LIVEआज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 17 नवंबर 2023: वर्ल्ड कप फाइनल के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा रेलवे; मो.शमी के गांव में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम

आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 17 नवंबर 2023: वर्ल्ड कप फाइनल के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा रेलवे; मो.शमी के गांव में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 17 नवंबर 2023 और बड़ी खबरें: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहे है। मध्य प्रदेश के सभी 230 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। जबकि छत्तीसगढ़ में 70 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री राज्य के आठ मंत्रियों और चार सांसदों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में धसे सुरंग में फंसे 40 मजदूरों को निकालने के प्रयास जारी हैं। अत्याधुनिक ऑगर मशीन ने सिलक्यारा सुरंग में मलबे को 12 मीटर तक भेद दिया जिससे पिछले 4 दिनों से अधिक समय से उसके अंदर फंसे 40 श्रमिकों के जल्द बाहर आने की उम्मीदें बढ़ गईं हैं। विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल प्रवेश किया। अब फाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। छठ मनाने के लिए बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रंगपानी स्टेशन के पास एक BTPN इंजन (केवल तेल ले जाने वाला) पटरी से उतर गई। घंटों तक यातायात बाधित रही। देशभर की और खास खबरें जाने के लिए नीचे पढ़ें- Chhattisgarh, MP Election 2023 Live Updates | Uttarkashi Tunnel Collapse Rescue LIVE
वर्ल्ड कप देखने जाएंगे पीएम मोदी
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप क्रिकेट फाइनल मैच को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।
पढ़ें पूरी खबर... ICC वर्ल्डकप को लेकर स्पेशल ट्रेन चलाएगा रेलवे
19 नवंबर को आईसीसी विश्व कप फाइनल मैच के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर को रात 10:30 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गुजरात के अहमदाबाद तक एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। मुंबई से रवाना होने वाली ट्रेन सुबह 6.40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
कर्नाटक: जद (एस) ने सीएम इब्राहिम को किया निलंबित
कर्नाटक में जद (एस) ने पार्टी नेता सीएम इब्राहिम को लेकर बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर पार्टी नेता सीएम इब्राहिम को निलंबित कर दिया गया है।
वर्ल्ड कप फाइनल के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार 19 नवंबर को होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप फाइनल मैच को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बिना परमिशन के स्क्रीन लगाने या इकट्ठा होने पर पुलिस सख्त कार्यवाही करेगी।
झारखंड में IED ब्लास्ट में CRPF जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के बाद अब झारखंड में आईडी ब्लास्ट होने की खबर है। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में हुए इस ब्लास्ट में एक सीआरपीएफ जवान शहीद हो गया, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
मो. शमी के गांव में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम
वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले शमी को CM योगी की ओर से बड़ा तोहफा मिला है। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र व अन्य अधिकारियों ने जोया विकासखंड स्थित शमी के गांव का भ्रमण किया। स्टेडियम के लिए जमीन की तलाश की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए शमी का परिवार गांव में ही रहता है। शमी का भी यहां आना-जाना लगता रहता है। वहीं ग्रामीणों में भी अब इस बात को लेकर काफी खुशी है।
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म हो गया है। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में शाम 5 बजे तक 71.16% और छत्तीसगढ़ में 68.15% वोटिंग हुई है।
हरियाणा: प्राइवेट सेक्टर में 75 फीसदी आरक्षण कानून रद्द
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय हरियाणा की खट्टर सरकार को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने निजी नौकरियों में हरियाणा सरकार के 75% आरक्षण कानून को रद्द कर दिया।
चीनी राष्ट्रपति ने की जापानी प्रधानमंत्री से मुलाकात
