आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 29-May-2026: देश और दुनिया में शुक्रवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। सुप्रीम कोर्ट ने पेपर लीक मामले में सख्त टिप्पणी करते हुए जवाबदेही तय करने की बात कही। अदालत ने कहा कि जब तक वास्तविक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक असल समस्या का समाधान नहीं होगा। जबकि दिल्ली में कर्नाटक सरकार गठन का फॉर्मूला बनाया जा रहा है। इसको लेकर सिद्दारमैया और शिवकुमार ने लगातार बैठकें कीं। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
1. NEET पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नीट पेपर लीक से संबंधित मूल समस्या तब तक समाप्त नहीं होगी जब तक 'वास्तविक जवाबदेही तय नहीं हो जाती'। अदालत ने कहा कि हमें अपने युवाओं को निराश नहीं करना चाहिए। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि सरकार युवाओं की चिंताओं को लेकर गंभीर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं, ताकि 'कोई खामी न रह जाए'।
2. कर्नाटक सरकार गठन का तय हो रहा फॉर्मूला
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्दारमैया ने राज्यसभा सीट की पेशकश भी ठुकरा दी हो और अब दिल्ली में नई सरकार गठन का फॉर्मूला तय हो रहा है। इन बैठकों में सिद्दारमैया, शिवकुमार, केजे जॉर्ज शामिल हो रहे हैं, जबकि सिद्दारमैया और शिवकुमार ने अलग-अलग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। बकौल शिवकुमार, शनिवार को विधायक दल की बैठक होगी।
3. ट्विशा शर्मा मौत मामले में आया नया अपडेट
बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने शुक्रवार को सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी ने दोनों की पांच-पांच दिन की पुलिस रिमांड मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। अब सीबीआई दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है।
4. ऋषभ पंत ने लखनऊ की छोड़ी कप्तानी
ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी छोड़ दी है। फ्रेंचाइज़ी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा कि पंत ने खुद कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी और टीम प्रबंधन ने उनके फैसले का सम्मान किया।
5. ईरान युद्ध को लेकर भड़के जोहरान ममदानी
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर कहा कि अब यह संघर्ष खत्म होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस युद्ध की सबसे बड़ी कीमत आम लोग चुका रहे हैं। बकौल ममदानी, हजारों नागरिकों के साथ 13 अमेरिकी सैनिक भी इस संघर्ष में मारे गए हैं, जो अब कभी अपने परिवारों के पास नहीं लौट पाएंगे।
6. भारतीय टैंकर ने होर्मुज किया पार
भारत के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई। भारतीय टैंकर 'निसोस केरोस' ने होर्मुज को सुरक्षित पार किया और 3 जून तक टैंकर के भारत पहुंचने की संभावना है। इससे देश में पेट्रोलियम आपूर्ति और ईंधन संकट को कम करने में राहत मिलने की उम्मीद है।
7. विपक्षियों पर बरसे योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मऊ जिले में 392 करोड़ रुपये से अधिक की 114 जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पुराने दंगों और माफियाराज का जिक्र करते हुए कहा कि आज के उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
8. बिहार-UP में आंधी बारिश का अलर्ट
बिहार में तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया। राज्य में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
9. शेयर बाजार धड़ाम
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1092 अंक टूटकर 74,775 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 359 अंक गिरकर 23,547 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव मेटल और ऑटो सेक्टर के शेयरों पर देखा गया।
10. फाइनल में RCB से कौन भिड़ेगा? होगा तय
IPL 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने हैं। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
