LIVE

18 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़: भारत के दिग्गज गेंदबाज अश्विन ने किया संन्यास का ऐलान, दिल्ली की हवा में फिर से घुला जहर, 400 के पार पहुंचा AQI

Shashank Shekhar MishraUpdated Dec 18, 2024, 18:04 IST

18 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारत के दिग्गज गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जैसे ही ब्रिसबेन टेस्ट ड्रॉ हुआ। ड्रेसिंग रुम में बैठे अश्विन और विराट एक दूसरे को गले लगाते नजर आए। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह 7:15 बजे तक एक्यूआई 450 तक पहुंच चुका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद में एक्यूआई 263, गुरुग्राम में 392, गाजियाबाद में 390, ग्रेटर नोएडा में 330 और नोएडा में 364 एक्यूआई बना हुआ है। दिलजीत दोसांझ के शो को कड़ी शर्तों के साथ पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरी झंडी दी है। शो आयोजित होने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन को हाईकोर्ट को आज स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर बताना होगा कि शो के दौरान सभी नियमों का पालन किया गया है या नहीं। कांगो में एक नदी में एक नाव पलट गई जिसमें बच्चों सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग लापता हो गए।

18 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़: भारत के दिग्गज गेंदबाज अश्विन ने किया संन्यास का ऐलान, दिल्ली की हवा में फिर से घुला जहर, 400 के पार पहुंचा AQI
18 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़: भारत के दिग्गज गेंदबाज अश्विन ने किया संन्यास का ऐलान, दिल्ली की हवा में फिर से घुला जहर, 400 के पार पहुंचा AQI

18 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारत के दिग्गज गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जैसे ही ब्रिसबेन टेस्ट ड्रॉ हुआ। ड्रेसिंग रुम में बैठे अश्विन और विराट एक दूसरे को गले लगाते नजर आए। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह 7:15 बजे तक एक्यूआई 450 तक पहुंच चुका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद में एक्यूआई 263, गुरुग्राम में 392, गाजियाबाद में 390, ग्रेटर नोएडा में 330 और नोएडा में 364 एक्यूआई बना हुआ है। दिलजीत दोसांझ के शो को कड़ी शर्तों के साथ पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरी झंडी दी है। शो आयोजित होने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन को हाईकोर्ट को आज स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर बताना होगा कि शो के दौरान सभी नियमों का पालन किया गया है या नहीं। कांगो में एक नदी में एक नाव पलट गई जिसमें बच्चों सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग लापता हो गए।

  • कांगो नाव पलटने से 25 लोगों की मौत

  • पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग: पुलिस ने थिएटर प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस किया जारी

  • ऑस्कर 2025 की रेस से बाहर फिल्म ‘लापता लेडीज’

  • किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने किया रेल रोको का आह्वान

DEC 18, 2024 16:24 IST

महाकुंभ मेले के लिए मुफ्त यात्रा का कोई प्रावधान नहीं : रेलवे

रेल मंत्रालय ने उन दावों को "बेबुनियाद" और "भ्रामक" करार देते हुए बुधवार को खारिज किया कि महाकुंभ मेले के दौरान यात्रियों को मुफ्त यात्रा की अनुमति दी जाएगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई प्रावधान मौजूद नहीं है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "भारतीय रेलवे के संज्ञान में आया है कि कुछ मीडिया संस्थान ऐसी खबरें प्रसारित कर रहे हैं कि महाकुंभ मेले के दौरान यात्रियों को मुफ्त यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।" बयान के मुताबिक, "भारतीय रेलवे इन खबरों का स्पष्ट रूप से खंडन करता है, क्योंकि ये पूरी तरह से बेबुनियाद और भ्रामक हैं।" इसमें कहा गया है, "भारतीय रेलवे के नियमों और विनियमों के तहत वैध टिकट के बिना यात्रा करना पूरी तरह से वर्जित और दंडनीय अपराध है। महाकुंभ मेले या किसी अन्य मौके के दौरान मुफ्त यात्रा का कोई प्रावधान मौजूद नहीं है।" बयान के अनुसार, भारतीय रेलवे महाकुंभ के दौरान यात्रियों के लिए निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें कहा गया है, "यात्रियों के बड़ी संख्या में आने के मद्देनजर विशेष यात्री क्षेत्र, अतिरिक्त टिकट काउंटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थापना सहित पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।"
DEC 18, 2024 15:37 IST

