LIVE

आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2025: पीएम मोदी ने 'मिशन मौसम' की शुरुआत की, तमिलनाडु में बेपटरी हुई यात्री ट्रेन

शिशुपाल कुमारUpdated Jan 14, 2025, 18:01 IST

आज की ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 14 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2025: पीएम मोदी ने 'मिशन मौसम' की शुरुआत की, तमिलनाडु में बेपटरी हुई यात्री ट्रेन
आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2025: पीएम मोदी ने 'मिशन मौसम' की शुरुआत की, तमिलनाडु में बेपटरी हुई यात्री ट्रेन

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 14 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर देश को प्रत्‍येक मौसम और जलवायु का सामना करने के लिए 'स्मार्ट राष्ट्र' बनाने के मकसद से 'मिशन मौसम' की शुरुआत की। राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में शिरकत करते हुए प्रधानमंत्री ने आईएमडी के 150वें स्थापना दिवस पर एक स्मारक सिक्का और मौसम संबंधी अनुकूलता और जलवायु परिवर्तन अनुकूलन के लिए आईएमडी विज़न-2047 दस्तावेज़ भी जारी किया। इसमें मौसम पूर्वानुमान, मौसम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन शमन की योजनाएं शामिल हैं। पुडुचेरी जा रही एक एमईएमयू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का एक डिब्बा मंगलवार को विल्लुपुरम के पास पटरी से उतर गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक बड़ा हादसा टल गया क्योंकि लोको पायलट ने इसे देख लिया और तुरंत ट्रेन रोक दी। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और तीन घंटे के भीतर ट्रेनों की आवाजाही बहाल कर दी गयी। इजरायल की सेना ने बताया कि गाजा पट्टी के उत्तरी इलाके में एक इमारत में हुए धमाके से पांच सैनिक मारे गए और 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस धमाके से इमारत गिर गई, लेकिन इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। सेना ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

JAN 14, 2025 18:00 IST

महाकुंभ में मौत की झूठी खबर पोस्ट करने के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के स्नान में ग्यारह श्रद्धालुओं की मौत से संबंधित झूठी खबर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में एक युवक के विरुद्ध मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।पुलिस के अनुसार, पकड़ी थाने में मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह की तहरीर पर लालू यादव संजीव नामक युवक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
JAN 14, 2025 17:06 IST

उम्मीद है इस बार दिल्ली की जनता कांग्रेस को मौका देगी: पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में वहां की जनता कांग्रेस को मौका देगी। पायलट ने कहा कि दिल्ली के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व आम आदमी पार्टी (आप) के झगड़े व आरोप प्रत्यारोपों से तंग आ चुके हैं। उन्होंने कहा, ''दिल्ली में भाजपा और ‘आप’ एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। भाजपा आरोप लगा रही है कि मुख्यमंत्री आवास या 'शीश महल' पर इतने करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। ’आप’ कहती है कि प्रधानमंत्री आवास या 'राजमहल' पर इतने पैसे खर्च हुए।''
JAN 14, 2025 16:04 IST

इंडिगो की गोवा-मुंबई उड़ान को बम से उड़ाने की मिली धमकी

इंडिगो की गोवा-मुंबई उड़ान में सोमवार शाम को बम रखे होने की धमकी मिली, जो बाद में सुरक्षा जांच के पश्चात झूठी निकली। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उड़ान 6ई 5101 के विमान को अलग ले जा गया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सभी मानक परिचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया और संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद विमान को टर्मिनल पर वापस भेज दिया गया।’’ एयरलाइन ने यात्रियों की संख्या का खुलासा नहीं किया।
JAN 14, 2025 15:33 IST

जयपुर में जमकर हो रही पतंगबाजी, आसमान में लगा तांता

राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत राज्य के सभी शहरों-कस्बों में मकर संक्रांति का पर्व मंगलवार को पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने मंदिरों एवं गोशालाओं में दान-पुण्य किया और पतंगबाजी का आनंद लिया। अजमेर के पुष्कर सरोवर और जयपुर के गलता तीर्थ में तड़के ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई जिन्होंने वहां पवित्र स्नान किया और विधि विधान से पूजा-अर्चना की। लोगों ने जरूरतमंद लोगों में मिठाई और अन्य सामान दान दिया। गोशालाओं में भी भीड़ लगी रही जहां लोग गायों को हरा चारा खिलाने पहुंचे।
JAN 14, 2025 15:33 IST

BJP ने मिल्कीपुर उपचुनाव में चंद्रभान पासवान को उतारा

उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर में होने वाले उप चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने चंद्रभान पासवान को प्रत्याशी घोषित किया।
JAN 14, 2025 15:30 IST

अमृत स्नान पर श्रद्धालुओं पर हुई पुष्पवर्षा

महाकुम्भ 2025 के पहले अमृत स्नान मकर संक्रांति के दिन मंगलवार को संगम तट पर डुबकी लगाने पहुंचे करोड़ों श्रद्धालुओं पर उत्तर प्रदेश सरकार ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई। हेलीकॉप्टर से सभी घाटों और अखाड़ों पर स्नान के दौरान गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश देख संगम तट पर श्रद्धालुओं ने अभिभूत होकर जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाए।
JAN 14, 2025 14:35 IST

