LIVE

आज की ताजा खबर, 11 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, थाईलैंड से किया जाएगा डिपोर्ट

अमित कुमार मंडलUpdated Dec 11, 2025, 15:25 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [संसद का शीतकालीन सत्र], [इंडिगो संकट] [ट्रंप गोल्ड कार्ड ] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: इंडिगो का संकट बदस्तूर जारी है और देश के एयरपोर्ट पर यात्री बेहद परेशान हैं। बुधवार 10 दिसंबर को करीब 200 उड़ानें रद्द हुईं। उधर, संसद का शीतकालीन सत्र जारी है और लोकसभा में बुधवार को भी चुनाव सुधार पर अहम चर्चा हुई। आज भी दोनों सदनों में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। विदेशी प्रतिभाओं को रोकने के उद्देश्य से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 'गोल्ड कार्ड' वीजा शुरू किया है। व्हाइट हाउस ने नागरिकता के इस नए रास्ते के लिए ऑनलाइन आवेदन लेना शुरू कर दिया है, जिसे राष्ट्रपति ट्रंप ने विदेशी छात्रों को नौकरी देने की इच्छुक अमेरिकी कंपनियों के लिए एक उपयोगी साधन के रूप में पेश किया है। वहीं, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी से बात की और दोनों नेता बहुत जल्द मिलने पर सहमत हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में नेतन्याहू और मोदी के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा, इस बातचीत के अंत में, दोनों नेता बहुत जल्द मिलने पर सहमत हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कीव की आलोचना तेज करते हुए कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की को युद्ध के बारे में यथार्थवादी होना होगा और यूक्रेन के अगले चुनाव कब कराने की योजना है, इस पर सवाल उठाया। ट्रंप की ये टिप्पणियां फ्रांस, जर्मनी और यूनाइटेड किंगडम के नेताओं के साथ उनकी अलग-अलग फोन पर हुई बातचीत के बाद आईं। जानें आज की अहम खबरें...

आज की ताजा खबर, 11 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, थाईलैंड से किया जाएगा डिपोर्ट
आज की ताजा खबर, 11 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, थाईलैंड से किया जाएगा डिपोर्ट

  • देश में इंडिगो का संकट अब भी जारी
  • अमेरिका में ट्रंप गोल्ड कार्ड योजना लॉन्च
  • डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेस्की की आलोचना की
  • नेतन्याहू और पीएम मोदी की मुलाकात बहुत जल्द

DEC 11, 2025 15:25 IST

बंगाल में कांग्रेस 20 दिसंबर को करेगी संविधान का ‘सार्वजनिक पाठ'

कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि 20 दिसंबर को यहां धर्मतला इलाके में संविधान का ‘सार्वजनिक पाठ’ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘सहस्र कोंटेय संगबिधान पाठ’ (हजारों स्वरों में संविधान का पाठ) पहल का मकसद नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों के बारे में जन- जागरूकता बढ़ाना है। सरकार ने यहां प्रेसवार्ता में कहा, 20 दिसंबर को दोपहर करीब एक बजे, रानी रासमणि रोड पर 100 लोग संविधान पढ़ेंगे। इस कार्यक्रम में सभी समुदायों, धर्मों, जातियों और पंथों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा, संविधान हर नागरिक को उसके मौलिक अधिकार देता है। सरकार ने यह भी कहा कि ‘सार्वजनिक पाठ’ संवैधानिक सुरक्षा उपायों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों का एक प्रतीकात्मक दावा है।
DEC 11, 2025 14:55 IST

अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान के लिए उन्नत तकनीक बेचने को मंजूरी दी

अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमानों के लिए उन्नत तकनीक और सहायता बेचने को मंजूरी दे दी है, जिसका मूल्य 68.6 करोड़ डॉलर है। बृहस्पतिवार को ‘डॉन’ अखबार की खबर के मुताबिक, अमेरिकी रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी (डीएससीए) ने सोमवार को संसद को भेजे गए एक पत्र में इस बिक्री को मंजूरी दी है। इस पैकेज में लिंक-16 सिस्टम, क्रिप्टोग्राफिक उपकरण, एवियोनिक्स अपडेट, प्रशिक्षण और व्यापक साजोसामान संबंधी सहायता शामिल है। डीएससीए के पत्र में इस बिक्री का कारण स्पष्ट किया गया है। इसमें कहा गया है कि यह कदम अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों का समर्थन करेगा, क्योंकि इससे पाकिस्तान को आतंकवाद-रोधी अभियानों और भविष्य की आकस्मिक परिस्थितियों की तैयारी में अमेरिकी और साझेदार बलों के साथ अंतर-परिचालन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
DEC 11, 2025 14:15 IST

