LIVEअमित शाह ने दूसरे दिन मणिपुर की सुरक्षा का जायजा लिया, जी-20 देशों में भारत सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके पास से विस्फोटक बरामद किए गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए उसूर-टेकमेटला मार्ग के बीच आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाने की योजना बना रहे थे। वहीं उत्तरी गाजा के बेत लाहिया में सोमवार तड़के हुए इजराइली हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए। एक अस्पताल के निदेशक ने यह जानकारी दी। इसके अलावा दिल्ली में सोमवार को अपेक्षाकृत अधिक ठंड का अहसास हुआ और पारा गिरकर 27.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।

अमित शाह ने दूसरे दिन मणिपुर की सुरक्षा का जायजा लिया, जी-20 देशों में भारत सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था
सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले से आतंकवादियों के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले शौकत अहमद भट को रविवार को बारामूला जिले के जांबाजपोरा-बिन्नेर रोड से गिरफ्तार किया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे, जहां वह ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की मेजबानी में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रियो डी जेनेरियो, ब्राजील में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहुंचा। शिखर सम्मेलन की चर्चाओं और विश्व के नेताओं के साथ उपयोगी बातचीत का इंतजार है।" इस अवसर पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके पास से विस्फोटक बरामद किए गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए उसूर-टेकमेटला मार्ग के बीच आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा उत्तरी गाजा के बेत लाहिया में सोमवार तड़के हुए इजराइली हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए। एक अस्पताल के निदेशक ने यह जानकारी दी। इसके अलावा दिल्ली में सोमवार को अपेक्षाकृत अधिक ठंड का अहसास हुआ और पारा गिरकर 27.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।
आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव
- जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों का सहयोगी गिरफ्तार
- पीएम मोदी जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील पहुंचे
- हम आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे : राहुल गांधी
- मणिपुर हिंसा मामले में गृह मंत्रालय का एक्शन, तीन मामलों की जांच करेगी NIA
- तेलंगाना सरकार ने वारंगल हवाई अड्डे के लिए 205 करोड़ रुपये मंजूर किए
- दिल्ली: अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस, इस मौसम में सबसे कम
- छत्तीसगढ़: सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बना रहे आठ नक्सली गिरफ्तार
- इजरायल: उत्तरी गाजा में इजरायल के हमले में 30 लोग मारे गए
जालंधर में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
पंजाब में जालंधर के पठानकोट बाईपास के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि हादसे में घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाईवे पर ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक हाईवे पर पलट गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि क्रेन की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया और गाड़ी को काटकर मृतकों को बाहर निकाला गया। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में बंद, सेंसेक्स 241 अंक फिसला
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुआ। कारोबार के अंत में निफ्टी के आईटी, फार्मा और मीडिया सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली सेंसेक्स 241.30 अंक या 0.31 प्रतिशत गिरने के बाद 77,330.01 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 78.90 अंक या 0.34 प्रतिशत की गिरावट के बाद 23,453.80 पर बंद हुआ।
जी-20 देशों में भारत सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था
