आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 30-May-2026: देश और दुनिया में शनिवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार होंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शिवकुमार को नेता चुना गया है। राजस्थान के चुरू में तूफान बवंडर ने दिन में शाम जैसा नजारा पैदा कर दिया। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
1. बंगाल में अभिषेक बनर्जी के साथ धक्का-मुक्की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में शनिवार को कथित तौर हमला हुआ। इस दौरान, अभिषेक बनर्जी पर अज्ञात लोगों ने पत्थर, जूते और अंडे फेंके और लात-घूंसे मारने की कोशिश की। इस दौरान उनकी शर्ट भी फट गई। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
2. कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य के 24वें मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया।
3. ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए सेना तैयार
थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो सशस्त्र बल 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जनरल द्विवेदी ने कहा कि सेना के तीनों अंग उस आधुनिक बहु-आयामी युद्ध की चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी समन्वय को और मजबूत कर रहे हैं, जो अब केवल थल, जल और वायु तक सीमित नहीं रह गया है।
4. सरकारी बंगला खाली नहीं करेंगी राबड़ी देवी
बिहार में उस सरकारी बंगले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता राबड़ी देवी रह रही हैं और उन्होंने इसे खाली करने से इनकार कर दिया है, जबकि इसे किसी राजग के एक मंत्री को आवंटित कर दिया गया है। भवन निर्माण विभाग ने 27 मई के एक आदेश के माध्यम से राजभवन और मुख्यमंत्री आवास के निकट स्थित 10, सर्कुलर रोड बंगले को दुग्ध एवं मत्स्य पालन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है।
5. भारतीय सेना के मुरीद हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि भारत एक 'शक्तिशाली' देश है और वह अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है। हेगसेथ ने कहा कि भारत के पास विशाल औद्योगिक क्षमता एवं साजो-सामान है जो उसे ’उच्च-स्तरीय सैन्य अभियानों’ को लंबे समय तक संचालित करने और बनाए रखने में सक्षम बनाती है। हेगसेथ ने ये टिप्पणियां शनिवार को सिंगापुर में 'शांगरी-ला डॉयलॉग' में शामिल प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कीं।
6. पाकिस्तान की भूमिका की मार्को रुबियो ने सराहना की
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मध्य पूर्व में शांति प्रयासों में पाकिस्तान की भूमिका की प्रशंसा की है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार से मुलाकात के बाद उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता में पाकिस्तान के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
7. ईरान को मिल सकती है बड़ी आर्थिक सहायता
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित 60 दिनों के युद्धविराम समझौते के तहत ईरान को करीब 300 अरब डॉलर की आर्थिक सहायता मिल सकती है। इसके अलावा, अमेरिकी कंपनियों को ईरान में निवेश की अनुमति देने पर भी विचार किया जा रहा है।
8. राजस्थान में उठा रेतीला तूफान
राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर जिलों में शनिवार को तेज रेतीला तूफान देखने को मिला। लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र प्रभावित हुआ और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली।
9. दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार की शाम झमाझम बारिश हुआ। कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
10. हार के बाद विनेश फोगाट ने तोड़ी चुप्पी
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने शनिवार को एशियाई खेलों के चयन ट्रायल्स के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से हारकर बाहर होने के बाद कहा कि वह 'हारी नहीं हैं' और संकल्प लिया कि वह और भी मजबूती से वापसी करेंगी। महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में मीनाक्षी से 4-6 से हारने के बाद विनेश के पहले शब्द थे, ''मैं हारी नहीं हूं।''
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
