Aaj Ka Mausam: भारी बारिश के कारण बिहार में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। उत्तरी बिहार की कई नदियां उफान पर है जिसके कारण आसपास के इलाकों में पानी भर आया है। वहीं हिमाचल प्रदेश को फिलहाल भारी बारिश से राहत मिलती दिख रही है। हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में आज कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली और यूपी में बारिश होने की संभावना न के बराबर है।
उत्तरी बिहार में बाढ़ जैसे हालात
बिहार में बाढ़
बिहार और नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण राज्य के मुख्य नदियों के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। कई नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। बिहार जल संसाधन विभाग के मुताबिक, गंगा नदी का जलस्तर गांधीघाट (पटना) में खतरे के निशान से 109 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन इसके जलस्तर में रविवार को वृद्धि होने की संभावना है। सिवान जिले के दरौली में घाघरा नदी के जलस्तर में भी रविवार को वृद्धि होने की संभावना है। इधर, गोपालगंज जिले के डुमरियाघाट में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 24 सेंटीमीटर ऊपर था, इसके जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। सीतामढी जिले के ढेंग में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर था। बागमती नदी मुजफ्फरपुर जिले के रून्नी सैदपुर और बेनीबाद में खतरे के निशान से ऊपर है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में आज बारिश के कम आसार हैं। दिन में धूप खिली रहेगी, हालांकि रात में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। 31 अगस्त तक राज्य में मौसम साफ रहेगा। हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून के सीजन पर काफी ज्यादा बारिश हुई है। जिसके कारण दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले कई सप्ताह से राज्य की प्रमुख सड़कों से लेकर, छोटी सड़कों तक को बारिश के कारण बंद करना पड़ा है।
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड को भी फिलहाल बारिश से राहत मिलती दिख रही है। उत्तराखंड में रविवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जगह पर स्थिति सामान्य रहेगी। बारिश कम होने से राज्य में नदियों का जलस्तर गिरने लगा है, जिससे बाढ़ का खतरा भी कमने लगा है।
दिल्ली-यूपी का मौसम
दिल्ली और यूपी का मौसम एक जैसे रहने का अनुमान जताया गया है। दिल्ली में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलगी। वहीं उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने की ही उम्मीद है, कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