राज्यसभा में नड्डा का बयान: कांग्रेस ने वंदे मातरम को उचित सम्मान नहीं दिया

केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को विपक्षी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और पार्टी पर अवसरवादी होने और राष्ट्रगान वंदे मातरम को उचित सम्मान न देने का आरोप लगाया। राज्यसभा में वंदे मातरम पर बहस समाप्त करते हुए नड्डा ने जोर देकर कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की छवि धूमिल नहीं करना चाहती और उसका एकमात्र उद्देश्य ऐतिहासिक तथ्यों को सही करना है। उन्होंने कहा, "वंदे मातरम को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे... उस समय सत्ता में रहे लोग (सरकार) इसके लिए जिम्मेदार थे।
सदन के नेता नड्डा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से अवसरवादी रही है और जब भी पार्टी को अनुकूल लगता है, नेहरू युग का हवाला देकर श्रेय लेती है।
DEC 11, 2025 13:59 IST

एलजेपी (आर) की लोकसभा सांसद शम्भावी चौधरी ने आज संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और बिहार में एनडीए की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी और राज्य के विकास पर चर्चा की।

DEC 11, 2025 13:53 IST

मनसे प्रमुख राज ठाकरे 2008 के दंगा मामले में ठाणे की अदालत में पेश हुए

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे बृहस्पतिवार को 2008 के दंगा मामले में ठाणे जिले की एक अदालत में पेश हुए और खुद को निर्दोष बताया। उनके वकील ने यह जानकारी दी। जब मनसे अध्यक्ष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ए वी कुलकर्णी के सामने पेश हुए तो बड़ी संख्या में उनके समर्थक बाहर जमा हो गए। अदालत ने 19 अक्टूबर, 2008 को उम्मीदवारों तथा पुलिसकर्मियों पर हमले तथा दंगे की घटना के सिलसिले में राज ठाकरे और उनकी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप तय किए हैं। जब मजिस्ट्रेट ने ठाकरे से पूछा कि क्या वह आरोपों को स्वीकार करते हैं, तो उन्होंने आरोप स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनके वकील राजेंद्र शिरोडकर ने बताया कि अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को तय की है। उन्होंने कहा कि मनसे प्रमुख निर्देश मिलते ही अदालती कार्यवाही में उपस्थित रहेंगे। ठाकरे के सुनवाई के लिए पहुंचने पर अदालत परिसर में भारी भीड़ जमा हो गयी और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
DEC 11, 2025 12:23 IST

यूपी में दो हफ्ते के लिए बढ़ सकती है SIR की डेट

यूपी में दो हफ्ते के लिए बढ़ सकती है SIR की डेट। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ECI से किया है अनुरोध। आज जारी हो सकता है यूपी में SIR बढ़ाने का आदेश। कल ही पश्चिम बंगाल में बढ़ाई गई है SIR की डेट
DEC 11, 2025 11:50 IST

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा-उनसे बहुत कुछ सीखा

भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की गुरुवार को जयंती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के नेताओं ने उनकी जयंती पर याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "प्रणब मुखर्जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। एक महान राजनेता और बहुत गहराई वाले विद्वान। उन्होंने दशकों तक सार्वजनिक जीवन में बिना किसी रुकावट के भारत की सेवा की। प्रणब बाबू की बुद्धि और विचारों की स्पष्टता ने हर कदम पर हमारे लोकतंत्र को समृद्ध किया। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि इतने सालों तक हमारी बातचीत में मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला।" केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। जनता की सेवा के लिए समर्पित एक नेता, मुखर्जी की संविधान की गहरी समझ ने सरकारी पदों पर उनके कार्यकाल को परिभाषित किया। उनका जीवन और काम हमारी लोकतांत्रिक यात्रा को प्रेरित करते रहेंगे।"
DEC 11, 2025 11:41 IST

