LIVE

आज की ताजा खबर 13 मई 2025: PM बोले दुनिया ने देखी भारतीय सेना की ताकत, जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़

हिंदी न्यूज़ लाइव, 13 मई 2025 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार: भारत के प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त हो जाएगा। फ जस्टिस के तौर पर उन्होंने कई अहम फैसले दिए। इसमें सेक्युलरिज्म को संविधान की मूल भावना करार देने से लेकर मंदिर-मस्जिद विवाद पर यथास्थिति से संबंधित फैसले शामिल हैं। जस्टिस खन्ना के रिटायरमेंट के बाद 14 मई को जस्टिस बीआर गवई देश के अगले CJI के तौर पर शपथ लेंगे। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने की संभावना जताई गई है। इस तरह आगामी दिनों में गर्मी बढ़ सकती है।

आलोक कुमार रावUpdated May 13, 2025, 15:44 IST
Follow on Google News
aaj ki taza khabar 13 may

आज की ताजा खबर 13 मई 2025: PM बोले दुनिया ने देखी भारतीय सेना की ताकत, जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़

हिंदी न्यूज़ लाइव, 13 मई 2025 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्र के नाम संबोधन की खूब चर्चा हो रही है। आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में उन्होंने नई लकीर खींच दी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर ऐलान कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ यदि कोई बातचीत होगी तो वह केवल आतंकवाद और पीओके पर होगी। सीमा पर तनाव घटाने के लिए सोमवार को भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने एक भी गोली न चलाने और एक-दूसरे के खिलाफ किसी भी प्रकार की आक्रामक या शत्रुतापूर्ण कार्रवाई न करने की प्रतिबद्धता को जारी रखने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। चर्चा के दौरान यह सहमति भी बनी कि दोनों पक्ष सीमा और फॉरवर्ड एरिया से सैनिकों की संख्या में तत्काल कमी सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।

MAY 13, 2025 15:44 IST

PM बोले दुनिया ने देखी भारतीय सेना की ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आदमपुर एयरबेस में एयर वॉरियर्स और जवानों का हौंसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को जमकर फटकार लगाई और कहा कि दुश्मन ने एयरफोर्स की ताकत देखी। इससे पहले पीएम मोदी आदमपुर एयरबेस में एयरफोर्स के उन जवानों से बातचीत की, जो पाकिस्तान के साथ हाल में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान कार्रवाई में शामिल थे। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘आज सुबह मैं एएफएस आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही खास अनुभव था। सशस्त्र बल हमारे देश के लिए जो भी करते हैं, उसके लिए भारत उनका सदा आभारी रहेगा।’’
MAY 13, 2025 14:48 IST

केरल: कन्नूर से पुलिस ने दो स्टील बम बरामद किए

उत्तरी केरल के कन्नूर जिले में पनुर के निकट मुलियाथोड में पुलिस ने मंगलवार को दो संदिग्ध स्टील बम बरामद किए। ये संदिग्ध बम उसी इलाके से बरामद किए गए जहां एक साल पहले देशी विस्फोटक बनाने के दौरान धमाका हो गया था और इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। पनुर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह भूमि के स्वामी को कथित विस्फोटकों के बारे में सूचना मिली और तुरंत बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा गया। भूस्वामी ने बताया कि संदिग्ध बमों को उसके भाई ने तब देखा जब वह कुछ श्रमिकों के साथ नारियल तोड़ने और वहां खेत की जमीन को साफ करने के लिए गया था।
MAY 13, 2025 14:09 IST

बंगाल की खाड़ी और निकोबार द्वीप पहुंचा मानसून

Monsoon reaches south Bay of Bengal- मानसून को लेकर मौसम विभाग ने नया अपडेट दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को दक्षिण बंगाल की खाड़ी, दक्षिण अंडमान सागर, निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी अंडमान सागर के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कहा कि पिछले दो दिनों में निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश हुई है। इस अवधि में दक्षिण बंगाल की खाड़ी, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर पर पश्चिमी हवाओं की ताकत और गहराई में वृद्धि हुई, हवा की गति समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर 20 समुद्री मील से अधिक थी और कुछ क्षेत्रों में 4.5 किमी तक बढ़ गई थी।
MAY 13, 2025 13:42 IST

जम्मू और कश्मीर- रामबन में चिनाब नदी पर बने बगलिहार जलविद्युत परियोजना बांध के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं।

MAY 13, 2025 12:51 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह वायुसेना स्टेशन आदमपुर पहुंचे। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया, आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है।

MAY 13, 2025 12:30 IST

विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे नागरिक उड्डयन मंत्री


नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू मंगलवार को विभिन्न एयरलाइन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर पिछले दिनों विमान परिचालन में अवरोध पैदा होने की पृष्ठभूमि में यह बैठक हो रही है। भारत और पाकिस्तान ने शनिवार को भूमि, वायु और समुद्र में गोलीबारी और अन्य सभी सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनने की घोषणा की थी। सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय मंत्री विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक के एजेंडे के बारे में विशिष्ट जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए और देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कम से कम 32 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इन हवाई अड्डों को सोमवार को नागरिक उड़ानों के लिए फिर से खोल दिया गया।
MAY 13, 2025 12:00 IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सेनाधिकारियों के साथ बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और देश के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार को पाकिस्तान के साथ सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की। बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा स्थिति और संबंधित मुद्दों की समीक्षा की गई।
MAY 13, 2025 11:48 IST

CBSE Class 12th Result 2025 Declared: जारी हुआ सीबीएसई 12वीं का परिणाम, 88.39 प्रतिशत रहा रिजल्ट

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सीबीएसई 12वीं रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार का रिजल्‍ट 88.39 प्रतिशत रहा। इन रिजल्ट की घोषणा आज 13 मई को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in, results.cbse.nic.in पर की गई, उम्मीदवार या छात्र यहां खबर में दिए डायरेक्ट लिंक से cbse class 10th 12th result 2025 check कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए cbse class 12th result 2025 Roll Number की जरूरत होगी।
MAY 13, 2025 11:24 IST

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों से मुठभेड़

Encounter In Shopian: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दक्षिण कश्मीर जिले के शुकरू केलर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एक विशेष इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने वहां घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी जारी है, उन्होंने कहा कि अभी तक दोनों पक्षों में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
MAY 13, 2025 10:48 IST

जल विवाद: पंजाब सरकार ने उच्च न्यायालय के छह मई के आदेश की समीक्षा का अनुरोध किया

पंजाब सरकार ने हरियाणा एवं पंजाब उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर हरियाणा के लिए 4,500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने के केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन के निर्णय से संबंधित अदालत के आदेश की समीक्षा या उसमें संशोधन करने का अनुरोध किया है। उच्च न्यायालय ने पंजाब को केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में दो मई को हुई बैठक के निर्णय का पालन करने का छह मई को निर्देश दिया था। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें हरियाणा की तत्काल जल समस्या से निपटने के लिए भाखड़ा बांध से उसे अगले आठ दिन के लिए 4,500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने के भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के निर्णय को क्रियान्वित करने की सलाह दी गई। पंजाब ने अपनी याचिका में आपत्ति जताई कि केंद्रीय गृह सचिव पानी छोड़ने पर निर्णय लेने के लिए उपयुक्त प्राधिकारी नहीं हैं।
MAY 13, 2025 10:20 IST

फिलीपीन में छुट्टियां मनाने गए महाराष्ट्र के दपंति की सड़क दुर्घटना में मौत

फिलीपीन में छुट्टियां मनाने गए महाराष्ट्र के एक दंपति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। चर्च के पदाधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पालघर जिले के वसई में सेंट थॉमस चर्च के मुख्य पादरी ने बताया कि घटना 10 मई को फिलीपीन के बाडियान की है जब दोपहिया वाहन पर सवार जेराल्ड परेरा (50) और उनकी पत्नी प्रिया (46) को एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिसके बाद वे बिजली के खंभे से जा टकराए।
उन्होंने बताया कि परेरा दंपति वसई के सांडोर इलाके में रहते थे। प्रिया की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं जेराल्ड को गंभीर अवस्था में फिलीपीन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दंपति के परिवार में उनका बेटा और बेटी हैं। चर्च के पदाधिकारियों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
MAY 13, 2025 09:59 IST

विक्रम मिसरी संसदीय समिति को देंगे पाकिस्तान संबंधी मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी

विदेश सचिव विक्रम मिसरी संसद की विदेश मामलों की स्थायी समिति को पाकिस्तान संबंधी मौजूदा स्थिति के बारे में 19 मई को जानकारी देंगे। समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बताया कि मिसरी समिति को पाकिस्तान संबंधी घटनाक्रम के बारे में सोमवार को जानकारी देंगे। भारत द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी स्थलों पर किए गए हमलों, उसके बाद दोनों देशों के बीच हुई सैन्य कार्रवाई और फिर कार्रवाई बंद करने पर बनी सहमति के संबंध में समिति को जानकारी दी जाएगी। मिसरी समिति को विदेश मामलों के विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से जानकारी देते रहे हैं, जिनमें बांग्लादेश और कनाडा जैसे पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंधों से जुड़े घटनाक्रम की भी जानकारी शामिल है।
MAY 13, 2025 09:29 IST

अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 14 की मौत, जानिए प्रशासन ने क्या कहा

