LIVE

14 मार्च 2025: देशभर में मनाई जा रही होली, पुतिन ने किया युद्धविराम का समर्थन, असम जाएंगे गृहमंत्री अमित शाह

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 14 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 14 मार्च (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated Mar 14, 2025, 18:11 IST
Follow on Google News
14 मार्च 2025: देशभर में मनाई जा रही होली, पुतिन ने किया युद्धविराम का समर्थन, असम जाएंगे गृहमंत्री अमित शाह

14 मार्च 2025: देशभर में मनाई जा रही होली, पुतिन ने किया युद्धविराम का समर्थन, असम जाएंगे गृहमंत्री अमित शाह

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 14 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: देशभर में आज होली मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह त्योहार एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है और विविधता में एकता के मूल्यों को दर्शाता है। मुर्मू ने एक संदेश में भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं और कहा कि होली खुशियां और उत्साह लेकर आती है। दिल्ली पुलिस ने होली और रमजान के जुमे की नमाज से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ 25,000 से अधिक पुलिस कर्मी शहर में कड़ी निगरानी रखेंगे। चौदह मार्च को होली का त्योहार है और इसी दिन रमजान महीने के जुमे (शुक्रवार) की नमाज भी होगी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह यूक्रेन में 30 दिन के संघर्ष विराम से जुड़े अमेरिकी प्रस्ताव से सैद्धांतिक रूप में सहमत हैं, लेकिन इसकी शर्तों पर काम करने की जरूरत है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इससे स्थायी शांति बहाल होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर राज्य (असम) और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार रात जोरहाट पहुंचेंगे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान शर्मा ने कहा कि जोरहाट पहुंचने के तुरंत बाद शाह गोलाघाट जिले के देरगांव जाएंगे, जहां वह लचित बरफुकन पुलिस अकादमी में रात्रि विश्राम करेंगे। शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह शाह मिजोरम रवाना होने से पहले अत्याधुनिक पुलिस अकादमी का उद्घाटन करेंगे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

MAR 14, 2025 18:02 IST

सोने की तस्करी मामले में कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका खारिज

सोने की तस्करी के एक मामले में कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका को आर्थिक अपराध न्यायालय ने खारिज कर दिया। इस मामले में दूसरे आरोपी तरुण कोंडुरु ने आर्थिक अपराध न्यायालय में जमानत याचिका दायर की। उनकी जमानत याचिका पर कल दोपहर 3 बजे सुनवाई होगी।
MAR 14, 2025 17:15 IST

ओडिशा के बारीपदा में व्यवसायी की गला रेतकर हत्या

ओडिशा के बारीपदा शहर में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद की वजह से 56 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि व्यवसायी स्नेहाशीष पांडा फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित अपने घर में थे, तभी उन पर हमला किया गया। भंजपुर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार जेना ने बताया कि हमलावर पांडा के घर में दाखिल हुआ और उनका गला रेत कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने संदेह जताया है कि पिछली होली के दौरान हुये पारिवारिक विवाद के कारण हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सुधांशु महाकुड के रूप में हुई है और मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
MAR 14, 2025 16:44 IST

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक मस्जिद में ब्लास्ट

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में शुक्रवार को एक मस्जिद में ब्लास्ट हुआ। जिसमें एक इस्लामी पार्टी के नेता और तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। रॉयटर्स के अनुसार माना जा रहा है कि जमीयत उलेमा इस्लाम-फ़ज़ल (JUI-F) राजनीतिक पार्टी के स्थानीय नेता अब्दुल्ला नदीम को विस्फोट का निशाना बनाया गया था और उन्हें गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
MAR 14, 2025 16:04 IST

संभल जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मनाई गई होली

होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संभल जिले में रंगों का त्योहार पारंपरिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। अधिकारियों ने बताया कि होली के अवसर पर संभल शहर में पारंपरिक ‘चौपाई का जुलूस’ भी निकाला गया। मस्जिद में अपराह्न दो बजकर 30 मिनट पर जुमे की नमाज अदा की गई। मस्जिद के सदर जफर अली ने पहले दोनों समुदायों के सदस्यों से होली मनाने और सौहार्दपूर्ण माहौल में जुमे की नमाज अदा करने का आग्रह किया था।
MAR 14, 2025 15:22 IST