अमेरिका में पढ़ाई करने के बाद छात्रों का वापस भारत और चीन जाना 'शर्मनाक' : ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि भारत और चीन जैसे देशों के छात्रों को अमेरिका के शीर्ष विश्वविद्यालयों से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने गृह देशों में वापस जाना शर्मनाक है। ट्रंप ने दावा किया कि 'ट्रंप गोल्ड कार्ड' योजना कंपनियों को देश में इस तरह की प्रतिभाओं को नियुक्त करने और बनाए रखने में सक्षम बनाएगी। उन्होंने बुधवार को दस लाख डॉलर की 'ट्रंप गोल्ड कार्ड' योजना शुरु करने की घोषणा की। यह एक वीजा कार्यक्रम है, जो अप्रवासियों को अमेरिकी नागरिकता प्राप्त करने का मार्ग प्रदान करेगा। 'ट्रंप गोल्ड कार्ड' एक ऐसा वीजा है जो अमेरिका को पर्याप्त लाभ प्रदान करने की किसी व्यक्ति की क्षमता पर आधारित है। व्हाइट हाउस में एक बैठक में ट्रंप ने कहा, किसी महान व्यक्ति का हमारे देश में आना एक उपहार के समान है, क्योंकि हमें लगता है कि ये कुछ ऐसे असाधारण लोग होंगे जिन्हें यहां रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कॉलेज से स्नातक करने के बाद, उन्हें भारत वापस जाना पड़ता है, उन्हें चीन वापस जाना पड़ता है, उन्हें फ्रांस वापस जाना पड़ता है। उन्हें वापस वहीं जाना पड़ता है, जहां से वे आए थे। वहां रुकना बहुत मुश्किल है। यह शर्मनाक है। यह एक हास्यास्पद बात है। हम इस पर ध्यान दे रहे हैं।
DEC 11, 2025 11:04 IST

उत्तरी गोवा के नाइटक्लब, होटलों, अन्य पर्यटक प्रतिष्ठानों में आतिशबाजी पर रोक लगाई गई

उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के कुछ दिनों बाद जिला प्रशासन ने पर्यटन स्थलों के अंदर आतिशबाजी, फुलझड़ियों और अग्नि क्रीड़ा के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। उत्तरी गोवा जिला प्रशासन ने छह दिसंबर की आधी रात के आसपास अरपोरा स्थित नाइट क्लब में आग लगने की घटना के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर बुधवार शाम को यह आदेश जारी किया। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया गया है, जिसमें पर्यटन स्थलों के अंदर आतिशबाजी, फुलझड़ियों, अग्नि क्रीड़ा के उपकरणों, धुआं उत्पन्न करने वाले यंत्रों और इसी तरह के आग/धुआं पैदा करने वाले उपकरणों के उपयोग पर रोक लगाई गई है। आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध उत्तरी गोवा के सभी नाइटक्लब, बार और रेस्त्रां, होटल, गेस्टहाउस, रिसॉर्ट, समुद्र तटों पर बने अस्थायी ढांचों, अस्थायी संरचनाओं, कार्यक्रम स्थलों और मनोरंजन प्रतिष्ठानों पर लागू होता है।
DEC 11, 2025 10:40 IST

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की

भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य में होने वाले नगर निगम चुनाव से पहले संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चव्हाण ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में शाह के साथ देर रात बैठक की। इस दौरान उन्होंने शाह को राज्य में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख का यह दौरा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच चुनाव तैयारियों को लेकर हुई चर्चा के बाद हुआ। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान शाह को फडणवीस और शिंदे के बीच हुई चर्चा की संक्षिप्त जानकारी दी गई। भाजपा के स्थानीय निकाय चुनाव प्रभारी चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि सत्तारूढ़ महायुति के घटक दल - भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
DEC 11, 2025 10:18 IST