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 16 नवंबर की दोपहर को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की। मुलाकात में शी चिनफिंग ने कहा कि पिछले साल नवंबर को, वे दोनों एपेक बैंकॉक बैठक के दौरान मिले और द्विपक्षीय संबंधों के रणनीतिक और दिशात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और कुछ महत्वपूर्ण सहमति पर पहुंचे थे। इस वर्ष चीन और जापान के बीच शांति और मित्रता की संधि पर हस्ताक्षर की 45वीं वर्षगांठ है। इस संधि ने कानूनी रूप में चीन और जापान के बीच शांति, मित्रता और सहयोग की सामान्य दिशा स्थापित की, आधिपत्यवाद के विरोध पर जोर दिया और द्विपक्षीय संबंधों के इतिहास में एक मील का पत्थर बन गई।
श्रमिकों की कुशलक्षेम जानने के लिए झारखंड सरकार की टीम सिलक्यारा पहुंची
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग में फंसे श्रमिकों की कुशलक्षेम जानने के लिए झारखंड सरकार की एक टीम शुक्रवार को सिलक्यारा पहुंची। आईएएस अधिकारी भुवनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने झारखंड के श्रमिक विश्वजीत और सुबोध से पाइप के जरिए बातचीत कर उनका हालचाल लिया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में सिंह ने केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा बचाव एवं राहत के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि प्रशासनिक स्तर पर इस हादसे के प्रबंधन और बचाव कार्य के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने सुरंग में फंसे श्रमिकों की स्थिति और उनकी देखभाल के लिए की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए भरोसा जताया कि जल्द सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाएंगे।
अरुणाचल: उग्रवादियों ने निर्माण कंपनी के कर्मचारियों का अपहरण किया
अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में बृहस्पतिवार रात हथियारबंद उग्रवादियों ने बंदूक के जोर पर एक निर्माण कंपनी के एक कनिष्ठ अभियंता और एक पर्यवेक्षक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। लोंगडिंग पुलिस अधीक्षक तुम्मे अमो ने बताया कि चार हथियारबंद उग्रवादियों का एक समूह तीसा नदी के नजदीक एक निर्माणाधीन पुल के पास एक अस्थायी शिविर में पहुंचा और कनिष्ठ अभियंता साशन यादव और कंपनी पर्यवेक्षक लियामगाओ पांसा का अपहरण कर लिया। एसपी ने बताया कि उग्रवादियों ने श्रमिकों से 20 से अधिक मोबाइल फोन भी छीन लिए।
भारतपे के पूर्व सीईओ अशनीर ग्रोवर, पत्नी को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोका
पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि भारतपे के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्नीर ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी जैन को उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) के तहत दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोका गया। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के अनुरोध पर लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। खबर की पुष्टि करते हुए, संयुक्त पुलिस आयुक्त (ईओडब्ल्यू), सिंधु पिल्लई ने कहा कि उन्हें ईओडब्ल्यू द्वारा जारी एलओसी पर गुरुवार रात हवाई अड्डे पर रोक दिया गया। हालांकि उन्होंने और अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, न्यूयॉर्क जा रहे जोड़े को दिल्ली में अपने आवास पर लौटने और ईओडब्ल्यू के नेतृत्व में चल रही जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया। जांच की प्रकृति या ग्रोवर और जैन के खिलाफ विशिष्ट आरोपों का अभी खुलासा नहीं किया गया है।
शराब नीति घोटाला मामला: केजरीवाल करेंगे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार दोपहर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक बुलाई है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने पार्टी विधायकों और पार्षदों के साथ बैठक की थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि केजरीवाल यहां पार्टी सांसदों, विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यह बैठक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के मद्देनजर बुलाई गई है, जो उन्हें कथित शराब नीति घोटाला मामले में इस महीने की शुरुआत में जारी किया गया था। मुख्यमंत्री ने ईडी के समन को नजरअंदाज कर दिया और मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में आप के चुनाव प्रचार में भाग लिया। विधायकों और नगर निगम पार्षदों ने बैठक के दौरान केजरीवाल से कहा था कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है तो उन्हें इस्तीफा नहीं देना चाहिए और जेल से सरकार चलाते रहना चाहिए।
प्रियंका बोलीं, राजस्थान में भाजपा बिखरी हुई पार्टी है
