LIVE
आज की ताजा खबर: वीरभद्र मंदिर में 'राम मय' हुए PM मोदी, भारत जोड़ो न्याय यात्रा नागालैंड में
आज की ताजा खबर: वीरभद्र मंदिर में 'राम मय' हुए PM मोदी, भारत जोड़ो न्याय यात्रा नागालैंड में
JAN 16, 2024 23:10 IST
अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह मंगलवार को शुरू हो गया। मंदिर न्यास के एक सदस्य और उनकी पत्नी की अगुवाई में इस दौरान कई अनुष्ठान हुये। मंगलवार से शुरू हुए अनुष्ठान नए मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न होंगे। राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने कहा, ‘‘अनुष्ठान शुरू हो गया है और 22 जनवरी तक जारी रहेगा। 11 पुजारी सभी ‘देवी-देवताओं’ का आह्वान करते हुए अनुष्ठान कर रहे हैं।’’
JAN 16, 2024 21:38 IST
तटरक्षक बल ने पश्चिम बंगाल के काकद्वीप में फंसे 182 श्रद्धालुओं को बचाया
भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के काकद्वीप में एक नौका में फंसे 182 श्रद्धालुओं को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा। आईसीजी ने एक बयान में यह जानकारी दी। आईसीजी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यात्रियों को किराए पर लाने ले जाने वाला वाणिज्यिक जहाज ‘स्वास्थ्य साथी’ सागर द्वीप पर गंगा सागर मेले से लगभग 400 श्रद्धालुओं को लेकर काकद्वीप आ रहा था लेकिन दृश्यता बेहद कम होने के कारण जहाज दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
JAN 16, 2024 20:15 IST
बीजापुर में नक्सली हमला
पामेड़ इलाके में जवानों पर नक्सलियों ने किया हमला। एरिया डॉमिनेशन पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने बीजीएल से किया हमला। पामेड़ थाना क्षेत्र का मामला। जिला बल, कोबरा 204 एवं केरिपु 151 की सयुंक्त टीम निकली थी एरिया डॉमिनेशन पर। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्यवाही के बाद जंगल का आड़ लेकर भागे नक्सली, सर्चिंग अब भी है जारी।
JAN 16, 2024 20:00 IST
छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने दिया पार्टी से इस्तीफा
त्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हुपेंडी ने कहा कि उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के रूखे व्यवहार से परेशान होकर इस्तीफा दिया है। हुपेंडी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है तथा उनके साथ राज्य के कुछ अन्य पदाधिकारियों ने भी पार्टी छोड़ दी है।
JAN 16, 2024 19:12 IST
सोना 100 रुपये टूटा, चांदी 300 रुपये फिसली
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 100 रुपये की गिरावट के साथ 63,450 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 63,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
JAN 16, 2024 17:24 IST
शेयर बाजार में पांच दिन से जारी तेजी पर विराम
स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को पिछले पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर विराम लगा। कमजोर वैश्विक रुख के बीच आईटी तथा पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स में 199 अंक से अधिक की गिरावट आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 199.17 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,128.77 अंक पर बंद हुआ।
JAN 16, 2024 15:53 IST
लेपाक्षी के वीरभद्र मंदिर में 'राम मय' हुए PM मोदी
PM Modi's Shri Ram Jai Ram bhajan: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान का पालन कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आंध्र प्रदेश के लेपाक्षी के वीरभद्र मंदिर पहुंचे। यहां भगवान राम की भक्ति में लीन होते हुए उन्होंने पूरी तन्मयता के साथ 'श्री राम जय राम' भजन गुनगुनाया। पीएम मोदी ने कुछ दिनों पहले कहा कि प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व 11 दिवसीय व्रत अनुष्ठान का पालन उनका सौभाग्य है। वह इस कार्यक्रम के निमित्त मात्र हैं।
JAN 16, 2024 15:52 IST
