LIVE11 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: तमिलनाडु में BJP-AIADMK के बीच फिर हुआ गठबंधन, NIA की 18 दिन की कस्टडी में भेजा गया तहव्वुर राणा
11 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: पीएम मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी में 3880 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। अपने संसदीय क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पीएम मोदी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के अनेक हिस्सों में जुड़ी ढेर सारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। यह सारी बातें, यह सारी योजनाएं पूर्वांचल को विकसित पूर्वांचल बनाने की दिशा में मिल का पत्थर बनने वाली है। मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को उसे 18 दिन की NIA की कस्टडी में भेज दिया। हालांकि, जांच एजेंसी ने कोर्ट से 20 दिन की हिरासत मांगी थी। बता दें कि राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर लाया गया है। बिहार के नालंदा जिले के अलग अलग इलाके में तेज आंधी के कारण अबतक 22 लोगों की मौत हुई है। पूरे राज्य में आज 25 लोगों की मौत की खबर है। नालंदा में आंधी-बारिश से चरमराई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

11 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: तमिलनाडु में BJP-AIADMK के बीच फिर हुआ गठबंधन, NIA की 18 दिन की कस्टडी में भेजा गया तहव्वुर राणा
11 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: पीएम मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी में 3880 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। अपने संसदीय क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पीएम मोदी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के अनेक हिस्सों में जुड़ी ढेर सारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। यह सारी बातें, यह सारी योजनाएं पूर्वांचल को विकसित पूर्वांचल बनाने की दिशा में मिल का पत्थर बनने वाली है। मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को उसे 18 दिन की NIA की कस्टडी में भेज दिया। हालांकि, जांच एजेंसी ने कोर्ट से 20 दिन की हिरासत मांगी थी। बता दें कि राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर लाया गया है। बिहार के नालंदा जिले के अलग अलग इलाके में तेज आंधी के कारण अबतक 22 लोगों की मौत हुई है। पूरे राज्य में आज 25 लोगों की मौत की खबर है। नालंदा में आंधी-बारिश से चरमराई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
- NIA की 18 दिन की कस्टडी में भेजा गया तहव्वुर राणा
- बिहार में कुदरत का कहर, नालंदा समेत कई जिलों में आंधी-तूफान से 25 की मौत
- अनिश्चितताओं की दुनिया में भारत प्रगति का शानदार उदाहरण है: राष्ट्रपति मुर्मू
- भाजपा ने जम्मू कश्मीर विधानसभा में धार्मिक नारे लगाये जाने पर जताई आपत्ति
तमिलनाडु में BJP-AIADMK के बीच फिर हुआ गठबंधन
BJP-AIADMK Alliance: तमिलनाडु में एक बार फिर भाजपा और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) एक साथ चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि 1998 से अन्नाद्रमुक राजग गठबंधन का हिस्सा है और लंबे समय तक मोदी जी और महान जयललिता जी ने साथ मिलकर राष्ट्रीय राजनीति में काम किया है।
PM मोदी ने गुरु जी महाराज मंदिर में की पूजा अर्चना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के आनंदपुर धाम में स्थित गुरु जी महाराज मंदिर में पूजा अर्चना की
दिल्ली में आएगी नई पारदर्शी आबकारी नीति
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए अन्य राज्यों की सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाते हुए एक नयी ‘पुख्ता’ आबकारी नीति लाएगी। गुप्ता ने ‘पीटीआई’ को दिये एक साक्षात्कार में कहा कि नीति पारदर्शी होगी और यह सुनिश्चित करेगी कि इस नीति से समाज में कोई समस्या पैदा न हो। इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर भाजपा दिल्ली की सत्ता में आई थी। पिछली आप सरकार द्वारा लाई गई आबकारी नीति (2021-22) में कथित अनियमितताएं और भ्रष्टाचार भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दों में से एक था। आरोप सामने आने के बाद आबकारी नीति को रद्द कर दिया गया था। गुप्ता ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई’ के साथ अपने साक्षात्कार के दौरान कहा, ‘‘हम एक नई, पुख्ता नीति लाएंगे, जो पारदर्शी होगी और सरकार के लिए राजस्व अर्जित करेगी।’’
तहव्वुर राणा ने मुंबई हमलों जैसी साजिश दूसरे शहरों के लिए भी रची थी: एनआईए को संदेह
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 10 अप्रैल को दिल्ली की एक अदालत में दलील दी कि उसे संदेह है कि तहव्वुर राणा ने 26/11 के मुंबई हमलों जैसी आतंकी साजिश कई अन्य भारतीय शहरों को निशाना बनाने के लिए भी रची थी। एनआईए ने विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह के समक्ष यह दावा किया, जिन्होंने राणा को 18 दिन की एनआईए की हिरासत में भेज दिया। अपने आदेश में, न्यायाधीश ने एनआईए को हर 24 घंटे में राणा की मेडिकल जांच करने और उसे हर दूसरे दिन अपने वकील से मिलने देने का निर्देश दिया। न्यायाधीश ने राणा को केवल एक ‘सॉफ्ट-टिप’ कलम का उपयोग करने और एनआईए अधिकारियों की मौजूदगी में अपने वकील से एक निश्चित दूरी से मिलने की अनुमति दी।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने तमिलिसाई के पिता के निधन पर शोक जताया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को यहां सालिग्रामम में स्थित भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन के आवास पहुंचे और उनके पिता कुमारी अनंतन के निधन पर उन्हें सांत्वना दी। अनंतन का नौ अप्रैल को निधन हो गया था। शहर के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद शाह गिंडी में जिस होटल में ठहरे थे, वहां से डॉ तमिलिसाई के घर गए और उन्हें सांत्वना दी।
काशी का कलेवर बदला, नई काशी देखने के लिए हर श्रद्धालु उतावलाःआदित्यनाथ
महाकुंभ के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहली बार शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि विगत 11 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हुए विकास से काशी का कलेवर बदल गया है और अब नई काशी और उसके नए कलेवर को देखने के लिए पूरे देश के श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘हर किसी ने पिछले 11 वर्ष में बदलती हुई काशी को देखा है। यह वही काशी है, जो संकरी गलियों के लिए जानी जाती थी, अपने जाम के लिए जानी जाती थी। काशी शिक्षा का प्राचीन केंद्र रही है, लेकिन अस्त-व्यस्त पड़े शिक्षा के केंद्रों के साथ ही स्वास्थ्य के लिए, पर्यटन के लिए, कनेक्टिविटी के लिए पिछले 11 वर्षों में यहां 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं आई हैं।
कोच्चि में एसएफआई के कार्यकर्ताओं और वकीलों के बीच झड़प में 20 लोग घायल
केरल के कोच्चि में वकीलों और कथित तौर पर एसएफआई कार्यकर्ताओं के छात्रों के एक समूह के बीच हुई झड़प में करीब 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। घटना एर्नाकुलम जिला न्यायालय परिसर में जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक समारोह के दौरान हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार झड़प में एसएफआई के 16 कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आठ वकील घायल हो गए। वकीलों ने आरोप लगाया कि एसएफआई कार्यकर्ताओं ने बार एसोसिएशन के वार्षिक समारोह में जबरन प्रवेश कर हंगामा किया। उनके अनुसार, घटना उस समय हुई जब महाराजा कॉलेज के छात्र कार्यक्रम स्थल में घुस आए।
किश्तवाड़ में हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर हो गया। सेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किश्तवाड़ जिले के छत्रू वन क्षेत्र में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के दौरान मुठभेड़ शुरू हुई और अभियान के दौरान, सुरक्षा बल आतंकवादियों से संपर्क स्थापित करने में सफल रहे। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आतंकवादियों का प्रभावी ढंग से सामना किया गया और इस बीच गोलीबारी शुरू हो गई। अब तक एक आतंकवादी ढेर हो चुका है।” उन्होंने कहा, “दुर्गम इलाके और प्रतिकूल मौसम के बावजूद, हमारे बहादुर सैनिकों का अभियान जारी है।
भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी ने मालदा में हिंसा प्रभावित मोथाबाड़ी का दौरा किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी इलाके का दौरा किया और हाल में दो समूहों के बीच हुई झड़पों के प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक को भेजे गए पत्र का कोई जवाब नहीं मिलने के बाद उन्हें मोथाबाड़ी का दौरा करने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय की अनुमति लेनी पड़ी।
प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर साधा निशाना, बोले- वे केवल परिवार के हितों को आगे बढ़ाते हैं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लिए लालायित लोग केवल अपने परिवार को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जबकि उनकी सरकार समावेशी विकास के विषय पर काम करती है। अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 3,880 करोड़ रुपये की लागत की 44 परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘राष्ट्र की सेवा में हमारा मार्गदर्शक मंत्र हमेशा 'सबका साथ, सबका विकास' रहा है। इसी भावना के साथ हम हर नागरिक के कल्याण के लिए आगे बढ़ते रहेंगे।’’
मेघालय में हंगरी के पर्यटक का क्षत-विक्षत शव पाया गया
करीब एक पखवाड़े से लापता हंगरी के एक पर्यटक का क्षत-विक्षत शव मेघालय के पूर्व खासी हिल्स जिले के एक जंगल में पाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पर्यटक की पहचान जोल्ट पुस्कास के रूप में हुई है। वह सोहरा शहर से 20 किलोमीटर दक्षिण में नोंग्रियाट स्थित प्रसिद्ध डबल डेकर रूट ब्रिज की ओर यात्रा पर था। उसका क्षत-विक्षत शव बृहस्पतिवार को रामदैत गांव के पास एक सुदूर वन क्षेत्र में मिला।
मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ये गिरफ्तारियां बृहस्पतिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गईं।
कांगलेई यावोल कन्ना लुप (एसओआरईपीए) के एक उग्रवादी की पहचान ओइनम रबीचंद्र सिंह (33) के रूप में हुई है और वह सॉवोमबुंग इलाके में पकड़ा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक उग्रवादी को एंड्रो थाना क्षेत्र के नगारियान याइरीपोक रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वह कथित तौर पर जबरन वसूली करने और हथियार, गोला-बारूद के परिवहन में शामिल था।
अमित शाह भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, चुनावी तैयारियों पर करेंगे चर्चा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चेन्नई में हैं और वह 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। पार्टी के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शाह एक अहम बैठक के लिए बृहस्पतिवार रात यहां पहुंचे और उनके तमिलनाडु में पार्टी के कामकाज की समीक्षा करने और राज्य में गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा करने की उम्मीद है।
मोदी वाराणसी पहुंचे, कुछ दिन पूर्व हुई बलात्कार की घटना के बारे में जानकारी ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और अधिकारियों से, कुछ दिन पूर्व हुई बलात्कार की घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली सूचना निदेशक शिशिर ने एक बयान में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आज वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर आए। उन्होंने हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वाराणसी के पुलिस आयुक्त, मंडल आयुक्त और जिलाधिकारी से कुछ दिन पूर्व शहर में घटी बलात्कार की एक घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सभी दोषियों की जल्द पहचान कर उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में इस घटना की पुनरावृति न हो।
पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या का खुला राज
उत्तर प्रदेश पुलिस ने पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या के सिलसिले में मंदिर के पुजारी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें, महोली निवासी पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की 8 मार्च को सीतापुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेमपुर ओवरब्रिज पर चार गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
यहां पढ़ें पूरी खबर पीएम मोदी आज वाराणसी में 3880 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे जहां वह एक जनसभा को संबोधित करने के अलावा 3,880 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली। बयान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। वाराणसी के संभागीय आयुक्त कौशल राज शर्मा के अनुसार, जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है उनमें ग्रामीण विकास पर केंद्रित योजनाएं शामिल हैं, जिनमें 130 पेयजल परियोजनाएं, 100 नए आंगनवाड़ी केंद्र, 356 पुस्तकालय, पिंडरा में एक पॉलिटेक्निक कॉलेज और एक सरकारी महाविद्यालय शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री पुलिस लाइन में ‘ट्रांजिट हॉस्टल’ और रामनगर में पुलिस बैरक तथा चार ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन करेंगे।
शर्मा ने कहा कि मोदी शहरी विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए रेलवे और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा संचालित विभिन्न सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
युवक ने नवविवाहिता का अश्लील वीडियो वायरल किया, मामला दर्ज
भदोही पुलिस ने 25 साल की एक नवविवाहिता से अश्लील हरकत करने और चोरी छिपे उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एक युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह मामला सदर कोतवाली ज्ञानपुर के एक गांव का है। उन्होंने कहा कि महिला की तहरीर पर युवक प्रवेश राय, उसके पिता सुनील, माता राजकुमारी और मामा सुजीत राय के खिलाफ बृहस्पतिवार को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर के मुताबिक, महिला का पति रोजी रोटी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है और गांव के ही प्रवेश राय का अकेले रह रही पीड़ित महिला के घर आना-जाना था।
न्यूयॉर्क में हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, तीन बच्चों सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क के हडसन नदी में एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 बच्चों सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इसकी जानकारी न्यूयॉर्क शहर के मेयर ने दी। मृतकों में एक पायलट और स्पेन से आया एक परिवार भी शामिल है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूरनद राजशेखरन का निधन
कांग्रेस नेता और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य डॉ. सूरनद राजशेखरन का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्हें कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार आज शाम कोल्लम जिले के चथन्नूर में किया जाएगा।
बीजद के पूर्व विधायक ने पटनायक पर वक्फ विधेयक पर मतदान के मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया
बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व विधायक प्रवत त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक पर वक्फ विधेयक से जुड़े मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। वक्फ संशोधन विधेयक पर मतदान के मुद्दे को लेकर विपक्षी बीजद में जारी खींचतान के बीच त्रिपाठी के आरोपों से पार्टी के भीतर की कलह खुलकर सामने आने लगी है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पटनायक ने बुधवार को मीडिया को दिए अपने बयान में वक्फ विधेयक पर मतदान के मुद्दे पर कुछ नहीं कहा जबकि इस विधेयक पर मतदान को लेकर अंतिम समय में बीजद के रुख में बदलाव से पार्टी और राज्य में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है।