इंदौर में चीनी लहसुन के खिलाफ किसानों ने किया प्रदर्शन

मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में किसानों ने चीनी लहसुन की आवक का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर आरोप लगाए। किसानों का कहना है कि वर्तमान में लहसुन के कम दाम मिल रहे हैं, इससे किसानों में गुस्सा है। उन्होंने इंदौर की देवी अहिल्या बाई होलकर फल और सब्जी मंडी (चोइथराम मंडी) में हंगामा किया और प्रदर्शन करते हुए चीन से आ रहे लहसुन को बैन करने की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी में लहसुन लेकर आ रहे हैं, उसके दाम कम मिल रहे हैं और चीन के लहसुन को बैन नहीं किया जा रहा है । प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी चोइथराम मंडी पहुंचे और किसानों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया। जीतू पटवारी ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ तो चुनाव के समय भाजपा को चीन से आने वाले सामान के बहिष्कार की याद आती है और चुनाव के बाद वही सामान दूसरे रास्ते से देश में आने दिया जाता है। किसानों को समर्थन मूल्य देने की बात प्रधानमंत्री मोदी ने की थी। लेकिन, अभी तक नहीं दिया गया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी हमला बोला और कहा कि कृषि मंत्री जो खुद को किसान का बेटा मानते हैं, वह भी किसानों के साथ गलत नीति अपनाते हैं। वहीं, इंदौर में कांग्रेस नेता गोलू अग्निहोत्री के यहां ईडी की रेड पर जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पॉलिसी पर काम कर रही है, जिसमें ईडी के छापे मारने के बाद नेताओं को भाजपा में शामिल कराने का खेल चल रहा है। भाजपा ईडी के माध्यम से नेताओं पर दबाव बनाती है और फिर बॉन्ड के जरिए उन नेताओं से पैसे लेकर उन्हें पार्टी में शामिल करवा लेती है। ऐसे मामलों की संख्या केवल एक या दो नहीं, बल्कि सैकड़ों हैं। इंदौर में छापेमारी जारी है, इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
DEC 18, 2024 15:25 IST

दिल्ली में उड़ान भवन कार्यालय के परिसर में लगी आग

दक्षिण दिल्ली में सफदरजंग हवाई अड्डे के पास उड़ान भवन कार्यालय परिसर में बुधवार अपराह्न आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। उड़ान भवन में नागर विमानन मंत्रालय के कई कार्यालय हैं। डीएफएस के अनुसार, आग इमारत के भूमिगत तल में लगी। अधिकारी ने बताया, ‘‘अपराह्न 12 बजकर 54 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली और दमकल की पांच गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।’’
DEC 18, 2024 15:22 IST

ट्रक ने पुलिस की गश्ती जीप को टक्कर मारी, कांस्‍टेबल की मौत

जयपुर-आगरा राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक ट्रक ने पुलिस की गश्ती जीप को टक्कर मार दी, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य मामूली रूप से घायल हो गए। बस्सी (जयपुर पूर्व) के थानाधिकारी राजीव यदुवंशी ने बुधवार को बताया कि जब ट्रक ने पुलिस वाहन को पीछे से टक्कर मारी, तब चालक (कांस्टेबल) अतर सिंह (52 वर्ष) पुलिस जीप के पास खड़े थे जबकि हेड कांस्टेबल मोती सिंह और एक कांस्टेबल जीप के अंदर थे। उन्‍होंने बताया क‍ि अतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोती सिंह को मामूली चोटें आईं। जीप से टकराने के बाद ट्रक आगे खड़े एक दूसरे ट्रक से जा टकराया। यदुवंशी ने बताया कि ट्रक चालक रामकेश मीना के पैर की हड्डी टूट गई है और उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
DEC 18, 2024 15:21 IST

