबालिग चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के बन्नी खरेला गांव की है, बढ़ती गर्मी के बीच दोनों लड़के तालाब में नहाने गए थे, तभी वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

मानपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान अर्पित (13) और उसके चचेरे भाई कपिल (12) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि गांव वालों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
APR 19, 2026 18:32 IST

कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन करती है, परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति : सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन परिसीमन से इसे जोड़ने का विरोध करती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसा करने से कुछ राज्यों के साथ अन्याय होगा।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी ने लगातार महिलाओं के लिए आरक्षण का समर्थन किया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अन्य राज्यों में चुनावों से पहले ’’इस मुद्दे का राजनीतिकरण’’ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, "महिला आरक्षण विधेयक राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों द्वारा 2023 में ही पारित हो चुका था। अब इसे परिसीमन के साथ लाया गया। उन्होंने परिसीमन को इससे जोड़ दिया। हमने कभी भी महिला आरक्षण का विरोध नहीं किया। मैं यह बात बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहता हूं: हम महिला आरक्षण के विरोधी नहीं हैं।’’
APR 19, 2026 17:33 IST

तमिलनाडू के कत्तनारपट्टी में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 16 लोगों की मौत

तमिलनाडू के कत्तनारपट्टी (विरुधुनगर के पास) स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। अग्निशमन एवं बचाव विभाग के अनुसार, इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं।
APR 19, 2026 17:32 IST

जम्मू-कश्मीर: उधमपुर मादक पदार्थ मामले में पंजाब के दो लोगों को 10 साल की कैद

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर की एक अदालत ने पंजाब के दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को 2020 के स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक मामले में 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लुधियाना निवासी दोनों दोषियों जसप्रीत सिंह और संदीप सिंह पर एक. एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना न भरने पर उन्हें छह महीने की अतिरिक्त कठोर कारावास की सजा भुगतनी होगी।
APR 19, 2026 17:15 IST

मथुरा में राष्‍ट्रीय राजमार्ग पर मोटरसाइकिल के जरिये रेस कर रहे दो युवकों की मौत, तीन घायल

मथुरा जिले में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक-दूसरे से शर्त लगाकर मोटरसाइकिल के जरिये रेस कर रहे दो दोस्तों की मृत्यु हो गई, जबकि मोटरसाइकिलों पर सवार उनके तीन अन्य दोस्तों को गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

रिफाइनरी क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल कपरवान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब ढाई बजे आगरा के सैंया निवासी टैक्सी चालक घनश्याम ने सूचना दी कि आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुरा जाट गांव के फ्लाईओवर पर पांच युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। कुछ दूरी पर उनकी दो मोटरसाइकिल चकनाचूर हालत में दिखीं।
APR 19, 2026 17:14 IST

उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुले, चारधाम यात्रा शुरू

छह माह बंद रहने के बाद अक्षय तृतीया के पर्व पर रविवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ फिर से खोल दिए गए तथा इसके साथ ही उत्तराखंड में इस वर्ष की चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गयी। इस वर्ष पहली बार गंगोत्री सहित तीन धामों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध और विशेष शर्तें लागू की गई हैं।

उत्तरकाशी जिले में स्थित दोनों धामों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गयी जबकि गंगोत्री मंदिर के कपाट खुलने के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगोत्री मंदिर के कपाट अपराह्न करीब 12:15 बजे तथा यमुनोत्री मंदिर के कपाट 12:35 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस दौरान दोनों धामों में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु ’हर-हर गंगे’ और ’जय मां यमुना’ के जयकारे लगा रहे थे।
APR 19, 2026 16:46 IST

बिहार के मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष की निंदा की

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक का समर्थन नहीं करने के लिए रविवार को विपक्ष की आलोचना की। पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौधरी ने संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं होने के दिन को ’’काला दिन’’ बताया और कहा ’’कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियों ने महिला आरक्षण का मजाक उड़ाया’’।

उन्होंने कहा, ’’मैं बिहार की माताओं और बहनों को आश्वस्त करने के लिए इस संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहा हूं कि इन विपक्षी दलों को अपने किए की कीमत चुकानी पड़ेगी। हमारी पार्टी की महिला कार्यकर्ता इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरने वाली हैं।’’

भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को घोषणा की थी कि भाजपा की महिला शाखा सोमवार को 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर विपक्ष के रुख के विरोध में ’’आक्रोश मोर्चा’’ निकालेगी।
APR 19, 2026 16:45 IST

कांग्रेस-सपा समेत विपक्ष का कृत्‍य द्रौपदी के चीरहरण जैसा: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संसद में नारी शक्ति संशोधन विधेयक पारित न होने को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्‍व वाले ’इंडी’ गठबंधन, समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस समेत उनके सहयोगी दलों ने जो कृत्‍य किया वह भरी सभा में द्रौपदी के चीरहरण की तरह था।

लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों, केन्‍द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी समेत वरिष्‍ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार वार्ता में ’नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ संशोधन विधेयक पारित न हो पाने को लेकर आदित्‍यनाथ ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला।
APR 19, 2026 16:39 IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश का उद्घाटन किया।

APR 19, 2026 15:54 IST

दिल्ली: शाहीन बाग इलाके के अबुल फजल एन्क्लेव में घर में लगी आग

शाहीन बाग इलाके के अबुल फजल एन्क्लेव में एक घर में आग लग गई। दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।
APR 19, 2026 15:53 IST

ठाणे में कबाड़ के गोदाम में आग लगी, कोई हताहत नहीं

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार तड़के कबाड़ के एक गोदाम में आग लग गई, जिससे मशीनरी और गत्ते का बड़ा भंडार जलकर नष्ट हो गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दीवा क्षेत्र में शिलफाटा-महापे रोड स्थित शमीम कंपाउंड के गोदाम में सुबह लगभग छह बजकर 40 मिनट पर आग लगी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि आग में एक हाइड्रोलिक पेपर बेलिंग प्रेस, गोदाम में रखा गत्ते का बड़ा कबाड़ और बिजली की तारें जलकर खाक हो गईं।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दो दमकल वाहन, एक बचाव वाहन और एक जीप के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की फिलहाल जांच की जा रही है।
APR 19, 2026 15:22 IST

कर्नाटक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण दुर्घटना में चार लोगों के मारे जाने की आशंका

कर्नाटक में विजयनगर जिले के होसपेट तालुक के दानापुर के निकट रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-50 पर एक बस, लहसुन से लदे ट्रक, एक कार और कई दोपहिया वाहनों की टक्कर में कम से कम चार लोगों के मारे जाने की आशंका है और कुछ अन्य लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना की शुरुआत मामूली टक्कर से हुई, लेकिन तेज रफ्तार लॉरी के एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने और फिर एक बस और एक कार से टकराने के बाद स्थिति गंभीर हो गई। पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद लॉरी कार पर गिर गई और उसे लगभग 100 मीटर तक घसीटती चली गई।
APR 19, 2026 15:21 IST

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके से मुलाकात की

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने रविवार को यहां श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात की और भारतीय आवास परियोजना एवं मछुआरों के मुद्दों सहित दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के बीच विभिन्न पहलों पर चर्चा की। दो दिवसीय दौरे पर आज सुबह यहां पहुंचे राधाकृष्णन ने दिसानायके के साथ श्रीलंका में जारी भारतीय परियोजना के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की।

कोलंबो के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खेल मंत्री सुनील कुमार गामागे और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने 49 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का स्वागत किया।
APR 19, 2026 13:58 IST

जम्मू में शिविर में फंदे से लटका मिला सैनिक का शव, जांच जारी

जम्मू में सेना की ’डॉग यूनिट’ में तैनात एक सैनिक रविवार को सैन्य शिविर के अंदर मृत पाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सैनिक तड़के नागरोटा स्थित शिविर के आवासीय क्षेत्र में अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।

उन्होंने बताया कि शव को चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताओं के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि सेना ने विभागीय जांच शुरू कर दी है, जबकि पुलिस ने भी मौत के कारणों की जांच के लिए पूछताछ शुरू कर दी है।