कांग्रेस ने वाई एस शर्मिला को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने मंगलवार को पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल हुईं वाई. एस. शर्मिला को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह घोषणा की गई।
JAN 16, 2024 15:51 IST
टाटानगर में मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटानगर यार्ड में मंगलवार तड़के एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कुछ घंटों के लिए रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तड़के 3.17 बजे हुई, जिससे दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के चक्रधरपुर मंडल में टाटा-चक्रधरपुर खंड के अप और डाउन दोनों पटरियों पर ट्रेनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई।
JAN 16, 2024 15:51 IST
मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में उतारा भैंस का दूध
दूध और दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति करने वाली मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भैंस के दूध की बिक्री शुरू करने की मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा कि अगले साल मार्च तक इस नए खंड के 500 करोड़ रुपये का ब्रांड बनने की उम्मीद है। मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन 35-36 लाख लीटर और पूरे भारत में 45-47 लाख लीटर दूध की आपूर्ति करती है। दिल्ली-एनसीआर में यह पाउच और मिल्क बूथ के जरिये दूध बेचती है।
JAN 16, 2024 14:36 IST
अयोध्या में 22 सितंबर का कार्यक्रम राजनीतिक, प्रधानमंत्री पर केंद्रित : राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि अयोध्या में 22 जनवरी के राम लला के 'प्राण प्रतिष्ठा' कार्यक्रम को राजनीतिक कार्यक्रम बना दिया गया है और इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसएस के इर्द-गिर्द केंद्रित कर दिया है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की स्थिति बहुत अच्छी है और वह इस लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराएगा।
JAN 16, 2024 14:20 IST
राजस्थान: ईडी ने पूर्व कांग्रेस मंत्री से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक (पीएचई) विभाग के पूर्व मंत्री महेश जोशी और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर मंगलवार को छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। पिछले साल भी एजेंसी ने केंद्र सरकार की योजना से जुड़े इस मामले में कम से कम दो बार छापेमारी की थी। सूत्रों ने बताया कि पीएचई विभाग के पूर्व मंत्री जोशी से जुड़े परिसरों की धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तलाशी ली जा रही है।
JAN 16, 2024 13:57 IST
कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने नवंबर में 15.92 लाख नए सदस्य जोड़े
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने नवंबर में ईएसआई योजना के तहत 15.92 लाख नए कर्मचारियों को जोड़ा। श्रम मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नवंबर 2023 में करीब 20,830 नए प्रतिष्ठान पंजीकृत हुए और ईएसआईसी की सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आए। बयान के अनुसार, नियमित वेतन पर रखे गए कर्मचारियों के ईएसआईसी के आंकड़ों से पता चलता है कि नवंबर में करीब 15.92 लाख नए कर्मचारियों को जोड़ा गया। युवाओं के लिए अधिक नौकरियों का सृजन हुआ। नए पंजीकरण में 25 वर्ष आयु वर्ग तक के 7.47 लाख कर्मचारी हैं। यह कुल कर्मचारियों का 47 प्रतिशत है।
JAN 16, 2024 13:43 IST
नागल ने दुनिया के 27वें नंबर के खिलाड़ी को हराया
भारत के सुमित नागल ने दुनिया के 27वें नंबर के खिलाड़ी कजाखस्तान के अलेक्जेंडर बुबलिक को सीधे सेटों में हराकर अपने कैरियर में पहली बार आस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया । 26 वर्ष के नागल क्वालीफायर के रास्ते मुख्य ड्रॉ में पहुंचे हैं । उन्होंने 31वीं वरीयता प्राप्त बुबलिक को दो घंटे 38 मिनट तक चले मैच में 6 . 4, 6 . 2, 7 . 6 से मात दी । नागल आस्ट्रेलियाई ओपन में पहली बार दूसरे दौर तक पहुंचे हैं । वह 2021 में पहले दौर में लिथुआनिया के रिकार्डास बेरांकिस से 2 . 6, 5 . 7, 3 . 6 से हार गए थे ।