ईडी, एटीएस ने संदिग्ध आतंकी वित्तपोषण के संबंध में ठाणे में छापेमारी की

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने संदिग्ध आतंकी वित्तपोषण के संबंध में बृहस्पतिवार को ठाणे जिले के पडघा में संयुक्त रूप से छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के से ही भिवंडी क्षेत्र के पडघा में तलाशी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि पडघा के बोरीवली गांव में एटीएस द्वारा पहले चलाए गए कुछ अभियानों के आधार पर ही यह कार्रवाई की गयी है। अधिकारी ने बताया कि कई संदिग्धों के आवासों की तलाशी ली जा रही है और ईडी धन के संदिग्ध लेनदेन के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि एटीएस संघीय एजेंसी के जांचकर्ताओं की सहायता कर रही है। इस साल जून में एटीएस ने ठाणे ग्रामीण पुलिस के साथ मिलकर पडघा के बोरीवली में ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया’ (सिमी) के पूर्व पदाधिकारी साकिब नाचन और प्रतिबंधित संगठन के अन्य संदिग्ध सदस्यों व समर्थकों सहित 22 लोगों के आवासों पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था।
DEC 11, 2025 09:52 IST

भारत-अमेरिका संबंधों में पाकिस्तान बना चुनौती- ध्रुव जयशंकर

ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन अमेरिका के कार्यकारी निदेशक ध्रुव जयशंकर ने कहा है कि भारत-अमेरिका संबंधों में प्रमुख चुनौतियों में से एक पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व के साथ वॉशिंगटन की दोबारा सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने ये टिप्पणियां सदन की विदेश मामलों की दक्षिण और मध्य एशिया उपसमिति की "अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी: एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित करना" शीर्षक वाली सुनवाई में कीं। इस दौरान ध्रुव जयशंकर ने बताया कि किस तरह अमेरिका की पाकिस्तान के साथ साझेदारी ने भारत के लिए मुश्किलें पैदा की हैं। भारत की चिंताओं के बारे में बात करते हुए ध्रुव जयशंकर ने कहा कि भारत के सामने दूसरी चुनौती पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व के साथ अमेरिका की नई भागीदारी से संबंधित है। पाकिस्तान का भारत के खिलाफ गैर-सरकारी आतंकवादी संगठनों का इस्तेमाल करने का एक लंबा और सुस्थापित इतिहास रहा है। परिणामस्वरूप, भारत का अनुभव यह रहा है कि कई वर्षों से तीसरे पक्ष की मध्यस्थता ने अक्सर पाकिस्तान के दुस्साहस को बढ़ावा दिया है। इसलिए अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के बीच अलगाव की नीति अपनाई है, दोनों देशों के साथ बातचीत की है लेकिन उनके विवादों में अपनी भागीदारी को कम से कम रखा है। अगर व्यापार और पाकिस्तान को लेकर अमेरिका और भारत के बीच मतभेदों का सफलतापूर्वक समाधान हो जाता है, तो भविष्य में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं।
DEC 11, 2025 09:33 IST

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स हिरासत में

Goa Night Club Fire: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में ले लिया गया है। इन्हें थाईलैंड से भारत डिपोर्ट किया जाएगा और इस संबंध में प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गोवा के नाइट क्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत हुई थी और इसके बाद से ही दोनों भाई गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि इन्हें थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उन्हें भारत में मुकदमे के लिए वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
DEC 11, 2025 08:36 IST

केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के दूसरे चरण का मतदान शुरू

केरल के सात जिलों में गुरुवार सुबह महत्वपूर्ण स्थानीय निकाय चुनावों के दूसरे चरण का मतदान शुरू हुआ। त्रिशूर, पलक्कड़, कोझिकोड, मलप्पुरम, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के 18,274 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने सुबह 7 बजे से मतदान शुरू किया। मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा। कई लोग इन स्थानीय निकाय चुनावों को अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण संकेतक के रूप में देखते हैं। दूसरे चरण में, 1.53 करोड़ से अधिक मतदाता ग्राम पंचायतों, ब्लॉक पंचायतों, जिला पंचायतों, नगरपालिकाओं और निगमों सहित 604 स्थानीय निकायों के 12,931 वार्डों में प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। कुल 38,994 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
DEC 11, 2025 07:56 IST

मोरक्को में दो चार मंजिला इमारतें ढहीं, 19 लोगों की मौत

मोरक्को के फेज शहर में बुधवार रात दो चार मंजिला इमारतें ढह गईं, जिससे कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस साल शहर में इमारतों के ढहने की यह दूसरी घातक घटना है। मोरक्को की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि इन दोनों आवासीय इमारतों में आठ परिवार रहते थे। इस हादसे में 16 लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके को खाली करा लिया गया है और खोज एवं बचाव कार्य जारी है। तूरिया नाम की एक पड़ोसी, जिसने अपना उपनाम नहीं बताना चाहा, ने बताया कि शोर सुनकर वह रात करीब 11 बजे या आधी रात को घटनास्थल पर पहुंची।
DEC 11, 2025 06:42 IST