जी-20 देशों में भारत की अर्थव्यवस्था 7 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ 2024 में सबसे तेज गति से बढ़ने की उम्मीद है। जी20 देशों में विकास दर के मामले में इस साल भारत के बाद 5 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ इंडोनेशिया दूसरे और 4.8 प्रतिशत के साथ चीन तीसरे स्थान पर है। ब्राजील में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में रैंकिंग जारी होने के बाद एक्स पर पोस्ट किए गए भारत सरकार के बयान के मुताबिक, "अनुमानित 7 प्रतिशत की जीडीपी विकास दर के साथ भारत जी-20 देशों में अग्रणी स्थान पर है। यह उपलब्धि भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था को उजागर करती है, जो वैश्विक चुनौतियों के बीच अपनी मजबूती और तेज गति से देश के विकास को प्रदर्शित करती है।"
6 दिसंबर को दिल्ली की ओर मार्च करेंगे किसान
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) ने सोमवार को घोषणा की कि किसान फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अपनी विभिन्न मांगों को स्वीकार कराने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने को लेकर छह दिसंबर को दिल्ली की ओर मार्च करेंगे। यह निर्णय यहां किसान नेताओं की एक बैठक में लिया गया।
प्रदर्शनकारी किसान 13 फरवरी से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमा पर डेरा डाले हुए हैं, जब एसकेएम (गैर-राजनीतिक) और केएमएम के नेतृत्व में उनके 'दिल्ली चलो' मार्च को सुरक्षा बलों ने रोक दिया था।
जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों का सहयोगी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले से आतंकवादियों के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले शौकत अहमद भट को रविवार को बारामूला जिले के जांबाजपोरा-बिन्नेर रोड से गिरफ्तार किया गया। भट के पास से एक एके राइफल, एक मैगजीन और कुछ गोलियां बरामद की गईं। वह पिछले सप्ताह कुलगाम के डीएच पोरा क्षेत्र के नागनाड गांव से लापता हो गया था।
हम आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा हटाने और देश में जाति जनगणना कराने का सोमवार को वादा किया। गांधी ने मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जाति जनगणना हमारे सामने सबसे बड़ा मुद्दा है और हम इसे पूरा करेंगे। यह हमारा केंद्रीय स्तंभ है।’’ उन्होंने महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को कुछ अरबपतियों और गरीबों के बीच विचारधाराओं की लड़ाई करार दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘फॉक्सकॉन’ और ‘एयरबस’ समेत सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं महाराष्ट्र से गुजरात स्थानांतरित कर दी गईं, जिससे महाराष्ट्र के युवाओं की नौकरियां छिन गईं। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाडी गठबंधन बहुमत हासिल करने के बाद अगर सरकार बनाता है तो वह सरकार महाराष्ट्र के लोगों के हितों का ध्यान रखेगी। गांधी ने कहा कि मुंबई में धारावी पुनर्विकास योजना में एक व्यक्ति की मदद करने के लिए पूरी राजनीतिक मशीनरी को तोड़-मरोड़ दिया गया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘एक है तो सुरक्षित है’ नारे का मजाक उड़ाया और पार्टी पर महाराष्ट्र के लोगों की तुलना में उद्योगपति गौतम अदाणी के हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के पूर्व विधायक सुमेश शौकीन ‘आप' में शामिल हुए
कांग्रेस के पूर्व विधायक सुमेश शौकीन सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। शौकीन ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में इसकी सदस्यता ली। शौकीन मटियाला से पूर्व विधायक हैं, जिसे दिल्ली-देहात क्षेत्र का हिस्सा माना जाता है। शौकीन के ‘आप’ में शामिल होने से एक दिन पहले ही जाट नेता कैलाश गहलोत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। केजरीवाल ने शौकीन का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से न केवल ग्रामीण दिल्ली में बल्कि राष्ट्रीय राजधानी के अन्य हिस्सों में भी ‘आप’ को बढ़ावा मिलेगा। केजरीवाल ने कहा कि आप के सत्ता में आने से पहले दिल्ली-देहात में रहने वाले लोगों की उपेक्षा की जाती थी और वे मुख्य शहर से अलग-थलग पड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने कनेक्टिविटी में सुधार किया, स्कूल, अस्पताल, मोहल्ला क्लीनिक और स्टेडियम खोले तथा बाहरी दिल्ली के क्षेत्रों में अन्य सुविधाएं प्रदान कीं। शौकीन ने आप सरकार की सराहना करते हुए कहा कि इसने अपने 10 साल के कार्यकाल में दिल्ली-देहात क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार किया और विकास के लिए विभिन्न कार्य किए।