उमर अब्दुल्ला ने देश के प्रति योगदान के लिए सशस्त्र बलों की सराहना की

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को देश की सुरक्षा में योगदान के लिए सशस्त्र बलों की प्रशंसा की और उनकी समस्याओं को दूर करने में अपनी सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अब्दुल्ला जम्मू के पास अखनूर सेक्टर स्थित टांडा आर्टिलरी ब्रिगेड में सेना द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह समारोह नौवें सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया।
JAN 14, 2025 14:35 IST

असम में नौ करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, चार लोग गिरफ्तार

सम के कामरूप जिले में मंगलवार को नौ करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गई तथा इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को सूचना मिली थी कि मणिपुर के चुराचांदपुर जिले का एक परिवार एक वाहन में मादक पदार्थ रखकर हाजो और गोरेस्वर क्षेत्रों में तस्करों तक पहुंचाएगा।
JAN 14, 2025 14:35 IST

किन्नर अखाड़े ने समाज कल्याण की कामना कर किया अमृत स्नान

महाकुंभ 2025 के पहले अमृत स्नान के पावन अवसर पर किन्नर अखाड़ा आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना। आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की अगुवाई में किन्नर अखाड़े के सभी सदस्यों ने दोपहर में संगम पहुंचकर अमृत स्नान किया। महा संक्रांति के पर्व पर किन्नर अखाड़े ने समाज के कल्याण और उन्नति की कामना की।
JAN 14, 2025 14:34 IST

यूजीसी-नेट स्थगित करना सही फैसला: स्टालिन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि यूजीसी-राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) को स्थगित करना एक सही निर्णय है। मुख्यमंत्री ने तमिल त्योहारों के दिन परीक्षा निर्धारित करने की ‘प्रथा’ की आलोचना की। यहां ये परीक्षा 15 जनवरी को आयोजित होने वाली थी और अब परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर यूजीसी नेट परीक्षा पुनर्निर्धारित करने का अनुरोध किया था। यह एक सही निर्णय है कि परीक्षाएं अब स्थगित कर दी गई हैं। केंद्र सरकार के लिए तमिलनाडु के सांस्कृतिक त्योहारों के दिनों में प्रमुख परीक्षाओं की घोषणा करना एक प्रथा बन गई है, लेकिन राज्य के हस्तक्षेप के बाद उन्हें परीक्षा पुनर्निर्धारित करनी पड़ी है..।’’
JAN 14, 2025 14:34 IST

मध्य प्रदेश: मंदसौर में नशीली दवा बनाने वाली प्रयोगशाला का भंडाफोड़

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के एक सुनसान इलाके में एमडीएमए नाम की नशीली दवा बनाने वाली गुप्त प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने छापेमारी में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सीबीएन की राज्य इकाई के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर गरोठ तहसील के अंतर्गत खरखेड़ा गांव के समीप संतरों के एक बाग में छापा मारा और वहां गुप्त प्रयोगशाला संचालित होती पाई गई।
JAN 14, 2025 13:45 IST

भाजपा ने आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं करने के लिए आप की निंदा की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार पर आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं करके और दिल्ली में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के वास्ते 2,400 करोड़ रुपये स्वीकार नहीं करके राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित करने का आरोप लगाया। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने राजनीतिक कारणों से ‘आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना’ को रोका। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों ने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया था, लेकिन आप ने अब तक इस योजना को लागू नहीं किया है जबकि दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद इसे लागू किया जा सकता था।
JAN 14, 2025 13:12 IST

प्रधानमंत्री ने 'मिशन मौसम' की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर देश को प्रत्‍येक मौसम और जलवायु का सामना करने के लिए 'स्मार्ट राष्ट्र' बनाने के मकसद से 'मिशन मौसम' की शुरुआत की। राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में शिरकत करते हुए प्रधानमंत्री ने आईएमडी के 150वें स्थापना दिवस पर एक स्मारक सिक्का और मौसम संबंधी अनुकूलता और जलवायु परिवर्तन अनुकूलन के लिए आईएमडी विज़न-2047 दस्तावेज़ भी जारी किया। इसमें मौसम पूर्वानुमान, मौसम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन शमन की योजनाएं शामिल हैं।
JAN 14, 2025 13:11 IST

तमिलनाडु में यात्री ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतरा

पुडुचेरी जा रही एक एमईएमयू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का एक डिब्बा मंगलवार को विल्लुपुरम के पास पटरी से उतर गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक बड़ा हादसा टल गया क्योंकि लोको पायलट ने इसे देख लिया और तुरंत ट्रेन रोक दी। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और तीन घंटे के भीतर ट्रेनों की आवाजाही बहाल कर दी गयी।
JAN 14, 2025 13:09 IST