हिंदी में गगन गिल को मिलेगा 2024 का साहित्य अकादमी पुरस्कार

साहित्य अकादमी ने हिंदी के लिए प्रतिष्ठित कवयित्री गगन गिल और अंग्रेजी में ईस्टरिन किरे समेत 21 भारतीय भाषाओं के रचनाकारों को वर्ष 2024 का प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार देने की घोषणा बुधवार को की। अकादमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 21 भाषाओं के लिए घोषित इन पुरस्कारों में आठ कविता संग्रह, तीन उपन्यास, दो कहानी संग्रह, तीन निबंध, तीन साहित्यिक आलोचना, एक नाटक और एक शोध की पुस्तक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन पुरस्कारों की अनुशंसा इन भारतीय भाषाओं की निर्णायक समितियों द्वारा की गई तथा साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में आज इन्हें अनुमोदित किया गया।
DEC 18, 2024 15:20 IST

आंबेडकर पर टिप्पणी को लेकर ममता ने अमित शाह पर हमला बोला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राज्यसभा में बी आर आंबेडकर के बारे में की गई टिप्पणी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ‘जातिवादी और दलित विरोधी मानसिकता’ का प्रदर्शन है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए दावा किया कि यह उन लाखों लोगों का अपमान है जो मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए आंबेडकर की ओर देखते हैं। ममता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘मुखौटा उतर गया है । जब संसद संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विचार कर रही है, गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर बाबासाहेब आंबेडकर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर इसकी (संविधान की) छवि धूमिल करने का काम किया है, वह भी लोकतंत्र के मंदिर में।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह भाजपा की जातिवादी और दलित विरोधी मानसिकता का प्रदर्शन है। अगर 240 सीटों पर सिमटने के बाद वे इस तरह का व्यवहार करते हैं, तो कल्पना करें कि अगर उनका 400 सीटों का सपना पूरा हो जाता, तो वे कितना नुकसान पहुंचाते। वे डॉ. आंबेडकर के योगदान को पूरी तरह मिटाने के लिए इतिहास को फिर से लिख देते।’’ भाजपा पर हमला करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि एक ऐसी पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसने ‘नफरत और कट्टरता को आत्मसात कर लिया है।’ उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी उन लाखों लोगों का अपमान है, जो मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए बाबासाहेब की ओर देखते हैं। लेकिन आप एक ऐसी पार्टी से और क्या उम्मीद कर सकते हैं, जिसने नफरत और कट्टरता को आत्मसात कर लिया है।’’ मुख्यमंत्री ने दोहराया कि संविधान निर्माता आंबेडकर सम्मान के हकदार हैं। बनर्जी ने कहा, ‘‘डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संविधान के निर्माता हैं, यह अपमानजनक टिप्पणी न केवल उन पर बल्कि संविधान की प्रारूप समिति के सभी सदस्यों पर सीधा हमला है, जो सभी जातियों, पंथों, नस्लों और धर्मों के सदस्यों के साथ भारत की विविधता में एकता का प्रतीक है।’’
DEC 18, 2024 15:20 IST

एनआईए ने एक-47 राइफल के पुर्जे बरामद होने के मामले में बिहार में छापे मारे

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अवैध रूप से खरीदी गई एके-47 राइफल के ‘बट’ और ‘स्कोप’ की बरामदगी की जांच के सिलसिले में बुधवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कई स्थानों पर तलाशी ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुजफ्फरपुर के पुलिस उपाधीक्षक ए सी ज्ञानी ने बताया कि संघीय एजेंसी के अधिकारियों ने सुबह पांच बजे छापेमारी शुरू की। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी इलाके के मिठनपुरा में देवमणि राय नामक व्यक्ति के परिसरों की तलाशी ले रहे हैं। यह तलाशी उनके पास से अवैध रूप से खरीदी गई एके-47 राइफल के ‘बट’ और ‘स्कोप’ की बरामदगी की जांच के सिलसिले में की जा रही है।’’ पुलिस उपाधीक्षक ने कहा, ‘‘ऐसी सूचनाएं हैं कि अधिकारियों ने उसके परिसर से बेहिसाब नकदी भी बरामद की है और नोट गिनने वाली एक मशीन भी लाई गई है।’’ बिहार पुलिस ने इस साल मई में मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से विकास कुमार और सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर हथियार तस्करों के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था और अवैध रूप से खरीदी गई एके-47 राइफल के ‘बट’ और ‘स्कोप’ बरामद किए थे। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि विकास ने गोपालगंज निवासी हथियार तस्कर अहमद अंसारी से राइफल खरीदी थी। बिहार पुलिस ने बताया था कि तीन दिन बाद अंसारी को नगालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक मोबाइल फोन तथा दो वॉकी-टॉकी बरामद किए गए। एनआईए ने जांच अपने हाथ में ली और पांच अगस्त को मामला दर्ज किया।
DEC 18, 2024 13:42 IST