तेलंगाना सरकार ने वारंगल हवाई अड्डे के लिए 205 करोड़ रुपये मंजूर किए
तेलंगाना सरकार ने वारंगल में ममनूर हवाई अड्डे के विकास के लिए 280 एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण करने के लिए 205 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर करने के आदेश दिए हैं। यह आदेश हैदराबाद हवाई अड्डे का प्रबंधन करने वाले जीएमआर समूह द्वारा हवाई अड्डे के संचालन के लिए ‘अनापत्ति’ प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किए जाने के बाद दिया गया है। रविवार को जारी सरकारी आदेश के अनुसार, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने जुलाई 2022 में राज्य सरकार को बताया था कि वह ‘इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स’ (आईएफआर) संचालन के तहत ए-320 प्रकार के विमानों के लिए वारंगल हवाई अड्डे को विकसित करने को तैयार है। ए-320 विमानों के परिचालन के लिए एक ‘मास्टर प्लान’ तैयार किया गया है, जिसके लिए तेलंगाना राज्य सरकार से निशुल्क और सभी बाधाओं से मुक्त 253 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। एएआई ने राज्य सरकार से इस प्रस्ताव पर विचार करने, हवाई अड्डा निकाय को आवश्यक भूमि सौंपने में तेजी लाने और हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड से अनापत्ति प्रमाण पत्र दिए जाने का आग्रह किया।
मणिपुर हिंसा मामले में गृह मंत्रालय का बड़ा एक्शन, तीन मामलों की जांच NIA को सौंपी
Manipur violence: मणिपुर हिंसा मामले में गृह मंत्रालय ने बड़ा एक्शन लिया है। मंत्रालय ने मणिपुर हिंसा से जुड़े तीन मामलों की जांच राष्ट्रयी जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। एनआईए उन मामलों की जांच करेगी, जिसके कारण लोगों की जान गई और सार्वजनिक व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी आदेश के बाद एजेंसी ने मणिपुर पुलिस से ये मामले अपने हाथ में ले लिए हैं।
पढ़ें पूरी खबरयमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में जहाज को निशाना बनाकर संदिग्ध हमला किया
यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के दक्षिणी छोर से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाकर संदिग्ध हमला किया। हालांकि इस हमले में जान-माल की कोई हानि नहीं हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हूती विद्रोही जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाकर पिछले कई महीनों से हमला कर रहे हैं। इस जलमार्ग से आम तौर पर प्रति वर्ष एक हजार अरब अमेरिकी डॉलर का माल गुजरता है। यह हमला गाजा में इजराइल-हमास युद्ध और लेबनान में इजराइल के जमीनी हमले के कारण हुआ है। ब्रिटेन की सेना के ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन सेंटर’ (यूकेएमटीओ) ने ‘अलर्ट’ जारी कर कहा कि जहाज जब लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ने वाले बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास से गुजर रहा था, तभी उसके कप्तान ने देखा कि ‘‘जहाज के बहुत करीब मिसाइल गिरी’’। यह हमला यमन के बंदरगाह शहर मोचा से लगभग 48 किलोमीटर पश्चिम में हुआ। यूकेएमटीओ ने कहा, ‘‘जहाज और चालक दल सुरक्षित हैं तथा अपने अगले बंदरगाह की ओर बढ़ रहे हैं।’’ हूतियों ने तत्काल हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
कांग्रेस भाजपा पर संविधान में बदलाव करने का झूठा आरोप लगा रही: गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि यह कांग्रेस ही है जिसने 1975 में आपातकाल के दौरान संविधान में संशोधन किया, लेकिन अब वह बेबुनियाद दावे कर रही है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान को बदलने की योजना बना रही है। गडकरी ने महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले रविवार रात ठाणे शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी संविधान की मुख्य विशेषताओं में बदलाव नहीं कर सकता। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने देश में तेजी से क्षेत्रों के शहरीकरण के मद्देनजर टिकाऊ बुनियादी ढांचा तैयार करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपनी चुनावी रैलियों में आरोप लगाया है कि भाजपा संविधान को नष्ट करने के लिए काम कर रही है। कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए गडकरी ने कहा, ‘‘कोई भी संविधान की प्रमुख विशेषताओं को नहीं बदल सकता। वास्तव में, यह कांग्रेस ही थी जिसने 1975 में आपातकाल के दौरान संविधान में संशोधन किया था। बाद में जनता पार्टी सरकार ने इन्हें उलट दिया था।’’ मंत्री ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते समय जाति-आधारित राजनीति की अपेक्षा विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा ध्यान ऐसे प्रगतिशील दृष्टिकोण पर होना चाहिए जो आधुनिक बुनियादी ढांचा और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करे।’’
