देश

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें, 3-June-2026: दिल्ली के जिस होटल में लगी आग, उसका मालिक गिरफ्तार: TMC में पड़ी बड़ी फूट

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें (Top Hindi News Today) 3-June-2026: देश और दुनिया में बुधवार को कई बड़ी और अहम घटनाएं हुईं तो चलिए विस्तार से दिनभर की 10 बड़ी खबरों के बारे में जानते हैं।

Image

आज की 10 बड़ी खबरें (फाइल फोटो)

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 3-June-2026: देश और दुनिया में बुधवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद, शिवकुमार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में छात्रों के लिए फ्री बस पास का ऐलान किया। दिल्ली के मालवीय नगर में तंग गलियों में बने एक होटल में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जिसमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...

1. ममता बनर्जी की पार्टी में बड़ी फूट

तृणमूल कांग्रेस को बुधवार को अपने 28 साल के इतिहास में पहली फूट का सामना करना पड़ा और पार्टी के 58 बागी विधायकों ने निष्कासित नेता रिताब्रता बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष चुनकर विधायक दल पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मान्यता भी प्राप्त कर ली, जिससे ममता बनर्जी की पार्टी अपने गठन के बाद से अब तक के सबसे गंभीर आंतरिक संकट में घिर गई है।

2. मालवीय नगर अग्निकांड में 21 की मौत

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की एक तंग गली में स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। इनमें वे विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनके बीमार रिश्तेदारों का पास के अस्पतालों में इलाज चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने होटल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

3. कर्नाटक में 'शिवकुमार युग' की शुरुआत

कांग्रेस नेता डी. के. शिवकुमार ने पार्टी के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने 64 वर्षीय शिवकुमार को लोक भवन के 'ग्लास हाउस' में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान शिवकुमार हाथ में संविधान की प्रति लिए हुए थे। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता जी.परमेश्वर और 12 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।

4. विमान ईंधन को लेकर सरकार का बड़ा फैसला

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विमान ईंधन (ATF) की कीमत स्थिर बनाए रखने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के कोष की मंजूरी दी। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा पेट्रोलियम कंपनियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है ताकि एटीएफ की कीमतों को काबू में रखा जा सके और पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण ईंधन की बढ़ती लागत से एयरलाइन कंपनियों को राहत मिल सके।

5. खान सर की कोचिंग पर तोड़फोड़ के आरोपी गिरफ्तार

बिहार की राजधानी पटना में 'खान सर' के नाम से मशहूर शिक्षक फैसल खान के कोचिंग संस्थान में कथित तोड़फोड़ और पथराव के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित 'खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट' में मंगलवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर तोड़फोड़ और पथराव किया था।

6. ईरान-अमेरिका ने एक-दूसरे पर किए हमले

ईरान के ड्रोन हमले में एक टर्मिनल इमारत को नुकसान पहुंचने और एक व्यक्ति की मौत के बाद कुवैत ने देश के मुख्य हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया। यह ड्रोन हमला तब किया गया जब मंगलवार देर रात ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे पर मिसाइल हमले किये थे। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों ने दावा किया कि देश ने अमेरिका और इजरायल के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के बारे में मध्यस्थों के साथ वार्ता बंद कर दी है।

7. सोना बेचने की खबरें गलत: RBI

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोने की बिक्री की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि भौतिक स्वर्ण भंडार में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह 880.52 टन पर स्थिर बना हुआ है। आरबीआई ने उन खबरों के बाद यह स्पष्टीकरण जारी किया है जिनमें दावा किया गया था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव से विदेशी मुद्रा भंडार की रक्षा के लिए केंद्रीय बैंक ने लगभग 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेच दिया है।

8. PM मोदी से मिले नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख लामिछाने

नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को भारत का प्राथमिकता वाला साझेदार बताते हुए कहा कि नयी दिल्ली देश की नई सरकार के साथ सहयोग करने के लिए उत्सुक है।

9. गुजरात में 362 अवैध बांग्लादेशियों की हुई पहचान

गुजरात पुलिस ने राज्यभर से 362 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को पकड़ा है और 780 अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर से पत्रकारों से कहा कि ’ऑपरेशन डेल्टा हंट’ के तहत की गई कार्रवाई की सुनियोजित योजना बनाई गई थी और इसमें राज्य के सभी हिस्से शामिल थे।

10. मध्य प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश

देशभर में आंधी-बारिश की बदौलत पारा 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात में बारिश हुई। हालांकि, दिल्ली में बुधवार को तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें बारिश और गरज के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article