आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 28-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने पूर्व जज सास गिरिबाला सिंह को 5 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। इसके अलावा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने बेंगलुरु में लोकभवन जाकर राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही शिवकुमार की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
1- सिद्दारमैया ने छोड़ी CM की कुर्सी
कर्नाटक का सियासी नाटक गुरुवार को अंतत: उस वक्त समाप्त हुआ जब मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा। कांग्रेस आलाकमान ने ऐसे संकेत दिए हैं कि डीके शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। हालांकि, विधायक दल की बैठक में ही अगले मुख्यमंत्री का औपचारिक ऐलान होगा।
2- ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI का बड़ा एक्शन
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने मृतका की सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो रिटायर्ड जज हैं। गिरफ्तारी से पहले सीबीआई ने उनसे करीब पांच घंटे लंबी पूछताछ की। इस कार्रवाई के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।
3- TMC में बढ़ी अंदरूनी कलह
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शांतनु सेन ने गुरुवार को ममता बनर्जी को पत्र लिखकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी में लगातार हो रहे इस्तीफों ने TMC नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है।
4- भाजपा ने बदले चार राज्यों के अध्यक्ष
भाजपा ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा, पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों, हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
5- US के हमले के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई
ईरान ने अमेरिकी हमलों पर जवाबी कार्रवाई की है। अमेरिका ने बंदर अब्बास स्थित एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया था, जिसके बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर्प्स (IRGC) ने कहा कि उसने उसी अड्डे को निशाना बनाया, जहां से हमला किया गया था।
6- यूक्रेन युद्ध में रूस को भारी नुकसान
ब्रिटिश खुफिया एजेंसी GCHQ के अनुसार, 2022 से जारी यूक्रेन युद्ध में रूस के लगभग पांच लाख सैनिक मारे जा चुके हैं। एजेंसी का दावा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से रूस को लगातार भारी सैन्य नुकसान उठाना पड़ा है।
7- लेबनान में इजराइल की भारी बमबारी
इजरायली सेना ने गुरुवार को लेबनान के शहर टायर में ताबड़तोड़ हवाई हमले किए। इजरायली सेना ने बताया कि पिछले 24 घंटे में लेबनान में मौजूद हिजबुल्लाह के 135 ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
8- इन राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज
देश के कई राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 15 से अधिक राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार शाम को झमाझम बारिश हुई।
9- मशहूर शायर बशीर बद्र नहीं रहे
पद्मश्री से सम्मानित उर्दू शायर बशीर बद्र का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को भोपाल में निधन हो गया। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि दिग्गज कवि ने भोपाल स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 15 फरवरी 1935 को जन्मे बद्र ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में उर्दू के शिक्षक के तौर पर काम किया। वह भाषा पर अपनी पकड़, खासकर गजलों में महारत के लिए विख्यात थे। वह फारसी, हिंदी और अंग्रेजी के भी जानकार थे। उनका असल नाम सय्यद मुहम्मद बशीर था।
10- वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी के मुरीद हुए क्रिस गेल
आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाज़ी ने क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है। वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज़ क्रिस गेल ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें 'नई सिक्स मशीन' करार दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