गुवाहाटी हवाई अड्डे पर छह नवंबर से 10 दिन में 1.74 लाख यात्रियों की आवाजाही
लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय (एलजीबीआई) हवाई अड्डे पर छह नवंबर से 10 दिन में 1.74 लाख यात्रियों ने आवाजाही हुई। अदाणी समूह द्वारा नियंत्रित इस हवाई अड्डे ने बयान में कहा, गुवाहाटी स्थित एलजीबीआई हवाई अड्डे ने इस महीने 10 दिन में 1,202 उड़ानों का सफलतापूर्वक संचालन किया तथा यात्रियों के लिए सुचारू परिचालन सुनिश्चित किया। इस दौरान हवाई अड्डे पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय 1.74 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। कंपनी ने कहा, ‘‘14 नवंबर को एलजीबीआई हवाई अड्डे पर इस साल सर्वाधिक 20,413 से अधिक यात्रियों की आवाजाही हुई और 146 विमान यातायात गतिविधियां (एटीएम) संचालित हुईं।’’ इसी त्यौहारी सप्ताह में, 10 नवंबर को गुवाहाटी हवाई अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही का दूसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया गया। 131 उड़ान सेवाओं के साथ 20,016 यात्रियों को सेवा प्रदान की गई। एलजीबीआई हवाई अड्डे पर सामान्य दिनों में 127 उड़ान सेवाओं के साथ प्रतिदिन 17,500 यात्रियों का प्रबंधन करता है।
ट्रंप ने ब्रेंडन कार को संघीय संचार आयोग का नया अध्यक्ष नामित किया
अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघीय संचार आयोग (एफसीसी) में वरिष्ठ रिपब्लिकन अधिकारी ब्रेंडन कार को रविवार को आयोग का नया अध्यक्ष नामित किया। एफसीसी अमेरिका में प्रसारण, दूरसंचार और ब्रॉडबैंड को विनियमित करने वाली एजेंसी है। कार लंबे समय से आयोग के सदस्य है और एफसीसी के महाधिवक्ता के रूप में भी पहले कार्य कर चुके हैं। सीनेट ने आयोग में तीन बार सर्वसम्मति से उन्हें चुना था और ट्रंप एवं बाइडन दोनों ने अपने कार्यकाल के दौरान कार को आयोग के लिए नामित किया था। एफसीसी एक स्वतंत्र एजेंसी है और जिसके काम पर अमेरिकी संसद नजर रखती है, लेकिन ट्रंप ने कहा है कि वह इसे ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के कड़े नियंत्रण में लाना चाहते है। कार ने हाल ही में सोशल मीडिया और तकनीक के बारे में ट्रंप के विचारों पर सहमति जताई।
गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के आरोपी दो अभियुक्त गिरफ्तार किये गए। बीते 15-16 अक्टूबर की रात को थाना कोतवाली पुलिस को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात शव प्राप्त हुआ था। जिसका पुलिस द्वारा पंचायत नामा कराया गया था। तीन दिनों तक शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। 16 नवंबर की रात को परमात्मा नामक एक व्यक्ति द्वारा फोटो के आधार पर शव की पहचान अपने बेटे लाल सिंह के रूप में की गई। उनके द्वारा थाने में एक तहरीर भी दी गई, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें शक है कि कुछ लोगों द्वारा उनके पुत्र की हत्या की गई है और जिसके बाद शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते ही मुकदमा दर्ज करके जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया। दरअसल पुलिस को एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ वांछित व्यक्ति इंद्रनगर से चिपियाना के रास्ते जा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम एक्शन मोड में आ गई। दोनों अभियुक्त बाइक पर सवार थे। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो इन्होंने बाइक को पीछे की तरफ भागना शुरू कर दिया। जब दूसरी पुलिस ने इन्हें रोकने का प्रयास किया तो इन्होंने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी और दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिस व्यक्ति के पैर में गोली लगी है, उसका नाम अनिल उफ लंबू है और दूसरे का नाम नहीम है। जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि इन दोनों आरोपियों ने लाल सिंह की हत्या की थी और उसके शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया था। बाद में रेलगाड़ी आने पर शव कट गया था। जिस व्यक्ति के पैर में गोली लगी है उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ईरान में क्लोरीन गैस रिसाव की चपेट में आए 60 लोग