मॉस्को में वरिष्ठ जनरल की हत्या के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया: रूस

रूस की एक खुफिया एजेंसी ने बुधवार को कहा कि उसने मॉस्को में एक वरिष्ठ जनरल की हत्या के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध उज्बेकिस्तान का नागरिक है, जिसे यूक्रेन की खुफिया सेवा ने भर्ती किया था। रूस की ‘फेडरल सिक्योरिटी सर्विस’ ने संदिग्ध का नाम सार्वजनिक नहीं किया लेकिन यह बताया कि उसका जन्म 1995 में हुआ था। खुफिया एजेंसी के बयान के अनुसार संदिग्ध ने पूछताछ में बताया कि यूक्रेन की विशेष सेवा ने उसे भर्ती किया था।
DEC 18, 2024 13:07 IST

ओडिशा: बीजद विधायक के भाई के परिसरों पर ईडी के छापे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को धनशोधन मामले की जांच के तहत ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) की एक विधायक के भाई से जुड़े परिसरों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि बीजद विधायक प्रमिला मलिक के भाई खीरोद मलिक से जुड़े मकान और कुछ अन्य परिसरों पर संबलपुर में छापेमारी की जा रही है। विधायक या उनके भाई की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। प्रमिला मलिक सात बार की विधायक हैं। वह ओडिशा विधानसभा में बिंझारपुर विधानसभा सीट (जाजपुर जिला) का प्रतिनिधित्व करती हैं।
DEC 18, 2024 13:05 IST

कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुवाहाटी में राजभवन के बाहर किया विरोध प्रदर्शन

DEC 18, 2024 12:46 IST

तेलंगाना में ऑटो चालकों की मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

DEC 18, 2024 12:44 IST

भाजपा आपने धर्म परिवर्तन के खिलाफ बनाए है कानून- ओवैसी

DEC 18, 2024 12:37 IST

पीएम नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य पर नहीं दी अपनी सहमति : इजरायल

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना की अनुमति नहीं देंगे। उन्होंने उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिनमें दावा किया गया था कि यहूदी राष्ट्र ने सऊदी अरब के साथ रिश्तों को सामान्य बनाने की कोशिशों के तहत 'फिलिस्तीनी राज्य की ओर बढ़ने' पर सहमति जताई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इजरायली मीडिया ने पहले बताया था कि सऊदी अरब के साथ संबंधों को बेहतर बनाने के लिए समझौते पर चल रही बातचीत के तहत 'फिलिस्तीनी राज्य' के दर्जे पर विचार किया जा रहा है।
DEC 18, 2024 12:35 IST

जब तक जरूरी होगा माउंट हरमोन के शिखर पर बनी रहेगी सेना : इजरायली रक्षा मंत्री

इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा कि इजरायली सेना सीरिया के माउंट हरमोन शिखर पर 'जब तक जरूरी होगा, तब तक' रहेगी। सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया। इजरायल कैट्ज ने मंगलवार को कहा, "हम जब तक जरूरी होगा, तब तक यहां रहेंगे।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शिखर पर सैन्य मौजूदगी 'सुरक्षा को मजबूत करती है।' रक्षा मंत्री ने कहा, "माउंट हरमोन का शिखर निकट और दूर के खतरों की पहचान करने के लिए इजरायल की आंखें हैं। यहां से, हम दाईं ओर लेबनान में हिजबुल्लाह की स्थिति और बाईं ओर दमिश्क को देख सकते हैं।" कैट्ज ने कहा, "माउंट हरमोन शिखर इजरायल की आंखें हैं, जहां वह निकट और दूर के खतरों की पहचान कर सकता है। यहां से हम लेबनान में हिजबुल्लाह पर और दमिश्क में पर नजर रख सकते हैं।"
DEC 18, 2024 12:33 IST