वी नारायणन ने इसरो प्रमुख के रूप में कामकाज संभाला

वी नारायणन ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने एस सोमनाथ की जगह यह पद संभाला है। इसरो ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रतिष्ठित वैज्ञानिक (शीर्ष ग्रेड) डॉ वी नारायणन ने 13 जनवरी, 2025 को अंतरिक्ष विभाग के सचिव, अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष और इसरो के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।’’ इससे पहले, नारायणन ने इसरो के ‘लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर’ (एलपीएससी) के निदेशक के रूप में कार्य किया, जो प्रक्षेपण यानों और अंतरिक्ष यानों की प्रणोदन प्रणालियों के विकास के लिए जिम्मेदार एक प्रमुख केंद्र है।
JAN 14, 2025 13:08 IST

2013 के बलात्कार मामले में आसाराम को अंतरिम जमानत दी

राजस्थान उच्च न्यायालय ने 2013 के बलात्कार मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे स्वयंभू संत आसाराम को मंगलवार को 31 मार्च तक अंतरिम जमानत दे दी। एक सप्ताह पहले उच्चतम न्यायालय ने बलात्कार के एक अन्य मामले में आसाराम को 31 मार्च तक जमानत दी थी और कहा था कि वह कई बीमारियों से ग्रस्त है और उसे उपचार की आवश्यकता है। शीर्ष अदालत द्वारा चिकित्सा आधार पर राहत दिए जाने के तुरंत बाद आसाराम के वकीलों ने उच्च न्यायालय में सजा निलंबित करने के लिए याचिका दायर की। न्यायमूर्ति दिनेश मेहता और न्यायमूर्ति विनीत कुमार माथुर की खंडपीठ ने आसाराम को अंतरिम जमानत प्रदान की, क्योंकि याचिका की प्रकृति सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिका के समान थी।
JAN 14, 2025 10:04 IST

'अवनियापुरम' जल्लीकट्टू शुरू

तमिलनाडु में पारंपरिक रूप से लोकप्रिय अवनियापुरम जल्लीकट्टू की मंगलवार को 'पोंगल' के अवसर पर मदुरै समेत विभिन्न स्थानों पर शुरुआत हुई। जल्लीकट्टू बैलों को काबू करने का एक पारंपरिक खेल है। इस बार सबसे बेहतर चुने गए बैल के मालिक को एक ट्रैक्टर मिलेगा जबकि बैल को सबसे अच्छे ढंग से प्रशिक्षित करने वाले को एक कार मिलेगी। जैसे ही चंदन से लिपे हुए बैल प्रवेश द्वार 'वादीवासल' से बाहर निकले, उत्साही युवकों ने एक के बाद एक बैल की कूबड़ को पकड़कर उन पर काबू पाने की पूरी कोशिश की।
JAN 14, 2025 10:04 IST

मकर संक्रांति पर अखाड़ों के साधु-संतों ने अमृत स्नान किया

मकर संक्रांति के अवसर पर विभिन्न अखाड़ों के साधु-संतों ने मंगलवार को महाकुम्भ मेले में अमृत स्नान किया। मकर संक्रांति पर सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़ा ने अमृत स्नान किया। पहला अमृत स्नान कई मायनों में खास है। यह सोमवार को पौष पूर्णिमा के अवसर पर संगम क्षेत्र में पहले बड़े ‘स्नान’ के एक दिन बाद हुआ। महाकुम्भ में विभिन्न संप्रदायों के संतों के 13 अखाड़े भाग ले रहे हैं।
JAN 14, 2025 09:18 IST

ईरान और यूरोप के तीन प्रमुख देशों के बीच परमाणु वार्ता फिर से शुरू करने पर सहमति

ईरान के एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा कि ईरान और तीन यूरोपीय शक्तियां फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी प्रतिबंधों को हटाने और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा फिर से शुरू करने पर सहमत हो गए हैं। ईरान के उप विदेश मंत्री काजम गरीबाबादी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह घोषणा की। जिनेवा में ईरान, तीन देशों और यूरोपीय संघ के बीच वार्ता का एक नया दौर शुरू हुआ। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, वार्ता में कई मुद्दों को शामिल किए जाने की उम्मीद है, जिसमें देश एक-दूसरे से कैसे संबंधित हैं, साथ ही क्षेत्र और दुनिया की समस्याओं पर भी चर्चा होगी। गरीबाबादी ने कहा कि वार्ता "गंभीर, स्पष्ट और रचनात्मक" थी, उन्होंने कहा कि इसमें प्रतिबंधों को हटाने और समझौते के लिए आवश्यक परमाणु मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
JAN 14, 2025 08:48 IST

गाजा में विस्फोट से पांच इजरायली सैनिकों की मौत

इजरायल की सेना ने बताया कि गाजा पट्टी के उत्तरी इलाके में एक इमारत में हुए धमाके से पांच सैनिक मारे गए और 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस धमाके से इमारत गिर गई, लेकिन इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। सेना ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।