LIVE

18 अक्टूबर 2024: अभिनेता सलमान खान को मिली धमकी, हमास चीफ सिनवार ढेर; नवाज शरीफ ने भारत से संबंध सुधारने की वकालत

अमित कुमार मंडलUpdated Oct 18, 2024, 18:15 IST
Follow on Google News
18 अक्टूबर 2024: अभिनेता सलमान खान को मिली धमकी,   हमास चीफ सिनवार ढेर; नवाज शरीफ ने भारत से संबंध सुधारने की वकालत

18 अक्टूबर 2024: अभिनेता सलमान खान को मिली धमकी, हमास चीफ सिनवार ढेर; नवाज शरीफ ने भारत से संबंध सुधारने की वकालत

  • हमास चीफ सिनवार ढेर, बाइडन बोले- कोई भी आतंकवादी न्याय से बच नहीं सकता
  • पन्नू मामले की जांच पर भारत ने कहा, जानकारी को बहुत गंभीरता से लिया गया है
  • नवाज शरीफ ने भारत से संबंध सुधारने के लिए की पहल

OCT 18, 2024 17:40 IST

महाराष्ट्र में महिला से सोने की चेन छीनने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर जिले में सुबह की सैर पर निकले लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विरार अपराध शाखा की यूनिट तीन के वरिष्ठ निरीक्षक प्रमोद बदाख ने कहा कि 12 अक्टूबर को गिरोह ने नालासोपारा में 59 वर्षीय एक महिला को रोका और उन्हें एक पैकेट दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने झूठा दावा किया कि पैकेट में पांच लाख रुपये हैं और महिला की एक लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली। उन्होंने कहा, ‘‘जब महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है और उसने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। पिछले कुछ दिनों में, हमने शंकर राय प्रभु राय (37), मंगल नाथूराम सिलावट (37), सचिन चुन्नीलाल राठौड़ (22) और राजू राय शंकर राय (25) को गिरफ्तार किया। वे उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।’’ बदाख ने बताया कि गिरोह के पास से 4.5 तोला वजन के सोने के आभूषण बरामद किए गए जिनकी कीमत तीन लाख रुपये है। अधिकारी ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के आरोप लगाए गए हैं।
OCT 18, 2024 15:39 IST

पूर्वोत्तर रेलवे के पटरी से उतरने से प्रभावित खंड पर ट्रेन सेवाएं बहाल

असम के दीमा हसाओ जिले में अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के आठ डिब्बों के पटरी से उतर जाने के कारण लुमडिंग-बदरपुर खंड पर बाधित ट्रेन सेवाओं को शुक्रवार को बहाल कर दिया गया। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार, डिबालोंग स्टेशन से पहली ट्रेन एसएमवीटी बेंगलुरु-अगरतला एक्सप्रेस सुबह 9.48 बजे रवाना हुई। उन्होंने बताया, ‘‘प्रभावित खंड पर रेल सेवाएं आज सुबह बहाल कर दी गई हैं और इस मार्ग पर अब कोई ट्रेन रद्द नहीं की जाएगी।’’ प्रवक्ता ने बताया कि अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के आठ डिब्बों के पटरी से उतर जाने के कारण शुक्रवार को रद्द या पुनर्निर्धारित ट्रेनों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड के सदस्यों सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। असम के दीमा हसाओ जिले के डिबालोंग स्टेशन पर अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के आठ डिब्बे बृहस्पतिवार अपराह्न 3.55 बजे पटरी से उतर गए थे। इस घटना में कोई हताहत नही हुआ। बचाव और बहाली कार्य की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लुमडिंग से दुर्घटना राहत ट्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था।
OCT 18, 2024 15:38 IST

बेअदबी मामलों में गुरमीत राम रहीम के खिलाफ सुनवाई का रास्ता साफ

उच्चतम न्यायालय ने 2015 में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी से जुड़े मामलों में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ सुनवाई का रास्ता शुक्रवार को साफ कर दिया। न्यायमूर्ति बीआर गवाई और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा इन मामलों में सुनवाई पर लगाई गई रोक हटा दी और राम रहीम से जवाब दाखिल करने को कहा। शीर्ष अदालत ने पंजाब सरकार की याचिका पर यह फैसला लिया और वह मामले में चार हफ्ते बाद सुनवाई करेगी। पंजाब के महाधिवक्ता गुरमिंदर सिंह ने उच्च न्यायालय के उस आदेश को पलटने का अनुरोध किया, जिसके तहत पंजाब के फरीदकोट के बाजाखाना पुलिस थाने में दर्ज तीन मामलों की सुनवाई पर रोक लगाई गई थी। शीर्ष अदालत ने कहा कि तीनों मामलों में जांच की आवश्यकता है और राम रहीम को नोटिस जारी किया। फरवरी 2023 में उच्चतम न्यायालय इन मामलों में राम रहीम और उसके अनुयायियों के खिलाफ मुकदमों की सुनवाई फरीदकोट की अदालत से चंडीगढ़ स्थानांतरित कर दी थी।
OCT 18, 2024 14:38 IST