JAN 16, 2024 13:43 IST
प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगे केरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए मंगलवार शाम को केरल पहुंचेंगे। वह इस दौरान यहां एक रोडशो करेंगे, भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करेंगे और त्रिशूर जिले में दो प्रमुख मंदिरों के दर्शन करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मोदी के शाम करीब पांच बजे यहां नेदुम्बसेरी हवाई अड्डे पर पहुंचने की संभावना है और उसके बाद वह शाम छह बजे एर्नाकुलम शहर में एक रोड शो करेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी रोड शो के दौरान एक खुले वाहन से यात्रा करेंगे और महाराजा कॉलेज मैदान से करीब 1.3 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए एर्नाकुलम सरकारी अतिथि गृह पहुंचेंगे।
JAN 16, 2024 13:18 IST
आप नेता राघव चड्ढा का दावा, इंडिया गठबंधन जीतेगा
इंडिया गठबंधन चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों में जीत दर्ज करेगा, यह जीत 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए शुरुआत होगी : आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा।
JAN 16, 2024 12:35 IST
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का संभावित शेड्यूल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब सुबह 11:00 बजे राम जन्मभूमि पहुंचेंगे। सुबह 11.05 से 11.20 बजे पीएम राम मंदिर निर्माण कर रहें मजदूरों का स्वागत करेंगे।प्रधानमंत्री मोदी राम जन्मभूमि पर मजदूरों का उसी स्थान पर अभिनंदन करेंगे, जहां 6 दिसंबर 1992 में बाबरी ढांचे को तोड़ते समय मंच बनाया गया था 11.25 बजे मोदी राम मंदिर आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं (देवराहा बाबा, इत्यादि) को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके प्रतीक के लिए जटायु जी की प्रतिमा बनाई गई है। इस प्रतिमा का पूजन करके पीएम मोदी श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद पीएम मोदी यज्ञशाला में प्रवेश करेंगे।करीब दोपहर 12 बजे पीएम प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के लिए गर्भ गृह में प्रवेश करेंगे। 12.20 बजे से प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू होगा।प्राण प्रतिष्ठा के बाद दोपहर करीब 1 बजे पीएम मोदी जन्म भूमि पर उपस्थित साधु संतों से मिलेंगे।इसके बाद मंच पर पीएम मोदी और संघ प्रमुख भागवत का स्वागत सीएम योगी करेंगे। करीब 1:15 पर संघ प्रमुख मोहन भागवत का संबोधन होगा। करीब 1.30 बजे पीएम मोदी का संबोधन होगा।
JAN 16, 2024 12:13 IST
सुप्रीम कोर्ट ने मथुरा में शाही ईदगाह में सर्वेक्षण के आदेश पर रोक लगाई
सुप्रीम कोर्ट ने मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि से सटी शाही ईदगाह मस्जिद के अदालत की निगरानी में सर्वेक्षण की अनुमति देने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने 14 दिसंबर 2023 के आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी जिसमें मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण अदालत की निगरानी में कराने पर सहमति जतायी गयी थी। हिंदू पक्ष का दावा है कि मस्जिद परिसर में ऐसी निशानियां हैं जिससे पता चलता है कि यह एक वक्त में मंदिर था।
JAN 16, 2024 12:12 IST
JAN 16, 2024 11:20 IST
मणिपुर: मोरेह एसडीपीओ की हत्या के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
मणिपुर में तेंगनोउपल जिले के मोरेह में एक उप संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की हत्या में कथित रूप से शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में बताया कि विशेष कमांडो टीम ने सोमवार शाम सीमावर्ती शहर से दोनों को पकड़ा। पुलिस ने कहा, मोरेह कॉलेज के पास गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने दो संदिग्धों को देखा, जिन्होंने सुरक्षाकर्मियों के वाहनों पर गोलीबारी शुरू की और घनी आबादी वाले इलाके की ओर भाग गये। सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और मोरेह कॉलेज के पास के इलाके को घेर लिया।
