
आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2025: पीएम मोदी ने 'मिशन मौसम' की शुरुआत की, तमिलनाडु में बेपटरी हुई यात्री ट्रेन
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 14 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर देश को प्रत्येक मौसम और जलवायु का सामना करने के लिए 'स्मार्ट राष्ट्र' बनाने के मकसद से 'मिशन मौसम' की शुरुआत की। राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में शिरकत करते हुए प्रधानमंत्री ने आईएमडी के 150वें स्थापना दिवस पर एक स्मारक सिक्का और मौसम संबंधी अनुकूलता और जलवायु परिवर्तन अनुकूलन के लिए आईएमडी विज़न-2047 दस्तावेज़ भी जारी किया। इसमें मौसम पूर्वानुमान, मौसम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन शमन की योजनाएं शामिल हैं। पुडुचेरी जा रही एक एमईएमयू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का एक डिब्बा मंगलवार को विल्लुपुरम के पास पटरी से उतर गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक बड़ा हादसा टल गया क्योंकि लोको पायलट ने इसे देख लिया और तुरंत ट्रेन रोक दी। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और तीन घंटे के भीतर ट्रेनों की आवाजाही बहाल कर दी गयी। इजरायल की सेना ने बताया कि गाजा पट्टी के उत्तरी इलाके में एक इमारत में हुए धमाके से पांच सैनिक मारे गए और 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस धमाके से इमारत गिर गई, लेकिन इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। सेना ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...