दिल्ली के शाहदरा में फटा एसी, दो की मौत दो झुलसे

दिल्ली के शाहदरा स्थित एक फ्लैट में एसी फटने से आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौका ए वारदात पर पहुंचे दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी विधायक रामनिवास गोयल ने कहा कि अगर एसी की सर्विसिंग कराते तो ये हादसा नहीं होता। गोयल ने इस घटना को दर्दनाक बताया। वो मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
OCT 18, 2024 14:36 IST

दिल्ली के लोग जहरीली हवा में ले रहे सांस: संदीप दीक्षित

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर चिंता व्यक्त की। इसके साथ ही उन्होंने, हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय सिंह यादव के इस्तीफे पर भी राय रखी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि मुझे दिल्ली के प्रदूषण को लेकर कुछ भी आश्चर्य नहीं लगता है। बीते 8 वर्षों में दिल्ली की हवा बेहद ही खराब रही है। यह तो बरसात की वजह से प्रदूषण का अहसास नहीं हुआ है। लेकिन, जैसे ही बरसात खत्म हुई दिल्ली सरकार के नाकामी साफतौर पर देखने को मिल रही है। दिल्ली के लोग जहरीली हवा में सांस ले रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि दिल्ली में रहने वाला एक आमजन अपनी जिंदगी के सात से आठ साल गंवा देता है।
OCT 18, 2024 14:30 IST

सियालदह ईएसआई अस्पताल में लगी भीषण आग

कोलकाता के सियालदह ईएसआई अस्पताल में शुक्रवार की सुबह भीषण आग लग गई। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकरी दी। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर 10 दमकल वाहनों को भेजा गया और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पश्चिम बंगाल के अग्निशमन और आपातकालीन सेवा मंत्री सुजीत बोस अस्पताल पहुंचे। मंत्री ने बताया कि अस्पताल में सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगी थी। उन्होंने बताया कि आग पर अब काबू पा लिया गया है। इस बीच, एक मरीज की मौत को लेकर उसके परिवार के दावे को लेकर सवाल किए जाने पर मंत्री ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि उसकी मौत आग के कारण दम घुटने से हुई या फिर प्राकृतिक कारण से हुई।
OCT 18, 2024 13:45 IST

जम्मू-कश्मीर में गोलियों से छलनी शव बरामद

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में एक गैर-स्थानीय व्यक्ति का गोलियों से छलनी शव शुक्रवार को मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शव दक्षिण कश्मीर जिले के जैनापुरा के वाची इलाके से बरामद किया गया। यह किसी गैर-स्थानीय व्यक्ति का शव है। शव पर गोली लगने के निशान हैं। उन्होंने बताया कि शव को चिकित्सकीय तथा कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
OCT 18, 2024 13:44 IST

अमेठी में दो गुटों के बीच झड़प में एक युवक की मौत

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात मूर्ति विसर्जन स्थल से 200 मीटर की दूरी पर दो गुटों में हुई झड़प में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि बुढ़ऊ महाराज घाट भुशियांवा से कारीब 200 मीटर की दूरी पर दो गुटों के बीच मारपीट हुई, जिसमें कटरा महारानी गांव निवासी विवेक वर्मा (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, वर्मा को मुंशीगंज स्थित संजय गांधी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे अमृत घोषित कर दिया।
OCT 18, 2024 13:44 IST

पेट्रोल डालकर जलाई गई 19 वर्षीय युवती ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में छेड़छाड़ के आरोपी के बेटे द्वारा छह दिन पहले पेट्रोल डालकर जलाई गई 19 वर्षीय युवती ने इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि 27 प्रतिशत झुलसी युवती ने इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में बृहस्पतिवार देर रात आखिरी सांस ली।
OCT 18, 2024 13:34 IST

बिहार में जहरीली शराब से त्राहिमाम; अब तक 33 की मौत

बिहार में जहरीली शराब पीने से सीवान और सारण में मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई। सीवान में अब तक कुल 79 लोगों को भर्ती कराया गया है। इसके अलावा सारण में भी कई लोग इलाज करवा रहे हैं। इस मामले में अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 18, 2024 12:37 IST

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू

झारखंड में 13 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 43 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी और पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरण में चुनाव होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
OCT 18, 2024 12:30 IST