ईरान के इस्फ़हान प्रांत में क्लोरीन गैस लीक होने से 60 लोग जहरीली गैस के संपर्क में आ गए। आधिकारिक न्यूज एजेंसी आईआरएन से इस बात की जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर 1:40 बजे हुई, जब शाहरेजा काउंटी में एक ट्रक पलट गया, जो क्लोरीन गैस सिलेंडर ले जा रहा था। यह स्थान प्रांत की राजधानी इस्फ़हान से 80 किलोमीटर दक्षिण में है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे। प्रांतीय संकट प्रबंधन विभाग के प्रमुख, मंसूर शिशेहफोरूश ने बताया कि सिलेंडरों में से एक से क्लोरीन गैस का रिसाव होने के कारण आसपास के क्षेत्र के 60 लोग गैस से प्रभावित हुए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि संकट प्रबंधन विभाग, रेड क्रेसेंट सोसाइटी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य एजेंसियों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र को सुरक्षित बनाया। इसके बाद सड़क को फिर से खोल दिया गया। क्लोरीन गैस के रिसाव के चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत के साथ ही आंखों में जलन की शिकायत होती है। भारत में भी इस तरह के मामले तब देखे गए थे जब इसी साल की शुरुआत में देहरादून के झांजरा क्षेत्र में 2 सिलेंडरों से अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा था।
न्यू ऑरलियन्स में गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत, 10 घायल
अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में दो विभिन्न स्थानों पर रविवार को हुई गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 10 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन घटनाओं के संबंध में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। न्यू ऑरलियन्स पुलिस विभाग की एक समाचार विज्ञप्ति के अनुसार, न्यू ऑरलियन्स के सेंट रोच इलाके में दोपहर 3:30 बजे के बाद गोलीबारी की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को वहां आठ व्यक्ति घायल मिले। इसमें बताया गया कि सभी आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि एक घायल व्यक्ति एक निजी कार से वहां पहुंचा। पुलिस को 45 मिनट बाद ‘अलमोनास्टर एवेन्यू ब्रिज’ पर गोलीबारी की एक और घटना की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि तीसरे पीड़ित को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और किसी संदिग्ध की जानकारी भी नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
पीएम मोदी जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे, जहां वह ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की मेजबानी में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रियो डी जेनेरियो, ब्राजील में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहुंचा। शिखर सम्मेलन की चर्चाओं और विश्व के नेताओं के साथ उपयोगी बातचीत का इंतजार है।" इस अवसर पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस पर पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "रियो डी जनेरियो पहुंचने पर भारतीय समुदाय के गर्मजोशी भरे और जीवंत स्वागत से मैं बहुत प्रभावित हुआ। उनकी ऊर्जा उस स्नेह को दर्शाती है जो हमें सभी महाद्वीपों से जोड़ता है।" भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के साथ जी20 तिकड़ी का महत्वपूर्ण सदस्य है और शिखर सम्मेलन में चर्चा को दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सोमवार को होने वाले शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक महत्व के कई मुद्दों पर भारत के विचार साझा करेंगे और भारत द्वारा दो साल पहले आयोजित जी20 दिल्ली लीडर्स डिक्लेरेशन और ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलनों के परिणामों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने पहले बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान कई देशों के नेताओं से अलग से भी मुलाकात करेंगे। जी20 शिखर सम्मेलन के बाद, प्रधानमंत्री मोदी जॉर्जटाउन (गयाना) जाएंगे। यह 1968 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली गयाना यात्रा होगी। 