LIVE

10 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: भारत लाया गया मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा, तिहाड़ जेल में रखने की संभावना

Shashank Shekhar MishraUpdated Apr 10, 2025, 17:33 IST

10 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा दिल्ली पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, NIA की टीम राणा को लेकर विशेष विमान से पालम एयरपोर्ट पहुंची है। वैश्विक बाजार में मंदी का सामना कर रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अचानक कदम पीछे खींच लिए। ट्रंप ने 90 दिनों के लिए अधिकांश देशों पर टैरिफ रोक दिया है, लेकिन चीनी आयात पर टैक्स दर बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दी। ट्रेजरी सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अधिकांश देशों पर 10% बेसलाइन टैरिफ बनाए रखेंगे, जबकि चीन के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाएंगे। यह अमेरिका और दुनिया के अधिकांश देशों के बीच अभूतपूर्व व्यापार युद्ध को अमेरिका और चीन के बीच सीमित करने का एक प्रयास नजर आ रहा है। मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से भारत लाए जाने के बाद तिहाड़ जेल के उच्च सुरक्षा वाले वार्ड में रखा जा सकता है। जेल सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि राणा (64) को जेल में रखने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं और जेल अधिकारी अदालत के आदेश का इंतजार करेंगे। राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली का करीबी है। अधिकारियों के अनुसार, राणा को भारत लाने के लिए विभिन्न भारतीय एजेंसियों की एक टीम अमेरिका में है।

10 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: भारत लाया गया मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा, तिहाड़ जेल में रखने की संभावना
10 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: भारत लाया गया मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा, तिहाड़ जेल में रखने की संभावना

10 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा दिल्ली पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, NIA की टीम राणा को लेकर विशेष विमान से पालम एयरपोर्ट पहुंची है। वैश्विक बाजार में मंदी का सामना कर रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अचानक कदम पीछे खींच लिए। ट्रंप ने 90 दिनों के लिए अधिकांश देशों पर टैरिफ रोक दिया है, लेकिन चीनी आयात पर टैक्स दर बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दी। ट्रेजरी सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अधिकांश देशों पर 10% बेसलाइन टैरिफ बनाए रखेंगे, जबकि चीन के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाएंगे। यह अमेरिका और दुनिया के अधिकांश देशों के बीच अभूतपूर्व व्यापार युद्ध को अमेरिका और चीन के बीच सीमित करने का एक प्रयास नजर आ रहा है। मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से भारत लाए जाने के बाद तिहाड़ जेल के उच्च सुरक्षा वाले वार्ड में रखा जा सकता है। जेल सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि राणा (64) को जेल में रखने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं और जेल अधिकारी अदालत के आदेश का इंतजार करेंगे। राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली का करीबी है। अधिकारियों के अनुसार, राणा को भारत लाने के लिए विभिन्न भारतीय एजेंसियों की एक टीम अमेरिका में है।

  • ट्रंप ने पीछे खींचे कदम, 90 दिनों के लिए रोका टैरिफ

  • तहव्वुर राणा को तिहाड़ जेल में रखने की संभावना

  • सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ, हापुड़ में किया प्रदर्शन, मामला दर्ज

  • राष्ट्रपति मुर्मू ने स्लोवाकिया से संयुक्त फिल्म निर्माण में भागीदारी का अनुरोध किया

APR 10, 2025 17:33 IST

डोमिनिकन गणराज्य में नाइट क्लब की छत ढहने से हुए हादसे में मृतक संख्या बढ़कर 218 हुई

डोमिनिकन गणराज्य की राजधानी सैंटो डोमिंगो में एक नाइट क्लब की छत गिरने से हुए हादसे में मृतक संख्या बढ़कर 218 हो गई है। आपातकालीन संचालन केंद्र के निदेशक जुआन मैनुअल मेंडेज ने कहा कि घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारी अभी भी पीड़ितों और संभावित रूप से बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपना प्रयास जारी रखेंगे।’’
APR 10, 2025 16:30 IST

तहव्वुर राणा का भारत आना मोदी सरकार की बड़ी कामयाबी: इजरायली राजनयिक

मुंबई 2008 के आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को गुरुवार को अमेरिका से नई दिल्ली लाया जाएगा। मध्यपश्चिम भारत में इजरायल के महावाणिज्यदूत कोबी शोशानी का मानना है कि राणा का भारत आना मोदी सरकार की एक बड़ी कामयाबी है। शोशानी ने आईएएनएस से कहा, "मैं भारत सरकार को बधाई देना चाहूंगा क्योंकि यह निश्चित रूप से मोदी सरकार, भारतीय कूटनीति के लिए एक बड़ी सफलता है, वर्षों की कोशिशों के बाद उसे भारत लाया जा सका है। इस घटनाक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नरेंद्र मोदी के बेहतर रिश्ते की भी भूमिका रही है।"
APR 10, 2025 16:18 IST