इंडिगो का संकट बदस्तूर जारी

इंडिगो का संकट बदस्तूर जारी है और देश के एयरपोर्ट पर यात्री बेहद परेशान हैं। बीते कई दिनों से जारी इंडिगो की उड़ानों में देरी और उनके रद्द होने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। आज दिल्ली और मुंबई सहित तीन प्रमुख हवाई अड्डों पर लगभग 220 उड़ानें रद्द कर दीं गई। जबकि इससे ठीक पहले कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने दावा किया था कि एयरलाइन का परिचालन फिर से पटरी पर आ गया है। वहीं, संकटग्रस्त घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को अपना संशोधित विंटर फ्लाइट शेड्यूल सौंप दिया है। यह कदम विमानन नियामक के उस आदेश के बाद उठाया गया, जिसमें सरकार ने हजारों उड़ानों के रद्द होने के बाद एयरलाइन के शीतकालीन शेड्यूल में 10 प्रतिशत की कटौती करने का निर्देश दिया था।
DEC 11, 2025 06:41 IST

नेतन्याहू और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात बहुत जल्द : इजराइली पीएमओ

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी से बात की और दोनों नेता बहुत जल्द मिलने पर सहमत हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में नेतन्याहू और मोदी के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा, इस बातचीत के अंत में, दोनों नेता बहुत जल्द मिलने पर सहमत हुए। रणनीतिक साझेदारों द्वारा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर करने के की प्रक्रिया को गति देने के लिये पर्यटन मंत्री हैम काट्ज, अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री नीर बरकत, कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री एवी डाइचर, और वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच ने इस साल की शुरुआत में भारत का दौरा किया था। स्मोट्रिच की यात्रा के दौरान दोनों देशों ने एक द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर हस्ताक्षर किए और फिर पिछले महीने वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की इजराइल यात्रा के दौरान एफटीए के लिए संदर्भ की शर्तों (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए गए।
DEC 11, 2025 06:41 IST

डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेस्की की आलोचना की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कीव की आलोचना तेज करते हुए कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की को युद्ध के बारे में यथार्थवादी होना होगा और यूक्रेन के अगले चुनाव कब कराने की योजना है, इस पर सवाल उठाया। ट्रंप की ये टिप्पणियां फ्रांस, जर्मनी और यूनाइटेड किंगडम के नेताओं के साथ उनकी अलग-अलग फोन पर हुई बातचीत के बाद आईं, जिसमें उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर काफी कड़े शब्दों में चर्चा हुई। उनके अनुसार, यूरोपीय नेता इस सप्ताहांत तक अमेरिका और यूक्रेन दोनों के साथ एक संयुक्त बैठक करना चाहते हैं।
DEC 11, 2025 06:40 IST

अमेरिका में ट्रंप गोल्ड कार्ड योजना लॉन्च

विदेशी प्रतिभाओं को रोकने के उद्देश्य से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 'गोल्ड कार्ड' वीजा शुरू किया है। व्हाइट हाउस ने नागरिकता के इस नए रास्ते के लिए ऑनलाइन आवेदन लेना शुरू कर दिया है, जिसे राष्ट्रपति ट्रंप ने विदेशी छात्रों को नौकरी देने की इच्छुक अमेरिकी कंपनियों के लिए एक उपयोगी साधन के रूप में पेश किया है। ट्रंप ने कहा कि एप्पल के सीईओ टिम कुक सहित कई व्यापार जगत के प्रमुखों ने शिकायत की थी कि विदेशी छात्रों को देश में रहने की गारंटी के बिना नौकरी देना बहुत जोखिम भरा है। उन्होंने कहा कि इस नए कार्ड से एक कार्ड खरीद सकेंगे और उस व्यक्ति को संयुक्त राज्य अमेरिका में रोक सकेंगे। एक कार्ड की कीमत व्यक्तियों के लिए 10 लाख डॉलर और कंपनियों के लिए 20 लाख डॉलर है।