महाराष्ट्र : सिंधुदुर्ग जिले के भाजपा नेता तेली ने पार्टी छोड़ी, शिवसेना में शामिल होंगे

महाराष्ट्र के तटीय सिंधुदुर्ग जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राजन तेली ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और उनकी उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूटीबी) में शामिल होने की योजना है। तेली सावंतवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजपा के प्रभारी थे।
OCT 18, 2024 11:41 IST

भवानी रेवन्ना को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

जेडीएस नेता प्रज्ज्वल रेवन्ना की मां भवानी रेवन्ना को कर्नाटक हाई कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ दायर कर्नाटक सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए मिली अग्रिम जमानत को रद्द करने से किया इंकार कर दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 18, 2024 10:44 IST

बिहार में आज करेंगे गिरिराज सिंह हिंदू स्वाभिमान यात्रा

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आज से बिहार में हिंदू स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत करने वाले हैं। पहले चरण में यह यात्रा सीमांचल में भागलपुर से शुरू होकर कटिहार, पूर्णिया, अररिया और 22 अक्टूबर को किशनगंज पहुंचकर खत्म होगी।
OCT 18, 2024 10:34 IST

जापानी पर्यटकों की बस तुर्किये में दुर्घटनाग्रस्त, 22 घायल

जापानी पर्यटकों को ले जा रही एक बस बृहस्पतिवार को तुर्किये में सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार 22 लोग घायल हो गए। सरकारी समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। ‘अनादोलु एजेंसी’ ने बताया कि यह दुर्घटना अंकारा से लगभग 250 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में अफ्योनकाराहिसर प्रांत में एक राजमार्ग पर हुई। दुर्घटना का कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। एजेंसी ने बताया कि घायल यात्रियों को अफ्योनकाराहिसर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और इनमें से एक की हालत गंभीर है।
OCT 18, 2024 10:33 IST

फरीदाबाद में सिलेंडर फटने से दादा, दादी, पोते की मौत

फरीदाबाद के भाकरी गांव में बृहस्पतिवार को देर रात रसोई गैस का सिलेंडर फटने से दादा-दादी और 14 साल के पोते की मौत हो गई। पुलिस के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि भाकरी गांव में रहने वाले 55 वर्षीय सरजीत अपने मकान के निचले हिस्से में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। रात को सरजीत अपनी पत्नी बबीता और 14 साल के पोते कुणाल के साथ पहली मंजिल पर सो रहे थे। बताया जाता है कि रसोई गैस के सिलेंडर में से गैस रिसाव हो रहा था और आधी रात के बाद आग लग गई तथा सिलेंडर फट गया।
OCT 18, 2024 08:30 IST

सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर फैसला आज

आम आदमी पार्टी के सत्येंद्र जैन अभी तक जेल की सलाखों के पीछे हैं। हालांकि अब उनकी जमानत याचिका पर स्पेशल कोर्ट आज फैसला सुना सकता है। वह कई महीनों से जेल में बंद हैं।
OCT 18, 2024 07:40 IST

अभिनेता सलमान खान को मिली धमकी

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के लिए भेजे गए धमकी भरे मैसेज में लिखा गया कि लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे। पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 18, 2024 07:07 IST

असम में अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद मरम्मत कार्य जारी

OCT 18, 2024 06:34 IST

वांगचुक ने लद्दाख पर फर्जी खबरों को लेकर चिंता जताई, भूख हड़ताल जारी

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लद्दाख के लिए जारी विरोध प्रदर्शन के बारे में सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाने को लेकर बृहस्पतिवार को चिंता जताई और पुलिस से इस पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऑनलाइन कई ऐसे पोस्ट साझा किए जा रहे हैं जो लद्दाख बचाओ आंदोलन को बाधित करने के उद्देश्य से गलत सूचना फैला रहे हैं। वांगचुक और लद्दाख के अन्य कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के लद्दाख भवन में 12वें दिन भी अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी। वांगचुक ने एक्स पर साझा की गई एक भ्रामक पोस्ट को संलग्न करते हुए कहा, कुछ रुपयों के लिए लोगों को इतना नीचे गिरते देखना दुखद है। उन्होंने कहा, वर्ष 2022 के वीडियो का इस्तेमाल लोगों को भड़काने के लिए किया जा रहा है जबकि असल में यह मुद्दा सुलझ चुका है और कारगिल में पहले से ही एक बौद्ध मंदिर बनाया जा रहा है। उन्हें यह एहसास नहीं है कि इससे सांप्रदायिक दंगा भड़क सकता है। मुझे उम्मीद है कि हमारे अधिकारी कार्रवाई करेंगे। मानहानि का मुकदमा तो होगा ही।