PM मोदी 11 अप्रैल को मध्य प्रदेश के आनंदपुर धाम जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में आनंदपुर धाम जाएंगे। वहां वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। आनंदपुर धाम ईसागढ़ तहसील के आनंदपुर गांव में स्थित है। यह अशोकनगर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर और भोपाल से करीब 215 किलोमीटर दूर है। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब सवा तीन बजे ईसागढ़ में गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन करेंगे और पूजा करेंगे।
APR 10, 2025 14:47 IST

अमेरिका से लाया गया मुंबई हमले का आरोपी तहव्वुर राणा

मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा दिल्ली पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, NIA की टीम राणा को लेकर विशेष विमान से पालम एयरपोर्ट पहुंची है।
APR 10, 2025 14:20 IST

बाराबंकी में प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले, पुलिस ने जांच शुरू की

मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बिहुरा में बृहस्पतिवार की सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके पाए गए। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे और बीते चार वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध बताया जाता है। घटना की वजह से गांव में तनाव है तथा गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि युवक की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
APR 10, 2025 13:17 IST

वक्फ अधिनियम को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 16 अप्रैल को उच्चतम न्यायालय में होगी सुनवाई

प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता में उच्चतम न्यायालय के तीन न्यायाधीशों की पीठ वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 16 अप्रैल को सुनवाई करेगी।
उच्चतम न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन भी याचिकाओं पर सुनवाई करने वाली इस पीठ में शामिल होंगे। केंद्र सरकार ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय में ‘कैविएट’ दायर कर मामले पर कोई भी आदेश पारित करने से पहले सुनवाई का अनुरोध किया था। ‘कैविएट’ किसी पक्षकार द्वारा उच्च न्यायालयों और उच्चतम न्यायालय में यह सुनिश्चित करने के लिए दायर की जाती है कि सुनवाई के बिना कोई आदेश पारित नहीं किया जाए।
APR 10, 2025 13:12 IST

बिहार के खगड़िया में JUD विधायक के भतीजे की गोली मारकर हत्या

जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के भतीजे और पार्टी नेता कौशल सिंह की बिहार के खगड़िया में अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पीड़ित कौशल सिंह अपनी पत्नी के साथ गोदाम से घर लौट रहे थे जब यह हमला हुआ। हमलावरों ने कौशल सिंह पर घात लगाकर दो से तीन गोलियां चलाईं जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना चौथम थाना के कैथी इलाके में हुई। पुलिस जांच से पता चलता है कि हत्या में परिवार के सदस्य शामिल हो सकते हैं। हालांकि, परिवार का दावा है कि कौशल सिंह का अपने भाई बिजल सिंह के साथ विवाद था और उनके भतीजे पर अपराध करने का संदेह है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2025 12:24 IST

भारत के संविधान के तहत लोकसभा-राज्यसभा में वक्फ बिल पास हुआ : रामेश्वर शर्मा

लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत के साथ वक्फ बिल पारित होने के बाद भी इस पर बहस छिड़ी हुई है। विपक्ष के नेता लगातार वक्फ बिल का विरोध कर रहे हैं। गुरुवार को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में वक्फ बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कहा कि छाती पीटने से कुछ नहीं होगा। यह बिल राज्यसभा और लोकसभा में पारित हुआ है और इसे सभी को मानना होगा।
APR 10, 2025 12:24 IST

राजनाथ सिंह ने कुन्नूर में शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि, युवा अधिकारियों को दी बधाई

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु के कुन्नूर में वेलिंगटन छावनी के स्मारक चौक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर देश के लिए जान कुर्बान करने वाले सैनिकों को याद किया। यह दौरा आर्मी ट्रेनिंग कॉलेज में पासिंग-आउट परेड के मौके पर हुआ, जिसमें राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान शामिल हुए। इस आयोजन में भारत और मित्र देशों के युवा सैन्य अधिकारियों ने एक साल का प्रशिक्षण पूरा किया।
APR 10, 2025 11:58 IST