कोच्चि में पॉलिटेक्निक छात्रावास से दो किलो गांजा जब्त

केरल के कलमस्सेरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पुरुष छात्रावास से दो किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात की गई छापेमारी में तीन छात्रों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दो छात्रों को थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया, जबकि कोल्लम के कुलाथुपुझा निवासी आकाश (21) के खिलाफ एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। इसने बताया कि इस छात्र के कमरे से प्राधिकारियों ने 1.909 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने बताया कि दूसरी प्राथमिकी में दो अन्य छात्रों- अलाप्पुझा के हरिपद निवासी आदित्यन (21) और करुनागपल्ली, कोल्लम निवासी अभिराज (21) के नाम शामिल हैं, जिनके पास से 9.70 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें थाने से जमानत मिल गई है। पुलिस के अनुसार, यह प्रतिबंधित सामान बिक्री और निजी इस्तेमाल दोनों के लिए था।
MAR 14, 2025 14:37 IST

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में अमरावती एक्सप्रेस ट्रक से टकराई

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक रेलवे फाटक से जा टकराया और पटरियों पर फंस गया। इसके बाद एक एक्सप्रेस ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। यह घटना तड़के करीब साढ़े चार बजे बोदवड स्टेशन के पास की है जिसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन हादसे के चलते इस मार्ग पर लगभग छह घंटे तक रेल सेवाएं बाधित रहीं।
MAR 14, 2025 12:40 IST

राजकोट में अटलांसिट बिल्डिंग में लगी आग

राजकोट में अटलांटिस बिल्डिंग में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक शख्स घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर आग को काबू कर लिया गया है और घायल व्यक्ति को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
MAR 14, 2025 11:39 IST

तमिलनाडु के वित्त मंत्री थंगम थेनारासु ने विधानसभा में बजट पेश किया

तमिलनाडु के वित्त मंत्री थंगम थेनारासु ने शुक्रवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। बजट में ‘कलैगनार कनवु इल्लम आवास योजना’ के तहत एक लाख नये मकानों के लिए 3,500 करोड़, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क विकास योजना के लिए 2,200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। इसके अलावा, चेन्नई में ‘स्पॉन्ज पार्क’ के लिए 88 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए।
MAR 14, 2025 11:14 IST

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में इंफाल घाटी के विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को अलग-अलग अभियानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की एक सदस्य को इंफाल पश्चिम जिले के सागोलबंद सयांग कुराओ माखोंग में बृहस्पतिवार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान थोकचोम ओंगबी अनीता देवी (46) के रूप में हुई है।
MAR 14, 2025 10:57 IST

दिल्ली में होली के मौके पर खिली धूप

दिल्ली में शुक्रवार को होली के मौके पर सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शाम या रात के समय बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 80 प्रतिशत दर्ज की गई।
MAR 14, 2025 10:57 IST

दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल को कप्तान नियुक्त किया

दिल्ली कैपिटल्स ने भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल को शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र के लिए अपना कप्तान नियुक्त किया। वह ऋषभ पंत की जगह लेंगे, जो मेगा नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी से बाहर हो गए थे। भारत की चैंपियंस ट्रॉफी की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले 31 वर्षीय अक्षर 2019 में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे और फ्रेंचाइजी ने उन्हें 16.50 करोड रुपए में अपनी टीम में बरकरार रखा था।
MAR 14, 2025 10:57 IST

उत्तर प्रदेश के बांदा में युवक की संदिग्ध हालात में मौत

उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के सिकलोढ़ी गांव में बृहस्पतिवार रात अपने साथियों के साथ शराब पी रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। परिजन हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं।
MAR 14, 2025 09:53 IST

लेबनान ने नए सेना प्रमुख

लेबनान ने बृहस्पतिवार को नए सेना प्रमुख और तीन सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की नियुक्ति की। चरमपंथी समूह हिजबुल्ला और इजराइल के बीच विनाशकारी संघर्ष के बाद लेबनान सरकार इस नियुक्ति के जरिए मजबूत सत्ता चाहती है। लेबनान में दो साल के राजनीतिक गतिरोध के बाद इस साल जनवरी में राष्ट्रपति जोसेफ औन के निर्वाचित होने और प्रधानमंत्री नवाफ सलाम के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन के बाद ये नियुक्तियां हुई हैं।
MAR 14, 2025 09:53 IST

