LIVEताजा खबर, Taza Khabar, 14 मार्च 2023: पुणे में H3N2 वायरस का कहर

ताजा खबर, Taza Khabar, 14 मार्च 2023: पुणे में H3N2 वायरस का कहर
ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 14 मार्च 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 14 मार्च (मंगलवार ) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार -असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। सरमा ने सोमवार को कहा कि नरेंद्र मोदी जब तक इस देश में हैं, राहुल गांधी इस देश के प्रधानमंत्री कभी नहीं बन सकते। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने उप राज्यपाल के नोट पर कहा है कि उनकी सरकार लोगों को बिजली सब्सिडी देना जारी रखेगी। दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को आयोजित होने वाले जी-20 के शिखर सिम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आ सकते हैं। राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने सोमवार को यह जानकारी दी। नेपाल में आठ दलों के गठबंधन द्वारा देश के अगले उपराष्ट्रपति के लिए मधेसी समुदाय से संबंध रखने वाले नेता रामसहाय यादव को समर्थन देने का फैसला किए जाने के बाद इस पद पर यादव का आसीन होना लगभग तय है।
दिल्ली दंगों के मामले में नौ लोग दोषी करार
दिल्ली दंगे मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट ने मंगलवार को बड़ा फैसला सुनाया, कोर्ट ने 9 लोगों को दोषी ठहराया है, गौर हो कि इन दंगों में 53 लोगों की जान गई थी वहीं तमाम लोग इसमें घायल भी हुए थे और बड़ी संख्या में लोगों और सरकार की प्रॉपर्टी की भी क्षति हुई थी।
ब्लैक-सी के उपर रूसी जेट से टकराया अमेरिकी ड्रोन
अमेरिकी सेना के अनुसार, काला सागर के ऊपर एक रूसी Su-27 फाइटर जेट अमेरिकी MQ-9 ड्रोन से टकरा गया, कहा गया है कि अमेरिकी वायु सेना को अपने मानवरहित विमान को नीचे उतारने के लिए मजबूर होना पड़ा।अमेरिकी वायु सेना के जनरल जेम्स हेकर ने कहा कि MQ-9 विमान अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में नियमित संचालन कर रहा था, जब इसे एक रूसी विमान द्वारा रोका गया और मारा गया, जिसके परिणामस्वरूप एक दुर्घटना हुई और ड्रोन का पूर्ण नुकसान हुआ।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा की 1975 में इमरजेंसी के समय मेरे जैसे न जाने कितने लोगों को जेल भेजा था कांग्रेस ने..पूरे हिंदुस्तान को जेल बना दिया था लोकतंत्र को कुचल दिया, उनको लोकतंत्र पर बोलने का क्या हक है ?
चीन के साथ लगती सीमाओं की सुरक्षा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज चीन के साथ उत्तरी सीमाओं पर बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं पर चर्चा करने के लिए एक अहम बैठक की अध्यक्षता की। रक्षा अधिकारी ने बताया कि बैठक लगभग 2 घंटे तक चली और रक्षा मंत्री के आवास पर हुई।
Meta में फिर छंटनी की मार
फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स (META.O) ने एक और बड़ी छंटनी का ऐलान किया है। मेटा ने मंगलवार को कहा कि वह 11,000 कर्मचारियों की छंटनी के चार महीने बाद और 10,000 नौकरियों में कटौती करेगा। बड़े पैमाने पर छंटनी के दूसरे दौर की घोषणा करने वाली मेटा पहली बड़ी टेक कंपनी है।
पुणे में H3N2 वायरस का कहर
महाराष्ट्र के पुणे जिले में H3N2 वायरस बच्चों के लिए जानलेवा बनता दिख रहा है, बताया जा रहा है कि यहां के अस्पताल के ICU बच्चों से भरे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक इसका सबसे बुरा असर 5 साल के कम उम्र के बच्चों पर देखने को मिल रहा है। जिसके चलते शहर के अस्पतालों के ICU में जगह नहीं है।
बांग्लादेश ने इंग्लैंड का सूपड़ा साफ किया
बांग्लादेश और इंग्लैंंड के बीच खेली गई टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में चमत्कार हो गया है। मेजबान बांग्लादेश ने विश्व चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम को तीन टी20 मैचों की सीरीज में 3-0 से मात देकर इतिहास रच दिया है। अपने क्रिकेट इतिहास में बांग्लादेश ने पहली बार ये कमाल किया है। तीसरे टी20 में बांग्लादेश ने मीरपुर में इंग्लैंड को 16 रन से शिकस्त देते हुए इस क्लीन स्वीप को हासिल किया।