टायर्ड सीनियर इंस्पेक्टर हेमंत बावधंकर बोले- तहव्वुर राणा को मिले कड़ी सजा

मुंबई पुलिस के रिटायर्ड सीनियर इंस्पेक्टर हेमंत बावधंकर ने 26/11 हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित किए जाने को एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि तहव्वुर राणा को कड़ी सजा मिले। मुंबई पुलिस के रिटायर्ड सीनियर इंस्पेक्टर हेमंत बावधंकर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और मैं एनआईए टीम को उनके प्रयासों के लिए बधाई देना चाहता हूं। वहां (अमेरिका) जो प्रत्यर्पण की कार्रवाई हुई और हमने अपना पक्ष वहां की सुप्रीम कोर्ट में रखा, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। नतीजतन, तहव्वुर राणा को हमें सौंप दिया गया है। इससे हर भारतीय की इच्छा पूरी होगी और सभी की इच्छा है कि उस (तहव्वुर राणा) पर भारतीय अदालत में मुकदमा चले और उसे सख्त सजा मिले।
APR 10, 2025 10:59 IST

सीएम रेखा गुप्ता और एलजी वीके सक्सेना ने किया वजीराबाद में यमुना की सफाई का निरीक्षण

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को वजीराबाद स्थित पॉल्यूशन कंट्रोल सेंटर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में यमुना नदी की सफाई का जायजा लिया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा भी मौजूद रहे। दरअसल, दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने के बाद भाजपा सरकार लगातार यमुना की सफाई को लेकर स्वच्छता अभियान चला रही है। इसी के चलते दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने वजीराबाद पॉल्यूशन कंट्रोल सेंटर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने वजीराबाद में नाले की सफाई के काम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के अलावा दिल्ली सरकार के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
APR 10, 2025 10:45 IST

प्रयागराज में BJP नेता के घर पर हुई बमबाजी

प्रयागराज में बीजेपी मीडिया प्रभारी विजय बिंद उर्फ छोटू के घर के बाहर बमबाजी हुई। जानकारी के अनुसार, जीटी रोड के बगल हाबूसा मोड के करीब बीजेपी नेता विजय बिंद का घर है, जहां हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2025 09:57 IST

सैफ अली खान हमला मामला : मुंबई पुलिस ने किया आरोपी शरीफुल इस्लाम की जमानत याचिका का विरोध

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद ने मुंबई के सेशन कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दाखिल की है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने आरोपी की जमानत याचिका का विरोध किया है। इस मामले में अगली सुनवाई 17 अप्रैल को होगी। मुंबई पुलिस ने आरोपी की तरफ से दाखिल की गई जमानत याचिका मामले में अपना जवाब कोर्ट में दाखिल किया। उन्होंने कहा कि जिस चाकू से सैफ अली खान पर हमला किया गया था, फोरेंसिक जांच में चाकू के तीनों टुकड़े मेल खाते पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण सबूत है। अगर आरोपी को जमानत दी गई तो उसके फरार होने की संभावना है, इसलिए शरीफुल की जमानत अर्जी मंजूर न की जाए। बता दें कि आरोपी शरीफुल ने अपनी जमानत याचिका में दावा किया कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है और पुलिस के पास कोई मजबूत सबूत नहीं है। इतना ही नहीं, एफआईआर में कई खामियां भी हैं।
APR 10, 2025 09:52 IST

महावीर जयंती के कारण बंद रहेगा शेयर बाजार, नहीं होगी शेयरों की खरीद-बिक्री

महावीर जयंती के कारण भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को बंद रहेंगे। इस दिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर कारोबार नहीं होगा। अवकाश होने के कारण इक्विटी के साथ डेरिवेटिव्स सेगमेंट, एसएलबी सेगमेंट और करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी किसी भी प्रकार की कोई खरीद-बिक्री नहीं होगी। हालांकि, कमोडिटी मार्केट आंशिक रूप से खुला रहेगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के अनुसार, सुबह का सत्र, जो सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलता है, बंद रहेगा। लेकिन शाम का सत्र कमोडिटी के आधार पर शाम 5:00 बजे से रात 11:30 बजे या रात 11:55 बजे तक खुला रहेगा। स्टॉक एक्सचेंजों की हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, महावीर जयंती के अलावा इस महीने शेयर बाजार डॉ बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल और गुड फ्राइडे के अवसर पर 18 अप्रैल को बंद रहेगा।
APR 10, 2025 08:54 IST