केरल में 30 ग्राम हेरोइन बरामद

असम के एक प्रवासी श्रमिक को केरल के पेरुम्बावूर में गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पेरुम्बावूर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शक्ति सिंह आर्य और कुन्नाथुनाडु पुलिस की विशेष जांच टीम द्वारा संयुक्त अभियान में असम के नागांव निवासी आरोपी अब्दुल रऊफ (35) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, रऊफ यहां के निकट चेलाक्कुलम क्षेत्र में एक किराये के मकान में रहता था और वहां से कथित तौर पर मादक पदार्थों का कारोबार कर रहा था।
MAR 14, 2025 09:52 IST

शिक्षक समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा ने बृहस्पतिवार को स्कूल के एक शिक्षक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ सरकारी नौकरी का वादा कर लोगों को ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया। अपराध शाखा के प्रवक्ता ने बताया कि गुज्जर नगर निवासी राशिद मन्हास की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। प्रवक्ता के अनुसार, मन्हास ने आरोप लगाया है कि जमील अंजुम ने सरकारी नौकरी दिलाने का वादा कर उससे और उसकी बहन से रुपये तथा सोने के आभूषण ले लिए।
MAR 14, 2025 09:52 IST

पालघर जिले में सूटकेस में धड़ से रहित महिला का सिर मिला

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक सूटकेस के अंदर धड़ से रहित महिला का सिर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को विरार इलाके में पीरकुंडा दरगाह के पास धड़ से रहित महिला का सिर मिला। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानीय बच्चों को एक लावारिस सूटकेस मिला और उन्होंने उत्सुकता से इसे खोला और इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मांडवी थाने के अधिकारी ने बताया कि ‘फोरेंसिक’ विशेषज्ञ साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल का दौरा करेंगे और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच की जा रही है।
MAR 14, 2025 09:12 IST

मेरठ में होलिका दहन के दौरान दो पक्षों में मारपीट

देशभर में शुक्रवार को रंगों का त्योहार होली बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मेरठ में होलिका दहन के दौरान दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, होलिका दहन के मौके पर लालकुर्ती थाना क्षेत्र के मैदा मोहल्ला में उस समय हंगामा मच गया, जब डीजे पर अश्लील गाने बजाने की डिमांड को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। नशे में धुत एक युवक ने डीजे पर अश्लील गाने चलाने की जिद पकड़ ली। इस बात को लेकर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
MAR 14, 2025 07:51 IST

मंदिर से चोरी हुईं मूर्तियां चोरी के कुछ घंटों बाद बरामद

कर्नाटक के उडुपी जिले के श्री राम मंदिर से चोरी हुईं पंचलोह धातु की मूर्तियां चोरी के कुछ घंटों बाद नदी के किनारे से बरामद कर ली गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने मंदिर में घुसकर भगवान राम, सीता, लक्ष्मण तथा हनुमान की मूर्तियां और दानपात्र चोरी कर लिये थे। पुलिस ने बताया कि हालांकि, चोरी की गई इन चीजों को नदी किनारे ही छोड़ दिया गया जिसके बाद तत्काल इन्हें बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह जब मंदिर के सेवायत दैनिक अनुष्ठान के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला। इसने बताया कि सेवायतों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई।
MAR 14, 2025 06:59 IST

ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार व्यक्ति पर यूएपीए के तहत मामला दर्ज

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ 1967 के गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसे पहले दो ग्रेनेड के साथ पकड़ा गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। संदिग्ध आतंकवादी अब्दुल रहमान को बृहस्पतिवार को शहर की अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
MAR 14, 2025 06:27 IST

प्रधानमंत्री शरीफ ने बलूचिस्तान का दौरा किया

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने तथा जाफर एक्सप्रेस अपहरण की घटना के बाद वहां के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए बृहस्पतिवार को अशांत बलूचिस्तान प्रांत का दौरा किया। ट्रेन के अपहरण की घटना में 21 नागरिक और चार सैनिक मारे गए थे।