19 से 21 नवंबर तक चलने वाली यह यात्रा गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के निमंत्रण पर हो रही है। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय चर्चा करेंगे, गयाना के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे, गयाना की संसद को संबोधित करेंगे, और भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत करेंगे। पिछले साल राष्ट्रपति अली भारत के इंदौर में आयोजित 17वें प्रवासी भारतीय दिवस में मुख्य अतिथि थे, जहां उन्हें प्रवासी भारतीय सम्मान भी दिया गया था। जॉर्जटाउन में प्रधानमंत्री मोदी सीएआरआईसीओएम-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और सीएआरआईसीओएम सदस्य देशों के नेताओं से मुलाकात कर भारत और कैरेबियाई देशों के संबंध और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
बिहार: व्यक्ति की अस्पताल में मौत के बाद आंख गायब, दो नर्स निलंबित
बिहार के पटना में गोली लगने से घायल एक व्यक्ति की सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत के कुछ घंटों बाद उसकी एक आंख गायब पाई गई। चिकित्सकों ने आंख कुतरने के लिए चूहों को दोषी ठहराया तो वहीं मृतक के परिवार के सदस्यों ने मामले में गड़बड़ी की आशंका जताई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच करते हुए सोमवार शाम को लापरवाही के आरोप में दो नर्सों को निलंबित कर दिया। अज्ञात हमलावरों ने 15 नवंबर को फंटूश कुमार को गोली मार दी थी, जिसके बाद उसे पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया था लेकिन उसने शुक्रवार रात को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। स्वास्थ्य विभाग ने घटना के बाद लापरवाही के आरोप में दो नर्सों को निलंबित कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मामले की जांच उच्च स्तरीय समिति और पुलिस द्वारा की जा रही है लेकिन प्रारंभिक जांच के आधार पर विभाग ने दो नर्सों को निलंबित करने का आदेश दिया है। ये नर्सें कथित घटना के समय ड्यूटी पर थीं। नर्सों की ओर से लापरवाही के कारण निलंबन का आदेश दिया गया है।” मंत्री ने हालांकि नर्सों द्वारा कथित तौर पर की गई लापरवाही की प्रकृति के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया और कहा कि मेडिकल टीम और पुलिस द्वारा जांच पूरी होने दीजिए। पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया, “दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है।”
लेबनान में इजरायली हमलों में मारे गए 11 लोग; 48 घायल
बेरूत पर इजरायली हमले में हिजबुल्लाह के मीडिया प्रमुख की मौत हो गई है। एएफपी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार इसकी घोषणा खुद हिजबुल्लाह ने की है। इसके अलावा लेबनान के टायर क्षेत्र में इजरायली हमलों में 11 लोग मारे गए, 48 घायल हो गए हैं। लेबनान मंत्रालय के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर
बाइडन ने यूक्रेन को रूस पर अमेरिका की लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को पहली बार मंजूरी दी
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को रूस पर हमला करने के लिए अमेरिका द्वारा दी गयी लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को पहली बार अनुमति दी। मामले से वाकिफ लोगों ने यह जानकारी दी। बाइडन द्वारा लिया गया यह निर्णय अमेरिका की नीति में एक बड़ा बदलाव है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मौजूदा राष्ट्रपति बाइडन का कार्यकाल खत्म होने वाला है और राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित डोनाल्ड ट्रंप पहले ही यूक्रेन को दिये जाने वाले अमेरिकी समर्थन को सीमित करने तथा युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने की बात कह चुके हैं। सूत्र के अनुसार, यूक्रेन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हमले के फैसले के समर्थन में उत्तर कोरिया ने हजारों सैनिकों को रूस भेजने का फैसला किया है, जिसके जवाब में संभवत: इन मिसाइलों का इस्तेमाल का निर्णय लिया गया है।