भाजपा राजस्थान में बिखरी हुई पार्टी है और उसके पास मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है। प्रधानमंत्री जी प्रदेश के कोने-कोने में घूम रहे हैं। कभी-कभी लगता है कि वे अपना मुख्यमंत्री चेहरा ढूंढ़ने निकले हैं। आज पूरे देश में किसान परेशान हैं: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सागवाड़ा (डूंगरपुर) में जनसभा में कहा।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुद्धल तहसील के गुलेर-बेहरोटे इलाके में सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने घेराबंदी और तलाशी अभियान (सीएएसओ) चलाया था और इसी दौरान सुबह मुठभेड़ हुई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के बारे गोपनीय सूचना के बाद अभियान शुरू किया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताय कि इसके बाद हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ जारी है।
बांग्लादेश के तट से टकराएगा तूफान 'मिधिली'
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को एक चक्रवाती तूफान में बदल गया और 80 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के साथ इसके बांग्लादेश के तट पर पहुंचने से पहले सुंदरवन से गुजरने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बुलेटिन में कहा गया है कि चक्रवाती तूफान ‘मिधिली’ 17 नवंबर की रात या 18 नवंबर की सुबह बांग्लादेश तट को पार कर सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को चेतावनी जारी कर मछुआरों को 18 नवंबर तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटों के पास समुद्र में न जाने के लिए कहा है।
मुंबई की बहुमंजिला इमारत में लगी आग; फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया
दक्षिण मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में एक आवासीय इमारत की आठवीं और 12वीं मंजिल पर शुक्रवार सुबह आग लग गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग ने इमारत की 15वीं, 21वीं और 22वीं मंजिल पर रहने वाले कई लोगों को बचाया और उन्हें सीढ़ियों के रास्ते छत पर सुरक्षित पहुंचा दिया है।अधिकारी ने बताया कि आग अगस्त क्रांति रोड पर धवलगिरि इमारत की आठवीं और 12वीं मंजिल पर सुबह करीब नौ बजकर 30 पर आग लगी। अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आग लगने का कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
कृत्रिम मेधा का इस्तेमाल ‘डीपफेक' बनाने के लिए किया जाना चिंताजनक : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कृत्रिम मेधा का इस्तेमाल ‘डीप फेक’ बनाने के लिए करना चिंताजनक है और उन्होंने मीडिया से लोगों को इस उभरते संकट के बारे में जागरूक करने का अनुरोध किया। भारतीय जनता पार्टी के दिवाली मिलन कार्यक्रम में पार्टी मुख्यालय में उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए भारत को विकसित भारत बनाने के अपने संकल्प का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि ये महज बयानबाजी नहीं है बल्कि जमीनी हकीकत है। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को लोगों का समर्थन मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के वक्त भारत की उपलब्धियों ने लोगों में यह विश्वास पैदा किया कि अब देश रुकने वाला नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पूजा राष्ट्रीय पर्व बन गया है जो बेहद प्रसन्नता की बात है।
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण मामला
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट सौंपने के लिए एएसआई ने 15 दिन का समय और मांगा। केंद्र सरकार के वकील अमित श्रीवास्तव ने दी जानकारी। उन्होंने कहा कि एएसआई ने वाराणसी जिला अदालत में समय बढ़ाने के लिए एक आवेदन प्रस्तुत किया है, जिस पर बाद में सुनवाई होगी।
जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ में पांच आतंकवादी ढेर
सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रात भर चली मुठभेड़ में पांच आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, मारे गए आतंकवादियों के शव बरामद किए जा रहे हैं और इलाके की छानबीन की जा रही है। ड्रोन के जरिए पांच शव देखे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कुलगाम के नेहामा गांव में घेराबंदी की और तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र के चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर रखी थी, लेकिन रात के समय इस अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।अधिकारियों ने बताया कि कुलगाम के नेहामा इलाके के समनो में रात भर शांति रहने के बाद शुक्रवार तड़के गोलीबारी हुई। जिस घर में आतंकवादी छिपे हुए थे, आज सुबह हुई गोलीबारी में उसमें आग लग गई, जिससे आतंकवादियों को बाहर निकलना पड़ा।