मणिपुर में उपद्रवियों के कब्जे से स्टारलिंक डिवाइस बरामद होने से खलबली

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी जिले से स्नाइपर राइफल, पिस्तौल, ग्रेनेड और अन्य हथियारों के साथ स्टारलिंक इंटरनेट डिवाइस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि यह बरामदगी 13 दिसंबर को चुराचांदपुर, चंदेल, इंफाल पूर्व और कांगपोकपी सहित कई जिलों में एक अभियान के दौरान की गई थी। लेकिन स्पेसएक्स (SpaceX) के संस्थापक एलन मस्क ने इस पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि स्टारलिंक उपग्रह बीम को भारत में बंद कर दिया गया था। कहा जा रहा है कि स्टारलिंक उपकरण का उपयोग अशांत मणिपुर में किया जा रहा है। यहां पढ़ेंं पूरी खबर
DEC 18, 2024 11:36 IST

अमृतसर में किसानों का रेल रोको आंदोलन, यात्रियों को होगी असुविधा

किसान आंदोलन के दो गैर राजनीतिक संगठन केएमएम और एसकेएम बुधवार को 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे का रेल रोको आंदोलन कर रही है। प्रदर्शनकारी किसानों ने तीन बार दिल्ली में घुसने की कोशिश की थी जो नाकाम रही। किसान एमएसपी पर लीगल गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि 12 से 3 बजे तक रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन अमृतसर सहित विभिन्न स्थानों पर किया गया।
DEC 18, 2024 10:25 IST

वैष्णो देवी रोपवे परियोजना के विरोध में कटरा बंद का ऐलान

वैष्णो देवी रोपवे परियोजना के विरोध में माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने बुधवार को कटरा बंद का ऐलान किया है। समिति ताराकोट रोपवे परियोजना का विरोध कर रही है। माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के पदाधिकारियों कहा कि होटल, गेस्ट हाउस, टैक्सी, ऑटो चालकों सहित सभी दुकानदार सुबह 11 बजे शालीमार पार्क में एकत्रित होंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस और पीडीपी ने भी समर्थन देने का ऐलान किया है। श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने ताराकोट मार्ग से सांझी छत के बीच 12 किलोमीटर के मार्ग पर 250 करोड़ रुपये की लागत से यात्री रोपवे परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला किया था। यात्रा मार्ग के दुकानदार, पिट्ठू और पालकीवालों के साथ स्थानीय लोग इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उन्हें अपनी आजीविका के नुकसान का डर है।
DEC 18, 2024 09:42 IST

दिल्ली में प्रदूषण का कहर जारी, 400 के पार पहुंचा एएक्यूआई

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से प्रदूषण अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह 7:15 बजे तक एक्यूआई 450 तक पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह 7:15 बजे तक एक्यूआई 450 तक पहुंच चुका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद में एक्यूआई 263, गुरुग्राम में 392, गाजियाबाद में 390, ग्रेटर नोएडा में 330 और नोएडा में 364 एक्यूआई बना हुआ है।
DEC 18, 2024 08:08 IST

कठुआ में रिटायर्ड DSP के घर में लगी आग, दम घुटने से 6 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड डीएसपी के घर में आग लगने से 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई जबकि इस हासदे में 3 लोग घायल भी हो गए। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 18, 2024 06:28 IST

BJP महासचिवों की बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव और नए अध्यक्ष जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा

जेपी नड्डा ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी मुख्यालय में भाजपा महासचिवों की बैठक की अध्यक्षता की। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव, भाजपा के संगठन चुनाव और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर