आज की ताजा खबर, 13 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नोएडा में विरोध प्रदर्शन, भारी जाम...अखिलेश यादव ने BJP को घेरा, अमेरिका कर रहा ईरान की नाकेबंदी, वृंदावन नौका हादसा
आज की ताजा खबर लाइव, 13 अप्रैल 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ होर्मुज जलडमरूमध्य, ईरान युद्ध न्यूज, नोएडा हड़ताल को लेकर ट्रैफिक जाम के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: इस्लामाबाद में संघर्ष-विराम वार्ता विफल होने के बाद, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ एक व्यापक समुद्री कार्रवाई की घोषणा की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस्लामाबाद में ईरान के साथ उच्च-स्तरीय वार्ता किसी समझौते के बिना समाप्त होने के बाद, अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य से आने-जाने वाले जहाजों की नाकेबंदी तुरंत शुरू कर देगी। वहीं, ईरान ने कहा कि उसका सेना का होर्मुज पर पूरा नियंत्रण। इसके अलावा ईरान वार्ता के बीच पाकिस्तान के PM और सेना प्रमुख की ट्रंप ने फिर से तारीफ की है और उन्हें Extraordinary men बताया। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें
आज की ताजा खबर, 13 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नोएडा में विरोध प्रदर्शन, भारी जाम...अखिलेश यादव ने BJP को घेरा, अमेरिका कर रहा ईरान की नाकेबंदी, वृंदावन नौका हादसा
पश्चिम एशिया संकट के बीच रूसी विदेश मंत्री मंगलवार को दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे चीन
गुजरात के वापी में लिफ्ट हादसे में बुजुर्ग की मौत
घटना का खुलासा दो दिन बाद उस समय हुआ जब आसपास बदबू फैलने लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज में हादसे की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
ट्रक की चपेट में आने से लड़की की मौत, चालक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, यह मामला शनिवार रात पटेल नगर इलाके में हुई एक सड़क दुर्घटना से संबंधित है, जहां रात करीब 9.30 बजे शादीपुर डिपो के पास 11 वर्षीय लड़की को एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया था कि इस घटना में शामिल वाहन एक बस थी और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हालांकि, गहन जांच से पता चला है कि वाहन एक ट्रक था। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।
होर्मुज खुलवाने को UK के साथ 40 देश
नोएडा में हिंसा भड़काने वाले तत्वों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई : पुलिस महानिदेशक
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने कहा कि नोएडा में हिंसा भड़काने और अशांति फैलाने में शामिल ’उकसाने वाले तत्वों’ और ’बाहरी तत्वों’ का पता लगाया जा रहा है।
कृष्ण ने कहा, ’’ऐसे तत्वों की पहचान हो जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
अधिकारियों ने बताया कि डीजीपी, अपर महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अमिताभ यश सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष से नोएडा की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
डीजीपी का यह बयान नोएडा के कुछ हिस्सों में दिन की शुरुआत में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में आया है।
वेतन में वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया और उन्होंने कई जगहों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, सूरजपुर, नॉलेज पार्क क्षेत्र, दादरी क्षेत्र और ईकोटेक- प्रथम के औद्योगिक क्षेत्र में सुबह से ही मजदूरों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कई जगह पर श्रमिकों ने रास्ता जाम किया और अनेक स्थानों पर श्रमिकों ने उग्र होकर पुलिस पर पथराव किया और कुछ कारों में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि कारखानों में तोड़फोड़ की भी खबर है जिसके बाद पुलिस को उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट के तहत आने वाले सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
सपा, कांग्रेस ने वेतन को लेकर नोएडा में हुई हिंसा के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया
सपा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की ’एकतरफा नीति’ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों का पक्ष लेती है जबकि वेतनभोगी कर्मचारियों और मज़दूरों की उपेक्षा करती है।
यादव ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’नोएडा में वेतन बढ़ाने को लेकर उग्र हुए आंदोलन का कारण भाजपा सरकार की वह एकतरफ़ा नीति है जो पूंजीपतियों का पोषण करती है लेकिन सामान्य काम करने वाले कर्मचारियों और वेतनभोगी श्रमिकों-मजदूरों का शोषण करती है।’’
यादव ने इसी संदेश में आगे कहा, ’’भाजपाई चंदा देने वालो पूंजीपतियों के एटीएम में तो पैसे भरते जा रहे हैं, लेकिन श्रमिकों-मजदूरों के वेतन के लिए इनके एटीएम खाली हैं। बेतहाशा महंगाई के इस दौर में कम वेतन में घर चलाना कितना मुश्किल है, यह एक परिवारवाला ही समझ सकता है।वेतनभोगी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!’’
नोएडा में हुई हिंसा पर कांग्रेस ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’नोएडा में ’मदरसन’ कंपनी के बाहर की तस्वीरें विचलित करने वाली हैं। जब महंगाई कमर तोड़ रही हो और वेतन के नाम पर मजदूरों का शोषण हो रहा है,तो युवा सड़क पर उतरने को मजबूर होगा ही।’’
उन्होंने इसी पोस्ट में आगे कहा, ’’योगी जी, भारी भरकम विज्ञापनों से पेट नहीं भरता! पुलिस के आंसू गैस के गोले भूखे पेट का जवाब नहीं हो सकते। मजदूरों की जायज मांगों को अनसुना करना बंद करिए और दमन की जगह समाधान निकालिए।’’
ईरान ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में बंदरगाहों को धमकी दी
’इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग’ (आईआरआईबी) के अनुसार, ’’फारस की खाड़ी और ओमान सागर में सुरक्षा या तो सभी के लिए होगी या किसी के लिए भी नहीं।’’
ईरानी सेना ने कहा, ’’इस क्षेत्र का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।’’
वृंदावन नौका हादसा : दो और शव बरामद, मृतक संख्या बढ़कर 15 हुई
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सोमवार को तलाश अभियान के दौरान मोनिका नामक महिला का शव मथुरा के बंगाली घाट क्षेत्र में पानी पर उतराता पाया गया।
उन्होंने बताया कि एक और शव वृन्दावन में ही देवरहा बाबा घाट के पास नदी में पाया गया, जिसकी पहचान यश उर्फ युवराज भल्ला (22) के रूप में हुई है।
रावत ने बताया कि हादसे से कुछ ही मिनट पूर्व के एक वीडियो में यश भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं के साथ ढोल बजाता दिख रहा है।
उन्होंने बताया कि अब केवल पंकज मल्होत्रा नामक व्यक्ति ही लापता है क्योंकि वह भी उसी नाव में सवार था, जो शुक्रवार दोपहर हादसे का शिकार हुई थी।
रावत ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) व प्रांतीय आपदा निवारण बल (एसडीआरएफ) की कुल 10 टीमें, प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) के गोताखोरों की 6 टीमों सहित पुलिस, अग्निशमन विभाग व स्थानीय गोताखोरों के लगभग 250 लोग हादसे में लापता हुए लोगों की तलाश के लिए अभियान में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि अब अंतिम लापता व्यक्ति पंकज मल्होत्रा की तलाश पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा।
असम सरकार ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की अग्रिम जमानत के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर की
यह याचिका रविवार को अधिवक्ता शुवोदीप रॉय के माध्यम से दायर की गई थी और इस सप्ताह इस पर सुनवाई होने की संभावना है।
उच्च न्यायालय ने 10 अप्रैल को खेड़ा को एक सप्ताह की अग्रिम जमानत दी थी।
उच्च न्यायालय ने उन्हें संबंधित न्यायालय में आवेदन दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया और कुछ शर्तों के साथ राहत प्रदान की।
कांग्रेस नेता ने पांच अप्रैल को आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेशों में संपत्तियां हैं, जिनका खुलासा राज्य में नौ अप्रैल के विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया।
खेड़ा के खिलाफ गुवाहाटी अपराध शाखा के पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिनमें धारा 175 (चुनाव से संबंधित झूठा बयान), धारा 35 (निजी रक्षा का अधिकार) और धारा 318 (धोखाधड़ी) शामिल हैं।
खेड़ा ने सात अप्रैल को उच्च न्यायालय में याचिका दायर की और हैदराबाद में अपना आवासीय पता बताया। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि गिरफ्तारी की स्थिति में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया जाए।
उप्र:गांव में आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर हमला, उपनिरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने सोमवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि थाना मदनापुर अंतर्गत पंखिया खेड़ा गांव में रहने वाले राजिस खान के खिलाफ एक मामले में न्यायालय ने वारंट जारी किया था, लेकिन वह न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था ।
उन्होंने कहा कि इसी कारण उसे पकड़ने पुलिस उसके गांव शनिवार रात में गई थी। दीक्षित ने कहा कि पुलिसकर्मी जब उसके घर पहुंचे तो आरोपी तथा उसके घर की महिलाओं ने पुलिस बल पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस हमले में उपनिरीक्षक मोहित अधाना तथा सिपाही बालेश्वर घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि आरोपी खान के पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियार से हमला करने के बावजूद उसे पकड़ लिया गया।
दीक्षित ने बताया कि आरोपी राजिस खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तार किया गया और विधिक कार्यवाही के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
उच्चतम न्यायालय ने MSP से संबंधित याचिका पर केंद्र और अन्य को नोटिस भेजा
भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने केंद्र और कृषि लागत एवं मूल्य आयोग समेत अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर याचिका पर उनका जवाब मांगा।
याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने कहा कि यह याचिका देश के किसानों से जुड़े एक बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाती है।
याचिका में अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि वे खेती की वास्तविक लागत के आधार पर तय एमएसपी के तहत अधिसूचित सभी फसलों की पूरी खरीद सुनिश्चित करें।
याचिका में यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया है कि जो किसान अपनी फसल एमएसपी पर बेचना चाहते हैं, उनकी फसलों की पूर्ण खरीद सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
नोएडा प्रदर्शन पर अखिलेश यादव ने क्या कहा?