इमरान खान को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस
इस्लामाबाद पुलिस मंगलवार को पाकिस्तान के लाहौर में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आवास पर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। तोशाखाना मामले में खान के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी होने के एक दिन बाद पुलिस उनके घर पहुंची है। इस्लामाबाद पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि तोशाखाना मामले में खान को गिरफ्तार करने के लिए उनकी टीम यहां आई है।
BJP से निलंबित फायरब्रांड विधायक का ऐलान
भारतीय जनता पार्टी से निलंबित नेता व विधायक टी. राजा सिंह ने कहा है कि भारत को 2026 तक अखंड हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया जाएगा। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के रहाता में हिंदू संगठनों द्वारा हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टी. राजा सिंह ने कहा कि अहमदनगर और हैदराबाद शहरों का नाम बदलकर क्रमशः अहिल्याबाई नगर और भाग्यनगर कर दिया जाएगा।
सरकार नहीं देगी 18 महीने का महंगाई भत्ता
केंद्रीय कर्मचारियों का 18 महीनों का महंगाई भत्ता (DA) का पेमेंट नहीं किया जाएगा। बजट सत्र के प्रश्न काल के दौरान यह जानकारी सामने आई है। सरकार ने यह भी बताया कि कर्मचारियों के रोके गए महंगाई भत्ते से 34,402.32 करोड़ रुपए की बचत हुई थी, जिसका इस्तेमाल महामारी में किया गया था।
भारत में घुसने की फिराक में चीन
गलवान संघर्ष के तीन साल पूरे होने को हैं और चीन एक बार अपनी चालबाजी से बाज नहीं आ रहा है। हाल ही में जारी हुई एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन गलवान संघर्ष में इस्तेमाल किए गए कंटीले डंडानुमा हथियारों से मिलते जुलते नए हथियार खरीद रहा है। चीन ने एलएसी के इर्द-गिर्द सैनिकों की तैनाती पिछले तीन सालों से लगातार बढ़ाए हुए है और यहां युद्धाभ्यास भी करता है।
सबसे लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म बना कर्नाटक का हुबली
कर्नाटक का हुबली रेलवे स्टेशन दुनिया का सबसे लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म बन गया है। इसी के साथ इसने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। 1,507 मीटर लंबे इस प्लेटफॉर्म का उद्घाटन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
गुड्डू मुस्लिम के पश्चिमी यूपी में छिपे होने का शक
उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अपराधियों को धरपकड़ के लिए यूपी एटीएस लगातार दबिश दे रही है लेकिन गुड्डू मुस्लिम और अन्य आरोपी अभी उसकी पकड़ से बाहर हैं। आरोपियों के बारे में सुराग पाने के लिए पुलिस ने उनके सिर पर रखा इनाम 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया है। हत्याकांड में शामिल गुड्डू मुस्लिम के फर्जी पहचान पत्र पर पश्चिमी यूपी में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच माफिया हत्याकांड में आरोपी अतीक अहमद के भाई अशरफ ने कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी पेशी की मांग की है।
भोपाल गैस त्रासदी केस में पीड़ितों को झटका
साल 1984 की भोपाल गैस त्रासदी केस के पीड़ितों को झटका लगा है। अधिक मुआवजे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर अर्जी खारिज हो गई है। पीड़ितों के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार ने शीर्ष अदालत में उपचारात्मक याचिका (क्यूरेटिव) दायर की थी। सरकार की इस अर्जी से पीड़ितों को अधिक मुआवजा मिलने की उम्मीद थी। कोर्ट ने कहा कि मामले की दोबारा सुनवाई पैंडोरा बॉक्स को खोलने जैसा होगा।
सुरेखा यादव के नाम से जुड़ा एक और 'नगीना'
एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। सुरेखा सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने वाली पहली भारतीय महिला लोको पायलट भी बन गई हैं। उन्होंने सोमवार को सोलापुर और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के बीच इस ट्रेन की कमान संभाली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सुरेखा की इस उपलब्धि को अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया।
यूपी के मंदिरों-शक्तिपीठों में रामायण का पाठ
रामचरित मानस पर सियासी विवाद के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने इस चैत्र रामनवमी के दौरान मंदिरों एवं शक्तिपीठों में रामायण एवं दुर्गा सप्तशती का पाठ कराने का निर्देश जारी किया है। रिपोर्टों के मुताबिक इस आयोजन के लिए योगी सरकार प्रत्येक जिले को एक लाख रुपए देने जा रही है। नवरात्रि के मौकों पर शक्तिपीठों एवं मंदिरों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। प्रशासन की ओऱ से इस संबंध में राज्य के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। समझा जाता है कि इस आयोजन के जरिए योगी सरकार विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) को संदेश देना चाहती है। सपा के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरित मानस और उसकी कुछ चौपाइयों को लेकर विवादित बयान दिए।
एमपी में भाजपा-कांग्रेस की टेंशन बढ़ाएंगे केजरीवाल
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल मंगलवार को भोपाल में रैली करेंगे। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवत मान रैली में शामिल होंगे। बता दें कल यानी सोमवार को जयपुर में केजरीवाल ने तिरंगा यात्रा निकाली थी। जिसमें उन्होंने वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत को भाई-बहन करार दिया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से राजस्थान को 'लूटा' है। ये दोनों पार्टियां 'चोर-चोर मौसेरे भाई' हैं। भोपाल में दिल्ली के सीएम की यह रैली दशहरा मैदान में होगी।
भारत आएंगे पुतिन!
जब से रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ है, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जी-20 शिखर सम्मेलनों से दूरी बना ली है। उन्होंने लगातार पिछले दो शिखर सम्मेलनों में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, अब इस बात के संकेत मिले हैं कि पुतिन, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी दोस्ती को बखूबी निभाएंगे। सोमवार को क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नई दिल्ली में 9-10 सितंबर को आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भाग ले सकते हैं। हालांकि, इस बारे में अभी अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।
हथियारों का सबसे ज्यादा आयात करने वाला देश भारत
स्वदेशी अभियान 'मेक इन इंडिया' के तहत रक्षा क्षेत्र में बड़ी संख्या में हथियारों का निर्माण करने वाला भारत अभी भी हथियार खरीदने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश बना हुआ है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की सोमवार को आई रिपोर्ट में यह बात कही गई है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 2018-2022 तक कुल आयातिक वैश्विक हथियार में भारत का हिस्सा 11 फीसदी है। रिपोर्ट कहती है कि भारत को हथियारों की आपूर्ति करने में रूस अभी भी शीर्ष पर बना हुआ है।
पीएम से मिले त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के मुख्यमंत्री
त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने कार्यभार संभालने के कुछ दिन बाद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अलग-अलग मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। मोदी पिछले हफ्ते तीनों मुख्यमंत्रियों के शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। लगातार दूसरी बार त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे माणिक साहा ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’बाद में दिन में, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने भी मोदी से मुलाकात की और उनके बाद नगालैंड के उनके समकक्ष नेफ्यू रियो ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।