ऑस्ट्रेलिया: सिडनी में लीजियोनेयर्स का बढ़ा प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मध्य सिडनी में लीजियोनेयर्स रोग को लेकर पब्लिक हेल्थ अलर्ट जारी किया है। एनएसडब्ल्यू स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि लीजियोनेयर्स रोग के कंफर्म मामलों वाले पांच लोग अपने एक्सपोजर पीरियड (संपर्क अवधि) के दौरान सिडनी के सीडीबी में गए थे। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट ने जारी अलर्ट के हवाले से कहा है कि 30 मार्च से 4 अप्रैल के बीच ये पांचों मध्य सिडनी में थे और इसी दौरान इसी दौरान इनमें रोग से जुड़े लक्षण देखे गए। इसमें कहा गया है कि संक्रमण के "किसी एक स्रोत" की पहचान नहीं की गई है, और यह संभव है कि मामले "असंबंधित" हों, लेकिन संभावित स्रोत क्षेत्र की जांच चल रही है।

लीजियोनेयर्स रोग निमोनिया का एक रूप है जो लीजियोनेला बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण होता है। यह मीठे पानी में स्वाभाविक रूप से पाया जाता है। लक्षण आमतौर पर 2-10 दिनों के बीच विकसित होते हैं और शुरुआत में सिरदर्द, बुखार और हल्की खांसी शामिल हो सकती है।
APR 10, 2025 08:52 IST

महावीर जयंती : राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़ और पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष जैन धर्म के 24वें और अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर की 2623वीं जयंती मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "महावीर जयंती के अवसर पर सभी देशवासियों, विशेषकर जैन समुदाय के सभी लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अहिंसा और शांति के साक्षात स्वरूप, भगवान महावीर ने मानवता को त्याग, सत्य और अपरिग्रह की राह दिखाई। आइए, हम सब उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए, समस्त विश्व के कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लें।
APR 10, 2025 08:23 IST

अमेरिकी जेल ब्यूरो की हिरासत में नहीं है तहव्वुर राणा: एजेंसी

अमेरिका में जेल ब्यूरो (बीओपी) ने कहा है कि मुंबई आतंकी हमले का आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा उसकी हिरासत में नहीं है। राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया जा रहा है और संघीय जेल ब्यूरो की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, राणा 8 अप्रैल, 2025 तक ‘बीओपी की हिरासत में नहीं है’। एजेंसी के एक अधिकारी ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राणा जेल ब्यूरो (बीओपी) की हिरासत में नहीं है। अधिकारी ने कहा, ‘‘यदि किसी व्यक्ति को ‘रिहा’ या ‘बीओपी की हिरासत में नहीं’ के रूप में सूचीबद्ध किया जाता है और कोई स्थान नहीं दर्शाया गया है, तो कैदी अब बीओपी हिरासत में नहीं है, हालांकि, कैदी अब भी किसी अन्य आपराधिक न्याय प्रणाली/कानून प्रवर्तन इकाई की हिरासत में हो सकता है, या पैरोल या निगरानी रिहाई पर हो सकता है।’’
APR 10, 2025 06:51 IST

हरिद्वार में अवैध खनन में शामिल ट्रैक्टर ट्रॉली ने डेढ़ वर्षीय बालक को रौंदा, मौत

हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध खनन में शामिल एक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। शांतरशाह के थाना प्रभारी खेमेन्द्र गंगवार ने बताया कि घटना हलवाखेड़ी गांव में हुई, जहां बच्चा खेलते हुए अपने घर से बाहर आ गया और वहां से गुजर रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसके परिजन दौड़े और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली चालक फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहा था जिससे उसने बच्चे पर ध्यान नहीं दिया और उसे कुचल दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।
APR 10, 2025 06:51 IST

इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी 11 अप्रैल को भारत आएंगे: विदेश मंत्रालय

इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी 11 एवं 12 अप्रैल को भारत की यात्रा पर रहेंगे और इस दौरान वह द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को उनकी यात्रा के संबंध में मीडिया को जानकारी दी। ताजानी 11 अप्रैल को दिल्ली पहुंचेंगे और हैदराबाद हाउस में जयशंकर तथा वाणिज्य भवन में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
APR 10, 2025 06:50 IST

सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ, हापुड़ में किया प्रदर्शन, मामला दर्ज

समाजवादी पार्टी (सपा) के 31 सदस्यों के खिलाफ राजभवन के पास बिना इजाजत प्रदर्शन करने और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। सचिवालय कोतवाली हजरतगंज के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बागेश शर्मा की शिकायत पर हजरतगंज थाने में यह प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत के अनुसार, मंगलवार को पायल किन्नर के नेतृत्व में सपा की 15-20 महिला कार्यकर्ताओं ने जीपीओ पार्क में अपराह्न करीब सवा तीन बजे काली पट्टी बांधकर मौन विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा दिए गए बयान के विरोध में था।