Noida Protest: नोएडा में हिंसक हुआ प्रदर्शन, क्यों सुलगी विरोध प्रदर्शन की आग, क्या हैं कर्मचारियों की मांगें?
आईपीएल लाइव हिंदी न्यूज़:बुमराह के चार ओवरों से आगे के बारे में भी सोचे मुंबई इंडियंस: डुप्लेसी
मुंबई इंडियंस हमेशा धीमी शुरुआत करता है। इस बार उसने टूर्नामेंट का पहला मैच जीता लेकिन इसके बाद वह लगातार तीन मैच हार चुका है।
रविवार को यहां खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने उसके खिलाफ चार विकेट पर 240 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम पांच विकेट पर 222 रन ही बना पाई।
तेज गेंदबाज बुमराह उसके लिए तुरुप का इक्का हैं, लेकिन चार मैचों में उन्हें अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है। डुप्लेसी का मानना है कि मुंबई इंडियंस को बुमराह के चार ओवरों से आगे के बारे में सोचना होगा और साथ ही अपने इस तेज गेंदबाज का विवेकपूर्ण उपयोग करना होगा।
डुप्लेसी ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ’’विशेषकर बड़े स्कोर वाले मैच में आपको यह आकलन करना होगा कि बुमराह के चार ओवरों को छोड़कर बाकी गेंदबाज कितना रन दे रहे हैं। बुमराह आमतौर पर बहुत किफायती होते हैं। मुंबई इंडियंस को इस समस्या का समाधान करना होगा।’’
उन्होंने कहा, ’मुंबई इंडियंस को बुमराह का महत्वपूर्ण मौकों पर उपयोग करके उनकी क्षमता का पूरा फायदा उठाना होगा, लेकिन मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के दबदबे को देखते हुए यह आसान नहीं होगा। उन्हें अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।’’
क्यूबा के राष्ट्रपति की अमेरिका को चेतावनी
एनबीसी न्यूज के ’मीट द प्रेस’ कार्यक्रम को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि क्यूबा पर किसी भी तरह का आक्रमण महंगा साबित होगा और क्षेत्रीय सुरक्षा को प्रभावित करेगा। डियाज़-कैनेल ने कहा कि हालांकि, यदि ऐसा होता है तो क्यूबा के लोग अपना बचाव करेंगे।
डियाज़-कैनेल ने कहा, "यदि वह समय आता है, तो मुझे नहीं लगता कि अमेरिका के पास क्यूबा के खिलाफ सैन्य आक्रमण शुरू करने या किसी ’सर्जिकल ऑपरेशन’ अथवा राष्ट्रपति के अपहरण का कोई औचित्य होगा।"
उन्होंने कहा, "यदि ऐसा होता है तो लड़ाई होगी, संघर्ष होगा और हम अपना बचाव करेंगे। जरूरत पड़ी तो हम मरेंगे भी, क्योंकि हमारे राष्ट्रगान में कहा गया है कि ’वतन के लिए मरना ही जीना है।’"
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब दोनों देशों के बीच बातचीत की पुष्टि के बावजूद तनाव बना हुआ है, हालांकि बातचीत के ब्योरे सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
नोएडा लाइव हिंदी न्यूज़ : दो स्कूल बस आपस में टकराई, सात बच्चे और चालक घायल
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई हालांकि छह वर्षीय एक लड़की का अब भी इलाज किया जा रहा है।
दादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रामाज्ञा स्कूल की बस की, सोमवार सुबह विद्यार्थियों को लेकर जा रही जीसस मैरी स्कूल की बस से टक्कर हो गई।
