Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का असर जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कोहरे की वजह से ट्रेन और हवाई सेवाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ा है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में मौसम में फिर से बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मैदानी क्षेत्रों में बारिश ने सर्दी को और बढ़ा दिया है। गुरुवार को दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही है। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। वहीं, दिल्ली में बुधवार देर रात बारिश होने से शीतलहर बढ़ गई है।
दिल्ली में उड़ानें और यात्री प्रभावित
राजधानी दिल्ली में कोहरे के कारण बुधवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर करीब 500 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इनमें से आधी उड़ानें एक घंटे या उससे अधिक की देरी से रवाना हुईं। कोहरे की वजह से 24 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिनमें से 22 इंडिगो और 2 स्पाइसजेट की उड़ानें थीं। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइंस ने दिनभर एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से संपर्क में रहने का आग्रह किया।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर में गुरुवार से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। जम्मू संभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। पहलगाम -8.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। मौसम विभाग ने 16 जनवरी से ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है।
बिहार में ठंड और कोहरे का प्रकोप
बिहार में कोहरे ने जनजीवन को बाधित कर दिया है। कोहरे और ठंड के कारण वायु और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। डेहरी का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 20 जनवरी तक निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने छह जिलों में शीतलहर जारी रहने की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित किया है। फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
राजस्थान के जयपुर सहित 15 जिलों में हल्की बारिश हुई। सूरतगढ़ में घने कोहरे के कारण एक दर्जन वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद दो ट्रकों में आग लग गई। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी दी है।
सर्दी से राहत नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में अगले दो सप्ताह तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बारिश, कोहरे और बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