MAY 13, 2025 09:23 IST

अमृतसर में नकली शराब पीने से 14 लोगों की मौत

नकली शराब पीने से कई लोगों की मौत पर SSP मनिंदर सिंह ने बताया, हमें कल रात सूचना मिली की नकली शराब पीने से यहां लोगों की मौत हो रही है। तुरंत कार्रवाई करते हुए हमने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में हमने मेन सप्लायर परबजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है... हम छानबीन कर रहे हैं कि कहां-कहां से शराब मंगाई गई है। हम पूरे तंत्र को खत्म कर देंगे। सरकार की ओर से हमें निर्देश हैं कि नकली शराब का सेवन कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। हमने 2 एफआईआर दर्ज की है। अब 14 लोगों की मौत हो गई है, 6 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
MAY 13, 2025 09:19 IST

ट्रंप के दावों की निकली हवा

Trump's Claim On India-Pak Ceasefire: भारत-पाकिस्तान सीजफायर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा श्रेय लेने की कोशिशों ने कई कयासों को जन्म दे दिया है। ट्रंप ने जिस अंदाज में सीजफायर का श्रेय लेने की कोशिश की है, उस पर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या इसके लिए ट्रंप ने किसी तरह के व्यापार की पेशकश भी की थी, ये भी बड़ा सवाल बनकर उभरा है। ट्रंप ने अपने ट्वीट में भारत-पाक के साथ व्यापार बढ़ाने का भी जिक्र किया था। एएनआई के मुताबिक, सूत्रों के अनुसार, भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे का तुरंत खंडन किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष खत्म करने में व्यापार भी एक कारक था। ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने 9 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की थी। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने 8 और 10 मई को विदेश मंत्री एस जयशंकर से और 10 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बात की। सूत्रों ने सोमवार को पुष्टि कीइस दौरान व्यापार पर कोई चर्चा नहीं हुई।
MAY 13, 2025 09:04 IST

अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत

अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई है। 5 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
MAY 13, 2025 08:56 IST

संभल शाही जामा मस्जिद मामले में आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई

संभल शाही जामा मस्जिद मामले में आज इलाहाबाद हाईकोर्ट करेगा सुनवाई होगी। मस्जिद कमेटी आज अपना रिजॉइंडर एफिडेविट दाखिल करेगी। निचली अदालत के सर्वे आदेश को चुनौती दी गई है। आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगाई हुई है। हाईकोर्ट को ये तय करना है कि मस्जिद कमेटी की याचिका सुनने योग्य है कि नहीं। जस्टिस रोहित रंजन अग्रवाल की सिंगल बेंच मामले में सुनवाई कर रही है।
MAY 13, 2025 08:24 IST

इंडिगो ने 13 मई के लिए अमृतसर और पांच अन्य स्थानों की उड़ानें रद्द कीं

इंडिगो ने 13 मई के लिए जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, लेह, श्रीनगर और राजकोट आने-जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। विमानन कंपनी ने सोमवार रात 11 बजकर 38 मिनट पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, नवीनतम घटनाक्रम के मद्देनजर और आपकी सुरक्षा को हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए, जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, लेह, श्रीनगर और राजकोट से आने-जाने वाली उड़ानें 13 मई 2025 के लिए रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसकी टीम सक्रियता से स्थिति पर नजर रख रही हैं। ये छह हवाई अड्डे उन हवाई अड्डों में शामिल हैं जिन्हें भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर अस्थायी रूप से बंद करने के बाद सोमवार को नागरिक उड़ानों के लिए पुनः खोल दिया गया था।
MAY 13, 2025 08:22 IST

विदेश मामलों की संसदीय समिति को दी जाएगी भारत-पाक स्थिति की जानकारी

विदेश सचिव 19 मई को विदेश मामलों की संसदीय समिति को पाकिस्तान के साथ वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी देंगे: पैनल के अध्यक्ष शशि थरूर।
MAY 13, 2025 07:53 IST

असम पंचायत चुनाव: भाजपा सभी पंचायत निकायों में आगे

Assam panchayat Polls Result: असम में कड़ी सुरक्षा के बीच लगातार मतगणना जारी रहने के साथ भाजपा सभी पंचायत निकायों में आगे चल रही है। निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद पहली बार असम के 27 जिलों में 2 और 7 मई को दो चरणों में पंचायत चुनाव हुए थे। दोनों चरणों के लिए मतपत्रों से डाले गए मतों की गिनती रविवार को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। असम राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने आंचलिक पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों के 242 सदस्यों पर जीत हासिल की है, जबकि इसकी सहयोगी असम गण परिषद (AGP) ने अब तक 30 सीटें हासिल की हैं। विपक्षी कांग्रेस ने 34 सीटों पर कब्जा किया है, जिसमें से एक-एक सीट रायजोर दल और एआईयूडीएफ ने जीती है और 14 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं।