LIVE

आज की ताजा खबर, 10 फरवरी 2025: महाकुंभ में उमड़ी भारी भीड़, संगम स्टेशन बंद, राष्ट्रपति आज करेंगी प्रयागराज का दौरा, पीएम होंगे फ्रांस रवाना

शिशुपाल कुमारUpdated Feb 10, 2025, 18:53 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 10 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 10 फरवरी (सोमवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 10 फरवरी 2025: महाकुंभ में उमड़ी भारी भीड़, संगम स्टेशन बंद, राष्ट्रपति आज करेंगी प्रयागराज का दौरा, पीएम होंगे फ्रांस रवाना
आज की ताजा खबर, 10 फरवरी 2025: महाकुंभ में उमड़ी भारी भीड़, संगम स्टेशन बंद, राष्ट्रपति आज करेंगी प्रयागराज का दौरा, पीएम होंगे फ्रांस रवाना

PM Narendra Modi Pariksha Pe Charcha 2025, PPC 2025 आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 10 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: महाकुंभ मेले में स्नान पर्व के इतर आम दिनों में अनुमान से कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से प्रयागराज की चारों दिशाओं से आने वाले मार्गों पर रविवार को कई कई घंटों का जाम लगा रहा। स्टेशन के बाहर अधिक भीड़ होने से प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन बंद कर दिया गया। मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, रविवार शाम आठ बजे तक 1.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया तथा 13 जनवरी से नौ फरवरी तक 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालु महाकुंभ में गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। प्रयागराज के महाकुंभ में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू डुबकी लगाएंगी। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के अनुसार मुर्मू आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी और इस दौरान संगम स्नान के साथ ही यहां अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पीएम मोदी आज फ्रांस दौरे पर रवाना होंगे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

Pariksha Pe Charcha 2025 Live Updates

FEB 10, 2025 18:52 IST

UPSC छात्रों की मौत मामले में कोचिंग सेंटर के CEO और कोऑर्डिनेटर को जमानत

UPSC aspirants drowning: दिल्ली की एक अदालत ने जुलाई 2024 में ओल्ड राजिंदर नगर में कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में तीन अभ्यर्थियों के डूबने से जुड़े मामले में RAU के आईएएस स्टडी सर्कल के पूर्व सीईओ अभिषेक गुप्ता और समन्वयक देशपाल सिंह को सोमवार को जमानत दे दी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चंदना ने आरोपी व्यक्तियों को एक लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत राशि पर जमानत दे दी।
FEB 10, 2025 17:43 IST

दिल्ली पुलिस ने बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की रेलवे इकाई ने बाल तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके चंगुल से एक शिशु समेत दो बच्चों को मुक्त कराया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उनकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस टीम ने 2023 से 2025 तक के तीन मामलों को सुलझा लिया है। इसी पुलिस कार्रवाई के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि यह गिरोह गोद लेने के बहाने निःसंतान दंपतियों को तस्करी किए गए बच्चे दे (बेच) रहा था। पुलिस उपायुक्त (रेलवे) के पी एस मल्होत्रा ने कहा, पिछले साल 17 अक्टूबर को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक मामला सामने आने के बाद जांच शुरू हुई। एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके ढाई साल के बेटे का उस समय अपहरण कर लिया गया जब वह स्टेशन के मुख्य हॉल में सो रही थी। मल्होत्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात महिला बच्चे को ऑटो-रिक्शा में ले जाती हुई दिखाई दी।
FEB 10, 2025 17:41 IST

महाकुंभ: प्रयागराज स्टेशन बंद होने की खबरें गलत, रेल मंत्री ने अफवाह करार दिया

Trains For Maha Kumbh: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज स्टेशन बंद होने की खबरों को महज अफवाह करार देते हुए सोमवार को कहा कि क्षेत्र के सभी आठ स्टेशनों से रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू और सुव्यवस्थित तरीके से हो रहा है। वैष्णव ने रेल भवन में मीडिया से कहा कि श्रद्धालुओं को स्टेशन बंद होने की अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, प्रयागराज के सभी आठ स्टेशनों पर रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू और बहुत सुव्यवस्थित है। रेलवे राज्य प्रशासन के साथ बहुत ही समन्वित तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने कहा, कल प्रयागराज महाकुंभ क्षेत्र स्टेशन से देश के विभिन्न स्थानों के लिए 330 रेलगाड़ियां रवाना हुईं। इन रेलगाड़ियों में कुल 12.5 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा की। वैष्णव महाकुंभ मेला शुरू होने से पहले रेल भवन में स्थापित वॉर रूम भी गए ताकि स्टेशनों की निगरानी और रेल सेवाओं तथा यात्री सुविधाओं की समीक्षा की जा सके। स्टेशन बंद होने की अफवाहों के कारणों के बारे में बात करते हुए उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि समान नाम वाले दो स्टेशन हैं - प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज संगम।
FEB 10, 2025 15:37 IST

पटियाला में कूड़े के ढेर से सात रॉकेट के गोले मिले

Rocket Shells Found in Patiala: पंजाब के पटियाला जिले में एक कूड़े के ढेर से सात रॉकेट गोले पाए गए हैं, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को कहा। पंजाब पुलिस के उप महानिरीक्षक मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि गोले में कोई विस्फोटक नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि रॉकेट के गोले पटियाला में कूड़े के ढेर से मिले थे। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
FEB 10, 2025 14:15 IST

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस में एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार से फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान वह पेरिस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे, उनके साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और व्यापारिक नेताओं को संबोधित करेंगे। दोनों नेताओं का बुधवार को मार्सिले में राष्ट्रमंडल युद्ध कब्र आयोग द्वारा प्रबंधित मजारग्यूज़ युद्ध कब्रिस्तान का दौरा करने और प्रथम विश्व युद्ध में बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का भी कार्यक्रम है।
FEB 10, 2025 14:14 IST

हजारीबाग में सड़क हादसे में तीन की मौत, सात घायल

झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चट्टी घाटी के पास सुबह 6:30 बजे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि प्रयागराज के महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई। चरही थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि घायलों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
FEB 10, 2025 14:14 IST

जम्मू कश्मीर के पुंछ में तलाशी अभियान जारी

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार को करीब एक दर्जन इलाकों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद मेंढर, सुरनकोट और गुरसाई इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। उन्होंने आगे बताया, स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर सुरनकोट में चानन का निचला भाग, सैर, सनाई जंगल, चिति भाटी और फजलाबाद, मेंढर में दराई जंगल और आसपास के इलाकों और गुरसाई में खोखर मोहल्ला, कंडी और गलहुट्टा की घेराबंदी की।
FEB 10, 2025 14:14 IST

अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय विमान में बम की धमकी भरा पत्र मिला

अहमदाबाद में सोमवार सुबह उतरे एक अंतरराष्ट्रीय विमान में बम की धमकी भरा पत्र मिला है जिसके बाद अधिकारियों ने विमान की तलाशी ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे जेद्दा-अहमदाबाद विमान में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि एक सीट के नीचे धमकी भरा पत्र मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी ली।
FEB 10, 2025 14:14 IST

झारखंड के पलामू में बस पलटने से 24 यात्री घायल

झारखंड के पलामू जिले में सोमवार तड़के छत्तीसगढ़ से आ रही बिहार जाने वाली एक बस के पलट जाने से कम से कम 24 यात्री घायल हो गए जिनमें से छह की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। दुर्घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे हरिहरगंज पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानी गांव के पास हुई, जब बस सड़क के एक डिवाइडर से जा टकराई। बस छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर से बिहार में आरा जा रही थी। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि हादसे में घायल छह यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उनका मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज हो रहा है।
FEB 10, 2025 13:35 IST

नांदेड में गुरुद्वारा के पास फायरिंग

महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारा के पास सोमवार सुबह लगभग 9.30 गोलीबारी की घटना हुई। इसमें दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को नांदेड में एक गुरुद्वारे के पास गोलीबारी की घटना में दो व्यक्ति घायल हो गए। दोनों तो तत्काल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
FEB 10, 2025 13:34 IST

कोलकाता पुस्तक मेला 2025 में 27 लाख लोग आए

प्रकाशक एवं पुस्तक विक्रेता गिल्ड के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला 2025 में 27 लाख लोग आए। 12 दिवसीय पुस्तक मेला 28 जनवरी से 9 फरवरी तक चला। गिल्ड के अध्यक्ष त्रिदिब चटर्जी ने बताया कि पुस्तक मेले के आखिरी दिन रविवार (9 फरवरी) सुबह तक 25 करोड़ रुपये की किताबें बिक चुकी थीं। उन्होंने बताया कि रविवार रात 9 बजे तक किताबों की बिक्री की अद्यतन गणना के बाद यह आंकड़ा और अधिक होगा। गिल्ड के एक अन्य पदाधिकारी अपू डे ने बताया, ‘‘हम समापन समय तक सभी 1,000 पुस्तक स्टॉलों से बिक्री के आंकड़ों को मिलाकर एक दिन में कुल बिक्री के आंकड़े तक पहुंच पाएंगे।’’
FEB 10, 2025 12:54 IST

सड़क हादसे में महिला व उसकी दो बेटियों की मौत

जयपुर में सोमवार को सड़क हादसे में एक महिला व उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में दो और अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह चोमूं-रेनवाल राजमार्ग पर दो कारों की आमने सामने की टक्कर के कारण हुआ। इससे वहां भारी जाम लग गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
रेनवाल के थाना प्रभारी देवेंद्र चावला ने बताया कि हरसोली ईंट भट्टे के पास दो कारों के बीच टक्कर हुई। इस दुर्घटना में सभी घायलों को दो एंबुलेंस की मदद से रेनवाल (जयपुर) उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें चौमूं रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, किशनगढ़ रेनवाल पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मलिकपुर के बाबूलाल यादव सोमवार सुबह अपने परिवार के साथ निकले थे। उनकी कार, सामने से आ रही कार से टकरा गई।
FEB 10, 2025 12:53 IST

अमृतसर में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने तीन फरवरी को एक बंद पुलिस चौकी के पास हुए ‘विस्फोट’ में कथित रुप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एके-47 राइफल, दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों ने गिरफ्तारी के बाद कथित तौर पर भागने की कोशिश की। इस दौरान, एक आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीनकर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों को गोली लगी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह, बूटा सिंह और करनदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों अमृतसर के ग्रामीण क्षेत्र के निवासी हैं और दुबई के एक व्यक्ति के संपर्क में थे, जिसने इन्हें धन और हथियार उपलब्ध कराए।
FEB 10, 2025 11:43 IST

प्रयागराज में कौन सा स्टेशन है बंद, कौन सा है खुला

प्रयाग जिला प्रशासन के आदेश अनुसार उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का प्रयाग राज संगम स्टेशन दिनांक 9 फरवरी को अपराह्न 1:30 से दिनांक 14 फरवरी के रात्रि 12:00 बजे तक यात्री आवागमन के लिए बंद रहेगा । साथ ही यह भी अवगत कराना है कि महाकुंभ क्षेत्र में आने वाले अन्य आठ स्टेशनों प्रयागराज छिवकी, नैनी, प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग एवं झूसी से नियमित और स्पेशल ट्रेनों का परिचालन नियमित रूप से चल रहा है।
FEB 10, 2025 10:45 IST

मणिपुर: सात उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन ‘नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर’ (एनआरएफएम) के एक ठिकाने का पता लगाकर सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को तेल्लौ माखा लेईकाई में छापा मारा और उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि इनके पास से मैगजीन तथा 15 कारतूस सहित एक ए1 असॉल्ट राइफल, 13 कारतूस सहित एक एके-47 राइफल, मैगजीन तथा 12 कारतूस सहित दो इंसास राइफल, मैगजीन तथा 30 कारतूस सहित दो सेल्फ-लोडिंग राइफल, पांच बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य सामान जब्त किए गए।
FEB 10, 2025 10:45 IST

रुपया 45 पैसे टूटकर 87.95 रुपये प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर

विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 45 पैसे टूटकर 87.95 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सभी इस्पात और एल्यूमीनियम आयातों पर 25 प्रतिशत का नया शुल्क लगाने की घोषणा के बाद डॉलर सूचकांक 108 पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि इस कदम से वैश्विक व्यापार युद्ध को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि चीन के भी पारस्परिक शुल्क लागू हो गए हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.94 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 87.95 के सर्वकालिक निचले स्तर तक फिसल गया, जो पिछले बंद भाव से 45 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
FEB 10, 2025 10:45 IST

अमेठी में बुजुर्ग महिला से छेड़छाड़ और अभद्रता

अमेठी थाना क्षेत्र के एक गांव में 80 साल की बुजुर्ग महिला से एक युवक द्वारा शराब के नशे में छेड़खानी और अभद्रता किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बुजुर्ग महिला की बहू ने इस संबंध में अमेठी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक घटना सात फरवरी की रात की है जब परिजन बुजुर्ग महिला को घर पर छोड़कर एक शादी में गये थे। रात में गांव का ही 24 वर्षीय युवक शराब के नशे में धुत होकर घर में घुस गया और बुजुर्ग महिला के हाथ पैर बांध दिये और मुंह में कपड़ा ठूंस कर उससे अश्लीलता और छेड़छाड़ करने लगा। शोर सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक भाग गया।
FEB 10, 2025 10:36 IST

पंजाब से 'आप' की विदाई तय, लोग तंग आ चुके हैं : मोहनलाल बडौली

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने सोमवार को आईएएनएस से बात करते हुए पंजाब की राजनीति और कांग्रेस द्वारा हरियाणा में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग पर टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब से भी आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार की विदाई होगी। मोहनलाल बडौली ने पंजाब की हालत पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां की जनता इन दिनों केजरीवाल की पार्टी के शासन से बेहद दुखी है। पंजाब में जो हालात हैं, वह आप सरकार के कारण हुए हैं। लोग अब इन हालातों से तंग आ चुके हैं और आने वाले समय में पंजाब की जनता इस आपदा से छुटकारा पाएगी और राज्य में बदलाव आएगा।
FEB 10, 2025 10:22 IST

सोलापुर में भीषण सड़क हादसा

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के मोहोल तालुका में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है, जिसमें तीन गाड़ियां एक-एक कर टकरा गई। यह घटना सोलापुर पुणे हाईवे पर कोलेवाड़ी के पास हुई। एक ट्रक, मिनी बस और एक दोपहिया वाहन इसमें शामिल थे। जानकारी के मुताबिक, ट्रक और दोपहिया वाहन के बीच टक्कर के बाद ट्रक गलत साइड में चला गया और मिनी बस से टकरा गया। इस टक्कर के कारण मिनी बस पलट गई। हादसे में बाइक सवार दयानंद भोसले, मिनी बस ड्राइवर लक्ष्मण पवार और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, 15 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु तुलजापुर में देवदर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और पलटी हुई मिनी बस को क्रेन की मदद से हटाया गया।
FEB 10, 2025 09:58 IST

पंजाब के विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे केजरीवाल

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को मिली करारी हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब के विधायकों और मंत्रियों के साथ मंगलवार को एक अहम बैठक करेंगे। इस दौरान भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें पंजाब के विधायक और मंत्री शामिल होंगे। यह बैठक खासतौर पर पार्टी की स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई है, क्योंकि दिल्ली चुनावों में मिली हार पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। इसके अलावा, यह बैठक राज्य के कुछ कांग्रेस नेताओं की रिपोर्ट के बाद हो रही है, जिन्होंने दावा किया कि वे आम आदमी पार्टी के करीब 20 विधायकों के संपर्क में हैं। ऐसा दावा कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने किया है।